रायपुर,एजेंसी। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार दोपहर आतंकी हमले में 27 लोगों की मौत हो गई। इनमें रायपुर के कारोबारी दिनेश मिरानिया भी शामिल हैं। आतंकी हमले को लेकर छत्तीसगढ़ में आक्रोश का माहौल है। अलग-अलग जिलों में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
वहीं बिलासपुर में हमले के विरोध में पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। साथ ही पाकिस्तानी झंडे जलाए गए हैं। इनमें रायपुर के कारोबारी दिनेश मिरानिया भी शामिल हैं। आतंकी हमले पर CM विष्णु देव साय ने कहा कि हमले की कड़ी निंदा करता हूं। हमारे देश ने आतंकियों को हमेशा मुंहतोड़ जवाब दिया है।
इस पर पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी, आपके बड़े-बड़े घोषणाओं के बावजूद आतंकवाद क्यों नहीं रुका। एजेंसियां हमलों को रोकने में क्यों विफल हो रही हैं। देश जवाब मांगता है, खोखले भाषण नहीं। वहीं पूर्व CM भूपेश बघेल ने कहा कि कायराना हमले का हमारे जवान करारा जवाब देंगे।
प्रदर्शन से जुड़ी ये तस्वीरें देखिए
बिलासपुर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया।
आतंकी हमले के खिलाफ पाकिस्तान का पुतला फूंका।
रायपुर के कारोबारी दिनेश मिरानिया के घर पहुंचे बीजेपी नेता।
कायराना हमले का हमारे जवान करारा जवाब देंगे- भूपेश
वहीं पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने X पर लिखा कि कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुआ आतंकी हमला दुखद है, कायराना है। इस कायराना हमले के खिलाफ पूरा देश एकजुट है। हमारे जवान करारा जवाब देंगे।
TS बोले देश जवाब मांगता है, खोखले भाषण नहीं
पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव ने लिखा कि अभी एक हफ्ते पहले ही गृहमंत्री अमित शाह ने दावा किया था कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को प्रभावी रूप से कम कर दिया गया है, लेकिन हाल ही में पहलगाम हमले के दिल दहला देने वाले दृश्यों ने उस कथन को तोड़ दिया है।
सिंहदेव ने कहा कि सरकार की बड़ी विफलताओं को उजागर कर दिया है। प्रधानमंत्री मोदी, आपके बड़े-बड़े घोषणा के बावजूद आतंकवाद क्यों नहीं रुका? जम्मू-कश्मीर में नागरिकों, तीर्थयात्रियों और हमारे सैनिकों की सुरक्षा के लिए आपकी सरकार ने क्या ठोस कदम उठाए हैं?
सिंहदेव ने कहा कि हमारी खुफिया और सुरक्षा प्रणालियां ऐसे भयानक हमलों को रोकने में क्यों विफल हो रही हैं? जवाबदेही तय होने से पहले और कितनी जानें जानी चाहिए? जब तक लोग खून बहाते रहेंगे, आप कब तक बयानबाजी के पीछे छिपे रहेंगे?। देश जवाब मांगता है- और खोखले भाषण नहीं।
बैज बोले आतंकवाद के खिलाफ हमारी एकता सबसे बड़ी ताकत
पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुआ आतंकी हमला अमानवीय और दिल दहला देने वाला है, जिस बर्बरता से निर्दोष लोगों की हत्या की गई, उससे हर संवेदनशील मन रुंध गया है।
हम शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हैं। पूरा देश इस दुख की घड़ी में एकजुट है और आतंकवाद के विरुद्ध हमारी एकता ही सबसे बड़ी ताकत है। निर्दोषों के लहू की यह आह बेकार नहीं जाएगी।
डिप्टी सीएम और गृहमंत्री शर्मा बोले – मुंहतोड़ जवाब मिलेगा
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में कायर आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला करके अपनी कायरता का परिचय दिया है। हमले में कई लोगों के हताहत होने की खबर है। ईश्वर दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।
शोकाकुल परिवारजनों के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं है। आतंकियों को इस घटना का मुंहतोड़ जवाब अवश्य मिलेगा।
रमन सिंह बोले – छत्तीसगढ़ के बेटे की कुर्बानी बेकार नहीं जाएगी
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में हमारे रायपुर के उद्यमी दिनेश मीरानिया की हत्या की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें, और शोक संतप्त परिवार को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति दे। पूरा प्रदेश इस दर्द में उनके साथ खड़ा है।
छत्तीसगढ़ के बेटे की यह कुर्बानी व्यर्थ नहीं जाएगी। भारतीय सेना और सुरक्षाबल आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब देंगे। पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश अपने वीर नागरिकों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाने देगा।
