जगदलपुर, एजेंसी।
छत्तीसगढ़ के बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जिले की सरहद पर पीडिया गांव बसा है। पीडिया में नक्सलियों का जनताना स्कूल भी चलता है। अंदरूनी इलाके के बच्चों को नक्सली यहां भर्ती कर अहिंसा का पाठ पढ़ाते हैं। साथ ही उन्हें मरने-मारने के बारे में बताते हैं। लोकतंत्र से दूर गनतंत्र का पाठ पढ़ाते हैं। यहां पढ़े बच्चों को नक्सल संगठन में ही भर्ती करते हैं।
नक्सलियों ने इस पूरे इलाके को कैप्चर कर रखा है। यहां नक्सलियों की स्कूल, हथियार फैक्ट्री और लड़ाके तैयार करने के लिए ट्रेनिंग सेंटर है। नए लड़ाकों को गुरिल्ला ट्रेनिंग देकर अन्य एरिया कमेटी में भेजते हैं। दक्षिण बस्तर में यह नक्सलियों का सबसे सुरक्षित ठिकाना था। अब इस अभेद किले को फोर्स ने भेद दिया है।
पीडिया क्षेत्र में नक्सलियों की पश्चिम बस्तर डिवीजन कमेटी और कंपनी नंबर दो सक्रिय है। यहां एक जनमिलिशिया कैडर से लेकर DVCM, DKSZC मेंबर तक के नक्सली सक्रिय हैं। पश्चिम बस्तर डिवीजन कमेटी का कमांडर SZCM पापाराव, लिंगा, DVCM चंद्रना, सुमित्रा, कंपनी नंबर 2 सचिव दिनेश के साथ करीब 300 से ज्यादा नक्सलियों का डेरा है। इन सभी नक्सलियों पर लाखों रुपए का इनाम घोषित है।
मारे गए सभी 12 नक्सलियों की शिनाख्त
पीडिया इलाके में 10 मई को हुए एनकाउंटर में मारे गए सभी 12 नक्सलियों की शिनाख्त हो चुकी है। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। मरने वालों में मिलिट्री कंपनी नंबर-2 के सदस्य, समेत ACM रैंक के नक्सली हैं। इन सभी पर कुल 31 लाख रुपए का इनाम था। पिछले चार महीने में पुलिस ने 3 करोड़ से ज्यादा के इनामी नक्सलियों को ढेर किया है।
तीन नक्सली घायल, 1 ग्रामीण को लगी गोली
इस मुठभेड़ में तीन नक्सली घायल हुए हैं। क्रॉस फायरिंग में एक ग्रामीण को भी गोली लगी है। तीनों घायल नक्सलियों और ग्रामीण को पुलिस जवान जिला मुख्यालय लेकर आ गए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। जवानों की गोली से बचने नक्सलियों ने एक नई स्ट्रेटजी अपनाई थी। नक्सली सादे कपड़ों में गांव में घुस गए थे।
काली वर्दी उतारी और सादे कपड़ों में गांव में घुस गए
फोर्स से खुद को घिरता देख नक्सलियों ने खुद को बचाने के लिए नई रणनीति पर काम किया। कई नक्सलियों ने मुठभेड़ स्थल पर ही अपने हथियार छोड़ दिए। इसके बाद अपनी काली वर्दी उतारी और बचते-बचाते में गांव में घुस गए ताकि फोर्स उन पर हमला कर सके। हालांकि पुलिस ने शक के आधार पर कुछ लोगों को पकड़ा है। जिनकी पहचान की जा रही है।