लाभार्थियों के अनुभवों ने बढ़ाया विश्वास, अधिक से अधिक लोग हुए प्रेरित
कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सभी के लिए ऊर्जा” के संकल्प को साकार करने तथा हर घर को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना पर छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) द्वारा सेवा पखवाड़ा अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन अग्रसेन भवन, कटघोरा में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कटघोरा विधायक प्रेम चंद पटेल ने कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना देश की आम जनता को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। यह योजना न केवल घरों को रोशन कर रही है बल्कि आम उपभोक्ताओं को ऊर्जा उत्पादक में बदलकर आर्थिक रूप से भी सशक्त बना रही है। उन्होंने विस्तार से योजना के उद्देश्यों और लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं को निःशुल्क बिजली उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया है। इस योजना से ग्रामीण एवं शहरी दोनों ही क्षेत्रों के लोग लाभान्वित होंगे। प्रत्येक घर की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर घरेलू बिजली की आवश्यकता पूरी की जा सकती है, साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की ओर से सब्सिडी भी प्रदान की जाएगी। श्री पटेल ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे भारत को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल है। यह योजना हरित ऊर्जा को बढ़ावा देती है और पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह योजना भारत को हरित ऊर्जा महाशक्ति बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे न केवल ऊर्जा का समाधान होगा बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से आम परिवारों का बिजली खर्च घटेगा और अतिरिक्त बिजली बेचकर आय का नया स्रोत भी मिलेगा। इस प्रकार यह योजना केवल बिजली उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को “उपभोक्ता से उत्पादक” बनने की दिशा में सशक्त बना रही है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि छत्तीसगढ़ शासन ने अपने बजट में इस योजना के लिए विशेष प्रावधान रखकर इसे और गति प्रदान की है।
कार्यशाला में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी नागरिक उपस्थित हुए। आम नागरिकों ने मौके पर ही योजना में पंजीयन कराया। इस अवसर पर योजना से लाभान्वित लाभार्थियों ने अपने अनुभव भी साझा किए। लाभार्थी श्रवण अज़गले ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से उनकी बिजली की समस्या दूर हुई है और अब उन्हें बिजली बिल की चिंता नहीं करनी पड़ती।अतिरिक्त बिजली बेचकर उन्हें आर्थिक लाभ भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह योजना वास्तव में आम आदमी के जीवन को बदलने वाली है और हर घर को रोशन करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके साथ ही कटघोरा के बाजार मोहल्ला निवासी रामकिशोर अग्रवाल, कारखाना क्षेत्र कटघोरा के रमेश अग्रवाल तथा लखनपुर निवासी संतोष यादव ने कार्यशाला में भाग लेकर योजना का लाभ उठाने हेतु पंजीयन कराया। इन सभी ने अपने घरों में सोलर पैनल स्थापित कराने का निर्णय लिया। अधिकारियों ने बताया कि शीघ्र ही इनके घरों में सोलर पैनल इंस्टॉल कर दिए जाएंगे, जिससे ये परिवार न केवल अपनी घरेलू जरूरत की बिजली स्वयं उत्पन्न करेंगे बल्कि अतिरिक्त बिजली से आय भी प्राप्त कर सकेंगे। जागरूकता वाहन को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रेम चंद पटेल ने परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह जागरूकता वाहन आसपास के गांवों और क्षेत्रों में जाकर लोगों को प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की जानकारी देगा तथा पंजीयन के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता तभी संभव है जब उनकी जानकारी सही समय पर और सही तरीके से लोगों तक पहुंचे। जागरूकता रथ इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम में एसडीएम तन्मय खन्ना, विद्युत विभाग कोरबा के एसई बी.के. सरकार, बिलासपुर के ईडी ए.के.अबस्ट, सामाजिक संगठन के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी नागरिक शामिल हुए।
