Connect with us

कोरबा

आईजी मिलना कुर्रे ने बालको में 56 महिला कर्मचारियों को किया सम्मानित

Published

on

बालकोनगर। वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर टाउनहॉल का आयोजन किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती मिलना कुर्रे, उप महानिरीक्षक पुलिस (आईजी), छत्तीसगढ़ की उपस्थिति में कंपनी की 56 महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। वर्ष 2008 बैच की आईपीएस अधिकारी मिलिना कुर्रे ने बालको की महिला कर्मचारियों तथा बालको में समावेशी कार्यस्थल की सराहना की।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “अनस्टॉपेबल” पत्रिका के दूसरे संस्करण का लोकार्पण रहा। इस पत्रिका में बालको परिवार की 12 प्रेरणादायी महिलाओं की कहानियाँ शामिल हैं। इसमें बताया गया है कि कैसे इन महिलाओं ने अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारियों के साथ-साथ अपने काम में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सफलता हासिल की और लगातार आगे बढ़ती रहीं हैं।

बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार ने कहा कि आज महिलाएं विभिन्न जिम्मेदारियों के साथ में समाज को आगे बढ़ा रही हैं। कंपनी ने ऐसा वातावरण तैयार किया है जिससे सभी को समानता के साथ आगे बढ़ने के मौके मिल रहा हैं। हमारे संयंत्र के संचालन में महिलाएं अग्रणी भूमिका निभाते हुए नवाचार को आगे बढ़ा रही हैं। उनकी उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता हमें विश्व-स्तरीय एल्यूमिनियम निर्माण के साथ-साथ आसपास के समुदाय को सशक्त बनाने में मदद करती है। जैसे-जैसे हम अपनी 1 एमटीपीए क्षमता के लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं, महिलाओं का नेतृत्व एक अधिक समावेशी बालको और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

मुख्य अतिथि श्रीमती मिलना कुर्रे ने कहा कि समय के साथ हमने यह साबित किया है कि कोई भी कार्य महिलाओं की क्षमता से बाहर नहीं है। चाहे बीएसएफ और सेना में सेवा देना हो या सर्वोच्च न्यायालय में न्यायाधीश के रूप में महत्वपूर्ण पद संभालना, महिलाएँ हर क्षेत्र में शक्ति और उद्देश्य के साथ नेतृत्व कर रही हैं। उनका विकास हमारे देश की निरंतर प्रगति का प्रतीक है और इस परिवर्तन को देखना गर्व की बात है। कोई भी समाज या संस्थान तभी वास्तविक रूप से समृद्ध होता है जब वह महिलाओं का सम्मान करता है। साथ ही यह सम्मान सदैव बना रहना चाहिए।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कार्यस्थल में जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें भावनात्मक स्वास्थ्य पर खुलकर बातचीत को प्रोत्साहित करने के लिए मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा एक विशेष सत्र शामिल था। इसके साथ ही बालको मेडिकल सेंटर के सहयोग से स्तन कैंसर जागरूकता सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रारंभिक जांच के महत्व, रोकथाम, नियमित स्क्रीनिंग, चेतावनी संकेतों की पहचान और इससे जुड़े भ्रांतियों को दूर करने पर विशेष ध्यान दिया गया।

सांस्कृतिक संध्या में ऊर्जा से भरपूर प्रस्तुतियाँ और रोचक गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें छत्तीसगढ़ के लोकनृत्य, प्रस्तुतियाँ और नारी शक्ति को समर्पित गीतों की प्रस्तुति शामिल रही। साथ ही पोस्टर-मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया था, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ‘गीव टू गेन’ थीम पर आधारित पोस्टर प्रदर्शनी में कर्मचारियों, उनके परिवारों और समुदाय के सदस्यों की रचनात्मक कला भी प्रदर्शित की गईं।

