Connect with us

कोरबा

कोरबा लोकसभा में 70.60 प्रतिशत हुआ मतदान:8 विधानसभा के 16 लाख से ज्यादा पंजीकृत मतदाताओं ने डाले वोट, 4 जून को आएगा रिजल्ट

Published

on

कोरबा

कोरबा लोकसभा सीट पर मंगलवार को मतदान हुआ। इस सीट पर कुल 70.60 % मतदान हुआ। लोकसभा चुनाव 2024 में कोरबा लोकसभा क्षेत्र से 27 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। 8 विधानसभा के 16 लाख से ज्यादा पंजीकृत मतदाताओं ने वोट डाल कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कोरबा में सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए थे। बता दें 4 जून को चुनाव के नतीजे जारी किए जाएंगे।

कोरबा लोकसभा सीट में शाम 5 बजे तक 70.60 % मतदान

छत्तीसगढ़ के कोरबा लोकसभा सीट पर शाम 5 बजे तक 70.60 मतदान हुआ है।

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने सपरिवार मतदान किया

 पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने सपरिवार मतदान किया। जयसिंह अग्रवाल ने के.एन. कालेज स्थित मतदान केन्द्र में लाईन में खडे़ होकर मतदान किया साथ में पूर्व महापौर रेणु अग्रवाल, पुत्र रिशु अग्रवाल एवं रोहित अग्रवाल ने मतदान किया।

उद्योग मंत्री ने अपने परिवार के साथ किया मतदान

वाणिज्य, उद्योग और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कोरबा विधानसभा अंतर्गत चारपारा कोहड़िया स्थित आत्मानंद स्कूल चारपारा मतदान केंद्र क्रमांक 76 में अपने परिवार के साथ वोट दिया। वोट देने के बाद मंत्री देवांगन ने सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि आप सभी अपने मत का शत-प्रतिशत सदुपयोग कर सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध भारत की नींव रखें।

एक ऐसी सरकार का चयन करें जो देश के विकास, सीमा की सुरक्षा, हमारी विरासतों के संरक्षण और राष्ट्रहित में दृढ़ निर्णय लेने की क्षमता रखती हो। आपका प्रत्येक वोट विकसित भारत की दिशा में एक मजबूत कदम होगा। अपने वोट के साथ-साथ, अपने परिवार और मित्रों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कोरबा लोकसभा में भाजपा के पक्ष में जबरदस्त माहौल है। कोरबा विधानसभा में भाजपा की सबसे बड़ी लीड रहेगी। सरोज पांडेय प्रचंड वोटों से जीत दर्ज़ करने जा रही हैं। प्रदेश की जनता मोदी जी के गारंटी और विष्णुदेव के सुशासन पर मुहर लगाने जा रही है।

जनता नेत्री व शेरनी को नहीं सहज व सरल ज्योत्सना महंत को चुनेगी
मतदान के प्रति भारी उत्साह

कोरबा लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों में मतदान के प्रति लोगों का रूझान बढ़ा है। भारी संख्या में लोग मतदान करने के लिए पहुंच रहे हैं। कोरबा लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी ज्योत्सना चरणदास महंत ने विभिन्न मतदान केन्द्रों में पहुंचकर आम जनता से मुलाकात की। इस दौरान ज्योत्सना महंत ने कहा कि मतदान के प्रति लोगों का उत्साह दिख रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीति, विचार व न्याय पत्र के प्रति जनता को पूर्ण विश्वास है। कांग्रेस के मुद्दे स्पष्ट है महंगाई-बेरोजगारी को कम करना, पेट्रोल-डीजल के दामों में हो रही वृद्धि को रोकने के लिए काम करना है। किसानों के लिए एमएसपी की गारंटी व मजदूरों को काम की गारंटी कांग्रेस दे रही है। ज्योत्सना महंत ने कहा कि जनता नेत्री व शेरनी को नहीं बल्कि सहज व सरल व्यक्तित्व को चुनेगी।
उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों में पहुंचने पर लोग बड़े प्रेम से मुलाकात करते हैं मुझे पूर्ण विश्वास है कि लोग मुझे पसंद करते हैं और कांग्रेस के पक्ष में वोट करेंगे। जनता समझ चुकी है कि जो गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों के बारे में सोचेगा उन्हें ही चुनेगी। मतदाता के लिए संदेश देते हुए ज्योत्सना महंत ने कहा कि मतदाताओं का एक-एक वोट कीमती है, जहां उनकी भलाई दिख रही हो वहां मतदान करें। उन्होंने कहा कि कर्म करना जरूरी है आज के जीवन में, जहां लोगों को अपने बच्चों का भविष्य उज्जवल दिख रहा है उसके पक्ष में मतदान करें। पहले से बहुत अच्छा माहौल है। कांग्रेस की सरकार बनते ही न्याय पत्र में किए गए सभी वादों को पूर्ण करेंगे।

