कोरबा
छत्तीसगढ़ में अंतिम चरण में 71.06% वोटिंग:सबसे ज्यादा 78.78 सरगुजा और 78.43% रायगढ़ में मतदान; बिलासपुर में सबसे कम 63.95 प्रतिशत पड़े वोट
रायपुर , एजेंसी। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में छत्तीसगढ़ की 7 सीटों रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, दुर्ग, जांजगीर-चांपा और सरगुजा के लिए मतदान हो चुका है। अंतिम चरण में अब तक के आंकड़ों के मुताबिक कुल 71.06% वोटिंग हुई है। सबसे ज्यादा 78.78 फीसदी सरगुजा और 78.43% रायगढ़ में मतदान हुआ है। वहीं, बिलासपुर में सबसे कम 63.95 प्रतिशत वोट पड़े हैं।
अंतिम चरण के चुनाव में कांग्रेस-भाजपा के दिग्गज नेताओं सहित 168 प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें 26 महिला उम्मीदवार हैं। सबसे ज्यादा 38 रायपुर और फिर बिलासपुर में 37 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे थे। मतदान के नतीजे 4 जून को आएंगे।
दूसरी ओर मूलभूत सुविधाओं को लेकर सरगुजा, बिलासपुर और कोरबा में ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया। रायपुर में कांग्रेस प्रत्याशी विकास उपाध्याय ने पोलिंग बूथ पर नींबू-पानी पिलाने वालों को भाजपा का एजेंट बताते हुए धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपाइयों ने भी जमकर नारेबाजी की।
सबसे ज्यादा वोटिंग सरगुजा में, सबसे कम बिलासपुर में
सातों लोकसभा सीटों में सबसे ज्यादा मतदान 78.78% सरगुजा में इसके बाद 8.43% रायगढ़ में हुआ। सबसे कम वोटिंग बिलासपुर में 63.95 प्रतिशत हुई है। 2019 में तीसरे चरण में 71.14 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि इस बार 71.06% हुआ। फर्स्ट फेज में 2.25 और दूसरे चरण में 1.3 प्रतिशत ज्यादा मतदान हुआ था।
सूरजपुर में ढाई घंटे पोलिंग बूथ पर गुल रही बिजली
सरगुजा लोकसभा सीट के सूरजपुर जिले में केदो मतदान केंद्र में करीब ढाई घंटे लाइट नहीं थी। दोपहर में अचानक लाइट बंद होने से बूथ में अंधेरा हो गया। इसके बाद पोलिंग अफसर मोबाइल के टॉर्च की रोशनी में मतदान कराते रहे। वहीं सातों सीटों पर कई बूथों पर ईवीएम भी खराब हुई, जिन्हें बदला गया। इसके चलते पोलिंग रुकी रही।
रायपुर, सरगुजा, बिलासपुर,दुर्ग, कोरबा में तेज आंधी के साथ बारिश

