Connect with us

कुसमुंडा

12 वर्षों का अन्याय और प्रशासन की वादाखिलाफी, गेवरा बस्ती के ग्रामीण 21 मई से करेंगे अनिश्चितकालीन खदान बंदी

Published

on

कोरबा/कुसमुंडा। एसईसीएल (SECL) कुसमुंडा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गेवरा बस्ती के ग्रामीणों का धैर्य अब जवाब दे चुका है। पिछले 12 वर्षों से अपनी जमीन रोजगार और उचित बसाहट के लिए संघर्ष कर रहे ग्रामीणों ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। प्रशासन और प्रबंधन को सौंपे गए अल्टीमेटम के अनुसार यदि 15 दिनों के भीतर उनकी मांगों का निराकरण नहीं हुआ, तो 21 मई 2026 से कुसमुंडा खदान का चक्का पूरी तरह जाम कर दिया जाएगा ।

आश्वासनों का जाल और 12 साल का वनवास

ग्रामीणों का आरोप है कि 13 मई 2014 से उनकी जमीनों पर स्टे लगाया गया और 18 जुलाई 2018 को अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की गई, लेकिन आज तक न तो मुआवजा मिला, न ही नौकरी और बसाहट। ग्रामीणों ने भावुक होते हुए कहा- हम अपने ही घरों में कैदी बन गए हैं। जमीन पर स्टे होने के कारण हम न उसे बेच पा रहे हैं और न ही बच्चों की शादी या अन्य सामाजिक कार्यों के लिए आर्थिक व्यवस्था कर पा रहे हैं ।

जल संकट और खेती की तबाही

विज्ञप्ति के माध्यम से ग्रामीणों ने बताया कि खदान के विस्तार के कारण क्षेत्र का जलस्तर गिर चुका है, खेती पूरी तरह चौपट हो गई है और पीने के पानी की भारी किल्लत है। एसईसीएल प्रबंधन न तो पानी की व्यवस्था कर रहा है और न ही फसल के नुकसान की क्षतिपूर्ति दे रहा है ।

प्रमुख मांगें:-

12 वर्षों से लंबित मुआवजे का तत्काल भुगतान ।

प्रभावित युवाओं को नियमानुसार स्थायी रोजगार ।

बुनियादी सुविधाओं से युक्त बसाहट स्थल का चयन और पुनर्वास ।

खेती और पानी के नुकसान की उचित क्षतिपूर्ति ।

प्रबंधन को अंतिम चेतावनी

ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि वे पिछले सात महीनों से लगातार धरना-प्रदर्शन और पत्राचार कर रहे हैं। अधिकारी बार-बार आश्वासन देते हैं, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं होता। अब दफ्तरों के चक्कर लगाते-लगाते थक चुके ग्रामीण मानसिक और आर्थिक रूप से टूट चुके हैं ।

गेवरा बस्ती के ग्रामीणों ने कहा कि अब और आश्वासन नहीं समाधान चाहिए। अगर 15 दिन में हमारी समस्याएँ हल नहीं हुईं तो होने वाले उग्र आंदोलन और खदान बंदी की पूरी जिम्मेदारी एसईसीएल प्रबंधन और जिला प्रशासन की होगी ।

Continue Reading

कुसमुंडा

देशभक्ति का अनूठा संगम : सरस्वती शिशु मंदिर में गूंजा  ‘वन्दे मातरम् ‘

Published

on

कोरबा/कुसमुण्डा। सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, कुसमुण्डा में गत 25 सितंबर को ठीक 11 बजे राष्ट्र प्रेम से ओत-प्रोत राष्ट्रीय गीत  ‘वन्दे मातरम्’ का भव्य सामूहिक गायन किया गया, जिससे पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ इंजीनियर गंगा उदय जी के मुख्य आतिथ्य, शासकीय विद्यालय कुसमुण्डा के प्राचार्य लक्ष्मीकान्त साहू एवं बीएमएस के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष टिकेश्वर राठौर के विशिष्ट आतिथ्य में हुआ। अध्यक्षता अधिवक्ता रमेश कुमार राठौर ने की।

कार्यक्रम के संयोजक मनीष कुमार मिश्रा, विद्यालय के प्राचार्य चिंतामणी कौशिक, कार्यवाह हर्षवर्धन शर्मा, श्रवण कुमार यादव, रामेश्वर सोनी, जितेन्द्र नाहक, प्रधानपाठक डी. डी. साहू, श्रीमती सुनीता पाटले, सन्तोष राठौर, और सरस्वती ज्ञान मंदिर के शिक्षकगण व भैया-बहनों ने इसमें सक्रिय सहभागिता निभाई। इसके अतिरिक्त, शहीद गोपाल फिरतू विद्यालय के प्राचार्य श्री साहू , महिला मंडल की मातृशक्ति, अभिभावक और क्षेत्र के गणमान्य देशभक्त नागरिक भी इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।
सभी की उपस्थिति और राष्ट्रगीत की गूंज के साथ यह देशभक्तिपूर्ण आयोजन अत्यंत सफलता के साथ संपन्न हुआ। विद्यालय परिवार ने इस सफल आयोजन पर सभी आगंतुकों, अभिभावकों, भैया-बहनों और आचार्य परिवार को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देते हुए सादर आभार व्यक्त किया है।