​​​​शेराडांड मतदान केंद्र में शत-प्रतिशत हुआ मतदान

कोरिया जिले का शेराडांड मतदान केंद्र कोरबा लोकसभा सीट के अंतर्गत छत्तीसगढ़ का एकमात्र शत-प्रतिशत मतदान कराने वाला मतदान केंद्र बना। कोरिया जिले के सोनहत जनपद पंचायत में सुदूर वनांचल में स्थित मतदान केंद्र है। कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह ने समस्त मतदाताओं के प्रति लोकतंत्र में अपनी शत-प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए आभार व्यक्त किया है।

शेराडांड मतदान केंद्र प्रदेश का सबसे छोटा मतदान केंद्र है। यहां मात्र पांच मतदाता हैं। शेराडांड में मतदान के लिए पांच मतदान अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी जो सोमवार को केंद्र में पहुंच गए थे। साल 2008 में इस दूरस्थ क्षेत्र में मतदाताओं के लिए जब केंद्र बनाया गया था, तब यहां मात्र तीन वोटर थे।

कटघोरा विधायक ने भी किया मतदान

कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल सुबह 8 बजे रेलडबरी 227 प्राथमिक शाला में मतदान किया। इसके बाद उन्होंने लोगों से मतदान करने की अपील की। विधायक कटघोरा विधानसभा की मतदान केंद्र का भी दौरा कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश के मतदाता मोदी जी को चुनने के लिए आतुर है। कोरबा लोकसभा में सरोज पांडे चुनाव जीतकर आएंगे।

कोरबा कलेक्टर और SP ने किया मतदान

कोरबा कलेक्टर अजीत बसंत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत सीईओ, नगर पालिका निगम आयुक्त पहुंचे और रामपुर स्थित आदर्श मतदान केंद्र में मतदान किया।

कोरबा संसदीय क्षेत्र में मुख्य मुकाबला कांग्रेस की मौजूदा सांसद ज्योत्सना महंत और भाजपा प्रत्याशी सरोज पांडे के बीच माना जा रहा है। चुनाव को शांतिपूर्वक कराना प्रशासन जुटा है।

2019 का जनादेश

कांग्रेस के ज्योत्सना चरण दास को 5,23,410 वोट मिले (जीते) बीजेपी के ज्योति नंद दुबे को 4,97,061 वोट मिले जीजीपी के तुलेश्वर हीरासिंह को 37,417 वोट मिले

2014 का जनादेश

साल 2014 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के बंशीलाल महतो ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने अपने करीबी कांग्रेस प्रतिद्वंदी चरणदास महंत को हराया था। पिछले लोकसभा चुनाव में बंशीलाल महतो को 4 लाख 39 हजार दो वोट हासिल हुए थे, जबकि कांग्रेस के चरणदास महंत 4 लाख 34 हजार 737 वोट मिले थे।

कोरबा लोकसभा सीट पर पिछली बार 73.35 फीसदी मतदान हुआ था। हालांकि इस बार बीजेपी ने बंशीलाल महतो का टिकट काट दिया। उनकी जगह ज्योति नंद दुबे को चुनाव मैदान में उतारा है।

गोंगपा और बसपा ने भी उतारे प्रत्याशी

वहीं टक्कर देने के लिए गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के द्वारा भी अपने प्रत्याशी उतारे गए हैं। इनके अलावा 23 और भी प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। नामांकन प्रक्रिया के अंतिम चरण में नाम वापसी के बाद शेष बचे सभी 27 प्रत्याशियों को निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए।

