Connect with us

छत्तीसगढ़

रईसजादों ने NH किया जाम…FIR के बजाय जुर्माना:6 युवकों का लाइसेंस सस्पेंड,लेकिन नाम नहीं बताए, बीच सड़क कारें खड़ी कर वीडियो शूट करवाया था

Published

on

बिलासपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कुछ रसूखदार लड़कों ने बीच सड़क लग्जरी कारें खड़ी कर नेशनल हाईवे-130 को जाम कर दिया। ड्रोन से वीडियो शूट कर नई कार खरीदने का जश्न मनाया। जिससे लोग परेशान होते रहे। रईसजादों पर FIR के बजाय सिर्फ जुर्माने की कार्रवाई की गई है।

मामला बिलासपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे का है। वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने 6 युवकों से 12 हजार रुपए जुर्माना वसूल किया है। साथ ही उनका ड्राइविंग लाइसेंस भी सस्पेंड करने का दावा किया है। लेकिन, पुलिस ने लड़कों का नाम नहीं बताया।

पहले ये तस्वीरें देखिए-

बिलासपुर में गाड़ियां बीच सड़क पर खड़ी कर फोटो शूट करवाया, पीछे जाम लगा रहा।

बिलासपुर में गाड़ियां बीच सड़क पर खड़ी कर फोटो शूट करवाया, पीछे जाम लगा रहा।

नेशनल हाईवे पर वीडियो शूट कराया, फिर रील्स इंस्टाग्राम में अपलोड किया गया।

नेशनल हाईवे पर वीडियो शूट कराया, फिर रील्स इंस्टाग्राम में अपलोड किया गया।

अब जानिए किन लड़कों पर हुई कार्रवाई

दैनिक भास्कर ने इन लड़कों की जानकारी और उनकी चालान की कापी जुटाई है। जिसके मुताबिक रसूखदारों में वेदांश शर्मा, सिद्धार्थ शर्मा, यशवंत, दुर्गेश ठाकुर, विपिन वर्मा, अभिनव पांडेय शामिल है।

पुलिस ने न नाम बताए, न गाड़ियों के नंबर

एडिशनल एसपी ट्रैफिक राम गोपाल करियारे ने बताया कि रतनपुर रोड में एक के बाद एक 6 कार को खतरनाक ढंग से गाड़ी लहराते हुए, कट मारकर गाड़ी चलाते हुए देखा गया। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने तुरंत संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। रतनपुर रोड पर तैनात प्रभारी एएसआई केके मरकाम और स्टाफ ने सभी गाड़ियों को रोक कर 2000-2000 की चालानी कार्रवाई की। लेकिन, एडिशनल एसपी ने इन 6 लड़कों के न तो नाम बताए और न ही जिन गाड़ियों को चालान किया गया है, उनके नंबर बताए।

भाजपा नेता के करीबी और कांग्रेस नेता रहे विनय शर्मा के बेटे वेदांश शर्मा ने खरीदी थी 2 नई लग्जरी कार।

भाजपा नेता के करीबी और कांग्रेस नेता रहे विनय शर्मा के बेटे वेदांश शर्मा ने खरीदी थी 2 नई लग्जरी कार।

SSP बोले- BNS के तहत होगी कार्रवाई

वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि मामले में सख्त कार्रवाई करने के लिए संबंधित थाना प्रभारी और सीएसपी को निर्देशित किया गया है। मोटर व्हीकल एक्ट के साथ ही बीएनएस के तहत कार्रवाई की जाएगी। लेकिन, एएसपी रामगोपाल करियारे ने केवल 6 गाड़ियों पर 2-2 हजार रुपए चालान काटा। और ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड करने के लिए आरटीओ को प्रतिवेदन भेजने का दावा किया है।

यह पोस्ट सोशल मीडिया में डाला गया था, जिसे बाद में डिलीट कर दिया गया।

यह पोस्ट सोशल मीडिया में डाला गया था, जिसे बाद में डिलीट कर दिया गया।

NH जाम कर नई लग्जरी कार खरीदने मनाया था जश्न

बता दें कि भाजपा नेता के करीबी और कांग्रेस नेता रहे विनय शर्मा के बेटे वेदांश शर्मा ने दो नई लग्जरी और महंगी कार खरीदी। इस दौरान वह अपने दोस्तों के साथ टोयोटा शो रूम गया था। जहां उसने अलग-अलग पोज में वीडियो बनवाया। उसके साथ ब्लैक कलर की गाड़ियों का काफिला था।

