कोरबा। भारतीय जनता पार्टी, जिला कोरबा के लिए आज का दिन ऐतिहासिक एवं अत्यंत गौरवपूर्ण रहा। जिले के नवीन जिला कार्यालय “अटल स्मृति भवन” के भूमिपूजन एवं शिलान्यास समारोह का आयोजन गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के करकमलों से भूमिपूजन एवं शिलान्यास संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री सरोज पांडेय, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल, कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, संभाग प्रभारी रामू रोहरा, जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, देवेंद्र पांडेय एवं जोगेश लांबा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि अत्याधुनिक तकनीक एवं आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह नवीन कार्यालय न केवल संगठनात्मक गतिविधियों का केंद्र बनेगा, बल्कि भाजपा की विचारधारा, संस्कार और सेवाभाव का सशक्त प्रेरणास्थल भी सिद्ध होगा। यह कार्यालय अंत्योदय, सुशासन और जनसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी व उनकी टीम को बधाई – विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि ऊर्जानगरी कोरबा में बनने जा रहा भाजपा का यह विशाल कार्यालय अटल स्मृति भवन न केवल संगठन की शक्ति और विस्तार का प्रतीक होगा, बल्कि हजारों कार्यकर्ताओं के समर्पण और संकल्प को भी दीर्घकाल तक रेखांकित करेगा। उन्होंने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों के अंशदान से बनने वाला यह भवन सर्वसुविधाओं से युक्त होगा और संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति देगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन के विस्तार और कार्यक्रमों की बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए नए भवन की जरूरत थी। इसके निर्माण से कार्यकर्ताओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और संगठनात्मक कार्यों में सुगमता आएगी। उन्होंने अटल स्मृति भवन के निर्माण का संकल्प लेने और उसे साकार करने के लिए जिलाध्यक्ष अध्यक्ष गोपाल मोदी, उनकी टीम और सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि यह कार्य निश्चित रूप से सफल होगा।
अटल स्मृति भवन आने वाले वर्षों में जनसेवा, संगठन विस्तार और राष्ट्र निर्माण के कार्यों का मजबूत केंद्र बनेगा – लखनलाल देवांगन
कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा कि “अटल स्मृति भवन केवल एक भवन नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा, संगठन की शक्ति और कार्यकर्ताओं के समर्पण का प्रतीक बनेगा।” उन्होंने कहा कि यह कार्यालय आने वाले वर्षों में जनसेवा, संगठन विस्तार और राष्ट्र निर्माण के कार्यों का मजबूत केंद्र बनेगा।
राष्ट्रनायक भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचारों और आदर्शों का प्रतीक होगा – गोपाल मोदी
जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि “सेवा ही संगठन है” के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए भारतीय जनता पार्टी कोरबा जिला द्वारा एक भव्य, आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त जिला कार्यालय के निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक पहल की जा रही है। उन्होंने बताया कि कोरबा जिले के नवीन भाजपा जिला कार्यालय का नामकरण “अटल स्मृति भवन” के रूप में किया गया हैं, जो राष्ट्रनायक भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचारों और आदर्शों का प्रतीक होगा। श्री मोदी ने जानकारी दी कि यह नया जिला कार्यालय लगभग 1 एकड़ 68 डिसमिल भूमि पर निर्मित किया जाएगा, अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त यह कार्यालय दूर-दराज़ से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए संगठनात्मक गतिविधियों, प्रशिक्षण, वैचारिक विमर्श एवं जनसेवा का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने भाजपा के संगठनात्मक इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया कि पूर्व में भाजपा जिला कार्यालय का भूमि पूजन 16 जनवरी 1991 को तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष लखीराम अग्रवाल के कर-कमलों से संपन्न हुआ था तथा उसका लोकार्पण 24 मार्च 1993 को कुशाभाऊ ठाकरे द्वारा किया गया था। नया प्रस्तावित कार्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि भाजपा की विचारधारा, संस्कार और “राष्ट्र प्रथम” की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने वाला वैचारिक केंद्र होगा।