मतदान के बीच सरगुजा, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और कोरबा लोकसभा क्षेत्र में तेज आंधी के साथ जमकर बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन मतदान प्रभावित हुआ है। बिलासपुर, रायपुर, कोरबा में आखिरी के एक घंटे में मतदान में कोई अंतर नहीं आया।
आंधी और बारिश के चलते कोरबा, बिलासपुर और रायपुर में कई स्थानों पर पंडाल गिर गए और पोस्टर-बैनर उड़ गए। मौसम में हुए इस अचानक बदलाव के चलते कई स्थानों से पार्टी के कार्यकर्ता भी पंडाल छोड़कर भाग निकले।सरगुजा, रायगढ़ में 2 की मौत, 2 घायल
प्रदेश में दो अलग-अलग घटनाओं में युवती सहित दो मतदाताओं की मौत हो गई और मां-बेटे गंभीर रूप से झुलस गए। रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के जशपुर जिले में बुजुर्ग तारसियुस टोप्पो की मौत हो गई। वह लोदाम के जामटोरी मतदान केंद्र में वोट डालने पहुंचे थे। मौत का कारण पता नहीं चल सका है।वहीं सरगुजा लोकसभा के अंबिकापुर में आकाशीय बिजली गिरने से 21 साल की कबूतरी दास की मौत हो गई। कबूतरी अपनी मां और भाई के साथ लमगाव क्षेत्र के कोट पोलिंग बूथ में मतदान कर लौट रही थी। अचानक मौसम खराब होने से बारिश शुरू हो गई और आकाशीय बिजली गिर पड़ी। तीनों को मेडिकल कालेज अस्पताल लाया गया, जहां कबूतरी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
भाजपा के पंडाल में रामलला की तस्वीर, बूथ में निकला कोबरा
दुर्ग लोकसभा के वैशाली नगर क्षेत्र में भाजपा के सभी पंडालों में श्री रामलला की तस्वीर लगाई गई थी। मतदान केंद्र के पास लगाए गए इन पंडालों में सुबह पूजा अर्चना के साथ कार्यकर्ताओं ने अपना काम शुरू किया। तस्वीर पर लिखा गया है, ‘वो रामलला को लाए हैं, हम उनको लाएंगे।’ इसे लेकर भी कांग्रेस ने आपत्ति जताई।
वहीं रायगढ़ लोकसभा के जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पंचायत गंझियाडीह माध्यमिक शाला में बनाए गए मतदान केंद्र में कोबरा निकल आया। इसके बाद मतदान रुक गया। सूचना मिलने पर कोतबा के मयंक शर्मा पहुंचे और काफी जद्दोजहद के बाद कोबरा के डिब्बे में बंद किया। उसे रेस्क्यू कर आम्बाकछार के जंगलों में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
कोरबा में तेज आंधी-बारिश ने रोका मतदान
कोरबा में मतदान के दौरान तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई है। इसके चलते मतदान केंद्र के बाहर लगे तंबू और बैनर-पोस्टर हवा में उड़ गए। वहीं दोनों दलों के कार्यकर्ता भी पंडाल छोड़कर भाग निकले हैं। इसके चलते मतदान रुक गया है।
जिले में धूल-मिट्टी उड़ने से राहगीर परेशान हो रहे हैं। दिन में अंधेरा छा गया है, इसके चलते लोगों को गाड़ियों की लाइट जलाकर चलाना पड़ रहा है। कई जगह विद्युत खंभों पर शॉर्ट सर्किट हुआ है।
रायपुर में मृत बताकर वोट डालने से रोका
रायपुर के श्याम नगर इलाके से सचदेवा इंटरनेशनल स्कूल स्थित मतदान केंद्र में तेलीबांधा के रहने वाले सुधीर कुमार मंडपे मतदान करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि निर्वाचन अधिकारियों ने उन्हें वोटिंग पर्ची दी। जब वे बूथ नंबर 10 के अंदर गए तो वहां कर्मचारियों ने रिकॉर्ड चेक करने के बाद उन्हें मृत बता दिया।
खुद को मृत सुनकर वे हड़बड़ा गए। इसके बाद उन्होंने उच्च अधिकारियों से शिकायत की। इसके बाद अफसरों ने रिकॉर्ड की जांच करने की बात की है। हालांकि उन्हें अभी तक मतदान करने नहीं दिया गया है।
नेता प्रतिपक्ष और ज्योत्सना महंत ने किया मतदान

छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने अपनी पत्नी और कोरबा से कांग्रेस उम्मीदवार ज्योत्सना महंत के साथ गृह ग्राम सारागांव स्थित बीडीएम शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल के पोलिंग बूथ में मतदान किया।
ज्योत्सना महंत ने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र पर मतदाता का भरोसा है। मतदान का प्रतिशत बढ़ेगा। वहीं चरण दास महंत ने कहा कि, लोकतंत्र के महायज्ञ में सभी मतदान कर रहे हैं। इस बार मोदी का चेहरा बेनकाब हो गया है। लोग झूठ की राजनीति को समझ गए हैं। आने वाले समय में लोकतंत्र की रक्षा, संविधान को बचाने के लिए होनी चाहिए।
कृषि मंत्री नेताम ने किया मतदान
कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने पत्नी पुष्पा नेताम व परिवार सहित सनावल (बलरामपुर) के बूथ में वोट किया।
सुप्रीम कोर्ट के वकील रायपुर पहुंचे सिर्फ वोट देने
सुप्रीम कोर्ट के वकील कौस्तुभ शुक्ला मतदान करने फ्लाइट से रायपुर पहुंचे। उन्होंने कहा कि आम आदमी का सबसे बड़ा कर्तव्य है कि वह अपनी सरकार चुने, इसके लिए सभी को मतदान करना चाहिए।
बिलासपुर में जज और कमिश्नर ने किया मतदान
न्यायाधीश राकेश मोहन पांडेय ने मतदान केंद्र क्रमांक 38 गुरु तेग बहादुर स्कूल में परिवार सहित डाला वोट।
मतदान केंद्र क्रमांक 37 कोल इंडिया कार्यालय में न्यायाधीश पार्थ प्रतीम साहू ने परिवार सहित मतदान किया।
दुर्ग के पाटन में पूर्व CM भूपेश बघेल ने किया मतदान
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और राजनांदगांव निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार भूपेश बघेल ने पाटन में अपने गृहग्राम में मतदान किया। इससे पहले उन्होंने कहा कि, मतदान तेजी से चल रहा है… मैं पूरे परिवार के साथ मतदान करने गांव जा रहा हूं। जनता महंगाई, बेरोजगारी से त्रस्त है। भाजपा के पास इसका कोई समाधान नहीं है। कांग्रेस के घोषणा पत्र के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है।
CM ने राम मंदिर में किए दर्शन, मतदाताओं से वोटिंग की अपील
सीएम विष्णु देव साय रायपुर स्थित राम मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने मतदाताओं से घरों से निकलकर मतदान करने की अपील की है। सीएम ने कहा कि, देशभर में बीजेपी के पक्ष में माहौल है। तीसरे चरण में सभी सात लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करेंगे राम मंदिर में दर्शन करने के बाद सीएम जशपुर बगिया के रवाना हो गए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, मोदी के 10 साल के काम के प्रति जनता का विश्वास बढ़ा है। देश के गांव गरीब मजदूर किसान सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास इसको मूल मंत्र मानते हुए कार्य किया है। पूरे विश्व में देश का मान बढ़ाया है। आर्थिक क्षेत्र में तीसरी सबसे बड़ी ताकत बनाने का काम मोदी सरकार ने किया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने रतनपुर में पत्नी संग किया मतदान

छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल पत्नी के साथ स्कूटी से मतदान करने पहुंचे। उन्होंने रतनपुर स्थित बूथ पर वोट डाला।
कोरबा के कोसाबाड़ी स्थित निर्मला स्कूल पोलिंग बूथ पहुंचीं सरोज पांडेय

कोरबा लोकसभा से बीजेपी प्रत्याशी सरोज पांडेय कोसाबाड़ी स्थित निर्मला स्कूल पोलिंग बूथ पहुंचीं। उन्होंने कहा कि लोग बढ़-चढ़ कर भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान कर रहे हैं।
अधिकारियों ने किया मताधिकार का प्रयोग

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने रायपुर केधरमपुरा मतदान केंद्र में वोट डाला। वहीं, अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी निलेश क्षीरसागर ने अमलीडीह में मतदान किया।रायपुर कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ गौरव सिंह ने बीपी पुजारी स्कूल में सबसे पहले मतदान किया।
सरगुजा कलेक्टर ने परिवार के साथ डाला वोट

सरगुजा के मल्टीपर्पज स्कूल परिसर स्थित मतदान केंद्र में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विलास भोसकर ने पत्नी प्रीति भोसकर के साथ मतदान किया।
कोरबा
डीएमएफ परियोजनाओं में परिणाम आधारित कार्य करें सुनिश्चितः- कलेक्टर कुणाल दुदावत
जिले में कृषि विकास को गति व कृषक हितों को सशक्त बनाने कलेक्टर ने कृषि एवं संबद्ध विभागो की ली बैठक
विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पूरी गंभीरता व जवाबदेही के साथ काम करने हेतु किया निर्देशित
सभी शासकीय फार्म्स में धागाकरण यूनिट प्रारम्भ करने प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के दिए निर्देश
लाख पालन विकास हेतु ठोस रूपरेखा के साथ प्रस्ताव बनाने के निर्देश
पपीता व ऑयल पाम प्लांटेशन के लिए स्थान सुनिश्चित करने हेतु किया निर्देशित
जिले में द्विफसली क्षेत्र विस्तार, मिलेट, दलहन तिलहन के उत्पादन बढ़ाने हेतु किया निर्देशित

