Connect with us

छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 11 बजे तक 19.65% वोटिंग

Published

on

लोरमी में JCCJ-BJP नेता भिड़े, जमकर गाली-गलौज; सिंहेदव ने किया मतदान, कहा- 50 सीटों पर जीतेंगे

रायपुर । छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 70 सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। नक्सल प्रभावित सीट बिंद्रानवागढ़ में 3 बजे और बाकी 69 सीटों पर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक वोट पड़ेंगे। सुबह 11 बजे तक प्रदेश में 19.65% वोटिंग हुई है। सबसे ज्यादा बलरामपुर में 24.35% और सबसे कम सक्ती में 13.33% मतदान हुआ है।
दूसरे चरण में कई सीटें हाईप्रोफाइल

इस चरण में कई हाई प्रोफाइल सीटें भी हैं। सीएम भूपेश बघेल, डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत सहित 10 मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। भाजपा से प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव सहित 4 सांसद और 10 विधायक भी चुनावी मैदान में हैं।

JCCJ प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी और उनकी मां व विधायक रेणु जोगी भी चुनाव लड़ रहे हैं। दूसरे चरण में 958 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। पहले चरण में 20 सीटों पर 12 नवंबर को 78% मतदान हुआ था। चुनाव परिणाम 3 दिसंबर को आएंगे।

यह 10 मंत्री मैदान में : भूपेश बघेल सरकार के 10 मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर है। इनमें भूपेश बघेल (पाटन), टीएस सिंहदेव (अंबिकापुर), रविंद्र चौबे (साजा), अमरजीत भगत (सीतापुर), अनिला भेंडिया (डौंडी लोहारा), शिव डहरिया (आरंग), जयसिंह अग्रवाल (कोरबा), ताम्रध्वज साहू (दुर्ग ग्रामीण), गुरु रुद्र कुमार (नवागढ़), उमेश पटेल (खरसिया) और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत (सक्ती) शामिल हैं।

भाजपा से नेता प्रतिपक्ष सहित 10 विधायक: भाजपा से इस चरण में 4 सांसद डॉ. अरुण साव (लोरमी), गोमती साय (पत्थलगांव), विजय बघेल (पाटन) और रेणुका सिंह (सोनहत), 10 विधायकों में नारायण चंदेल (जांजगीर-चांपा), अजय चंद्राकर (कुरुद), बृजमोहन अग्रवाल (रायपुर दक्षिण), शिवरतन शर्मा (भाटापारा), कृष्णमूर्ति बांधी (मस्तूरी), सौरभ सिंह (अकलतरा), रंजना दीपेंद्र साहू (धमतरी), ननकी राम कंवर (रामपुर), पुन्नूलाल मोहले (मुंगेली), धरमलाल कौशिक (बिल्हा) शामिल हैं।

मुंगेली के लोरमी में बूथ नंबर 92 पर भाजपा और JCCJ नेताओं में विवाद हो गया। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जेसीसीजे नेताओं ने उन्हें गाली दी और मारने के लिए दौड़ाया। सूचना मिलने पर अरुण साव भी पहुंच गए। विवाद बढ़ने पर प्रशासनिक अफसरों ने शांत कराया। बताया जा रहा है कि BJP कार्यकर्ता डमी EVM लेकर बैठे थे, इसके चलते ही विवाद हुआ।

दूसरी ओर गरियाबंद के बिंद्रानवागढ़ में मतदान के लिए पहुंचे भाजपा प्रत्याशी गोवर्धन मांझी को पीठासीन अधिकारी ने बूथ में प्रवेश करने से रोक दिया। उनके पास वोटर कार्ड नहीं था। इसके बाद आधार कार्ड दिखाने पर उन्हें अंदर जाने दिया गया। वहीं रायपुर में बृजमोहन के भाई पर पोलिंग बूथ के बाहर प्रचार का आरोप कांग्रेसियों ने लगाया है।
भूपेश बोले- बड़ी जीत ला रहे हम; रमन ने कहा- मतदान जरूर करें