बालको निरंतर कौशल विकास कार्यक्रमों और महिलाओं के लिए अनुकूल सुविधाओं के माध्यम से एक समावेशी कार्यस्थल बना रहा है। इसमें चाइल्ड केयर के महत्व को ध्यान में रखते हुए महिला कर्मचारियों के लिए ‘क्रेच’ की सुविधा उपलब्ध है। साथ ही महिलाओं को छह महीने का वैतनिक ‘मातृत्व अवकाश’ और अवकाश के उपरांत माताओं को बच्चे के छह वर्ष के होने तक 80 मिनट का नर्सिंग ब्रेक प्रदान किया जाता है। महिला कर्मचारियों के लिए ‘वन डे वर्क फ्रॉम होम पॉलिसी’ है जिसमें एक दिन घर से कार्य करने का अवसर मिलता है। इसके साथ कंपनी का लक्ष्य 2030 तक महिला कर्मचारियों की संख्या 30 प्रतिशत करना है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई:5 तस्करों के ठिकानों पर दबिश, 5 लाख से अधिक की अवैध लकड़ी जब्त

Published

on

कोरबा। कोरबा वनमंडल के लेमरू वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध लकड़ी भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच कथित लकड़ी तस्करों के ठिकानों पर छापेमारी की। लेमरू और कुदुरुवा गांवों में की गई इस कार्रवाई के दौरान 306 अवैध काष्ठ चिरान जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

वन एवं वन्यजीव संरक्षण के उद्देश्य से वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव एवं दक्षिण कोरबा उपवनमंडलाधिकारी सुरकांत सोनी के निर्देशन में यह संयुक्त अभियान चलाया गया। कार्रवाई का नेतृत्व लेमरू वनपरिक्षेत्राधिकारी जयंत सरकार, बालको परिक्षेत्राधिकारी देवव्रत खाण्डे तथा परसखेत परिक्षेत्राधिकारी विक्रांत सिंह कंवर ने किया।

मुखबिर की सूचना पर हुई छापेमारी

वन विभाग को मुखबिर से अवैध लकड़ी भंडारण की सूचना मिली थी। इसके बाद नियमानुसार सर्च वारंट जारी कर वन विभाग की टीम ने लेमरू और कुदुरुवा गांव के पांच घरों में एक साथ दबिश दी। अभियान में परिक्षेत्र सहायक श्रवण कुमार गायकी और रामेश्वर सिंह सिदार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

घरों से बरामद हुई बड़ी मात्रा में लकड़ी

छापेमारी के दौरान बीजा, साल और अन्य मूल्यवान प्रजातियों की लकड़ी बड़ी मात्रा में बरामद हुई। ग्राम लेमरू निवासी दिनेश कुमार तंवर के घर से 2 नग साल चिरान (0.122 घन मीटर) जब्त किए गए।

वहीं सुरेश कुमार सिंह के घर से 68 नग साल प्रजाति के चिरान (1.272 घन मीटर) तथा 2 नग कलमी प्रजाति के चिरान (0.123 घन मीटर) बरामद हुए।

ग्राम कुदुरुवा निवासी शिशुपाल के घर से 231 नग साल प्रजाति के चिरान (3.975 घन मीटर) और 3 नग बीजा प्रजाति के चिरान (0.042 घन मीटर) जब्त किए गए।

306 नग चिरान जब्त, कीमत 5 लाख से अधिक

वन विभाग के अनुसार कुल 5.534 घन मीटर लकड़ी के 306 नग चिरान जब्त किए गए हैं। बरामद लकड़ी की अनुमानित बाजार कीमत 5 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।

पुलिस और वन अमले की संयुक्त कार्रवाई

यह कार्रवाई थाना लेमरू पुलिस और वन विभाग के लगभग 30 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त टीम द्वारा की गई। अभियान में लेमरू, बालको और परसखेत वन परिक्षेत्रों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

वन विभाग ने बताया कि जब्त लकड़ी के संबंध में वन अधिनियम एवं प्रासंगिक नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने अवैध लकड़ी कटाई और तस्करी के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रखने की बात कही है।

Continue Reading

कोरबा

कोयला लोड ट्रेलर पलटा, 2 भाइयों की दबकर मौत:NH किनारे गड्ढे में पहिया धंसने से हादसा, बहन के लिए मोमोज लेकर लौट रहे थे

Published

on

बिलासपुर/कोरबा, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बहन के लिए मोमोज लेकर लौट रहे 2 सगे भाइयों की सड़क हादसे में मौत हो गई। बिलासपुर-कटघोरा नेशनल हाईवे पर कोयले से लदा तेज रफ्तार ट्रेलर बेकाबू होकर नाली निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में जा घुसा और पलट गया।

हादसे के दौरान बाइक सवार दोनों भाई ट्रेलर की चपेट में आ गए और उसके नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी के विरोध के बाद नाली निर्माण का काम तो रोक दिया गया था, लेकिन खोदे गए गड्ढे को भरा नहीं गया था। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है।