पर्यटकों पर हमला आतंकियों की कायरता- किरणदेव
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में कायर आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला करके अपनी कायरता का परिचय दिया है। हमले में कई लोगों के हताहत होने की खबर है। ईश्वर दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।
शोकाकुल परिवारजनों के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं है। आतंकियों को इस घटना का मुंहतोड़ जवाब अवश्य मिलेगा।
मोदी सरकार और खुफिया एजेंसियों की विफलता
छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने पहलगाम हमले पर केंद्र सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों ने भारत के स्वर्ग कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर कायराना हमला किया। आतंकवादियों के इस कायराना हमले से युवा कांग्रेस बेहद आहत है।
आतंकवाद के इस क्रूर कृत्य की हम कड़ी निंदा करते हैं। यह हमला देश की मोदी सरकार और खुफिया एजेंसियों की विफलता को पूर्ण रूप उजागर करता है। उनके इंटेलिजेंस फेलियर का या नतीजा है।
हमले में 27 टूरिस्ट की मौत
दरअसल, जम्मू-कश्मीर में आतंकियों ने मंगलवार को पर्यटकों पर फायरिंग की, जिसमें 27 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक इटली और एक इजराइल का पर्यटक और 2 स्थानीय नागरिक शामिल हैं। बाकी पर्यटक गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और ओडिशा के हैं।
घटना मंगलवार दोपहर करीब 2.45 बजे पहलगाम की बैसारन घाटी में हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आतंकियों ने एक टूरिस्ट से नाम पूछा, फिर उसके सिर में गोली मार दी। इसके बाद दूसरे पर्यटकों पर फायरिंग करते हुए भाग निकले। हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा के विंग द रजिस्टेंस फ्रंट यानी TRF ने ली है।
समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने और विभागवार मासिक कार्ययोजना तैयार करने के दिए निर्देश
रायपुर। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर में राज्यों को पूंजीगत निवेश हेतु विशेष सहायता योजना (SASCI) 2026-27 के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे सुधार कार्यों एवं उनके क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य सचिव ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से विभागवार मासिक कार्ययोजना तैयार कर उसके अनुसार कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा, ताकि योजना के तहत तय लक्ष्यों को समय पर हासिल किया जा सके। बैठक में राज्यों को पूंजीगत निवेश हेतु विशेष सहायता योजना (SASCI) 2026-27 के तहत जारी दिशा-निर्देशों एवं विभिन्न परिचालन गाइडलाइंस के अनुरूप विभागवार सुधार कार्यों की प्रगति, अब तक की उपलब्धियों तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध लक्ष्य-पूर्ति तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। बैठक में वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, मुख्यमंत्री एवं वाणिज्यिक कर विभाग के सचिव मुकेश कुमार, कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस.भारतीदासन, नगरीय प्रशासन विभाग की सचिव सुश्री आर.शंगीता, राजस्व विभाग की सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव अमित कटारिया, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुलहक, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह, ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. सारांश मित्तर, वित्त विभाग के विशेष सचिव चंदन कुमार, प्रबंध संचालक छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल विवेक आचार्य सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
रायपुर : ‘भारत भाग्य विधाता‘ फिल्म के लेखक-निर्देशक मनोज तापड़िया तथा फिल्म निर्माता आदि शर्मा ने की छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के एमडी विवेक आचार्य से सौजन्य मुलाकात
चित्रोत्पला फिल्म सिटी के विकास, फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण के आकर्षक गंतव्य के रूप में विकसित करने पर हुई विस्तृत चर्चा
