Connect with us

कोरबा

कूप कटिंग का विरोध…50 ग्रामीणों पर केस दर्ज:कोरबा में 6 गांवों के लोगों ने बैठक कर आपत्ति जताई, पेड़ कटाई रोकने की मांग

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के पसरखेत वन परिक्षेत्र में कूप कटिंग (पेड़ कटाई) का मामला गरमा गया है। इस मामले में लगभग 50 ग्रामीणों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है, जिसके विरोध में आसपास के 6 गांवों के लोगों ने बैठक की है। ग्रामीण कूप कटिंग रोकने की अपनी मांग पर अडिग हैं।

कोरबा वनमंडल के पसरखेत वन परिक्षेत्र में ‘सलेक्शन कम इम्प्रूवमेंट’ योजना के तहत कूप कटिंग शुरू की गई थी। इसके लिए कोलगा के गुफा एरिया, बांधा पतरा, ढोंड़टिकरा और मोहनपुर में मजदूर लगाए गए थे। पेड़ों की कटाई की जानकारी मिलने पर कोलगा के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और उन्होंने पेड़ कटाई रोक दी।

कुछ ग्रामीणों को नामजद आरोपी बनाया

साथ ही कुल्हाड़ी समेत अन्य औजारों को अपने कब्जे में ले लिया। इस घटना के दो दिन बाद करतला थाने में लगभग 50 ग्रामीणों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इनमें कुछ ग्रामीणों को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस कार्रवाई के बावजूद ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।

बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रहीं

शुक्रवार को इस मामले पर चर्चा के लिए एक चौपाल लगाई गई, जिसमें कोलगा सहित आसपास के 6 गांवों के ग्रामीण शामिल हुए। इस बैठक में बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद थीं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में पहुंचे पुलिस और जन प्रतिनिधियों के सामने भी पेड़ कटाई का एक स्वर में विरोध जताया।

कूप कटिंग पर रोक लगाने की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि वे कूप कटिंग नहीं होने देंगे, भले ही इसके लिए उन्हें आंदोलन करना पड़े। वे संभवतः कलेक्टर से मुलाकात कर कूप कटिंग पर रोक लगाने की मांग भी कर सकते हैं। इससे पहले भी कई बार विरोध प्रदर्शन किए जा चुके हैं, लेकिन इस बार ग्रामीण आंदोलन का मन बना रहे हैं।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

अमृत सरोवरों के तट पर हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

Published

on

ध्वजारोहण के साथ निकली तिरंगा यात्रा, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाया उत्साह

जल एवं पर्यावरण संरक्षण के साथ सामुदायिक सहभागिता का दिया संदेश

कोरबा। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित किए गए अमृत सरोवरों के तट पर स्वतंत्रता दिवस का पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न अमृत सरोवर परिसरों में ध्वजारोहण सहित सामुदायिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमृत सरोवर स्थलों को विशेष रूप से सजाया गया। विभिन्न स्थानों पर स्वतंत्रता सेनानियों, शहीद परिवारों के सदस्यों एवं ग्राम पंचायत के वरिष्ठ नागरिकों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इसके पश्चात स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता से तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से गांव और सरोवर परिसर गूंज उठे।

अमृत सरोवर बने सामुदायिक सहभागिता के केंद्र

आयोजन का उद्देश्य अमृत सरोवरों को केवल जल संरक्षण के स्थलों तक सीमित न रखते हुए उन्हें जीवंत सामुदायिक केंद्रों के रूप में विकसित करना तथा ग्रामीणों में सामुदायिक भागीदारी की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, स्व-सहायता समूहों, युवा क्लबों, पर्यावरण प्रेमियों एवं अन्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

वृक्षारोपण और स्वच्छता से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

अमृत सरोवर परिसरों में वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और श्रमदान जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। ग्रामीणों ने सरोवरों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया। जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामुदायिक सहभागिता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शपथ, जनसंपर्क एवं जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला मंच

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी कला एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। विभिन्न अमृत सरोवर स्थलों पर देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वतंत्रता, राष्ट्रप्रेम, स्वच्छता, पर्यावरण एवं जल संरक्षण का संदेश दिया।

इन आयोजनों के माध्यम से अमृत सरोवरों को जल संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता और सतत आजीविका के बहुआयामी केंद्र के रूप में विकसित करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, वीबी-जी राम जी योजना के हितग्राही, युवा तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

जिला पंचायत में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

Published

on

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह ने किया ध्वजारोहण

गांवों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ करें कार्य: सीईओ प्रतीक जैन

कोरबा। जिला पंचायत कार्यालय कोरबा में स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों एवं नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

अपने उद्बोधन में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह ने कहा कि देश, प्रदेश और जिले के विकास के लिए सभी को समन्वित एवं समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए। सामूहिक प्रयासों से विकास को गति देते हुए राष्ट्र को प्रगति और समृद्धि के शिखर तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रहित में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेणुका राठिया ने भी सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने कहा कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का कार्यक्षेत्र अत्यंत व्यापक है और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास से जुड़ी अनेक चुनौतियां हैं। इन चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करते हुए गांवों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास में सहभागी बनकर हम विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

इस अवसर पर उपसंचालक पंचायत मिथलेश किसान, सहायक परियोजना अधिकारी श्रीमती अमिता साहू, श्रीमती इंदिरा भगत सहित जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

सरस्वती शिशु मंदिर पाली में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

Published

on

ध्वजारोहण के साथ हुआ स्मार्ट क्लास का शुभारंभ

कोरबा/पाली। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाली में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों एवं अतिथियों द्वारा मां भारती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात तिरंगे झंडे का ध्वजारोहण किया गया।
कार्यक्रम में प्रबंधन समिति के व्यवस्थापक कौशल सिंह राज, कोषाध्यक्ष बिहारीलाल नवलानी, संतोष श्रीवास, सुरेश सोनी, राजेश अवस्थी, शिवकुमार चौहान, अरविंद पांडे, जयपाल विनायक सहित पालकगण बसंत सोनी, जगदीश दुबे, पतराराम यादव, प्राचार्य चूड़ामणि साहू एवं आचार्य परिवार उपस्थित रहा।स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यालय के भैया-बहनों ने देशभक्ति गीत, कविता, भाषण सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की उपस्थित अतिथियों ने सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर विद्यालय में स्मार्ट क्लास का भी शुभारंभ किया गया। नई तकनीक के माध्यम से कक्षा अध्यापन को अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने में स्मार्ट क्लास की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। व्यवस्थापक कौशल सिंह राज ने आचार्य एवं भैया-बहनों का आह्वान करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कोषाध्यक्ष बिहारीलाल नवलानी ने स्वतंत्रता के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं शिवकुमार चौहान ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान से विद्यार्थियों को अवगत कराया तथा उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य चूड़ामणि साहू ने उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों, आचार्यों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। समारोह में विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों में देशभक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677