Continue Reading

कुसमुंडा

गेवरा प्रोजेक्ट (PNC कंपनी) में ड्राइवर की नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, दो गरीब ग्रामीणों से ऐंठे रू.1.05 लाख, पीड़ित भटक रहे दर-दर

Published

on

रमेश दास (नरईबोध) पर लगे नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपए ऐंठने के गंभीर आरोप

कुसमुंडा एवं हरदीबाजार थानों में शिकायत दर्ज, एनसीआर (NCR) दर्ज कर पुलिस ने सक्षम न्यायालय की शरण में जाने की दी सलाह

कोरबा/हरदीबाजार/कुसमुंडा। जिले में निजी ठेका कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर भोले-भाले ग्रामीण युवाओं को ठगने का मामला सामने आया है। हरदीबाजार एवं कुसमुंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ढ़ोलपुर निवासी दो गरीब ग्रामीणों नरोत्तम दास एवं प्रदीप महंत ने पी.एन.सी. (P.N.C.) कंपनी के गेवरा प्रोजेक्ट में ड्राइवर पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर कुल रू.1,05,000/- (एक लाख पांच हजार रुपये) की ठगी का आरोप लगाया है ।

पीड़ितों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अनावेदक रमेश दास निवासी ग्राम नरईबोध थाना कुसमुंडा/हरदीबाजार के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 174 के तहत असंगेय अपराध की सूचना NCR No. 199/26 एवं 0192/2026 दर्ज की है ।

मामले का विवरण, पीड़ितों की आपबीती

नरोत्तम दास पिता भूखन दास उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम ढोलपुर

  1. नरोत्तम दास के अनुसार अनावेदक रमेश दास ने पी.एन.सी. कंपनी के गेवरा प्रोजेक्ट में ड्राइवर पद पर नौकरी लगवाने का वादा किया था, इसके बदले उसने कुल रू.45,000/- की मांग की ।
  2. प्रार्थी ने दिनांक 02.02.2026 को ऑनलाइन (PhonePe) के माध्यम से रू.45,000/- का भुगतान किया ।
  3. 15 दिनों में नौकरी लगवाने या काम न होने पर पैसा तुरंत लौटाने का भरोसा दिया गया था ।
  4. नौकरी न लगने पर काफी दबाव बनाने के बाद आरोपी ने 23.05.2026 को रू.10,000/- वापस किए लेकिन शेष रू.35,000/- की राशि आज-कल करते हुए दबाकर बैठा है ।

प्रार्थी का कहना है कि वह एक गरीब मजदूर है और उसने ब्याज पर पैसे लेकर दिए थे जिससे वह मानसिक व आर्थिक रूप से अत्यंत परेशान है ।

प्रदीप महंत पिता सुमरन दास महंत उम्र 24 वर्ष निवासी ग्राम ढोलपुर

  1. प्रदीप महंत से भी आरोपी रमेश दास ने उसी कंपनी में ड्राइवर की नौकरी दिलाने के नाम पर रू.60,000/- नकद (Cash) ऐंठ लिए ।
  2. काम न बनने पर आरोपी द्वारा रू.20,000/- नकद तथा 28.05.2026 को रू.20,000/- PhonePe से कुल रू.40,000/- लौटाए गए, लेकिन रू.20,000/- अभी भी बकाया हैं ।

पीड़ित प्रदीप महंत ने बताया कि उसने अपने खेत गिरवी रखकर रमेश दास को पैसे दिए थे ।

कुल ठगी एवं पुलिस की कार्यवाही

दोनों पीड़ितों नरोत्तम दास एवं प्रदीप महंत से आरोपी रमेश दास ने नौकरी के नाम पर कुल रू.1,05,000/- प्राप्त किए थे, जिसमें से आरोपी ने रू.50,000/- वापस किए और कुल रू.55,000/- की बकाया राशि हड़प ली है ।

मामले में हरदीबाजार एवं कुसमुंडा पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर धारा 174 बी.एन.एस.एस. (BNSS) के तहत एनसीआर (NCR) क्रमांक 199/26 कुसमुंडा एवं 0192/2026 हरदीबाजार दर्ज किया है। चूंकि मामला आपसी रुपयों के लेन-देन से जुड़ा पाया गया, इसलिए पुलिस प्रशासन द्वारा पीड़ितों को कानूनी कार्यवाही एवं बकाया राशि वापस पाने हेतु सक्षम न्यायालय की शरण में जाने की सलाह दी गई है ।

पीड़ितों की मांग

गरीब और बेरोजगार पीड़ितों ने पुलिस प्रशासन व उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई है कि आरोपी रमेश दास पर सख्त दंडात्मक कार्यवाही की जाए और उनकी मेहनत व गिरवी रखी जमीन से जुटाई गई गाढ़ी कमाई का पैसा वापस दिलाया जाए ।

