कोरबा
महात्मा गांधी नरेगा के कार्य मानसून के पूर्व पूर्ण कराएं : सीईओ दिनेश कुमार नाग
प्रधानमंत्री आवास निर्माण में लाएं तेजी, मानसून से पहले अधिकतम आवास हों पूर्ण
डीएमएफ से स्वीकृत आंगनबाड़ी एवं स्कूल भवनों को 25 जून तक पूरा करने के निर्देश
कोरबा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग ने सोमवार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना,प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, पंचायत एवं डीएमएफ अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

सीईओ श्री नाग ने निर्देशित किया कि मनरेगा अंतर्गत स्वीकृत मजदूरी मूलक कार्यों को मानसून आने के पहले पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कार्यस्थलों पर श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्यों में तेजी लाने तथा जल संरक्षण एवं जल संवर्धन से जुड़े नवा तरिया निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 1 जुलाई 2026 से लागू होने वाले विकसित भारत जी-रामजी अधिनियम के प्रावधानों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए तथा सोशल ऑडिट से संबंधित लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान सीईओ श्री नाग ने कहा कि यह शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसके माध्यम से आवासहीन एवं वंचित ग्रामीण परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून के पूर्व अधिक से अधिक आवास पूर्ण कर हितग्राहियों को पक्के घरों का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने जनपद पंचायत सीईओ एवं एसडीओ को नियमित समीक्षा करने तथा मैदानी अमले को लगातार फील्ड भ्रमण कर हितग्राहियों को आवास निर्माण पूर्ण कराने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।



डीएमएफ अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए श्री नाग ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी भवन एवं स्कूल भवनों का निर्माण हर हाल में 25 जून तक पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत उन्होंने फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के अनुरूप ग्राम पंचायतों में दीवार लेखन, जनजागरूकता रैली एवं स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट के कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा सभी ब्लॉक समन्वयकों को 20 जून तक बल्क वेस्ट जनरेटरों की पहचान एवं कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में महतारी सदन निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने, 15वें वित्त आयोग के कार्यों का जियो टैगिंग कराने तथा पूर्ण कार्यों के उपयोगिता एवं पूर्णता प्रमाण पत्र समय पर भेजने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने पंचायतों में अनिवार्य अभिलेखों एवं पंजीयों का सुव्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान सीईओ श्री नाग ने सभी जनपद पंचायत सीईओ को बैंकर्स के साथ समन्वय बैठक आयोजित कर 30 जून तक बैंक लिंकेज का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक विकासखंड में ‘ड्रोन दीदी’ तैयार करने तथा महिला स्व-सहायता समूहों की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी विशेष बल दिया।
उन्होंने सभी जनपद पंचायत सीईओ को नियमित रूप से फील्ड में प्रवास कर योजनाओं के क्रियान्वयन की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में ई-आरईएस अशोक कुमार जोगी, उपसंचालक पंचायत मिथलेश किसान,लेखा अधिकारी राजेंद्र यादव, सहायक परियोजना अधिकारी श्रीमती इंदिरा भगत, श्रीमती अमिता साहू, सभी जनपद पंचायतों के सीईओ, एसडीओ, उप अभियंता, कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक एवं जनपद स्तर के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
कोरबा
सीएम हेल्पलाइन पोर्टल से प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण करें निराकरण – कलेक्टर कुणाल दुदावत
किसानों की सहूलियत हेतु खाद भण्डारण व वितरण में तेजी लाने के दिए निर्देश
पीएम स्वनिधि योजना से अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभांवित करने किया निर्देशित
पीएम आवास में लक्ष्य निर्धारित कर आवास निर्माण शीघ्रता से पूर्ण कराने के दिए निर्देश
कलेक्टर ने ली समय-सीमा बैठक, विभागीय कार्यों की हुए विस्तृत समीक्षा
कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागीय कार्यों की प्रगति तथा टीएल के लंबित प्रकरणों के निराकरण स्थिति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन पोर्टल का आज से आमजनों के लिए शुभारंभ हो रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों को पोर्टल को पूर्ण गंभीरता से लेने एवं पोर्टल से प्राप्त होने वाले आवेदनों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने आगामी खरीफ वर्ष हेतु जिले में खाद भंडारण व वितरण की समीक्षा करते हुए किसानों को खाद वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही खाद वितरण की दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने जुलाई माह हेतु खाद्यान्न आबंटन व भंडारण स्थिति की जानकारी लेते हुए जून माह के अंत तक सभी सोसायटियों में खाद्यान्न का अनिवार्य रूप से पूर्ण भण्डारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जिससे जुलाई माह में आमजनों को समय पर राशन वितरण हो सके। उन्होंने डीएमओ को समय पर मिलर्स द्वारा लाट जमा नहीं कराने हेतु नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने पीएम किसान सम्मान निधि हेतु शेष किसानों का शीघ्रता से पंजीयन कराने के लिए कहा। साथ ही किसानों के ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, लैंड सीडिंग कार्य को भी तेजी से पूर्ण कराने की बात कही। एग्रीस्टेक पोर्टल में किसानों की पंजीयन की अद्यतन प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने संयुक्त खाता धारकों का भी नियमानुसार पोर्टल में पंजीयन कराने के निर्देश दिए।
किसान क्रेडिट कार्ड निर्माण कार्य में प्रगति लाने के निर्देश देते हुए अधिक से अधिक पात्र किसानों को योजना से शीघ्र जोड़ने के लिए कहा। इस हेतु किसानों को केसीसी से मिलने वाले लाभ की जानकारी देकर वंचित किसानों को योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित करने, इच्छुक किसानों से आवेदन लेने एवं स्वीकृति प्रक्रिया को समयबद्ध पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभांवित करने के निर्देश दिए। इस हेतु सभी नगरीय निकायो में आयोजित होने वाले विशेष शिविर के माध्यम से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडरों से आवेदन प्राप्त कर उन्हें लाभ दिलाने के लिए कहा। उन्होंने सभी जनपद सीईओ को भी ग्रामीण क्षेत्रों में स्ट्रीट वेंडरों की पहचान कर उन्हें भी योजना से जोड़ते हुए शत-प्रतिशत लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पीएम जनमन अंतर्गत आवास निर्माण कार्य की जानकारी लेते हुए लम्बित निर्माण कार्य में शीघ्रता से प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम आवास शहरी अंतर्गत स्वीकृत हुए आवासों का जल्द से जल्द कार्य प्रारंभ कराने एवं निर्माणाधीन आवासों को बरसात के पूर्व पूर्ण कराने के लिए कहा। इसी प्रकार पीएम आवास ग्रामीण अंतर्गत आवास निर्माण की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी जनपद सीईओ को प्रति सप्ताह आवास पूर्ण कराने का लक्ष्य निर्धारित कर निर्माण में गम्भीरता से तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रथम किश्त की राशि जारी होने वाले हितग्राहियों के यहां जल्द से जल्द आवास निर्माण शुरू कराने की बात कही साथ ही खिड़की, दरवाजे, छत लेवल कार्य हो चुके आवासों का शीघ्रता से शेष कार्य पूर्ण कराने निर्देशित किया।
उन्होंने डीएमएफ अंतर्गत प्रगतिरत व स्वीकृत कार्यों की समीक्षा करते हुए अधूरे कार्याे को तेजी से पूर्ण कराने के लिए कहा। साथ ही मुख्यमंत्री घोषणा एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वीकृत कार्याे का समय पर प्राक्कलन तैयार कर तकनीकी स्वीकृति हेतु प्रेषित करने निर्देशित किया।
बैठक में निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, डीएफओ कोरबा श्रीमती प्रेमलता यादव, ओएसडी तरुण कुमार किरण, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर द्वय देवेंद्र पटेल व ओंकार यादव, एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ, सीएमओ नगरीय निकाय सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
कोरबा
कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मिला भविष्य निर्माण का मार्गदर्शन
कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय कैरियर काउंसिलिंग के हुआ आयोजन
विद्यार्थियों को विषय चयन, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार एवं स्वरोजगार के विविध अवसरों की दी गई जानकारी
सही मार्गदर्शन और सतत प्रयास से हासिल करें सफलता – मंत्री लखन लाल देवांगन
लक्ष्य निर्धारित कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें -कलेक्टर कुणाल दुदावत
जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने बच्चों से संवाद कर बेहतर कैरियर निर्माण के लिए दिया मार्गदर्शन
कोरबा। जिला प्रशासन द्वारा राजीव गांधी ऑडिटोरियम, ट्रांसपोर्ट नगर, कोरबा में 10वीं, 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए जिला स्तरीय कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह, सभापति नूतन सिंह ठाकुर कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, वनमण्डलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत, आयुक्त नगर निगम आशुतोष पांडेय, ओएसडी तरुण कुमार किरण, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारियों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य 10वीं एवं 12वीं कक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थियों को विषय चयन, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार एवं स्वरोजगार के विविध अवसरों की जानकारी प्रदान कर उनके भविष्य निर्माण के लिए उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना था।


कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास और सही कैरियर मार्गदर्शन की महत्ता बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में असीम संभावनाएं होती हैं, आवश्यकता उन्हें पहचानकर सही दिशा में आगे बढ़ने की है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि राज्य शासन युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण तथा रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। इस दौरान मुख्य अतिथि द्वारा संदर्शिका किताब का विमोचन भी किया गया, जिसमें राज्य स्तर एवं अखिल भारतीय स्तर पर परीक्षाओं का आयोजन किस प्रकार किया जाता है, उनकी चयन प्रक्रिया क्या है, इसके संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई है। उक्त पुस्तकें सभी विद्यालयों के प्राचार्यों को उपलब्ध कराई गई हैं तथा प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि पुस्तकों में दिए गए विषयों के संबंध में विद्यालय में अध्ययनरत सभी बच्चों को विद्यालय स्तर पर कैरियर काउंसलिंग का आयोजन कर विस्तार से अवगत कराया जाए।

कार्यक्रम में विधायक कटघोरा श्री पटेल द्वारा विद्यार्थियों को बेहतर कैरियर चयन हेतु मार्गदर्शन करते हुए लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में 10वीं कक्षा उत्तीर्ण कोरबा जिले के समस्त हाई स्कूलों से लगभग 600 से अधिक विद्यार्थी एवं उनके पालक उपस्थित हुए।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में कलेक्टर श्री दुदावत द्वारा विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें अपने लक्ष्य स्पष्ट रूप से निर्धारित करने तथा निरंतर परिश्रम के माध्यम से सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल शैक्षणिक उपलब्धियां ही नहीं, बल्कि कौशल, नवाचार और सकारात्मक सोच भी सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की सलाह दी। उन्होंने 10वीं उत्तीर्ण छात्रों को 11वीं कक्षा में किस प्रकार अपने कैरियर का चयन करना है तथा कौन-कौन से क्षेत्र हैं, जिनमें अध्ययन कर अपने भविष्य को सुरक्षित बनाया जा सकता है, इसकी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में कक्षा 12वीं के 450 विद्यार्थियों द्वारा सहभागिता निभाई गई। कलेक्टर श्री दुदावत व पुलिस अधीक्षक श्री तिवारी द्वारा 12वीं कक्षा के छात्रों का मार्गदर्शन किया गया, जिसमें उन्होंने विद्यार्थियों को क्या करना है और क्या नहीं करना है, इस संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी ।

कलेक्टर द्वारा बच्चों के बीच जाकर उनसे उनके संबंध में जानकारी ली गई तथा यह आश्वासन दिया गया कि देश के किसी भी कोने में कोरबा जिले के किसी भी विद्यार्थी को पढ़ाई पूरी करने में आर्थिक कठिनाई नहीं होने दी जाएगी। विद्यार्थियों द्वारा भी अधिकारियों से अनेक प्रश्न पूछे गए, जिनमें कॉमर्स, गणित एवं विज्ञान विषयों से संबंधित प्रश्न प्रमुख रहे।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने अपने-अपने क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। आयुक्त नगर निगम श्री पांडेय कोरबा के परिवेश को कहानी के माध्यम से बताते हुए मोबाइल के लाभ एवं हानियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। सीईओ श्री नाग द्वारा बच्चों को आगे बढ़ने के अवसरों की जानकारी दी गई। हेमंत जायसवाल, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी द्वारा सूचना प्रौद्योगिकी (आई.टी.) के क्षेत्र तथा मोबाइल के माध्यम से समय का सदुपयोग करने के संबंध में जानकारी दी गई। विशाल राजपूत, जिला चिकित्सालय कोरबा द्वारा चिकित्सा क्षेत्र में आगे बढ़ने की संभावनाओं, उसकी शाखाओं तथा तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इसी प्रकार दीपेश भारती, जिला रोजगार अधिकारी द्वारा विभिन्न प्रकार के रोजगार अवसरों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। राजीव लिल्हारे, प्रबंधक (तकनीकी), सीपेट कोरबा द्वारा प्लास्टिक के उपयोग एवं विभिन्न तकनीकों के संबंध में जानकारी दी गई। देवेंद्र कंवर, उप संचालक, कृषि विभाग, कोरबा द्वारा कृषि विज्ञान, खाद उत्पादन, मत्स्य पालन, कृषि कार्य तथा मधुमक्खी पालन जैसे रोजगारोन्मुखी कार्यों की जानकारी प्रदान की गई। एम.एम. जोशी, शासकीय महाविद्यालय कटघोरा द्वारा कला संकाय (आर्ट्स) की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि आर्ट्स के विद्यार्थी भी किसी से कम नहीं होते तथा स्वयं पर किया गया विश्वास ही सफलता की ओर ले जाता है। श्रीमती उपासना पाठक, व्याख्याता, शासकीय हाई स्कूल अजगरबहार द्वारा कंप्यूटर शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला गया। सुश्री तस्कीन, डी.आई.ओ., एन.आई.सी. द्वारा एम.एससी., एम.सी.ए., एम.टेक., सेट इत्यादि पाठ्यक्रमों एवं परीक्षाओं के संबंध में जानकारी दी गई, जिनके माध्यम से आई.टी. कंपनियों एवं अन्य क्षेत्रों में अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं तथा कौशल विकास किया जा सकता है।
