छत्तीसगढ़
CSPDCL गोडाउन अग्निकांड में 400 करोड़ के उपकरण खाक:9 घंटे बाद आग पर काबू,रात भर बिना बिजली रहे 10 हजार परिवार; पीड़ितों को मुआवजा

रायपुर , एजेंसी।
रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में स्थित बिजली कंपनी CSPDCL के मुख्य गोडाउन में आग लगने से चार हजार ट्रांसफॉर्मर, मीटर, कंडक्टर, वायर और ऑयल जलकर खाक हो गया। इस घटना में बिजली कंपनी को 400 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है।
शुक्रवार की दोपहर 1.30 बजे लगी भीषण आग पर रात 11 बजे तक 30 से 40 फायर ब्रिगेड काबू पा सकीं। देर रात तक एसएसपी, कलेक्टर, फायर फाइटिंग प्रभारी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। देर रात भी हल्की लपटों को बुझाने का काम चलता रहा। इलाके की बिजली भी बंद कर दी गई थी।
साढ़े 3 एकड़ में फैले इस गोदाम का लगभग पूरा हिस्सा आग की चपेट में आ गया था। शुक्रवार देर शाम मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि जो नुकसान हुआ है उसका आकलन किया जाएगा। आग कैसे लगी इसकी भी जांच कराई जाएगी।
गोदाम में लगी आग से वहां रखे ट्रांसफॉर्मर पटाखे की तरह फटने लगे। जैसे-जैसे आग बढ़ी तो दूर-दूर तक आसमान में धुएं का गुबार दिखने लगा। पुलिस ने 3 किलोमीटर के दायरे को खाली कराते हुए रास्ता ब्लॉक कर दिया था। इसके अलावा आसपास के घर भी खाली कराए गए।
अग्निकांड से पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाने की कोशिश भी की जा रही है। शनिवार को 40 परिवारों को 3 लाख 60 हजार रुपए की राहत राशि बांटी गई है।
ट्रांसफॉर्मर की एक चिंगारी से इतना बड़ा हादसा
गोदाम के एक कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त पूरी घटना बयान की। उसने बताया, कि वह बाहर था। इस दौरान दोपहर डेढ़ बजे तेज धमाका हुआ। आवाज सुनकर सभी लोग अंदर की तरफ दौड़े, तो देखा, कि ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी, वहां से कुछ दूरी पर पड़े ड्रम में जाकर गिरी।
जब तक हम लोग कुछ समझ पाते ड्रम सुलगने लगे और धमाके होने लगे। जिस तरफ धमाके हो रहे थे, उससे कुछ दूरी पर बड़ी संख्या में इंजन ऑयल से भरे ड्रम रखे थे। इन ड्रमों को वहां पर मौजूद कर्मचारियों ने धकेलकर स्टोर से बाहर निकालना शुरू किया। कुछ ड्रमों के ढक्कन खोल दिए।
आग बढ़ने लगी, तो सभी कर्मचारी बाहर सड़क की तरफ निकल आए। आग की लपटें देखकर भीड़ जमा होने लगी, इतने में पुलिस भी पहुंच गई। भीड़ को स्टोर की बाउंड्री से बाहर किया गया। इस दौरान विभागीय अधिकारी और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई और आग बुझाने लगी।
फायर फाइटिंग सिस्टम नहीं होने से बढ़ी आग
बिजली कंपनी के सूत्रों के मुताबिक जिस गोडाउन में आग लगी, वहां पर करोड़ों का सामान रखा हुआ है। सामान तो रख दिया, लेकिन उसकी सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए। भंडार गृह को बाउंड्री ब्लॉक कराकर अफसरों ने DE के भरोसे छोड़ दिया। यहां फायर फाइटिंग उपकरण के इंतजाम नहीं है।
उपकरण नहीं होने से गोडाउन में मौजूद कर्मचारी आग बुझाने की कोशिश भी नहीं कर पाए और आग बढ़ती गई।
धमाकों से दहशत, लोग सिलेंडर लेकर घर से भागे
गोडाउन से कुछ दूरी पर पर रहने वाले उइके परिवार के सदस्यों ने बताया, कि दोपहर डेढ़ बजे पहला धमाका हुआ। बाहर आकर देखा तो धुंआ निकल रहा था। कुछ देर बाद तीन से चार धमाके हुए और स्टोर के अदंर बड़ी लपटें दिखने लगीं। आग की तपिश बर्दाश्त से बाहर हो रही थी।
इसी बीच फायर ब्रिगेड की गाड़ी आई और आग बुझाने की कोशिश में जुट गई। इसी बीच किसी ने कहा, कि आग की तपिश से घर में रखे सिलेंडर फट सकते हैं। यह सुनकर आस-पास रहने वाले लोग घरों से सिलेंडर निकालकर भागने लगे। कुछ लोग आग लगने के डर से पैसे, ज्वेलरी को कपड़े में बांधकर निकलने लगे थे।
40 परिवारों को मिलेगा मुआवजा
आग लगने के बाद मौके पर पहुंचे रायपुर कलेक्टर ने मातहतों को स्थानीय लोगों को मुआवजा देने का ऐलान किया। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया, कि गोडाउन से लगे इलाकों में जिन लोगों को आर्थिक नुकसान हुआ है, उन्हें मुआवजा दिया जाएगा। जिला प्रशासन की टीम ने ऐसे 40 परिवारों को चिन्हित किया है।