सीएम भूपेश बघेल ने कहा, गजब! प्रदेश भर से आ रही खबरें उत्साहजनक हैं। मतदाताओं में मतदान को लेकर बहुत उत्साह है। सभी लोग सुनिश्चित करें कि उनके जानने वाले सब लोग अपना वोट जरूर डालें। बस थोड़ा सा और दम, पहले से भी बड़ी जीत ला रहे हैं हम।
राहुल गांधी ने कहा, ‘मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का तूफान आ रहा है- भारी बहुमत के साथ।’
पूर्व सीएम रमन सिंह ने कहा, मतदान प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, अब छत्तीसगढ़ को अपना जनादेश देना है। मताधिकार का उपयोग करने के लिए आज हर एक व्यक्ति को मतदान केंद्र पहुंचना है और अपने क्षेत्र का जनप्रतिनिधि चुनना है। आपका एक-एक वोट प्रदेश के अगले 5 वर्षों की इमारत में नींव का काम करेगा इसलिए मतदान अवश्य करें।
पीएम मोदी ने कहा, छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में आज दूसरे और आखिरी दौर का मतदान है। सभी मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें। आपका हर वोट लोकतंत्र के लिए बहुमूल्य है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, छत्तीसगढ़ के दूसरे चरण के सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि प्रदेश में तुष्टीकरण व भ्रष्टाचार को समाप्त कर विकास, न्याय और गरीब कल्याण सुनिश्चित करने वाली सरकार को चुनने के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें। आपका एक वोट छत्तीसगढ़ की संस्कृति, जनजातीय गौरव और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।
रायगढ़ के वार्ड क्रमांक एक पर EVM खराब होने के कारण एक घंटे से मतदान रुका।
मस्तूरी विधानसभा के मानिकपुर, धुमा, पंचयात के मतदान क्रमांक 143,44 और 146 में मतदान का विरोध हो रहा है। लोग सड़क, नाली, पानी जैसी समस्या को लेकर विरोध कर रहे हैं।
लोरमी के बूथ क्रमांक 40, 41 में EVM खराब हुई। एक घंटे से मतदान प्रभावित। बिना मतदान के लौट रहे वोटर।
जांजगीर-चांपा में जाजवाल्यादेव नवीन कन्या महाविद्यालय में 101 साल के बुजुर्ग जगबंधु नंद ने मतदान किया।
सूरजपुर में खराब सड़कों और गंदगी से परेशान भटगांव के शिवनंदनपुर में वार्डवासियों ने चुनाव बहिष्कार किया।
रायपुर अश्विनी नगर बिंदा बाई सोनकर स्कूल के बाहर बृजमोहन अग्रवाल के भाई चुनाव प्रचार कर रहे थे। कांग्रेस नेता गजराज पगारिया पहुंचे। विवाद की स्थिति होने पर पुलिस ने दोनों गुटों को बूथ से दूर किया।
लोरमी के बूथ नंबर 92 पर विवाद। जेसीसी-जे प्रत्याशी सागर सिंह की बीजेपी नेताओं से बहस। 100 मीटर परिक्षेत्र में पंफलेट लेकर बैठे थे भाजपाई। JCCJ प्रत्याशी सागर सिंह ने जताई आपत्ति।
मुंगेली नगर का मतदान केंद्र क्रमांक 106 में EVM 3 बार बंद हुई। रुक-रुक के मतदान, परेशान होकर लौटे वोटर।
रायपुर दक्षिण के खो-खो पारा स्कूल में पहुंची पुलिस। भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता वोटर को प्रभावित करने की शिकायत। कार्यकर्ताओं को मतदान केंद्र से दूर खदेड़ा गया।
रायपुर उत्तर विधानसभा में ऑफिसर्स कॉलोनी में बने मतदान केंद्र पर 2 घंटे में सिर्फ 50 लोगों ने ही मतदान किया। यहां 890 मतदाता हैं।
बिलासपुर के बेलतरा विधानसभा के सेमरताल बूथ पर EVM खराब हुई। एक घंटे से मतदाता परेशान। कई बिना वोट दिए लौटे।
रायपुर में गुरुवार देर रात यूथ कांग्रेस अध्यक्ष विनोद कश्यप और उसके दो साथियों पर लाठी से हमला हो गया। तीनों के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
रायपुर के संतोषी नगर के श्रद्धा स्कूल और सप्रे स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्रों में EVM खराब।
नया रायपुर तूता में मतदान करने महिलाओं का दिखा उत्साह, केंद्र का दरवाजा खुलते ही दौड़कर अंदर पहुंची।
प्रदेश के गृहमंत्री और दुर्ग ग्रामीण से कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
कोटा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अटल श्रीवास्तव ने बिलासपुर में केएन स्कूल में पत्नी के साथ मतदान किया।
धमतरी के जमालपुर में करीब 25 मिनट बाद पुरानी वोटिंग मशीन से ही मतदान शुरू हो गया है।
अंतिम चरण में 18,806 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सबसे ज्यादा प्रत्याशी 26 रायपुर पश्चिम विधानसभा सीट पर खड़े हुए हैं। वहीं डौंडीलोहारा में सबसे कम 4 प्रत्याशी हैं।
बिलासपुर के शेफर्ड स्कूल में सांसद अरुण साव ने मतदान किया। इससे पहले वे पत्नी के साथ संकटमोचन मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे। वह लोरमी से भाजपा के प्रत्याशी भी हैं।
धमतरी के जालमपुर मतदान केंद्र पर ईवीएम खराब होने के चलते वोटिंग शुरू नहीं हो सकी है। पोलिंग अफसर ने नई मशीन मंगवाई है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

