Connect with us

कोरबा

4 नवंबर से जिले के कटघोरा, पाली और कोरबा ग्रामीण के स्कूलों में भी बटेंगे नाश्ते,कलेक्टर ने स्कूलों में मेन्यू लिखवाने के दिए निर्देश

Published

on

पोड़ी-उपरोड़ा, कोरबा शहरी स्कूलों में पहले से बंट रहे नाश्ते

कोरबा । कलेक्टर अजीत वसंत ने आज स्कूल शिक्षा विभाग अंतर्गत योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने जिले में शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य करने के निर्देश शिक्षा अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने पोड़ी-उपरोड़ा तथा कोरबा शहरी क्षेत्र के स्कूलों में सुबह दिए जा रहे नाश्ते से बच्चों की उपस्थिति और प्रभाव की समीक्षा की। संबंधित विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों से मिले फीडबैक को देखकर कलेक्टर ने जिले के कटघोरा, पाली, करतला और कोरबा ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में भी नाश्ता वितरण प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी बीईओ को स्कूलों में नाश्ता वितरण के मेन्यू को दीवार पर लिखवाने और दीपावली अवकाश के बाद 04 नवंबर को शाला प्रारंभ होने के साथ ही नाश्ता वितरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नाश्ता वितरण प्रारंभ होने से पूर्व शाला विकास प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित करने एवं प्रतिदिन 10 अलग-अलग विद्यालयों में नाश्ता वितरण के फोटोग्राफ्स भेजने के निर्देश बीईओ को दिए।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक लेते हुए कलेक्टर ने प्राइमरी, मिडिल, हाई एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों में डीएमएफ से अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति तथा उनके द्वारा की जा रही अध्यापन के संबंध में समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि हाई एवं हायर सेकेण्डरी विद्यालयों में किसी अतिथि शिक्षक के 03 माह तक अवकाश संबंधी आवेदन प्राप्त होने पर संबंधित स्कूल के प्राचार्य द्वारा अन्य शिक्षकों को रखा जाए ताकि विद्यार्थियों का अध्यापन प्रभावित न हो। उन्होंने सभी अतिथि शिक्षकों के परफॉर्मेंस को ध्यान रखने और विद्यार्थियों से फीडबैक लेने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने प्राइमरी स्कूलों में 263 अतिथि शिक्षकों के भर्ती के संबंध में समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि इस माह के अंत तक भर्ती प्रक्रिया पूर्ण कर नवंबर से अध्यापन प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने नियुक्ति के संबंध में बीईओ को निर्देशित किया कि नियुक्ति की प्रक्रिया निर्धारित मापदण्डों के अनुसार किया जाए। ग्राम पंचायत, जनपद एवं जिला स्तरीय आवेदक का चयन कर भर्ती ली जाए। कलेक्टर ने पूर्व में जर्जर भवन की मांगी गई जानकारी के पश्चात् भी छुटे हुए जर्जर भवन की जानकारी देने, 10 साल पुराने हो चुके कीचन शेड, बालक एवं बालिका शौचालय को चिन्हित कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारियों को दिए। उन्होंने डीईओ और बीईओ को एबीईओ और संकुल शैक्षणिक समन्वयकों का माह में दो बार बैठक आयोजित करने तथा उनसे मूल कार्य लेने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने हाई एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों में विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान में वृद्धि के लिए न्यूज पेपर डेस्क लगाने तथा दो महत्वपूर्ण अखबार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने न्यूज पेपर डेस्क के लिए डीएमएफ मद से सभी विद्यालयों को राशि देने की बात कही। बैठक में कलेक्टर ने सभी विद्यालयों में न्योता भोज का आयोजन कराने तथा राज्य स्तरीय योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन करते हुए बेहतर प्रदर्शन करने के निर्देश दिए। उन्होंने नवंबर माह की अंतिम सप्ताह में सभी विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक आयोजित करने और विद्यालयवार समीक्षा की बात कही। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी टी. पी. उपाध्याय, बीईओ डी. लाल, संदीप पाण्डेय आदि उपस्थित थे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

हनुमान जन्मोत्सव (02 अप्रैल):गेवरा बस्ती चौक में हनुमान चालीसा पाठ एवं विशाल भंडारे का आयोजन