इसके बाद सभी लड़के जश्न मनाने निकले। तब बीच सड़क लग्जरी कारें खड़ी कर दी, जिससे नेशनल हाईवे जाम कर वीडियो शूट कराया, जिससे लंबा जाम लगा रहा। इसके लिए बाकायदा स्टूडियो से कैमरामैन और ड्रोन भी मंगाया गया था। फिर रील्स बनाकर इंस्टाग्राम में अपलोड किया गया।

खुद शेयर किया वीडियो फिर किया डिलीट

नई कार खरीदने का जश्न और अपना टशन दिखाने के लिए यह सब किया गया था। यही वजह है कि रील्स बनाकर वीडियो को सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया। वेदांश ने अपनी आईडी से वीडियो शेयर किया था।

लेकिन, जब सोशल मीडिया में यह वीडियो वायरल हुआ, तब आईडी ही डिलीट कर दिया गया। लेकिन, अब सोशल मीडिया में यह वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। हालांकि सर्च करने पर आईडी नहीं दिख रही।

वेदांश ने अपनी आईडी से वीडियो शेयर किया था। वीडियो वायरल होने के बाद आईडी डिलीट कर दी गई है।

वेदांश ने अपनी आईडी से वीडियो शेयर किया था। वीडियो वायरल होने के बाद आईडी डिलीट कर दी गई है।

मंत्री का काफिला रोकने पर युवकों को किया था गिरफ्तार

बता दें कि तखतपुर में कुछ दिन पहले अपनी समस्या को लेकर कुछ युवकों ने सड़क जाम किया था। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू का काफिला रोका गया था। उन युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया था। लेकिन, इस मामले में नेशनल हाईवे जाम करने वालों पर केवल जुर्माने की कार्रवाई की गई है।

यातायात नियमों का पालन करने की अपील

एएसपी ट्रैफिक करियारे ने कहा कि खतरनाक ढंग से गाड़ी चलाना, खुद को और सड़क पर चल रहे अन्य व्यक्तियों के जान जोखिम भरा होता है। यातायात पुलिस सभी से निवेदन करती है, कि यातायात नियम का पालन करते हुए सुरक्षित आवाजाही करें, अन्यथा भारी भरकम जुर्माने के साथ-साथ लाइसेंस भी निलंबित किया जाएगा।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

छत्तीसगढ़

संसद से पारित एंटी पेपर लीक संशोधन विधेयक युवाओं के भविष्य की सुरक्षा का मजबूत कवच : अमर सुल्तानिया

Published

on

जांजगीर-चांपा। भाजपा के वरिष्ठ नेता, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं जशपुर जिला प्रभारी अमर सुल्तानिया ने संसद के दोनों सदनों से लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 पारित होने का स्वागत करते हुए इसे देश के करोड़ों युवाओं के सुरक्षित भविष्य, ईमानदार प्रतिभा और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की दिशा में ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं के सपनों, उनके वर्षों के परिश्रम और निष्पक्ष अवसरों की रक्षा के लिए लगातार ठोस एवं प्रभावी निर्णय ले रही है। यह संशोधन उसी दृढ़ संकल्प का सशक्त प्रमाण है।

अमर सुल्तानिया ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाएं करोड़ों युवाओं की मेहनत, उम्मीदों और भविष्य का आधार होती हैं। ऐसे में प्रश्नपत्र लीक, नकल माफिया, संगठित परीक्षा अपराध और तकनीक के दुरुपयोग जैसी गतिविधियां न केवल योग्य अभ्यर्थियों के साथ अन्याय करती हैं, बल्कि पूरी परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को भी प्रभावित करती हैं। उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और विश्वास को और मजबूत करने के उद्देश्य से यह संशोधन लाया गया है।

उन्होंने कहा कि संशोधन के माध्यम से परीक्षा संबंधी अपराधों के विरुद्ध कानूनी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया गया है। प्रश्नपत्र लीक, संगठित नकल, परीक्षा प्रक्रिया में अवैध हस्तक्षेप तथा तकनीकी माध्यमों से की जाने वाली अनियमितताओं में शामिल व्यक्तियों और संगठित गिरोहों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई का मार्ग और सशक्त होगा। साथ ही परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसियों, सेवा प्रदाताओं तथा परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े सभी पक्षों की जवाबदेही भी और अधिक सुनिश्चित होगी, जिससे पूरी व्यवस्था पारदर्शी, उत्तरदायी और विश्वसनीय बनेगी।