इस शुभ अवसर पर सहित जिले भर से आए बड़ी संख्या में पदाधिकारीगण, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया। समारोह में उत्साह, अनुशासन और संगठनात्मक एकता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
बिलासपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ में तीज पर्व पर मायके जाने की तैयारी कर रही महिलाओं और दूसरे यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में उरकुरा स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग का काम किया जाएगा।
इसके चलते 13 और 14 सितंबर को रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, गेवरा रोड और इतवारी के बीच चलने वाली 10 ट्रेनें रद्द रहेंगी। वहीं 2 मेमू ट्रेनों का परिचालन बिलासपुर तक सीमित रहेगा। रेलवे के मुताबिक यह काम उरकुरा-रायपुर स्टोर डिपो के बीच दोहरीकरण परियोजना के तहत उरकुरा स्टेशन के यार्ड रीमॉडलिंग के लिए किया जा रहा है।
यात्रियों के लिए जरूरी बात
तीजा पर्व के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और परिवार मायके आने-जाने के लिए ट्रेनों का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में 13 और 14 सितंबर को यात्रा से पहले ट्रेन नंबर जरूर चेक कर लें। रद्द ट्रेन से यात्रा की योजना है तो वैकल्पिक ट्रेन या बस की व्यवस्था पहले कर लेना बेहतर होगा।
कोरबा/बालको नगर। बालको में सितंबर 2008 बैच के कर्मचारियों ने 18 वर्षों की सेवा पूरी होने पर वार्षिक मिलन समारोह का आयोजन किया। समारोह में बैच के 35 कर्मियों ने हिस्सा लिया और अपने बालको में बिताए 18 साल के अनुभव साझा किए। उपलब्धियां और चुनौतियों को सामने रखा। बालको कर्मियों ने अपने सेवाकाल के कई यादगार किस्से सुनाए। पुराने साथियों से मिलकर माहौल उत्साह से भरा रहा।
इस आयोजन से कर्मियों के बीच आपसी स्नेह, सौहार्द, भाईचारा, एकजुटता मजबूत हुई। समारोह में राजशेखर साहू, गगन गुप्ता, टिकेश्वर चेलक, अमित शर्मा, कमलेश बोहरपी, ज्ञानेंद्र, सुमन यादव, देवेंद्र प्रताप, सुमित सोनी, कुंदन, आशीष शुक्ला, आशीष दुबे, मधुरेश श्रीवास्तव, संजय न नारवानी, जितेंद्र द्विवेदी, अभिषेक साहू, दुर्गेश साहू, पूर्णानंद साहू, केशव साहू, हेमंत वर्मा, अरविंद, विकास गुरुदीवान, लेखराज लोधी, प्रकाश ठाकुर, प्रकाश रघुवंशी समेत अन्य उपस्थित थे।
कोरबा/कटघोरा। पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर में गुरुवार को आग की लपटें उठी तो विस्फोट की आशंका पर आसपास घरों को खाली कराया गया। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया। लेकिन कटघोरा- अंबिकापुर हाइवे पर लगभग 2 घंटे आवाजाही थमी रही।
कोरबा से तेल से भरी टैंकर कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाइवे के रास्ते से वाड्रफनगर जाने रवाना हुआ। बांगो थाना क्षेत्र के गुरसिया ढाबा के पास टैंकर चालक ने खाना खाने वाहन रोका। कुछ देर बाद वहां से चालक आगे बढ़ने टैंकर स्टार्ट किया, तभी बैटरी में चिंगारी उठी और केबिन तक आग की लपटें उठने लगी। संभवत: शार्ट सर्किट से आग वाहन तक फैली होगी। टैंकर में 12 हजार लीटर तेल भरने की कैपिसिटी है। सूचना पर पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। हाइवे पर आवाजाही को रोकवाया। साथ ही आसपास के घरों को खाली कराया गया। इस तरह सुरक्षा के जरूरी ऐहतियात बरते गए।
सूचना पर बांगो, कटघोरा नगर पालिका, सीएसईबी कोरबा की दमकल टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद दमकल कर्मियों ने पानी और फोम से आग बुझाई। इसमें करीब दो घंटे लग गए। आग पर काबू पा लेने के बाद हाइवे पर आवाजाही सामान्य हुई। एनएएआई की टीम को सूचना देने के बाद भी मौके पर नहीं पहुंची। कटघोरा-अंबिकापुर हाइवे के साथ बायपास पर दो साल के भीतर वाहनों में आग लगने की यह तीसरी घटना है। इसी महीने कटघोरा-बायपास के हुकरा क्षेत्र में एक तेज रफ्तार 407 वाहन रोड किनारे पेड़ से टकराया। इसके बाद वाहन में आग लगने की घटना सामने आई। चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई थी। साल 2024 में 28-29 दिसंबर की रात अंबिकापुर-कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बांगो थाना क्षेत्र के चोटिया टोल प्लाजा के पास ट्रक और कार में भिड़ंत हो गई थी। इस दुर्घटना में ट्रक पलट गया, वहीं कार सवार दो युवकों की वाहन में आग लगने पर जलकर मौत हो गई।