रायपुर। छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख फिल्म निर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड में चित्रोत्पला फिल्म सिटी के विकास को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। रायपुर में आयोजित इस बैठक में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य से भारत भाग्य विधाता फिल्म के डायरेक्टर मनोज तापड़िया तथा फिल्म निर्माता आदि शर्मा ने सौजन्य भेंट कर राज्य में विकसित की जा रही चित्रोत्पला फिल्म सिटी की अवधारणा, उसकी संभावनाओं तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि छत्तीसगढ़ की अनुपम प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरें, जलप्रपात, वन क्षेत्र, जनजातीय संस्कृति तथा विविध प्राकृतिक लोकेशन राज्य को फिल्म निर्माण के लिए अत्यंत उपयुक्त बनाते हैं। इन विशेषताओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर राज्य को फिल्मांकन का आकर्षक गंतव्य बनाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। चर्चा के दौरान चित्रोत्पला फिल्म सिटी को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक ऐसे समग्र फिल्म परिसर के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया, जहाँ फिल्म निर्माण से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ उपलब्ध हों। साथ ही फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने, राज्य में फिल्म निर्माण गतिविधियों का विस्तार करने तथा इस क्षेत्र में निजी और संस्थागत सहयोग की संभावनाओं पर भी विस्तार से मंथन हुआ।
प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने कहा कि चित्रोत्पला फिल्म सिटी का विकास छत्तीसगढ़ के फिल्म और पर्यटन क्षेत्र के लिए मील का पत्थर सिद्ध होगा। इससे राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी, फिल्म निर्माण गतिविधियों को गति मिलेगी तथा स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों, रचनात्मक युवाओं और फिल्म से जुड़े अन्य पेशेवरों के लिए रोजगार एवं कौशल विकास के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि फिल्म उद्योग के विकास से पर्यटन, आतिथ्य, परिवहन, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यवसायों को भी व्यापक लाभ मिलेगा, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति प्राप्त होगी। बैठक में इस बात पर भी सहमति बनी कि छत्तीसगढ़ को एक उभरते हुए फिल्म निर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए फिल्म उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों, निर्माताओं और निर्देशकों के साथ निरंतर संवाद एवं सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। राज्य की प्राकृतिक संपदा, सांस्कृतिक विविधता और विकसित की जा रही आधुनिक फिल्म अवसंरचना के समन्वय से छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण के लिए एक पसंदीदा गंतव्य बनाने की दिशा में ठोस प्रयास किए जाएंगे। बैठक में चित्रोत्पला फिल्म सिटी के विकास, फिल्म पर्यटन के विस्तार तथा भविष्य में फिल्म निर्माण और पर्यटन संवर्धन के क्षेत्र में पारस्परिक सहयोग की व्यापक संभावनाओं पर सहमति व्यक्त की गई।
320.15 हेक्टेयर में फैला नंदनवन जंगल सफारी बना प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों का पसंदीदा केंद्र
धनंजय राठौर ,संयुक्त संचालक, जनसंपर्क
अशोक कुमार चंद्रवंशी, सहायक जनसंपर्क अधिकारी
नंदनवन जंगल सफारी नवाँ रायपुर में पर्यटकों के लिए कई प्रकार की रोमांचक सफारी राइड्स उपलब्ध हैं, जिनमें शाकाहारी सफारी, टाइगर सफारी, भालू सफारी और लायन सफारी प्रमुख हैं। इसके अलावा यहाँ एक छोटा चिड़ियाघर (नंदनवन जू) भी है। छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर (अटल नगर) के सेक्टर-39 में स्थित नंदनवन जंगल सफारी राज्य के प्रमुख पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण केंद्रों में शामिल है। 320.15 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला यह विशाल परिसर प्रकृति प्रेमियों, वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। यहां वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ पर्यटकों को प्राकृतिक वातावरण में वन्यजीवों को देखने और उनके बारे में जानने का अवसर मिलता है।