पूरे कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु
सक्रिय सहभागिता निभाई गई। जिला शिक्षा अधिकारी ताम्रेश्वर उपाध्याय द्वारा सभी अतिथियों एवं अधिकारियों को स्मृति-चिन्ह प्रदान किए गए। दोनों सत्रों में कुल 1047 विद्यार्थी एवं 200 अभिभावकों की उपस्थिति रही। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति एवं विशेषज्ञों के उपयोगी मार्गदर्शन से कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं सार्थक रहा।
कोरबा
नई तकनीकों से जुड़े कृषक दिनेश अग्रवाल, नैनो उर्वरकों को बताया खेती के लिए लाभकारी
नैनो उर्वरक-कम लागत, अधिक उत्पादन, खुशहाल किसान
कोरबा। छत्तीसगढ़ सरकार किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। नैनो डीएपी और नैनो यूरिया जैसे उन्नत उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे किसानों को खेती में बेहतर परिणाम प्राप्त हो रहे हैं। सहकारी समितियों के माध्यम से खाद, बीज और उर्वरकों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने से किसानों को कृषि कार्यों की तैयारी में सुविधा मिल रही है तथा वे नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
कोरबा जिले के ग्राम तिलकेजा निवासी कृषक दिनेश अग्रवाल भी ऐसे ही किसानों में शामिल हैं, जो आधुनिक कृषि तकनीकों के लाभ को समझते हुए खेती को अधिक उन्नत और लाभकारी बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। लगभग 12.5 एकड़ कृषि भूमि में धान की खेती करने वाले श्री अग्रवाल का परिवार लंबे समय से कृषि कार्य से जुड़ा हुआ है।

खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही श्री अग्रवाल अपनी खेती की तैयारियों में जुट गए हैं। इसी क्रम में वे पहली बार सहकारी समिति पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी फसल की आवश्यकता के अनुरूप खाद, बीज और अन्य कृषि आदान सामग्री प्राप्त की। उन्होंने नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया भी प्राप्त किया। इन उर्वरकों की जानकारी उन्हें कृषि विभाग और सहकारी समिति के माध्यम से मिली थी। श्री अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष भी नैनो उर्वरकों का उपयोग किया था, जिससे फसल की बढ़वार एवं उत्पादन पर सकारात्मक परिणाम देखने को मिले। उनके अनुसार, वर्तमान समय में कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों का महत्व निरंतर बढ़ रहा है और नैनो उर्वरक किसानों के लिए एक प्रभावी एवं नवाचारपूर्ण विकल्प के रूप में उभर रहे हैं, जो कम लागत में बेहतर पोषण और अधिक उत्पादकता सुनिश्चित करने में सहायक हैं।
श्री अग्रवाल का कहना है कि नैनो डीएपी और नैनो यूरिया फसलों को आवश्यक पोषक तत्व उपलब्ध कराने का एक प्रभावी माध्यम हैं। इन उर्वरकों के उपयोग से पोषक तत्वों का बेहतर अवशोषण होता है तथा फसल की बढ़वार को आवश्यक सहायता मिलती है। उन्होंने बताया कि किसानों के बीच नैनो उर्वरकों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और अधिक से अधिक किसान इनके उपयोग में रुचि दिखा रहे हैं। आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने से खेती को अधिक वैज्ञानिक और व्यवस्थित बनाने में मदद मिल रही है।
उन्होंने कहा कि खेती में समय का विशेष महत्व होता है। खाद, बीज और उर्वरक समय पर उपलब्ध हो जाएं तो किसानों को काफी सुविधा मिलती है। इस वर्ष उन्हें सहकारी समिति में आवश्यक कृषि आदान सामग्री आसानी से उपलब्ध हो गई, जिससे खेती की तैयारी समय पर पूरी करने में मदद मिली। इससे किसानों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे पूरी योजना के साथ कृषि कार्य कर पाते हैं।
दिनेश अग्रवाल का मानना है कि कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचार किसानों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोल रहे हैं। आधुनिक तकनीकों, उन्नत बीजों और वैज्ञानिक उर्वरकों के उपयोग से खेती को अधिक उत्पादक और लाभकारी बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ किसानों को भी नई तकनीकों को अपनाना चाहिए, ताकि कृषि क्षेत्र में बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकें।
श्री अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों को खाद, बीज, नैनो डीएपी, नैनो यूरिया सहित अन्य आवश्यक कृषि आदान सामग्री समय पर उपलब्ध कराई जा रही है। इससे खेती के कार्यों में सुविधा हो रही है और किसान बिना किसी बाधा के अपने कृषि कार्यों को आगे बढ़ा पा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि किसानों को इसी प्रकार समय पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध होते रहेंगे, जिससे कृषि क्षेत्र और अधिक सशक्त तथा समृद्ध बनेगा।
-
Uncategorized8 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा3 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