इन परिवारों की घर की छत पर रखी पानी टंकी, पाइप लाइन, मीटर और किचन की छत आग लगने से खराब हो गई। इन सभी परिवारों को आज (6 अप्रैल) जिला प्रशासन के अधिकारी चेक देंगे। जिस परिवार का जितना नुकसान होगा, उस परिवार काे उसके मुताबिक मुआवजा मिलेगा।
CM साय बोले- हादसे की जांच होगी
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दैनिक भास्कर से कहा कि भगवान की कृपा से कोई जनहानि नहीं हुई। विभाग के कुछ अधिकारियों ने भी मुस्तैदी दिखाई। ऑयल के टैंकर को खोल दिया गया, जिससे ज्यादा ब्लास्ट नहीं हुआ। जिन लोगों को नुकसान हुआ है, उसका आकलन किया जाएगा और आग लगने की भी जांच की जाएगी।
रात भर मौके पर डटे रहे अधिकारी
चीफ सेक्रेटरी पी दयानंद रात 12.30 बजे मौके पर पहुंचे। दैनिक भास्कर से बात करते हुए उन्होंने कहा कि आग विकराल थी, लेकिन पूरी मुस्तैदी से टीम काम कर रही है। कलेक्टर, एसपी, नगर निगम अमला, फायर फाइटर, पीएसयू, प्राइवेट सेक्टर के लोगों के साथ ही दूसरे जिलों से भी रिसोर्स प्रोवाइड कराया गया। आग पर रिकॉर्ड समय पर काबू पाया गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हालात पर नजर रखे हुए थे। जैसे ही सूचना मिली उन्होंने मुझे मौके पर भेजा। पूरी टीम यहां पर काम कर रही थी और स्थिति पर 8 से 9 बजे तक काबू पा लिया गया था।
सीएम सेक्रेटरी ने दिए जांच के निर्देश
CM सेक्रेटरी ने बताया कि यह हमारी रेस्टोरेशन कंपनी का स्टोर था। इसकी जांच के लिए मैंने आदेश दिया है। कमेटी इसकी जांच करेगी। आगे से इस तरह की घटनाएं न हों, उस पर भी काम करेंगे।
9 घंटे बिना बिजली के रहे 10 हजार से ज्यादा परिवार
आग लगने के कारण बिजली कंपनी ने कोटा, रामनगर, गुढ़ियारी, लक्ष्मण नगर, भरत नगर, शिवानंद नगर इलाके की लाइट बंद कर दी थी। दोपहर डेढ़ बजे के बाद रात लगभग 11 बजे सप्लाई चालू की गई। करीब 10 हजार से ज्यादा परिवार बिना लाइट के गुजारा करते रहे।
कलिंग नगर के रहने वाले लोग रात भर बिजली नही आने के कारण परेशान रहे। घर से बाहर लोग सड़क पर ही सोते रहे और गर्मी और मच्छर के बीच उनकी रात गुजरी। स्थानीय निवासी ललिता दीप ने बताया कि छोटे-छोटे बच्चे बेहद परेशान हैं। बच्चों की परीक्षा हैं। कई इलाकों में लाइट आ गई है, लेकिन हमारी बस्ती में अंधेरा है।
कोरबा
केंद्रीय विद्यालय संगठन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश की प्रक्रिया 20 मार्च से
कोरबा। केंद्रीय विद्यालय संगठन (मुख्यालय), नई दिल्ली द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा-1, बालवाटिका और अन्य उच्च कक्षाओं में प्रवेश हेतु आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। कक्षा-1 और बालवाटिका-1, 2 एवं 3 (चयनित विद्यालयों में) के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 20 मार्च 2026 को प्रातः 10ः00 बजे से प्रारंभ होगी और 02 अप्रैल 2026 तक जारी रहेगी। इच्छुक अभिभावक आधिकारिक पोर्टल https://admission.kvs.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी संगठन की वेबसाइट https://kvsangathan.nic.in पर उपलब्ध है।
केंद्रीय विद्यालय क्रमांक दो एनटीपीसी के प्राचार्य सुनील कुमार साहू से प्राप्त जानकारी के अनुसार केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा-1, बालवाटिका और अन्य उच्च कक्षाओं में प्रवेश हेतु आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। प्रवेष के लिए आयु की गणना 31 मार्च 2026 के आधार पर की जाएगी। कक्षा-1 में प्रवेश के लिए बच्चे की न्यूनतम आयु 06 वर्ष होनी अनिवार्य है। इसी प्रकार, बालवाटिका-1 के लिए आयु 3 से 4 वर्ष, बालवाटिका-2 के लिए 4 से 5 वर्ष और बालवाटिका-3 के लिए 5 से 6 वर्ष के बीच होनी चाहिए। सीटों का आरक्षण केवीएस के प्रवेश दिशा-निर्देशों 2026-27 के अनुसार सुनिश्चित किया जाएगा।
