कोरबा/बलरामपुर/रायगढ़/कोंडागांव,एजेंसी। छत्तीसगढ़ कोरबा जिले में वकील को अज्ञात वाहन ने और एक युवक को बस ने कुचल दिया। बस के पहिए युवक के ऊपर से गुजर गए, जिससे युवक का सिर धड़ से अलग हो गया। हादसे के बाद सड़क खून से सन गई। मामला कोरबा-चांपा मार्ग का है।
इसी तरह कोंडागांव में 2 बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वहीं रायगढ़ और बलरामपुर में 2 बाइक सवारों ने मौके पर दम तोड़ दिया। इस तरह छत्तीसगढ़ में 24 घंटे में 5 अलग-अलग सड़क हादसों में 6 लोगों की जान चली गई।
पढ़िए इस रिपोर्ट में कहां, कब और कैसे हादसा हुआ और चली गई लोगों की जान…?
पहला मामला- कोरबा में युवक का सिर धड़ से अलग
दरअसल, पहला मामला कोरबा के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र का है। यहां राखड़ डेम के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार को कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक का सिर धड़ से अलग हो गया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। हालांकि बाइक नंबर CG 12 BA 6979 सुधीर कुमार के नाम पर रजिस्टर्ड है, लेकिन पुलिस मृतक की पहचान में जुटी है। वहीं हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
कोरबा के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में हादसे में बाइक सवार का सिर धड़ से अलग हो गया।
दूसरा मामला- कोरबा में वकील को अज्ञात वाहन ने कुचला
दूसरी घटना कोरबा-चांपा मार्ग पर हुई। बताया जा रहा है कि अंजोरीपाली भैसमा के रहने वाले 57 वर्षीय वकील नरेंद्र जायसवाल कोर्ट से घर लौट रहे थे, तभी उरगा के पास एक अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। हादसे में वकील की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की तलाश की जा रही है।
कोरबा-चांपा मार्ग पर हादसे में 57 वर्षीय वकील नरेंद्र जायसवाल की मौत हो गई। (फाइल फोटो)
तीसरा मामला- कोंडागांव में 2 बाइक भिड़ंत सेदो की मौत
तीसरा मामला कोंडागांव जिले के माकड़ी थाना क्षेत्र का है। उड़िदगांव और पीड़ापाल के बीच दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, हीरापुर निवासी शंकर नायक अपनी बाइक से माकड़ी की ओर जा रहे थे। वहीं सामने से ग्राम गुमंडी के जयलाल मरकाम (22), संजय मरकाम (22) और ग्राम लंजोड़ा के गणेश नेताम (18) केरावाही से ओडिशा मार्ग की ओर बढ़ रहे थे।
कोंडागांव में बाइक सवार 2 लोगों की मौके पर मौत हो गई।
भीषण हादसे में 2 बाइक सवारों की मौत
इस दौरान दोनों बाइक की भीषण टक्कर हो गई। दोनों बाइक चालकों की जान चली गई। मरने वालों में शंकर नायक और जयलाल मरकाम शामिल है। वहीं बाइक पर पीछे बैठे गणेश नेताम और संजय मरकाम गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही माकड़ी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। सभी घायलों को माकड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल संजय मरकाम को बेहतर इलाज के लिए कोंडागांव जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि गणेश नेताम का इलाज माकड़ी सीएचसी में जारी है। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
बैढ़न से अंबिकापुर जा रही छाबड़ा बस ने बाइक सवार को कुचला। पहिए के नीचे आया गया युवक।
चौथा मामला- बलरामपुर में बस ने बाइक सवार को कुचला
वहीं चौथा मामला बलरामपुर जिले के बलंगी चौकी क्षेत्र का है। बैढ़न से अंबिकापुर जा रही छाबड़ा बस ने एक बाइक सवार को तुगवा गांव में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार बस के पहिए के नीचे आ गया।उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस का ड्राइवर फरार हो गया।
हादसे की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को बस के पहिए के नीचे से निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए रघुनाथनगर अस्पताल भेजा। एसडीओपी राम अवतार ध्रुव ने बताया कि मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