ड्राइवर और मैकेनिक थे दोनों

जानकारी के अनुसार बेलतरा निवासी संदीप रजक (23) और उसका छोटा भाई प्रदीप रजक (16) ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करते थे। संदीप ट्रेलर ड्राइवर था, जबकि प्रदीप मैकेनिक का काम करता था। दोनों अपने परिवार के साथ बेलतरा के पास स्थित बेलपारा गांव में रहते थे।

नाली बनाने के लिए खोदा था गड्‌ढा

बताया जा रहा है कि बस स्टैंड के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने नेशनल हाईवे किनारे नाली निर्माण के लिए करीब 4 महीने पहले खुदाई की गई थी। नेशनल हाईवे अथॉरिटी के विरोध के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया, लेकिन खुदाई वाला हिस्सा और निर्माण सामग्री सड़क किनारे ही पड़ी रही।

रात करीब 8 बजे बिलासपुर की ओर जा रहा कोयले से लदा ट्रेलर (CG 12 BH 2296) तेज रफ्तार में था। खुदाई वाले हिस्से के पास पहुंचते ही ड्राइवर कंट्रोल खो बैठा और ट्रेलर पलट गया। उसी दौरान वहां से गुजर रही बाइक उसकी चपेट में आ गई। ट्रेलर के नीचे दबने से दोनों भाइयों की जान चली गई।

संदीप और प्रदीप अपने परिवार के सहारे थे। पिता के मौत के बाद दोनों भाई अपनी मां और बहन की जिम्मेदारी उठा रहे थे।

दोनों भाई ने मौके पर तोड़ा दम, शव फंसा रहा।

दोनों भाई ने मौके पर तोड़ा दम, शव फंसा रहा।

बहन के लिए मोमोज लेकर लौट रहे थे घर

रिश्तेदारों के अनुसार दोनों भाई काम खत्म करने के बाद होटल गए थे। वहां से वे अपनी बहन के कहने पर उसके लिए मोमोज लेकर घर लौट रहे थे, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही यह हादसा हो गया।

हाइड्रा की मदद से निकाले गए शव

घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। हाइड्रा मशीन की सहायता से ट्रेलर को हटाकर दोनों शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।

हंगामे की आशंका पर तत्काल अस्पताल भेजे गए शव

हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे। शुरुआत में पुलिस को लगा कि ट्रेलर के नीचे दबे लोग बाहरी हो सकते हैं, लेकिन ट्रेलर हटाने पर मृतकों की पहचान स्थानीय युवकों के रूप में हुई।

इसके बाद माहौल बिगड़ने और विरोध-प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस ने एहतियात बरतते हुए शवों को तत्काल अस्पताल भिजवा दिया। वहीं, रतनपुर पुलिस का कहना है कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Continue Reading

कोरबा

गुरु अर्जुन देव के शहीदी दिवस पर बांटा मीठा शरबत

Published

on

कोरबा/गेवरा-दीपका। सिख धर्म के पांचवें गुरु गुरु अर्जुन देव के शहीदी दिवस पर पाली रोड स्थित गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धा एवं सेवा भाव के साथ गुरुवार को मीठा शरबत और चना प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान गुरुद्वारा कमेटी ने राहगीरों, दुकानदारों को प्रसाद ग्रहण कराया। भीषण गर्मी को देखते हुए लगाए गए सेवा शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने शरबत पीकर राहत महसूस की। गुरुद्वारा कमेटी के सदस्यों ने बताया कि गुरु अर्जुन देव का शहीदी दिवस सेवा, त्याग और मानवता के प्रति समर्पण का संदेश देता है।

इसी भावना के तहत हर वर्ष श्रद्धालुओं द्वारा सेवा कार्य किए जाते हैं। इस अवसर पर गुरुद्वारा कमेटी के संचालक अमृत सिंह, धनी सिंह, ज्ञानी सिंह, संजय नायर, युवराज सिंह, संजीत सिंह, मनप्रीत कौर, ऋतु सिंह, राजेश सोनी, दीपक अग्रवाल सहित अन्य व्यापारी व श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने गुरु अर्जुन देव के बताए मार्ग पर चलने और समाज में भाईचारा व सेवा की भावना को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677