कोरबा। कोरबा जिले की कोरबा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत कटबितला में विकसित भारत संकल्प शिविर का आयोजन आज किया गया। अधिकारी के रूप में करारोपण अधिकारी श्री डनसेना एवं सचिव ममता सोनी उपस्थित थे, जबकि अतिथि के रूप में जनपद सदस्य नरेंद्र पटेल, सरपंच रामावतार कंवर उपसरपंच एवं पंचगण एवं ग्राम के वरिष्ठजन उपस्थित थे। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत ग्रामवासी कई प्रकार के आवेदन लेकर आये थे, लेकिन पंचों द्वारा पीएम आवास योजना के लिए जो आवेदन सचिव को दिए गए थे, उनको दरकिनार करने का आरोप पंचों द्वारा लगाया गया। पंचों ने आरोप लगाया कि ग्राम सभा या अन्य बैठकों में उन्हें सूचना नहीं दी जाती। एक पंच ने आरोप लगाया कि सचिव द्वारा ठीक से व्यवहार नहीं किया जाता और जब एक बार एक बार आवेदन दिया गया तो सचिव ने तैश दिखाते हुए उसे फाड़ देने की धमकी दे डाली। शिविर में सचिव की कार्यशैली को लेकर जमकर हंगामा हुआ।पंचों ने कहा कि सचिव को स्थानांतरित करने का भी आवेदन अधिकारियों को दिया गया था, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कलेक्टर जनदर्शन में फिर करेंगे फरियाद
पंचों ने बताया कि सचिव ममता सोनी ग्रामीणों की नहीं सुनती और कार्यप्रभावित हो रहा है। सचिव को अन्यत्र स्थानांतरित करने फिर से जनदर्शन में फरियाद किया जाएगा।
सचिव एवं ग्रामीणों को दी गई समझाईश-जनपद सदस्य
शिविर में उपस्थित जनपद सदस्य एवं सभापति नरेंद्र पटेल ने बताया कि सचिव की कुछ कार्यशैली से ग्रामीणों और सचिव के बीच कुछ देर के लिए विवाद की स्थिति निर्मित हो गई थी और सचिव को भी सभी की सुनने का निर्देश दिया गया है और ग्रामीणों को भी आश्वस्त किया गया है कि सभी के आवेदन लिए जाएंगे और अत्यंत जरूरतमंद पात्र हितग्राहियों को पहले आवास दिया जाएगा, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने गारंटी दी है कि सभी पात्र हितग्राहियों को आवास मिलेगा।
ग्रामीणों की सेवा के लिए है सचिव-डनसेना
शिविर में उपस्थित करारोपण अधिकारी श्री डनसेना ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सचिव और ग्रामीणों के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई थी। जनपद सीईओ को इसकी जानकारी दे दी गई है और निर्देशित किया है कि सभी आवेदनों को ले लें और उसका निराकरण किया जाएगा।
पदस्थापना के 10 दिन से ही हो रही मेरी शिकायत-सचिव
ममता सोनी ने बताया कि ग्राम पंचायत कटबितला में पोस्टिंग के 10 दिन से ही मेरी शिकायत कुछ पंचों द्वारा की जा रही है। पंचों ने जो शिकायत की है कि सचिव मनमाना करती है, शराशर गलत है। मुझे अपनी जिम्मेदारी और कर्तव्य का एहसास है।
पीएम आवास योजना को लेकर विवाद हुआ था, निर्देशित कर सुलझा लिया गया है-सीईओ
जनपद पंचायत सीईओ इंदिरा भगत ने कहा कि ग्राम पंचायत कटबितला में आयोजित शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के आवेदन को लेकर सचिव और ग्रामीणों में कुछ विवाद की जानकारी हुई थी, आवश्यक दिशा निर्देश देकर विवाद को सुलझा लिया गया है।