रायगढ़ जिले में ट्रेलर ने युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
पांचवां मामला- रायगढ़ में युवक को ट्रेलर ने कुचला
पांचवां मामला रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि शनिवार की रात करीब 9 बजे खरसिया से बाइक सवार किसी काम से सक्ती जा रहा था। इसी दौरान NH-49 रोड पर छोटे देवगांव के पास जब वह पहुंचा। तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार को कुचला, जिससे मौके पर मौत हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक का नाम अजय कुमार (41) है, जो खरसिया के वार्ड नंबर 3 तुर्रीपारा क्षेत्र के सरवानी का रहने वाला था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को ट्रेलर के नीचे से निकाला। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
पुलिस ने बताया कि युवक को कुचलने के बाद ट्रेलर ड्राइवर मौके से भाग गया है। पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए तलाश कर रही है। आरोपी जल्द ही पुलिस गिरफ्त में होगा। मामले की जांच की जा रही है।
रायपुर, एजेंसी। रायपुर जिले के चार इलाकों में टाटा पावर को बिजली वितरण का लाइसेंस देने के प्रस्ताव का कांग्रेस ने विरोध किया है। पूर्व कांग्रेस विधायक विकास उपाध्याय ने इसके खिलाफ न्यायालय में याचिका दायर करने की बात कही है।
उनका कहना है कि रायपुर, धरसींवा, मंदिर हसौद और अभनपुर जैसे इलाकों में निजी कंपनी को समानांतर बिजली वितरण की अनुमति मिलने से सरकारी वितरण कंपनी सीएसपीडीसीएल पर वित्तीय दबाव बढ़ सकता है।
टाटा पावर ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग में याचिका क्रमांक 89/2026 के जरिए इन क्षेत्रों में 25 साल के लिए वितरण लाइसेंस मांगा है। आयोग ने इस प्रस्ताव पर आम लोगों, स्थानीय निकायों और अन्य संबंधित पक्षों से आपत्ति और सुझाव मांगे हैं। इस मामले में 1 अक्टूबर को सार्वजनिक सुनवाई भी प्रस्तावित है।
विकास उपाध्याय की आपत्ति क्या है?
उपाध्याय का कहना है कि टाटा पावर ने आवेदन में शुरुआती पांच साल में करीब 435 करोड़ रुपए निवेश कर नेटवर्क तैयार करने की बात कही है। उनका दावा है कि इतने निवेश से प्रस्तावित क्षेत्र में नए 33 और 11 केवी सब-स्टेशन और लाइनें खड़ी करना संभव नहीं होगा। उनका आरोप है कि बाद में निजी कंपनी को सीएसपीडीसीएल के मौजूदा ग्रिड का इस्तेमाल करना पड़ सकता है।
हालांकि यह कंपनी की ओर से दाखिल आवेदन और नियामक प्रक्रिया का हिस्सा है। उपाध्याय की ओर से लगाए गए इन आरोपों पर अंतिम फैसला नियामक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगा।
‘मलाईदार इलाका निजी कंपनी के पास चला जाएगा’
विकास उपाध्याय की सबसे बड़ी आपत्ति प्रस्तावित क्षेत्र को लेकर है। उनका कहना है कि रायपुर, धरसींवा, मंदिर हसौद और अभनपुर में औद्योगिक और व्यावसायिक उपभोक्ताओं की संख्या ज्यादा है, इसलिए ये सीएसपीडीसीएल के लिए ज्यादा राजस्व वाले इलाके हैं।
उनका तर्क है कि अगर निजी कंपनी को इन्हीं इलाकों में वितरण का लाइसेंस मिलता है तो सरकारी कंपनी के पास कम राजस्व वाले ग्रामीण, कृषि और बीपीएल उपभोक्ता ज्यादा रह सकते हैं। इससे किसानों और गरीब उपभोक्ताओं को दी जाने वाली क्रॉस-सब्सिडी की व्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका उन्होंने जताई है।
निजी कंपनी आने से बिजली महंगी होने का दावा
उपाध्याय ने निजी वितरण कंपनियों के मॉडल पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि भविष्य में व्हीलिंग चार्ज और दूसरे शुल्क के कारण उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ सकता है। उन्होंने महाराष्ट्र और ओडिशा के कुछ क्षेत्रों में निजी बिजली वितरण के अनुभवों का भी हवाला दिया है।