Published

on

अजय जायसवाल ने क्षेत्रवासियों को किया आमंत्रित
कोरबा/कुसमुण्डा। जिला पंचायत कोरबा के पूर्व उपाध्यक्ष अजय जायसवाल एवं श्रीमती रीना अजय जायसवाल के आतिथ्य में हनुमान मंदिर सेवा समिति गेवरा बस्ती द्वारा 02 अप्रैल 2026 हनुमान जन्मोत्सव पर संगीतमय हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जा रहा है। पंडित श्री रमाकांत महाराज के सानिध्य में हनुमान चालीसा पाठ होगा। हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन संध्या 5.30 बजे से प्रारंभ होगा और रात्रि 8.00 बजे विशाल भंडारे का भी आयोजन होगा।
जिला पंचायत कोरबा के पूर्व उपाध्यक्ष एवं क्षेत्र के जनप्रिय नेता, समाजसेवी अजय जायसवाल ने क्षेत्र के समस्त लोगों को इस धार्मिक आयोजन में शामिल होने का निवेदन किया है और पुण्य लाभ लेने की अपील की है। उन्होंने हनुमान जयंती की सभी को शुभकामनाएं प्रेषित की है।

Continue Reading

कोरबा

अखबार वितरक संघ के पदाधिकारियों ने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल का जताया आभार

Published

on

प्रदेश कार्यालय की सौगात दे कर अखबार वितरकों को दिया आपने नया हौसला-रामरक्षा सिंह

कोरबा। 29 मार्च को अखबार वितरक संघ का तृतीय प्रादेशिक सम्मेलन प्रदेश कार्यालय वार्ड क्र. 15, न्यु पानी टंकी टी पी नगर कोरबा में सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ। दूसरी पाली में समापन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल बाहर प्रवास के कारण उपस्थित नहीं हो पाए, लेकिन उनके प्रतिनिधि के रूप में पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए और कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में यह कार्यालय बना। पूर्व मंत्री श्री अग्रवाल कोरबा के विकास को नया आयाम दिया और इसका कोई विकल्प नहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस के जिला शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर ने की, वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्रामीण जिला अध्यक्ष मनोज चौहान, पार्षद रवि चंदेल, पार्षद सुखसागर निमर्लकर, पूर्व पार्षद अविनाश बंजारे, अखबार वितरक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामरक्षा सिंह, महाराष्ट्र के प्रदेश अध्यक्ष सुनील पाटनकर, छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष पी एस चंदेल मंचस्थ थे और सभी ने अखबार वितरकों की समृद्धि के लिए काम करने की बात कही। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। आभार व्यक्त जिला अध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू ने किया। समापन समारोह के बाद उपस्थित संघ के सदस्यों ने एकता का संकल्प लिया।


कार्यक्रम के दूसरे दिन जिला इकाई एवं राष्ट्रीय स्तर से आए राष्ट्रीय अध्यक्ष रामरक्षा सिंह सहित पदाधिकारियों ने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल का आभार जताने उनके निवास स्थान पहुंचे और कार्यालय की सौगात देने पर श्री अग्रवाल का आभार जताया। रामरक्षा सिंह ने कहा -छोटी इकाई को बढ़ाने और अंतिम व्यक्ति की समृद्धि हो, ऐसी आपकी सोच अद्भूत है। हम आपके प्रति हमेशा आभारी रहेंगे। महाराष्ट्र के अध्यक्ष सुनील पाटनकर ने कहा कि आप भी प्रदेश में अखबार कल्याण मंडल का गठन करने का प्रयास अपने स्तर पर करेंगे, क्योंकि सत्ता पक्ष अपना काम करता है, जो नहीं होता, उसके लिए विपक्ष दबाव बनाता है और समन्वित प्रयास से कार्य सफल होता है। इस अवसर पर अन्य राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं जिला इकाई के पदाधिकारी उपस्थित थे। पूर्व मंत्री ने सभी पदाधिकारियों का सम्मान किया।