मिनी जू से जंगल सफारी तक का सफर नंदनवन की शुरुआत वर्ष 1979 में रायपुर में ‘नंदनवन मिनी जू’ के रूप में हुई थी। यह वन्यजीवों के रेस्क्यू और राहत केंद्र के रूप में विकसित किया गया था। वर्ष 2008 में केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सीजेडए) ने इसे आधिकारिक रूप से ‘मिनी जू’ की मान्यता दी। इसके बाद नवा रायपुर में आधुनिक और विशाल जंगल सफारी विकसित करने के लिए वर्ष 2012 से 2015 के बीच 320.15 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई। 1 नवंबर 2016 को छत्तीसगढ़ राज्य के 16वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नंदनवन जंगल सफारी का उद्घाटन किया।
वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण शिक्षा पर विशेष जोर नंदनवन जंगल सफारी का मुख्य उद्देश्य वन्यजीवों का संरक्षण, दुर्लभ प्रजातियों का संरक्षण एवं प्रजनन और लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। यहां वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक वातावरण के अनुरूप सुरक्षित और तनावमुक्त आवास उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। विद्यार्थियों और पर्यटकों को वन्यजीवों तथा जैव विविधता के महत्व की जानकारी देने के लिए यहां विभिन्न पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। पांच प्रमुख सफारी जोन हैं आकर्षण का केंद्र नंदनवन जंगल सफारी को वन्यजीवों की सुरक्षा और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग जोन में विकसित किया गया है।
शाकाहारी सफारी 30.89 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले इस जोन में चीतल, सांभर, नीलगाय और काला हिरण जैसे वन्यजीव प्राकृतिक वातावरण में विचरण करते हैं। भालू सफारी 20.03 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित भालू सफारी पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है। यहां भालुओं को प्राकृतिक वातावरण में देखने का अवसर मिलता है। बाघ सफारी 20.04 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली बाघ सफारी में पर्यटक देश के राष्ट्रीय पशु बाघ को करीब से देखने का रोमांचक अनुभव प्राप्त करते हैं। सिंह सफारी 20.01 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित सिंह सफारी में एशियाई शेरों का संरक्षण किया जा रहा है। जू जोन 50 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले जू जोन में विभिन्न प्रजातियों के पक्षी, सरीसृप और अन्य वन्यजीव आकर्षण का केंद्र हैं।
दुर्लभ और विशेष वन्यजीवों का भी संरक्षण नंदनवन जंगल सफारी में विभिन्न चिड़ियाघरों के साथ पशु विनिमय कार्यक्रम के माध्यम से कई दुर्लभ और विशेष वन्यजीवों को लाया गया है। यहां सफेद बाघ, दरियाई घोड़ा, घड़ियाल और क्लोन जंगली भैंसा ‘दीपाशा’ जैसे वन्यजीव पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण हैं। देश-विदेश से पहुंचते हैं पर्यटक वनमंडलाधिकारी थेजस शेखर ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप की मंशानुरूप नंदनवन जंगल सफारी पर्यटकों के बीच लगातार लोकप्रिय हो रहा है। गौरतलब है कि वर्ष 2018-19 में ही देश-विदेश से 1 लाख 74 हजार 611, वर्ष 2019-20 में 1 लाख 60 हजार 767 ,वर्ष 2020-21 में 1 लाख 60 हजार 32, वर्ष 2021-22 में 1 लाख 73 हजार 72, वर्ष 2022-23 में 2 लाख 77 हजार 881, वर्ष 2023-24 में 2 लाख 62 हजार 486, वर्ष 2024-25 में 2 लाख 70 हजार 942, वर्ष 2025-26 में 3 लाख 24 हजार 785, से अधिक पर्यटकों ने जंगल सफारी का भ्रमण किया। यह आंकड़ा इसकी बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है। जैव विविधता संरक्षण के प्रति जागरूकता का केंद्र नंदनवन जंगल सफारी में अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस, विश्व बाघ दिवस और वन्यजीव सप्ताह जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन आयोजनों के माध्यम से लोगों, विद्यार्थियों और पर्यटकों को वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाता है। रायपुर से आसान पहुंच नंदनवन जंगल सफारी नवा रायपुर (अटल नगर) के सेक्टर-39 में स्थित है। यह स्वामी विवेकानंद अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे, रायपुर से लगभग 15 किलोमीटर और रायपुर रेलवे स्टेशन से लगभग 35 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। जंगल सफारी प्रत्येक सोमवार को बंद रहती है। वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण शिक्षा का ऐसा अनूठा केंद्र नंदनवन जंगल सफारी आज छत्तीसगढ़ में पर्यटन, वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण शिक्षा का ऐसा अनूठा केंद्र बन चुका है, जहां प्रकृति के करीब पहुंचकर वन्यजीवों को देखने के साथ-साथ उनके संरक्षण का संदेश भी मिलता है ।