यह फिलहाल उपाध्याय का राजनीतिक और नीतिगत तर्क है। टाटा पावर को लाइसेंस मिलने के बाद बिजली दर कितनी होंगी, यह अभी तय नहीं है। दरों और संबंधित शुल्क पर नियामक प्रक्रिया लागू होगी।
स्मार्ट मीटर और ‘पीएम सूर्य घर’ योजना भी मुद्दा
उपाध्याय ने स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उनका दावा है कि स्मार्ट मीटर के बाद बिजली बिलों में 15 से 20% तक बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने ‘पीएम सूर्य घर’ योजना को लेकर भी सरकार की आलोचना की और इसे उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त रूप से स्पष्ट नहीं बताया।
उद्योगों पर असर की आशंका
रायपुर, धरसींवा और अभनपुर को औद्योगिक क्षेत्र बताते हुए उपाध्याय ने कहा कि यहां पहले से ही बिजली की लागत और दूसरी समस्याओं के कारण छोटे-बड़े उद्योग दबाव में हैं। उनके मुताबिक निजी वितरण कंपनी के आने के बाद यदि औद्योगिक बिजली की लागत बढ़ती है तो इसका असर स्थानीय उद्योगों और रोजगार पर पड़ सकता है।
सरकार से लाइसेंस आवेदन खारिज करने की मांग
विकास उपाध्याय ने सीएसईआरसी में दाखिल टाटा पावर की याचिका को निरस्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने निजी कंपनी को लाइसेंस देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई तो कांग्रेस सड़क से विधानसभा तक आंदोलन करेगी।
अब मामला नियामक प्रक्रिया में है। टाटा पावर के प्रस्ताव पर आपत्तियां और सुझाव लिए जा रहे हैं और 1 अक्टूबर की सार्वजनिक सुनवाई में संबंधित पक्ष अपना पक्ष रख सकेंगे।
रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ में शिक्षकों की भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। स्कूल शिक्षा विभाग ने व्याख्याता के 854 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। मुख्यमंत्री की ओर से स्कूल शिक्षा विभाग में 5000 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की घोषणा की गई थी। इसी के तहत अब व्याख्याता के पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
इन पदों के लिए लिखित परीक्षा छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल कराएगा। परीक्षा की संभावित तारीख 29 नवंबर 2026 रखी गई है। आवेदन कब से शुरू होंगे, इसकी जानकारी कर्मचारी चयन मंडल अलग से जारी करेगा।
8 विषयों में पद, हिंदी-अंग्रेजी के सबसे ज्यादा
व्याख्याता के 854 पदों को 8 विषयों में बांटा गया है। इसमें हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत के 120-120 पद हैं। वहीं भौतिकी के 94, राजनीति शास्त्र, इतिहास, भूगोल और अर्थशास्त्र के 100-100 पद हैं।
विषयवार पद
हिंदी: 120 पद
अंग्रेजी: 120 पद
संस्कृत: 120 पद
भौतिकी: 94 पद
राजनीति शास्त्र: 100 पद
इतिहास: 100 पद
भूगोल: 100 पद
अर्थशास्त्र: 100 पद
कुल: 854 पद
ई-संवर्ग में 424 और टी-संवर्ग में 430 पद
जारी विज्ञापन के मुताबिक 854 पदों में से 424 पद ई-संवर्ग की शालाओं और 430 पद टी-संवर्ग की शालाओं में भरे जाएंगे। योग्यता और उम्र की जानकारी विस्तृत विज्ञापन में
भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य जरूरी शर्तों की जानकारी विस्तृत विज्ञापन में दी जाएगी। भर्ती परीक्षा का पाठ्यक्रम भी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।
आवेदन की तारीख अभी तय नहीं
विभाग ने बताया है कि व्याख्याता भर्ती का विस्तृत विज्ञापन व्यापम की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। आवेदन की शुरुआत की तारीख की जानकारी CGSSB अलग से जारी करेगा। इसके बाद अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में आवेदन कर सकेंगे।