डॉ. चरणदास महंत, पूर्वमंत्री जयसिंह अग्रवाल, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया सहित कांग्रेसजनों ने मनाया जन्मदिन कोरबा। जिला कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ शहर के जिलाध्यक्ष गजानंद प्रसाद साहू का 11 सितम्बर को जन्मदिन था। श्री साहू के जन्मदिन पर जिला कांग्रेस कार्यालय में छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत पहुंचे और श्री साहू को सुदीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए बुके भेंट किया।
श्री साहू को पूर्वमंत्री जयसिंह अग्रवाल ने भी अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कर समृद्ध जीवन की शुभकामनाएं दी। श्री साहू को बधाई देने वालों में रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर, पूर्व विधायक मोहितराम केरकेट्टा, ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, नगर पालिका परिषद कटघोरा अध्यक्ष राज जायसवाल, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ ग्रामीण जिलाध्यक्ष राजेश मानिकपुरी, नवनियुक्त कार्यालय महामंत्री सुरेश अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल थे। घर में भी परिजनों ने मनाया जन्मदिन गजानंद प्रसाद साहू का परिवार काफी विस्तारित है और 11 सितम्बर को निजनिवास में परिजनों ने उनका जन्मदिन खासतौर से उल्लास के साथ मनाया। पुत्र लक्ष्मीकांत साहू ने बताया कि पापा के दीर्घायु एवं स्वस्थ तथा सुलभ जीवन के लिए परिवारजनों ने प्रार्थना की और पूजा-अर्चना कर उनके सतत् सौभाग्य के लिए ईश्वर से आशीर्वाद मांगा। केक काटकर पापा के जन्मदिन को अच्छे से सेलिब्रेट किया गया।
बिलासपुर/कोरबा। सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट लिमिटेड (सीएमपीडीआई) के निदेशक (तकनीकी) नृपेंद्र नाथ ने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के निदेशक (तकनीकी) – योजना/परियोजना का अतिरिक्त प्रभार ग्रहण किया है। एसईसीएल परिवार ने नई जिम्मेदारी संभालने पर उनका हार्दिक स्वागत करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर उन्होंने एसईसीएल के निदेशक तकनीकी (संचालन) रमेश चंद्र महापात्र से सौजन्य भेंट की। बड़ी संख्या में विभागाध्यक्ष एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
पढ़ें एसईसीएल के निदेशक (तकनीकी) – योजना/परियोजना नृपेंद्र नाथ के बारे में
नृपेंद्र नाथ ने 1988 में आईआईटी (आईएसएम), धनबाद से स्नातक की उपाधि प्राप्त की। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के एन.के. क्षेत्र से की और विश्व बैंक सहायता प्राप्त केडीएच परियोजना में लगभग दो दशकों तक महत्वपूर्ण योगदान दिया। अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) की विभिन्न खदानों में परियोजना अधिकारी तथा सीसीएल के मगध-संघमित्रा क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। उनके कार्यकाल में मगध-संघमित्रा क्षेत्र ने प्रतिष्ठित 20 मिलियन टन उत्पादन क्लब में स्थान बनाया।
ऑस्ट्रेलिया में प्रशिक्षित सिमटार्स-प्रमाणित प्रशिक्षक के रूप में श्री नाथ ने कोल इंडिया लिमिटेड की विभिन्न अनुषंगी कंपनियों में खान सुरक्षा प्रशिक्षण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। खान सुरक्षा प्रबंधन योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। नृपेंद्र नाथ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी खनन क्षेत्र का अनुभव प्राप्त है। वर्ष 2024 में वे एजीटीएमपी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में कई यूरोपीय देशों के दौरे पर गए, जहाँ उन्होंने वैश्विक खनन प्रथाओं एवं आधुनिक तकनीकों का अनुभव प्राप्त किया।
वर्तमान में वे सीएमपीडीआई के निदेशक (तकनीकी) के पद पर कार्यरत हैं और 31 अक्टूबर 2025 को उन्होंने इस पद का कार्यभार ग्रहण किया था। खनन परिचालन, परियोजना क्रियान्वयन, योजना एवं खान सुरक्षा के क्षेत्र में उनको व्यापक अनुभव है I
कोरबा। जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) सुरेश अग्रवाल को कार्यालय महामंत्री का दायित्वपूर्ण पद मिलने पर प्रदेश अखबार वितरक संघ की कोरबा इकाई ने पुष्पगुच्छ देकर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की। जिला अध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू की अगुवाई में श्री अग्रवाल को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर संरक्षक रेशम लाल साहू, सचिव जय नेताम, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी राठौर, मीडिया प्रभारी रमायण सिंह (रामा), सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।