पुलिस की जनहित में अपील

औद्योगिक क्षेत्रों में बेरोजगार युवाओं को निशाना बनाने वाले ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए, पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि:-

  1. किसी भी संस्थान या कंपनी में नौकरी के नाम पर किसी बिचौलिये को नकद राशि न दें ।
  2. किसी भी प्रकार के भुगतान या प्रक्रिया से पहले संबंधित कंपनी के आधिकारिक HR विभाग या अधिकृत स्रोतों से पुष्टि अवश्य करें ।

Continue Reading

कुसमुंडा

सरस्वती शिशु मंदिर कुसमुंडा में कृष्ण जन्माष्टमी की धूम, राधा-कृष्ण बनकर सजे नन्हे-मुन्ने

Published

on

श्रीकृष्ण-राधा साज-सज्जा प्रतियोगिता में बच्चों ने बिखेरी मनमोहक छटा
दही हांडी और मटका फोड़ प्रतियोगिता ने बढ़ाया उत्साह, विद्यालय परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल
विजेता बच्चों को पुरस्कार और सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार से किया गया सम्मानित

कोरबा/कुसमुंडा। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुसमुंडा में 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में किया गया। इस दौरान शिशु वाटिका के नन्हे-मुन्ने भैया-बहनों के लिए ‘श्री कृष्ण-राधा सजाओ प्रतियोगिता’ आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने राधा और भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप में सजकर अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के व्यवस्थापक मनीष मिश्रा, कोषाध्यक्ष रामेश्वर सोनी, पूर्व प्राचार्य श्यामलाल चंद्रा एवं संस्था प्रमुख चिंतामणि कौशिक द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पूजन-अर्चन के साथ किया गया। दीप प्रज्वलन और पूजन के बाद विद्यालय परिसर में आयोजित जन्माष्टमी समारोह में बच्चों, आचार्यों और उपस्थित अतिथियों का उत्साह देखते ही बना।

श्रीकृष्ण-राधा सजाओ प्रतियोगिता में शिशु वाटिका के नन्हे भैया-बहनों ने आकर्षक वेशभूषा में भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के बाल स्वरूप को जीवंत कर दिया। किसी बच्चे ने श्रीकृष्ण का मनमोहक रूप धारण किया तो किसी ने राधा रानी की सुंदर वेशभूषा में सभी का मन मोह लिया। बच्चों की साज-सज्जा, आत्मविश्वास और उत्साह ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
जन्माष्टमी समारोह के दौरान प्राथमिक विभाग के भैया-बहनों ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप पर आधारित नृत्य प्रस्तुति दी। ‘मैया यशोदा, यह तेरा कन्हैया’ गीत पर बच्चों ने सुंदर नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी। नन्हे कलाकारों की प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इसके साथ ही मिडिल विभाग के भैया-बहनों के लिए अंधा मटका फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों का जोश और उत्साह देखते ही बना। वहीं हाई स्कूल के भैया-बहनों की टीम ने पिरामिड बनाकर दही हांडी फोड़ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इस आयोजन के माध्यम से बच्चों ने टीम भावना, अनुशासन, आपसी सहयोग और एकजुट होकर लक्ष्य प्राप्त करने का संदेश प्रस्तुत किया।
विद्यालय के प्राचार्य एवं संस्था प्रमुख चिंतामणि कौशिक ने कार्यक्रम में उपस्थित भैया-बहनों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश देते हुए बच्चों को सत्य, कर्म और प्रेम के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन मानव समाज को सत्य, कर्तव्य और प्रेम का संदेश देता है तथा विद्यार्थियों को उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम में निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। निर्णायक मंडल में श्रीमती संगीता वर्मा, सुधा चौबे, भूमोती जंघेला, हेमलता शर्मा, खगेश्वरी चंद्रा, काकोली चौधरी, संगीता दुबे, तनु मुखर्जी, सुष्मिता दीदी, हेमेंद्र साहू, बसंत यादव, अशोक दुबे, उमाशंकर जायसवाल, अनूप सावलकर, कुमार तिवारी, सुरेश सोनी, नरेंद्र पटेल, संतोष कैवर्त, कामता चंद्रा एवं सुधीर सिन्हा उपस्थित रहे।
प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्थान प्राप्त भैया-बहनों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। वहीं प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी सुसज्जित भैया-बहनों को भी सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। पुरस्कार वितरण के दौरान बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिवार की ओर से बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के आयोजन को महत्वपूर्ण बताया गया।
पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ आचार्य दीपचंद जंघेला ने किया। उनके संचालन में कार्यक्रम क्रमबद्ध एवं उत्साहपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। विद्यालय के आचार्यगण, भैया-बहनों और समिति के पदाधिकारियों की सहभागिता से जन्माष्टमी समारोह यादगार बन गया।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677