कोरबा लोकसभा सीट पर 27 प्रत्याशी

  • ज्योत्सना चरणदास महंत, इंडियन नेशनल कांग्रेस
  • दुजराम बौद्ध, बहुजन समाज पार्टी
  • सरोज पांडे, भारतीय जनता पार्टी
  • कमल देव, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी
  • प्रशांत डेनियल, सर्वाआदि दल
  • प्रियंका पटेल,रिपब्लिकन पार्टी ऑफ़ इंडिया
  • रेखा तिवारी, छत्तीसगढ़ विकास गंगा राष्ट्रीय पार्टी आजाद समाज पार्टी
  • श्याम सिह मरकाम, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी
  • सुनील कुमार विश्वकर्मा, भारतीय जनता सेकुलर पार्टी
  • अमेरिका कराते, निर्दलीय
  • कल्याण सिंह तंवर, निर्दलीय
  • राजगुरु केवल गोस्वामी, निर्दलीय
  • कौशल्या बाई पोर्ते, निर्दलीय
  • जयचंद सोनपाकर, निर्दलीय
  • दिलीप मिरी, निर्दलीय
  • निर्दोष कुमार यादव, निर्दलीय
  • पालम सिंह, निर्दलीय
  • पुरुषोत्तम मानिकपुरी, निर्दलीय
  • प्रताप भान, निर्दलीय
  • महेंद्र कुमार श्रीवास, निर्दलीय
  • रमेश दास महंत, निर्दलीय
  • राजेश पांडे, निर्दलीय
  • शांति बाई मरावी, निर्दलीय
  • शिवपूजन सिंह, निर्दलीय
  • शेख रउफ, निर्दलीय
  • शोबरन सिंह सैमा, निर्दलीय
  • संतोष वर्मा, निर्दलीय
Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने की आवश्यक कार्रवाई

Published

on

आपातकालीन सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने हेतु की जा रही आवश्यक कार्यवाही