छत्तीसगढ़

तकनीकी नवाचार की उड़ान “लॉन्चपैड प्रोग्राम 2.0” का सफल आयोजन

Published

on

एचडी शेफर मेमोरियल फाउंडेशन एवं कोडक्राफ्ट के संयुक्त तत्त्वावधान में प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न

AI, पायथन और वेब डिज़ाइन का क्रियाशील प्रशिक्षण; 13 से 68 वर्ष तक के प्रतिभागियों ने सीखी आधुनिक तकनीक की बारीकियाँ

सुनील चिंचोलकर
बिलासपुर।
एच० डी० शेफर मेमोरियल फाउंडेशन एवं कोडक्राफ्ट सेंटर फॉर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज़ के संयुक्त तत्त्वावधान में आयोजित 15 दिवसीय “लॉन्चपैड प्रोग्राम 2.0” का आज विधिवत एवं सफलतापूर्वक समापन हुआ। सीओसीएमआई कैम्पस, ककुदंड, बिलासपुर में 11 मई से 27 मई 2026 तक आयोजित इस गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यालयी छात्र-छात्राओं से लेकर कार्यरत पेशेवरों एवं सेवानिवृत्त व्यक्तियों तक — 13 वर्ष से 68 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, AI टूल्स, प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग, पायथन प्रोग्रामिंग, वेबसाइट डिज़ाइनिंग, उद्यमिता कौशल, एक्सेल तथा व्यक्तित्व विकास का व्यावहारिक एवं हस्तप्रयोगात्मक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। विशेष बात यह रही कि प्रशिक्षण हेतु किसी पूर्व तकनीकी ज्ञान की अनिवार्यता नहीं रखी गई, जिससे तकनीक के क्षेत्र में नए प्रतिभागियों को भी सीखने और आगे बढ़ने का अवसर मिला।
प्रतिभागियों ने तैयार किए नवाचारपूर्ण प्रोजेक्ट
प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रतिभागियों ने अपनी व्यक्तिगत पोर्टफोलियो वेबसाइट्स, AI आधारित प्रोफेशनल हेडशॉट्स, पोस्टर एवं निमंत्रण-पत्र डिज़ाइन, पायथन आधारित BMI कैलकुलेटर तथा विभिन्न मिनी प्रोजेक्ट्स तैयार किए।
विशेष रूप से 15 वर्षीय बेनहुर एवं 17 वर्षीय एंजेल लहरे ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की सहायता से दो संपूर्ण कम्प्यूटर गेम्स विकसित कर अपनी तकनीकी प्रतिभा का प्रभावशाली परिचय दिया।
“तकनीक साधन है, साध्य नहीं” — संजय विल्सन
समापन समारोह की अध्यक्षता एच० डी० शेफर मेमोरियल फाउंडेशन के निदेशक संजय विल्सन ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तभी सार्थक है जब उसे मानवीय विवेक, नैतिकता और कौशल के साथ जोड़ा जाए। उन्होंने प्रतिभागियों को तकनीक का उपयोग समाजहित एवं आत्मविकास के लिए करने की प्रेरणा दी।
समारोह में आकांक्षा नाथानियल, एंजेल लहरे, बेनहुर, डेफनी, मेर्लिन, राजेश मकबूल एवं विस्मय सहित सभी सफल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर आलोक विल्सन, विनय जेम्स एवं के० एम० के० पॉल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रशिक्षकों एवं आयोजकों का सराहनीय योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रशिक्षकों की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही। सॉफ्टवेयर इंजीनियर अप्रतिम सैमुएल एवं डेटा साइंटिस्ट कपिल वर्मा ने प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीकी अवधारणाओं एवं व्यावहारिक प्रयोगों से परिचित कराया।
इस सम्पूर्ण आयोजन के सफल संयोजन का श्रेय रेव० निखिल पॉल को जाता है, जिनके समर्पण, कुशल प्रबंधन एवं सतत प्रयासों से कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
तकनीकी शिक्षा को जनसामान्य तक पहुँचाने की पहल
“लॉन्चपैड प्रोग्राम 2.0” इस तथ्य का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया कि तकनीकी शिक्षा केवल इंजीनियरिंग अथवा विज्ञान के विद्यार्थियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज का प्रत्येक वर्ग एवं प्रत्येक आयु का व्यक्ति आधुनिक तकनीक सीखकर आत्मनिर्भरता एवं नवाचार की दिशा में आगे बढ़ सकता है।