कोरबा। जिले में कृषि विकास को गति देने व कृषक हितों को सशक्त बनाने हेतु कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने विभागीय योजनाओं की प्रगति, आगामी वर्ष की रणनीति और डीएमएफ से स्वीकृत कार्यों की वर्तमान स्थिति की गहन समीक्षा की। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पूरी गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ काम करने हेतु निर्देशित किया, जिससे योजनाओं का प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित हो और निर्धारित लक्ष्यों में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल की जा सके और किसानों को वास्तविक लाभ प्राप्त हो।


कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए कृषि अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से किसानों के उत्पादन में सुधार सुनिश्चित करने एवं उनकी आय में बढ़ोत्तरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को जिले में द्विफसली क्षेत्र के विस्तार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। किसानों को खरीफ मौसम में फसल विविधीकरण और रबी के फसलों का क्षेत्र विस्तार सुनिश्चित करने निर्देशित किया। जिले में मक्का, रागी, कोदो जैसे मिलेट एवं दलहन- तिलहन फसलों के उत्पादन को भी बढ़ावा देने की बात कही।
कलेक्टर ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत शत-प्रतिशत किसानों को लाभान्वित करने एवं ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, लैंड सीडिंग एवं एग्रीस्टेक पंजीकरण के निर्धारित लक्ष्यों को पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने विभागीय योजनाओं की प्रगति हेतु जमीनी स्तर पर एसएडीओ और आरईओ की जवाबदेही तय करने एवं आने वाले दिनों में कैम्प लगाकर लक्ष्य हासिल करने निर्देश दिए। उन्होंने नए एफपीओ गठन में वृद्धि लाने की बात कही। उन्होंने खरीफ सीजन के लिए अग्रिम खाद एवं बीज के उठाव में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उद्यानिकी विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी शासकीय रोपणियों की स्थिति और रोपित पौधों की अद्यतन जानकारी ली तथा उनसे होने वाली आय में वृद्धि के उपायों पर जोर दिया। उन्होंने ऑयल पाम के पौधारोपण के लिए प्रस्ताव तैयार कर स्थान चिन्हांकन करने, जिले के एक ब्लॉक में वृहद स्तर पर पपीता प्लांटेशन विकसित करने, मधुमक्खी पालन के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने तथा मसाला फसलों के क्षेत्र विस्तार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
पशुपालन विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कृत्रिम गर्भाधान के निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को पशु नस्ल सुधार के लिए पशुपालकों को जागरूक एवं प्रेरित करने की बात कही। कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं के तहत बैकयार्ड कुक्कुट, नर बकरा एवं सुकरत्रयी वितरण की प्रगति की जानकारी लेते हुए पशु टीकाकरण में प्रगति लाने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर पशु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए मोबाइल यूनिट के माध्यम से सेवाओं का विस्तार और प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के लिए कहा। मत्स्य संपदा विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले में संचालित हैचरी की स्थिति, स्पान उत्पादन एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्पान उत्पादन में वृद्धि कर लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने मत्स्य पालकों को अधिक से अधिक किसान क्रेडिट कार्ड से जोड़ने हेतु निर्देशित किया। इससे उन्हें आर्थिक सशक्तिकरण में मदद मिलेगी। साथ ही विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय के लोगों को मछली पालन के लिए प्रेरित कर उनकी आय वृद्धि के अवसर सृजित करने के निर्देश भी दिए।
रेशम विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नर्सरियों की स्थिति एवं संचालित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने टसर एवं मलबरी रेशम उत्पादन की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसके क्षेत्र विस्तार के लिए सर्वे कर उपयुक्त स्थानों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी शासकीय फार्म्स में धागाकरण यूनिट प्रारंभ करने हेतु प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया, साथ ही कार्यरत स्व-सहायता समूहों की आय बढ़ाने के लिए ठोस पहल करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने जिले में लाख उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में ठोस पहल करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसके लिए सुव्यवस्थित कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए, ताकि इस क्षेत्र में आय सृजन के नए अवसर विकसित किए जा सकें।
कलेक्टर ने कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों को जिले में कृषि विकास की संभावनाओं पर गंभीरता व व्यक्तिगत रुचि के साथ कार्य करने तथा नवाचारों और वैज्ञानिक तकनीकों के माध्यम से किसानों को लाभान्वित करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं हेतु निर्देशित किया।
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे विभागीय योजनाओं की लक्ष्यपूर्ति के लिए पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। उन्होंने आगामी वित्तीय वर्ष के लिए ठोस और परिणाममुखी कार्ययोजना तैयार करने तथा परंपरागत योजनाओं के लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति हेतु अभी से तैयारी शुरू कर आवश्यक प्रकरण तैयार करने को कहा।

