Connect with us

छत्तीसगढ़

पुलिस अफसरों पर कार्रवाई से हाईकोर्ट ने किया इंकार:कहा- जब अवमानना की कार्रवाई शुरू ही नहीं, तो अपील का सवाल ही नहीं उठता

Published

on

बिलासपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने पुलिस अधिकारियों के खिलाफ अवमानना कार्रवाई शुरू न करने के आदेश के खिलाफ दायर अपील को खारिज कर दिया है। कोर्ट ने स्पष्ट कहा कि जब एकल पीठ ने अवमानना कार्रवाई शुरू करने से मना कर दिया है, तो उसके खिलाफ अपील का सवाल ही नहीं उठता।

न्यायमूर्ति संजय कुमार अग्रवाल और न्यायमूर्ति सचिन सिंह राजपूत की डिवीजन बेंच ने कहा कि धारा 19(1)(ए) अवमानना अधिनियम, 1971 के तहत सुनवाई योग्य नहीं है। यह आदेश शैलेन्द्र ज्ञानचंदानी द्वारा दायर अपील पर सुनाया गया, जिन्होंने धमतरी के पुलिस अधिकारियों के खिलाफ अवमानना कार्रवाई शुरू करने की मांग की थी।

यह है पूरा मामला

धमतरी के रहने वाले शैलेन्द्र ज्ञानचंदानी ने आरोप लगाया था कि धमतरी के तत्कालीन पुलिस अधिकारी एसपी आंजनेय वैष्णव, सीएसपी नेहा पवार, थाना प्रभारी राजेश मरई और अमित बघेल ने सुप्रीम कोर्ट के अरनेश कुमार बनाम बिहार राज्य (2014) के आदेशों की अवहेलना करते हुए गिरफ्तारी की प्रक्रिया में अवमानना की है।

उन्होंने हाई कोर्ट में अवमानना याचिका दायर कर कार्रवाई की मांग की थी, जिसे एकल पीठ ने 21 अक्टूबर 2024 को खारिज कर दिया और अवमानना कार्रवाई शुरू करने से मना कर दिया था।

ये दलीलें दी गई थीं

अपीलकर्ता के वकील ने डिवीजन बेंच में तर्क दिया कि एकल पीठ द्वारा कार्रवाई न शुरू करने का आदेश कानूनी त्रुटि है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की स्पष्ट अवहेलना हुई है, जिसके बावजूद एकल पीठ ने अवमानना की कार्रवाई प्रारंभ नहीं की, जो न्यायालय की अवमानना की श्रेणी में आता है।

अवमानना कार्रवाई नहीं, तो अपील सुनवाई योग्य नहीं- हाईकोर्ट

कोर्ट ने कहा कि अवमानना अधिनियम, 1971 की धारा 19(1)(ए) के अनुसार अपील केवल तभी सुनवाई योग्य होती है, जब हाई कोर्ट अपने अधिकार क्षेत्र में रहते हुए अवमानना के लिए दंडित करता है। जब एकल पीठ ने अवमानना कार्रवाई प्रारंभ करने से ही इंकार कर दिया है, तो यह आदेश धारा 19(1)(ए) के तहत अपील योग्य नहीं है।

यह अपील प्रारंभिक स्तर पर ही अपात्र है और प्रतिवादियों को नोटिस जारी करने की आवश्यकता नहीं है। डिवीजन बेंच ने यह कहते हुए अपील को खारिज कर दिया कि, कानूनन यह अपील सुनवाई योग्य नहीं है क्योंकि अवमानना अधिनियम के तहत यह केवल दंडादेश के खिलाफ ही दाखिल की जा सकती है। यहां अवमानना कार्रवाई की ही अस्वीकृति हुई है, जो अपील योग्य नहीं है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

खेल

रायपुर : खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में अरुणाचल पुरुष और असम महिला वर्ग में ओवरऑल चैम्पियन

Published

on

छत्तीसगढ़ के खिलाडि़यों ने भी लहराया परचम, रिशिका कश्यप ने रजत और लकी बाबू मरकाम ने जीता कांस्य

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में अरुणाचल पुरुष और असम महिला वर्ग में ओवरऑल चैम्पियन

रायपुर। इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के अंतर्गत वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता समापन के साथ ही चैम्पियनशिप टीम के परिणाम भी घोषित किए गए, जिसमें पुरुष वर्ग में अरुणाचल प्रदेश ने ओवरऑल चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं मिजोरम फर्स्ट रनरअप और असम सेकंड रनरअप रहा। महिला वर्ग में असम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैम्पियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि ओडिशा फर्स्ट रनरअप और छत्तीसगढ़ सेकंड रनरअप रहा।

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में अरुणाचल पुरुष और असम महिला वर्ग में ओवरऑल चैम्पियन

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के अंतर्गत वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिताओं का आज शानदार समापन हो गया। पूरे आयोजन के दौरान देशभर से आए खिलाडि़यों ने ताकत, तकनीक और आत्मविश्वास का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित किया। समापन समारोह के अवसर पर छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप और रायपुर महापौर श्रीमती मीनल चौबे विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने खिलाडि़यों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा विजेताओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने खिलाडि़यों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

प्रतियोगिता के प्रमुख मुकाबलों की बात करें तो पुरुष 110 किलोग्राम भार वर्ग में अरुणाचल प्रदेश के साम्बो लापुंग ने 299 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मिजोरम के डेविड लालजाव्मडिका ने 270 किलोग्राम के साथ रजत और छत्तीसगढ़ के लकी बाबू मरकाम ने 261 किलोग्राम वजन उठाकर कांस्य पदक जीता। लकी बाबू का यह प्रदर्शन घरेलू दर्शकों के लिए गर्व का क्षण रहा।