रायगढ़, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में विकास कार्यों को गति देने के लिए भूमिपूजन-लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सोमवार को पंजरी प्लांट स्थित ऑडिटोरियम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के कुल 126.92 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण किया। वहीं उपमुख्यमंत्री ने शहर के विकास के लिए चार और बड़े कार्यों की घोषणा की।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान, राज्यगीत और छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुई। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को पूर्ण हो चुके आवासों की प्रतिकात्मक चॉबी भी सौंपी गई।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि रायगढ़ तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। रायगढ़ जिले को विकसित जिला बनाने के लिए तेज गति से काम किया जा रहा है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत विकास कार्यों को गति देने के साथ लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि रायगढ़ नगर निगम की ओर से लगभग 10 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की सूची उन्हें दी गई है। इन कार्यों के लिए शीघ्र स्वीकृति प्राप्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि रायगढ़ के विकास के लिए राशि की कोई कमी नहीं होगी।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने 4 अतिरिक्त कामों की घोषणा की
चार अतिरिक्त कामों की घोषणा
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने शहर के विकास के लिए चार अतिरिक्त कामों की घोषणा की।
इनमें संजय मार्केट के निर्माण व उन्नयन के लिए 15.67 करोड़ रुपए, रामलीला मैदान के विकास, मंच व पवेलियन निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपए, तालाब के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 4.99 करोड़ रुपए व केवड़ाबाड़ी से मरीन ड्राइव तक सनलाईजेशन कार्य के लिए 9.97 करोड़ रुपए शामिल है।
ऑडिटोरियम में लोकापर्ण व भूमिपूजन का कार्यक्रम का आयोजित किया गया
लगातार विकास के काम किए जा रहे हैं
कार्यक्रम में वित्त मंत्री व रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी दिल्ली से वर्चुअली रूप से जुड़े थे। कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि रायगढ़ के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले ढाई सालों में नगर निगम को विभिन्न योजनाओं के तहत 384.66 करोड़ रुपए के कार्यों की स्वीकृति मिली है।
वहीं लोक निर्माण विभाग के माध्यम से जिले में सड़क, भवन और पुल समेत विभिन्न कामों के लिए 1426 करोड़ रुपए की स्वीकृति का उल्लेख किया।
भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी
वित्तमंत्री ने कहा कि रायगढ़ के रिंग रोड के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। रायगढ़-घरघोड़ा फोरलेन व पूंजीपथरा-तमनार फोरलेन की दिशा में भी कार्य आगे बढ़ रहा है।
इसके अलावा तमनार-उरगा-लैलूंगा, तमनार बाईपास, कया-कमतरा-चरखापारा-ससकोबा-बंधनपुर और कोड़ातराई-पुसौर फोरलेन समेत विभिन्न सड़क परियोजनाओं का भी उन्होंने उल्लेख किया।
उन्होंने रायगढ़ में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, संगीत महाविद्यालय भवन और वर्किंग वूमेन हॉस्टल जैसे कार्यों की जानकारी भी दी।
इन कामों का हुआ भूमिपूजन-लोकार्पण
नगर निगम रायगढ़ के अंतर्गत भूमिपूजन वाले कामों में 15वें वित्त आयोग से 28 सड़क, नाली, उद्यान समेत अन्य विकास कामों के लिए 10.55 करोड़ रुपए, केवड़ाबाड़ी चौक से मरीन ड्राइव कैनाल लिंक रोड के लिए 25.63 करोड़ रुपए और वार्ड क्रमांक 42 में आईएसबीटी निर्माण के लिए 20.75 करोड़ रुपए शामिल हैं।
वहीं 2 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से टाउन हॉल में 20 लाख लीटर पानी टंकी के निर्माण काम का लोकार्पण किया गया। इसी तरह लोक निर्माण विभाग के तहत 67.80 करोड़ रुपए के चार कामों का भूमिपूजन हुआ।