Continue Reading

कोरबा

चलो बचपन की ओर: 12 अप्रैल को महिलाओं के लिए खास कार्यक्रम- बचपन की टिकिट

Published

on

जीवन की आपाधापी में महिलाओं के पास स्वयं के लिए फूर्सत के पल नहीं, इसलिए महिलाओं के लिए खुशी के चार-पांच घंटे खास कार्यक्रम-सरोज पाण्डेय
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, पूर्व सांसद सुश्री सरोज पाण्डेय के नेतृत्व में सखी-सहेली महिला समूह द्वारा 12 अप्रैल को अशोक वाटिका के सुरम्य वादियों में महिलाओं के लिए खास कार्यक्रम होने जा रहा है। अपराह्न 4.00 बजे से अशोक वाटिका में जिले की महिलाओं के लिए बचपन की टिकिट-एक अनोखा कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है। यह पूर्ण रूप से गैर राजनीतिक और पूर्णत: सामाजिक कार्यक्रम है और मुख्य रूप से बचपन में खेले जाने वाले खेल होगा और 18 से 25 एवं 25 से ऊपर उम्र की महिलाओं के लिए ऐसी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा, जो हम बचपन में खेलते थे।

प्रेस से खास संवाद कार्यक्रम में सुश्री सरोज पाण्डेय ने बताया कि जीवन की आपाधापी में महिलाओं के पास स्वयं के लिए समय नहीं बचता और इस कार्यक्रम के जरिए हम महिलाओं को बचपन की यादों में ले जाने के लिए यह खास कार्यक्रम आयोजित करने जा रहे हैं, ताकि मोबाईल से दूर कुछ घंटे सामूहिक रूप से महिलाएं अपने लिए जी सकें। यह विशुद्ध रूप से रचनात्मक और सामाजिक सरोकार से जुड़ा कार्यक्रम है और सभी महिलाएं इसमें सादर आमंत्रित हैं। प्रतियोगिता में ऐसे खेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिसे हम बचपन में खेलते थे।
सुश्री सरोज पाण्डेय ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली महिलाओं या टीम को सरप्राईज गिफ्ट दिया जाएगा और हमें आशा है कि यह महिलाओं को पसंद भी आएगा। 5 सांत्वना पुरूस्कार भी रखे गए हैं। महिलाओं का पंजीयन कल से प्रारंभ हो जाएगा।

शहर की महिलाओं को उनकी भागदौड़ भरी जिंदगी से कुछ पल निकालकर अपने बचपन को फिर से जीने का अवसर देने के उद्देश्य से एक अनोखे कार्यक्रम “बचपन की टिकट” का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में होटल गणेश इन में आयोजित प्रेस वार्ता में भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत, पार्षद नरेंद्र देवांगन, वरिष्ठ भाजपा नेता विकास अग्रवाल, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता तथा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार उपस्थित रहीं।

भागदौड़ भरी जिंदगी में महिलाओं को मिलेगा बचपन जीने का मौका – सरोज पांडेय

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय ने कहा कि सखी सहेली महिला समूह द्वारा आयोजित होने वाला यह विशेष कार्यक्रम 12 अप्रैल को शाम 4:00 बजे से 8:00 बजे तक अशोक वाटिका, कोरबा में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन खास तौर पर उन महिलाओं के लिए है, जो अपनी व्यस्त दिनचर्या में खुद को और अपने बचपन की खुशियों को कहीं पीछे छोड़ चुकी हैं। आज के तनावपूर्ण जीवन में महिलाएं अपने लिए समय नहीं निकाल पातीं और अधिकांश समय मोबाइल व जिम्मेदारियों में व्यतीत हो जाता है। ऐसे में “बचपन का टिकट” एक ऐसा मंच बनेगा, जहां महिलाएं अपने बचपन के खेल, मस्ती और यादों को फिर से जी सकेंगी।

यह कार्यक्रम पूरी तरह सामाजिक और निशुल्क रहेगा, जिसमें किसी भी प्रकार की राजनीतिक भागीदारी नहीं होगी। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि मंच केवल पुरस्कार वितरण के लिए रहेगा और सभी खेलों को खेल भावना से खेलने का आग्रह किया गया है। कार्यक्रम में आकर्षक पुरस्कारों के साथ-साथ पांच प्रकार के सांत्वना पुरस्कार भी रखे गए हैं।
बताया गया कि इस तरह का आयोजन इससे पहले दुर्ग में किया जा चुका है, जहां करीब 5000 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया था। इसी सफलता को देखते हुए अब कोरबा की महिलाओं को भी इस अनोखे अनुभव से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। प्रेस वार्ता का मुख्य उद्देश्य शहर की अधिक से अधिक महिलाओं तक यह संदेश पहुंचाना और उन्हें इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित करना रहा। “बचपन का टिकट” — सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि खुद से फिर से जुड़ने का अवसर हैं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677