वहीं पुरुष 110 किलोग्राम वर्ग में मिजोरम के डेविड जोह्मिंगमाविया ने 290 किलोग्राम के साथ स्वर्ण पदक जीता। आंध्र प्रदेश के गुगुलोथु राजा शेखर (255 किग्रा) को रजत और असम के मनाश प्रतिम सोनवाल (223 किग्रा) वजन उठाकर कांस्य पदक जीता। इस वर्ग में खिलाडि़यों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

महिला वर्ग में भी मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। 86 किलोग्राम वर्ग में महाराष्ट्र की साक्षी बंडु बुरकुले ने 150 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। छत्तीसगढ़ की रिशिका कश्यप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 121 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीता और अपने मेडल का श्रेय अपने कोच को दिया। वहीं असम की बिटुपुना देओरी ने कांस्य पदक अपने नाम किया। एक अन्य महिला वर्ग के 86 किग्रा से अधिक के वर्ग में मिजोरम की जोसांगजुआली ने 140 किलोग्राम के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि असम की पिंकी बोरो और मध्यप्रदेश की गुंजन उइके ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक हासिल किया।

छत्तीसगढ़ के खिलाडि़यों ने भी इस प्रतियोगिता में दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। लकी बाबू मरकाम ने अपने प्रदर्शन के बाद कहा कि ट्राइबल गेम्स 2026 का आयोजन छत्तीसगढ़ में होना प्रदेश के ग्रामीण और आदिवासी युवाओं के लिए बड़ा अवसर है। इससे उन्हें बड़े मंच को देखने और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

पूरे आयोजन के दौरान तकनीकी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं और प्रतियोगिताएं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुईं। दर्शकों का उत्साह भी खिलाडि़यों के प्रदर्शन में ऊर्जा भरता रहा। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 की वेटलिफ्टिंग स्पर्धाओं ने यह साबित कर दिया कि देश के जनजातीय अंचलों में अपार खेल प्रतिभाएं मौजूद हैं, जिन्हें सही मंच और अवसर मिलने पर वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाने में सक्षम हैं।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

बीरपुर : मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सुनी ‘मन की बात’

Published

on

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों को बताया प्रेरणादायी

प्रधानमंत्री मोदी के “मन की बात” में छत्तीसगढ़ के किसानों की सराहना

 मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सुनी ‘मन की बात’
 मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सुनी ‘मन की बात’

बीरपुर। महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं भटगांव विधायक श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने बीरपुर स्थित निवास कार्यालय में मन की बात के 132वें संस्करण का तन्मयतापूर्वक श्रवण किया।

इस अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनभागीदारी, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, नवाचार तथा आत्मनिर्भर भारत जैसे समसामयिक और राष्ट्र निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक संवाद कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह समाज को सकारात्मक दिशा देने और आम नागरिकों को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने का एक सशक्त मंच है। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचार देशवासियों को प्रेरित करते हैं और सामाजिक जागरूकता को नई दिशा प्रदान करते हैं।
उन्होंने विशेष रूप से कोरिया जिला के किसानों की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई सराहना पर प्रसन्नता व्यक्त की। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने संबोधन में बताया कि कोरिया जिले के किसानों ने जल संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय पहल करते हुए छोटे-छोटे रीचार्ज तालाब एवं सोखता गड्ढों का निर्माण किया है। इस अभिनव प्रयास को 1200 से अधिक किसानों ने अपनाया है, जिससे न केवल खेती को मजबूती मिली है, बल्कि भूजल स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।मंत्री राजवाड़े ने इसे जनभागीदारी से परिवर्तन का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

रायपुर : समाज की प्रगति ही राष्ट्र की उन्नति का आधार – मंत्री टंकराम वर्मा

Published

on

निनंवा में ’साहू समाज भवन’ का हुआ लोकार्पण

रायपुर। प्रदेश के राजस्व, आपदा प्रबंधन एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि समाज की प्रगति ही राष्ट्र की उन्नति का आधार है। उन्होंने साहू समाज के गौरवशाली इतिहास और सेवा भाव की प्रशंसा की। माँ कर्मा देवी के आशीर्वाद से निनंवा में निर्मित यह भवन केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और संस्कारों का केंद्र बनेगा। हमारी सरकार समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने और बुनियादी सुविधाएं पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह भवन आने वाली पीढ़ियों के शैक्षिक और सामाजिक उत्थान में मील का पत्थर साबित होगा।

          उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा के मुख्य आतिथ्य में ’माँ कर्मा साहू समाज भवन’ का लोकार्पण समारोह आज संपन्न हुआ। भक्तिमय और उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों लोग साक्षी बने। श्री वर्मा ने कहा कि रायपुर जिले के ग्राम निनंवा में आज सामाजिक एकजुटता और विकास का एक नया अध्याय लिखा गया। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों की यह एकजुटता सम्मान और गौरव का संगम है।

        कार्यक्रम की अध्यक्षता साहू संघ के मनीराम साहू ने की। समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में देवनाथ साहू, राजू शर्मा और अनिल अग्रवाल सहित क्षेत्र के दिग्गज जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर समाज के प्रतिभावान व्यक्तियों और वरिष्ठ जनों का सम्मान भी किया गया। ’माँ कर्मा साहू समाज भवन’ का लोकार्पण समारोह के अवसर पर जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख, पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और स्वजातिय बंधु बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Continue Reading

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677