कोरबा। ग्राम लामपहाड़ में घटित सड़क दुर्घटना की घटना को जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा गंभीरता से लेते हुए तत्काल तथ्यात्मक जांच कराई गई। जांच हेतु खंड चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पताढ़ी को वस्तुस्थिति का परीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। संबंधित अधिकारियों से प्राप्त प्रतिवेदन एवं स्थल स्तर पर उपलब्ध जानकारी के परीक्षण उपरांत घटना से संबंधित वस्तुस्थिति स्पष्ट हुई है। साथ ही आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में सामने आई चुनौतियों के निराकरण हेतु आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है।
प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार 08 जून 2026 की रात्रि लगभग 8ः30 बजे ग्राम लामपहाड़ में एक बाइक दुर्घटना की सूचना सेक्टर मेडिकल ऑफिसर लेमरू को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों द्वारा उपलब्ध आपातकालीन संसाधनों के माध्यम से तत्काल कार्रवाई प्रारंभ की गई। इस दौरान लेमरू स्थित 108 एम्बुलेंस पूर्व से एक रेफर मरीज को कोरबा पहुंचाने के कार्य में लगी हुई थी तथा ड्यूटी अवधि पूर्ण होने एवं आवश्यक मानव संसाधन की अनुपलब्धता के कारण समय पर दुर्घटना स्थल तक नहीं पहुंच सकी।
जांच में यह भी पाया गया कि 108 एम्बुलेंस सेवा का संचालन संबंधित एजेंसी द्वारा किया जाता है। वर्तमान में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेमरू में अवस्थित 108 एम्बुलेंस की आवश्यकता पड़ने पर कॉल कंन्ट्रोल सेंटर रायपुर को कॉल करने पर कोरबा में पॉयलेट को सीधे कॉल लगने की सुविधा नहीं है। पॉयलेट के निजी नम्बर पर कॉल किया जाता है।  नेटवर्क सम्बन्धी समस्या के कारण कॉल कनेन्ट नही हो पाता है जिससे तत्कालीन अवधि में परेशानी का सामना करना पड़ता है।  इस संबंध में सेक्टर प्रभारी द्वारा तत्काल 108 सेवा के जिला समन्वयक से संपर्क कर स्थिति से अवगत कराया गया। लेमरू क्षेत्र में नेटवर्क संबंधी बाधाओं तथा द्वितीय व तृतीय पाली में डयूटी करने हेतु पर्याप्त पायलट एवं ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) की उपलब्धता नहीं होने से आपातकालीन सेवा संचालन में व्यावहारिक कठिनाइयां उत्पन्न हुईं।
दुर्घटना से प्रभावित व्यक्ति को तत्पश्चात 112 वाहन के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेमरू लाया गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान उसे मृत पाया गया। इसके बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को सुरक्षित रखकर उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई।
जांच प्रतिवेदन में यह स्पष्ट हुआ है कि 108 एम्बुलेंस सेवा एक सतत (24×7) आपातकालीन सेवा है, जिसके सुचारू संचालन के लिए प्रत्येक शिफ्ट में पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध होना आवश्यक है। संबंधित एजेंसी द्वारा तीनों पालियों के लिए पृथक-पृथक पायलट एवं ईएमटी की व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण उक्त स्थिति निर्मित हुई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा 108 संजीवनी एक्सप्रेस के जिला समन्वयक से स्पष्टीकरण प्राप्त करने की कार्रवाई की गई है। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेमरू में संचालित नवीन 108 संजीवनी एक्सप्रेस के लिए तीनों शिफ्टों में पृथक पायलट एवं ईएमटी की नियुक्ति सुनिश्चित करने हेतु उप संचालक (108), संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, रायपुर को पत्र प्रेषित किया गया है।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और गुणवत्ता को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जा रही है। घटना के संबंध में प्राप्त तथ्यों के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कदम प्रारंभ कर दिए गए हैं, ताकि भविष्य में किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों को और अधिक त्वरित एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहित से जुड़े प्रत्येक मामले में संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना उसकी सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा स्वास्थ्य सेवाओं के निरंतर सुदृढ़ीकरण की दिशा में प्रभावी प्रयास जारी है।

Continue Reading

कोरबा

मछलियों के संरक्षण हेतु 15 अगस्त तक बंद ऋतु घोषित

Published

on

मत्स्य आखेट पर रहेगा प्रतिबंध,

प्रतिबंधित अवधि पर मछली पकड़ने पर देना होगा 25 हजार रूपये जुर्माना

कोरबा। जिले में वर्षा ऋतु में मछलियों की वंश वृद्धि को ध्यान में रखकर उनके संरक्षण के लिए छत्तीसगढ़ नदीय मत्स्योद्योग अधिनियम के तहत 16 जून से 15 अगस्त तक की अवधि को बंद ऋतु (क्लोज सीजन) घोषित किया गया है। इस अधिनियम के अंतर्गत जिले के सभी तालाबों एवं जल स्त्रोतों जिनका संबंध नदी नालों से नहीं है, के अतिरिक्त जलाषयों में किये जा रहे केज कल्चर को छोड़कर सभी प्रकार के जल संसाधनों में मत्स्याखेट कार्य 16 जून से 15 अगस्त 2026 तक पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
सहायक संचालक मछली पालन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार नियमों का उल्लंघन करने तथा अपराध सिद्ध होने पर छत्तीसगढ़ राज्य मत्स्य क्षेत्र अधिनियम के तहत 25 हजार रूपए का जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि उक्त नियम केवल छोटे तालाब या अन्य जल स्रोत जिनका संबंध किसी नदी-नाले से नहीं है और उनके अतिरिक्त जलाशय जिनमें केज कल्चर का कार्य किया जा रहा है, उनमें मत्स्य अधिनियम लागू नहीं होंगे।

Continue Reading

कोरबा

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के संबंध में बैठक 16 को

Published

on

कोरबा। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 28 जून 2026 के संबंध में कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक कलेक्टोरेट सभा कक्ष में दोपहर 01 बजे आयोजित की गई है। सर्व संबंधितों को बैठक में उपस्थित होने कहा गया है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677