सुल्तानिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने नई शिक्षा नीति, कौशल विकास, डिजिटल पारदर्शिता, रोजगार के अवसरों के विस्तार और युवाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की दिशा में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। परीक्षा प्रणाली को और अधिक सुरक्षित एवं निष्पक्ष बनाने वाला यह संशोधन भी उसी श्रृंखला का महत्वपूर्ण कदम है। इससे प्रतिभाशाली और मेहनती युवाओं का विश्वास और मजबूत होगा तथा चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता को नई मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक युवा को उसकी योग्यता, क्षमता और परिश्रम के अनुरूप समान एवं निष्पक्ष अवसर प्राप्त हों। संसद के दोनों सदनों से इस संशोधन विधेयक का पारित होना ईमानदार प्रतिभाओं के संरक्षण, परीक्षा माफिया पर प्रभावी अंकुश तथा देश की परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कानून देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य को और अधिक सुरक्षित बनाने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता को भी नई मजबूती प्रदान करेगा।

Continue Reading

कोरबा

काेरबा जिले के शिव भक्‍तों ने बाबा बैजनाथ मनोकामना ज्‍योतिर्लिंग पर किया जलाभिषेक

Published

on

काेरबा। सावन के पहले दिन से देश भर के शिवालयो´ में श्रद्धालुओं ने दुध और गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक और रूद्राभिषेक किया । सावन के पहले ही दिन जमनीपाली,  कुसमुण्‍डा, दीपका के शिव भक्‍तों ने प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी बिहार के सुल्‍तानगंज से पवित्र गंगाजल लाकर झारखण्‍ड देवघर स्थित बाबा बैजनाथ मनोकामना ज्‍योतिर्लिंग पर जलाभिषेक किया । 

जमनीपाली, कुसमुण्‍डा, दीपका के शिवशंकर समिति के अनेकों शिव भक्‍त पिछले 25 वर्षों से सावन महीना में लगातार देवनगरी बाब बैजनाथ मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक करते आ रहे हैं । समिति में मुख्‍य रूप से प्रेम कुमार अग्रवाल, श्रीमती सत्‍यभामा देवी, द्वारिका शर्मा, बैजनाथ अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, माया अग्रवाल, सुरेश कुमार अग्रवाल, राजेन्‍द्र सिंह ठाकुर, लक्ष्‍मीनारायण साहु, हीरालाल साहु, बन्‍नु साहु, धुरपाल सिंह कंवर, रमेश अग्रवाल, विशेष अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, घनश्‍याम साहु, हृदय यादव, पुरान सिंह कंवर, आनंद साहु, रविकांत साहु, भरत साहु, दीपक साहु, टीकाराम, राजीव साहु, संतोष साहु, लोकेश साहु, चुलेश्‍वर राठौर, सुंदर सिंह, मुकेश साहु, बहरन साहु, बजरंग अग्रवाल, विजय साहु, लाखन साहु, शिव श्रीवास, योगेश साहु, शैलेन्‍द्र चंद्रा, थानेश्‍वर कंवर, कमेलश साहु, प्रेमकुमार, परमेश्‍वर साहु, लखन सिंह कंवर, बैजनाथ सिंह, छत्‍तर सिंह कंवर, हेतराम साहु, जहान सिंह, निर्मल सिंह, परमेश्‍वर सिंह, फिरन साहु, गेंदराम साहु शामिल है । 

प्रेम अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, हीरालाल साहु एवं लक्ष्‍मीनारायण साहु के सार्थक पहल से पिछले 25 वर्षों से शिव भक्‍तों को देवनगरी पहुंचने और बाबा बैजनाथ, बाबा वासुकीनाथ भगवान के दर्शन तथा जलाभिषेक करने का अवसर मिलते आ रहा है। 

Continue Reading

कोरबा

नई दिल्‍ली के इंदिरा भवन में कांग्रेस संगठन की छत्‍तीसगढ़ से संबंधित उच्‍च स्‍तरीय बैठक में शामिल हुए जयसिंह अग्रवाल

Published

on

कोरबा। नई दिल्‍ली के इंदिरा भवन में कांग्रेस संगठन की छत्‍तीसगढ़ से संबंधित एक उच्‍च स्‍तरीय बैठक आयोजित हुआ । बैठक में छत्‍तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश अध्‍यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ.चरण दास महंत, प्रदेश सह प्रभारी जरीता लैतफ्लांग, विजय जांगिड़ एवं पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल शामिल हुए । 

बैठक में छत्‍तीसगढ़ में पार्टी के संगठनात्‍मक बूथ स्‍तर पर आगामी राजनीतिक रणनीतियों की समीक्षा की गई । बैठक पश्‍चात प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने प्रेस को संबोधित किया । 

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677