कलेक्टर श्री दुदावत ने डीएमएफ अंतर्गत आउटपुट एवं आउटकम आधारित कार्यों के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने, फील्ड स्तर पर वास्तविक आवश्यकताओं का आकलन करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचे। साथ ही उन्होंने डीएमएफ से स्वीकृत एवं अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा पूर्ण हो चुके कार्यों का तत्काल पूर्णता प्रमाण पत्र प्रेषित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी विभाग, रेशम, नोडल कोआपरेटिव बैंक, कृषि विज्ञान केंद्र सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

कोरबा
केंद्रीय विद्यालय संगठन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश की प्रक्रिया 20 मार्च से
कोरबा। केंद्रीय विद्यालय संगठन (मुख्यालय), नई दिल्ली द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा-1, बालवाटिका और अन्य उच्च कक्षाओं में प्रवेश हेतु आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। कक्षा-1 और बालवाटिका-1, 2 एवं 3 (चयनित विद्यालयों में) के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 20 मार्च 2026 को प्रातः 10ः00 बजे से प्रारंभ होगी और 02 अप्रैल 2026 तक जारी रहेगी। इच्छुक अभिभावक आधिकारिक पोर्टल https://admission.kvs.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी संगठन की वेबसाइट https://kvsangathan.nic.in पर उपलब्ध है।
केंद्रीय विद्यालय क्रमांक दो एनटीपीसी के प्राचार्य सुनील कुमार साहू से प्राप्त जानकारी के अनुसार केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा-1, बालवाटिका और अन्य उच्च कक्षाओं में प्रवेश हेतु आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। प्रवेष के लिए आयु की गणना 31 मार्च 2026 के आधार पर की जाएगी। कक्षा-1 में प्रवेश के लिए बच्चे की न्यूनतम आयु 06 वर्ष होनी अनिवार्य है। इसी प्रकार, बालवाटिका-1 के लिए आयु 3 से 4 वर्ष, बालवाटिका-2 के लिए 4 से 5 वर्ष और बालवाटिका-3 के लिए 5 से 6 वर्ष के बीच होनी चाहिए। सीटों का आरक्षण केवीएस के प्रवेश दिशा-निर्देशों 2026-27 के अनुसार सुनिश्चित किया जाएगा।
कक्षा-2 और उससे ऊपर की कक्षाओं (कक्षा-XI को छोड़कर) तथा बालवाटिका-2 व 3 (जहाँ ऑनलाइन माध्यम उपलब्ध नहीं है) के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया रिक्तियां होने की स्थिति में ही संचालित की जाएगी। इसके लिए ऑफलाइन मोड में आवेदन 02 अप्रैल 2026 प्रातः 10ः00 बजे से 08 अप्रैल 2026 सायं 4ः00 बजे तक किया जा सकेगा। विधिवत भरे हुए फॉर्म संबंधित केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य कार्यालय में जमा करने होंगे। इन कक्षाओं के लिए पंजीकरण प्रपत्रों और अन्य विवरणों की जानकारी संबंधित विद्यालयों की वेबसाइटों पर भी उपलब्ध कराई जाएगी।
संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि आवेदन पत्र में कोई भी गलत या भ्रामक जानकारी पाई जाती है, तो प्रवेश प्रक्रिया के दौरान या उसके पश्चात भी प्रवेश निरस्त कर दिया जाएगा। अभिभावकों को निर्देशित किया गया है कि वे प्राचार्य या प्रवेश प्रभारी से केवल विद्यालय द्वारा बुलाए जाने पर ही निर्धारित समय अंतराल में संपर्क करें।

कोरबा
सामान्य सभा की बैठक 20 मार्च को
कोरबा। जिला पंचायत कोरबा की सामान्य सभा की बैठक 20 मार्च को प्रातः 11 बजे जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित किया गया है।
बैठक में वनमंडल, लोक निर्माण, महिला एवं बाल विकास, कृषि विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा जिला पंचायत के वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट का अनुमोदन सहित अन्य विषयों पर चर्चा/समीक्षा होगी।

-
कोरबा2 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
Uncategorized6 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा2 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
-
कोरबा2 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
