कोरबा
छत्तीसगढ़ महतारी के अपमान पर विरोध प्रदर्शन:जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी, क्रांति सेना ने दीपका थाना में FIR की मांग की
कोरबा। कोरबा में 7 नवंबर को जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने छत्तीसगढ़ महतारी के अपमान के विरोध में प्रदर्शन किया। दोनों संगठनों ने दीपका थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा और सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने वाले दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
यह ज्ञापन रायगढ़ निवासी आशीष अग्रवाल उर्फ जिमी अग्रवाल, दीपक लालवानी, विनोद पांडा और राजेश उदासी के विरुद्ध सौंपा गया है। इन व्यक्तियों पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर छत्तीसगढ़ महतारी और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के पदाधिकारियों के प्रति अभद्र, आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियां करने का आरोप है।

संगठनों ने छत्तीसगढ़ की शांति भंग करने की साजिश बताया
संगठनों का कहना है कि इन टिप्पणियों से प्रदेश के तीन करोड़ छत्तीसगढ़ियों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ की सामाजिक सौहार्द्रता और शांति को भंग करने की साजिश बताया है।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के कोरबा जिला अध्यक्ष जैनेंद्र कुर्रे, दीपका खंड महासचिव महावीर यादव, और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के जिला अध्यक्ष सुरजीत सोनी ने संयुक्त रूप से अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ महतारी का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर प्रदेश के माहौल को खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।


प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की
नेताओं ने आगे कहा, आशीष अग्रवाल, दीपक लालवानी, विनोद पांडा और राजेश उदासी जैसे लोग छत्तीसगढ़ के सामाजिक ताने-बाने को तोड़ने का दुस्साहस कर रहे हैं। इनके शब्द पूरे छत्तीसगढ़ समाज की गरिमा और छत्तीसगढ़ महतारी की मर्यादा पर सीधा प्रहार हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई और उदाहरण स्वरूप दंडित करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।
इस दौरान जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने दीपका थाना के समक्ष उग्र प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपियों पर अविलंब प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की अपनी मांग दोहराई।
कोरबा
जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में संगठन को मिल रही नई दिशा, भिलाई बाजार मंडल की कार्यसमिति बैठक संपन्न
भाजपा भिलाई बाजार मंडल की कार्यसमिति एवं मासिक बैठक संपन्न, बूथ सशक्तिकरण पर विशेष जोर
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार एवं जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के मार्गदर्शन में संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के उद्देश्य से भाजपा भिलाई बाजार मंडल द्वारा रलिया स्थित मंडल कार्यालय में मंडल कार्यसमिति एवं मासिक बैठक का सफल आयोजन किया गया। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ। मंडल अध्यक्ष दिनेश राठौर ने स्वागत उद्बोधन देते हुए उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। बैठक में संगठनात्मक विषयों, बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साथ ही कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाकर जनता से सतत संवाद बनाए रखें : अर्जुन गुप्ता
मंडल प्रभारी अर्जुन गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने तथा जनता के बीच निरंतर संवाद एवं संपर्क बनाए रखने पर बल दिया। आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से पूर्ण समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आग्रह किया।
भाजपा कार्यकर्ता संगठन की शक्ति, जनता के बीच बढ़ाएं संपर्क : शैलेंद्र यादव
वहीं मंडल सह प्रभारी शैलेंद्र यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की विचारधारा, रीति-नीति एवं जनसेवा के कार्यों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित और समाजहित को सर्वोपरि मानते हुए संगठन को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।
कार्यकर्ताओं का समर्पण, परिश्रम और सक्रियता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं – दिनेश राठौर
मंडल अध्यक्ष दिनेश राठौर ने कहा कि कि कार्यकर्ताओं का समर्पण, परिश्रम और सक्रियता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं साथ ही उन्होंने संगठन हित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
विनोद कुमार यादव ने रखा राजनीतिक प्रस्ताव, कार्यकर्ताओं ने हाथ उठाकर किया समर्थन
मंडल प्रभारी अर्जुन गुप्ता एवं मंडल सह प्रभारी शैलेंद्र यादव के मार्गदर्शन में जिला पंचायत सदस्य तथा संचार एवं संकर्म समिति के सभापति विनोद कुमार यादव ने राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत किया। प्रस्ताव पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से हाथ उठाकर समर्थन व्यक्त किया और संगठन की नीतियों एवं आगामी कार्यक्रमों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इनकी गरिमामय उपस्थिति में आयोजित हुई बैठक
बैठक में जिला मीडिया प्रभारी एवं मंडल प्रभारी अर्जुन गुप्ता, जिला सह मीडिया प्रभारी एवं सह मंडल प्रभारी शैलेंद्र यादव, जिला पंचायत सदस्य एवं संचार एवं संकर्म समिति के सभापति विनोद कुमार यादव, मंडल अध्यक्ष दिनेश राठौर, मंडल महामंत्री हेमंत तिवारी, प्रताप सिंह कंवर, जिला मीडिया सह प्रभारी संजय राठौर, जिला सोशल मीडिया सहसंयोजक नीरज ठाकुर, मंडल उपाध्यक्ष बेबी सिंह तंवर, रठलाल पाटले, अशोक राजवाड़े, मणिशंकर पाटले, रविन्द्र राठौर (सचिन), रमेश यादव, देशु पटेल, प्रवीण कुर्रे, गिरजा बिझबार, मनाराम दियार, जितेंद्र राठौर, समयलाल पाटले, शिवरतन राठौर, अर्जुन लाल राठौर, गोपाल विंध्यराज, मीरा जायसवाल, राजकुंवर, शगुनबाई, नौनीबाई, सनबाई, शांति दास, अमीतदास, पप्पू राठौर, राजेन्द्र कुमार, अमीत दास, चैतु यादव, सजन कुमार, नरोत्तम राजवाड़े, लक्ष्मी नारायण, विवेक राजवाड़े, लंबोदर कश्यप, प्रेम सागर व दिलहरण विश्वकर्मा सहित मंडल पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के दौरान संगठन विस्तार, आगामी गतिविधियों की रूपरेखा एवं बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
संगठनात्मक बैठक का सफल संचालन हेमंत तिवारी ने किया, प्रताप सिंह कंवर ने जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में मंडल महामंत्री प्रताप सिंह कंवर ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया, जबकि बैठक का सफल संचालन मंडल महामंत्री मिलाप ने किया। उत्साहपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई इस बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा भाजपा की विचारधारा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कोरबा
SECL की खदानों में ठेका श्रमिकों का बड़ा शोषण, राष्ट्रीय कालरी वर्कर्स फेडरेशन ने मुख्य श्रम आयुक्त से की शिकायत
व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्यदशा संहिता (OSHW Code) 2020 की धारा 57 का खुला उल्लंघन, मुख्य गतिविधियों (Core Activities) में ठेका श्रमिकों की अवैध तैनाती का आरोप
30 वर्षों तक के लंबे ठेके देकर कानून से धोखाधड़ी, RCWF ने की सभी पीड़ित श्रमिकों को नियमित (Regularize) करने की मांग
कोरबा। राष्ट्रीय कालरी वर्कर्स फेडरेशन (RCWF) ने कोल इंडिया लिमिटेड की सहायक कंपनी साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) और उसके अधीन काम करने वाले दर्जनों निजी ठेकेदारों के खिलाफ एक बड़ा मोर्चा खोल दिया है। फेडरेशन ने मुख्य श्रम आयुक्त केंद्रीय भारत सरकार के समक्ष एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराकर SECL की विभिन्न भूमिगत (Underground) और खुली (Opencast) खदानों में चल रहे गंभीर श्रम उल्लंघनों और श्रमिकों के शोषण को उजागर किया है ।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि SECL प्रबंधन और निजी ठेकेदार केंद्र सरकार के व्यवसायिक सुरक्षा स्वास्थ्य और कार्यदशा संहिता 2020 (OSHW Code 2020) तथा मजदूरी संहिता (Code on Wages) 2019 की धज्जियां उड़ा रहे हैं ।