Continue Reading

कोरबा

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 का उद्देश्य कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन से पर्यावरण प्रदूषण रोकना है – सीईओ

Published

on

जिला पंचायत में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 पर हुई कार्यशाला

कोरबा। भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा 27 जनवरी 2026 को अधिसूचित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026, वर्ष 2016 के पुराने नियमों का स्थान लेंगे। इन नियमों का मुख्य उद्देश्य कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन के माध्यम से पर्यावरण प्रदूषण को रोकना तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उक्त बातें जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिनेश कुमार नाग ने बुधवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 संबंधी कार्यशाला में कही।

सीईओ श्री नाग ने बताया कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार यह नियम 01 अप्रैल 2026 से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों सहित पूरे देश में लागू हो चुका है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर इन नियमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे कचरे का वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित निपटान हो सके। इसके लिए ग्राम पंचायतों में कचरा संग्रहण शुल्क, शिकायत निवारण एवं निगरानी प्रणाली लागू की जाएगी। साथ ही नियमों के उल्लंघन पर दंडात्मक प्रावधान भी सुनिश्चित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि ग्राम एवं जनपद स्तर पर उत्पन्न होने वाले कचरे की रिपोर्ट प्रत्येक 15 दिवस में तैयार कर प्रस्तुत करनी होगी। राज्य शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति हेतु जून माह तक जिले की 25 प्रतिशत ग्राम पंचायतों को वैज्ञानिक तरीके से कचरा मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

श्री नाग ने कहा कि स्वच्छता अभियान की शुरुआत स्वयं से करनी होगी। जिला, जनपद एवं ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी अपने घरों में वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन अपनाएं तथा कचरे के पृथक्करण के लिए नीले, हरे, लाल एवं पीले रंग के डस्टबिन का उपयोग करें, ताकि विभिन्न प्रकार के कचरे का पृथक-पृथक निपटान किया जा सके।

कार्यशाला में स्वच्छ भारत मिशन के श्री दीप सरकार द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के उद्देश्य, महत्वपूर्ण विशेषताओं एवं मुख्य प्रावधानों की जानकारी पॉवर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से दी गई।

कार्यक्रम में लेखा अधिकारी श्री राजेंद्र यादव, सहायक परियोजना अधिकारी श्रीमती इंदिरा भगत, श्रीमती अमिता साहू, जनपद पंचायतों के सीईओ, स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अधिकारी-कर्मचारी, सहायक विकास विस्तार अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी एवं तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन हेतु अशोक मोदी सहित 13 पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल इंदौर रवाना

Published

on

कोरबा। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में सम्मिलित होने हेतु छत्तीसगढ़ संगठन के प्रांतीय चेयरमैन अशोक मोदी, प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल, बाबूलाल अग्रवाल, जयदेव सिंघल, महेन्द्र सक्सेरिया, आशीष सक्सेरिया एवं डाॅ. अनिता मोहनलाल सहित अन्य पदाधिकारी आज इंदौर के लिए रवाना हो गए।

विदित हो कि अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन दिनांक 30 एवं 31 मई 2026 को इंदौर में आयोजित है। इस अधिवेशन में संगठन के देशभर के प्रदेशाध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारीगण एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सम्मिलित होंगे।
अधिवेशन में उपस्थित पदाधिकारीगणों के द्वारा राष्ट्रहित एवं समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर गहन चर्चा की जायेगी। साथ ही समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक समरसता एवं राजनीतिक भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे एवं संगठन की सदस्यता को बढ़ाने एवं इसको 1 करोड तक पहुॅचाने का लक्ष्य रखा जायेगा जिस पर कार्य करने पर भी विचार किया जायेगा।
उक्त कार्यक्रम राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल के सानिध्य में तथा नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल की अध्यक्षता में संपन्न होगा।
अशोक मोदी ने बताया कि छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के कार्यक्रम सराहनीय रहे हैं तथा सामाजिक सेवा, धार्मिक सेवा, व्यापार एवं उद्योग में छत्तीसगढ़ अग्रवाल समाज की बड़ी भूमिका रही है और राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में जो ठोस निर्णय लिए जाएंगे, उसे छत्तीसगढ़ में भी लागू किया जाएगा।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677