कक्षा-2 और उससे ऊपर की कक्षाओं (कक्षा-XI को छोड़कर) तथा बालवाटिका-2 व 3 (जहाँ ऑनलाइन माध्यम उपलब्ध नहीं है) के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया रिक्तियां होने की स्थिति में ही संचालित की जाएगी। इसके लिए ऑफलाइन मोड में आवेदन 02 अप्रैल 2026 प्रातः 10ः00 बजे से 08 अप्रैल 2026 सायं 4ः00 बजे तक किया जा सकेगा। विधिवत भरे हुए फॉर्म संबंधित केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य कार्यालय में जमा करने होंगे। इन कक्षाओं के लिए पंजीकरण प्रपत्रों और अन्य विवरणों की जानकारी संबंधित विद्यालयों की वेबसाइटों पर भी उपलब्ध कराई जाएगी।
संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि आवेदन पत्र में कोई भी गलत या भ्रामक जानकारी पाई जाती है, तो प्रवेश प्रक्रिया के दौरान या उसके पश्चात भी प्रवेश निरस्त कर दिया जाएगा। अभिभावकों को निर्देशित किया गया है कि वे प्राचार्य या प्रवेश प्रभारी से केवल विद्यालय द्वारा बुलाए जाने पर ही निर्धारित समय अंतराल में संपर्क करें।

कोरबा
सामान्य सभा की बैठक 20 मार्च को
कोरबा। जिला पंचायत कोरबा की सामान्य सभा की बैठक 20 मार्च को प्रातः 11 बजे जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित किया गया है।
बैठक में वनमंडल, लोक निर्माण, महिला एवं बाल विकास, कृषि विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा जिला पंचायत के वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट का अनुमोदन सहित अन्य विषयों पर चर्चा/समीक्षा होगी।

कोरबा
एचपीवी वैक्सीनेशन एवं शिशु संरक्षण माह का हुआ शुभारंभ
कोरबा। रानी धनराज कुंवर देवी शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोरबा में गत दिवस एचपीवी वैक्सीनेशन एवं शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ श्रीमती संजू देवी राजपूत महापौर नगर पालिक निगम कोरबा के द्वारा किया गया।
महापौर श्रीमती राजपूत ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि एचपीवी वैक्सीनेशन बालिकाओं को सर्वाईकल कैंसर जैसी गंभीर बिमारी से बचाने में महत्वपूण भूमिका निभाता है तथा शिशु संरक्षण माह के महत्व पर प्रकाश डॉलते हुए कहा इस दौरान बच्चों के संपूर्ण टीकाकरण , विटामिन ए खुराक एवं आयरन फोलिक एसिड एवं पोषण संबंधी सेवाये सुनिश्चित किये जाने से बच्चों का सर्वार्गीण विकास संभव हो पाता है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने एचपीवी वैक्सीनेशन तथा शिशु संरक्षण माह के बारे में विस्तार से बताया गया।शिशु संरक्षरण माह के संबंध में उन्होने बताया कि शिशु संरक्षण माह (विटामिन “ए“ अनुपूरण कार्यक्रम )17 मार्च से 21 अप्रेल 2026 तक आयोजित किया जायेगा। इस दौरान शिशु स्वास्थ्य संवर्धन से संबंधित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की गतिविधियों सफल संचालन व सेवाओं की प्रदायगी का सुदृढ़िकरण किया जाएगा। प्रत्येक मंगलवार तथा शुक्रवार को समस्त शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के ऑंगबाड़ी केन्द्रो/टीकाकरण केन्द्रों में निर्धारित सत्रों में 9 माह से 59 माह तक के बच्चों को विटामिन “ए“ तथा 6 माह से 59 माह तक के बच्चों को आई.एफ.ए.सीरप पिलाया जायेगा। साथ ही टीकाकरण से छूटे हुए तथा नियमित टीकाकरण के लक्षित बच्चों को टीके, एनिमिया स्क्रीनिंग तथा स्तनपान संवर्धन संबंधित गतिविघियॉ किये जायेगें। बच्चों को विटामिन “ए“की दवा की नियमित खुराक प्रत्येक 6 माह में एक बार 5 वर्ष तक पिलाने से बच्चों में रतौंधी, श्वांस संक्रमण , बुखार तथा कुपोषण की संभावना कम हो जाती है साथ ही आई.एफ.ए.(आयरन फोलिक एसिड) सीरप खून की कमी को दूर करने में सहायक होता है।
जिले के नागरिको और जनप्रतिनिधियों से अपील है कि अपने क्षेत्र के पात्र किशोरियों का एचपीवी वैक्सीनेशन तथा 0 से 59 माह तक के बच्चो (बालक/बालिकाओं) को निर्धारित सत्रों में ऑगनबाड़ी केन्द्र/स्वास्थ्य केन्द्र ले जाकर आयु अनुसार विटामिन “ए“ तथा आई.एफ.ए. की दवा पिलावें।

-
कोरबा2 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
Uncategorized6 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा2 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
-
कोरबा2 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