मुख्य आरोप और कानून का उल्लंघन
मुख्य गतिविधियों (Core Activities) में अवैध तैनाती:- OSHW कोड 2020 की धारा 57 के तहत किसी भी प्रतिष्ठान के मुख्य कार्यों में ठेका श्रमिकों को रखना सख्त प्रतिबंधित है इसके बावजूद SECL द्वारा कोयला निष्कर्षण कोयला काटना लोडिंग छत को सहारा देना (Roof support) और भारी अर्थ-मूविंग मशीनरी चलाने जैसे अत्यधिक जोखिम भरे और मुख्य कार्यों में बड़े पैमाने पर ठेका श्रमिक लगाए जा रहे हैं ।
०२. 30 साल तक के लंबे और संदेहास्पद अनुबंध:- टेक्नो ब्लास्ट माइनिंग जॉय माइनिंग चेन्नई राधा इंजीनियरिंग वर्क्स (CREW), सिनचैती नीलकंठ इन्फ्रा सहित कई कंपनियों को 6 से लेकर 30 वर्षों तक के दीर्घकालिक ठेके दिए गए हैं RCWF का कहना है कि इतने लंबे समय के अनुबंध यह साबित करते हैं कि यह कार्य स्थायी (Permanent & Perennial) प्रकृति का है जिसे छुपाने के लिए कानून के साथ धोखाधड़ी (Sham Contract) की जा रही है ।
०३. नियुक्ति पत्र से वंचित और कम मजदूरी:- OSHW कोड की धारा 6 का उल्लंघन करते हुए हजारों श्रमिकों को कोई नियुक्ति पत्र (Appointment Letter) नहीं दिया गया है जिससे उनका रोजगार असुरक्षित है साथ ही धारा 8 और वेज कोड 2019 का उल्लंघन कर नियमित कर्मचारियों के मुकाबले इन ठेका श्रमिकों को बेहद कम मजदूरी दी जा रही है ।
सभी श्रमिकों को सीधे परमानेंट (नियमित) करने की मांग
माननीय सर्वोच्च न्यायालय के स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) बनाम नेशनल यूनियन वॉटरफ्रंट वर्कर्स (2001) के ऐतिहासिक फैसले का हवाला देते हुए RCWF के नेता भागवत प्रसाद दुबे ने स्पष्ट किया है कि जहां कानून का उल्लंघन करके मुख्य गतिविधियों में ठेका श्रमिक लगाए जाते हैं वहां वह अनुबंध कानूनी रूप से शून्य (Nullity) माना जाता है ऐसे में ये सभी श्रमिक स्वतः ही मुख्य नियोक्ता (SECL) के सीधे कर्मचारी माने जाते हैं हमारी मांग है कि इन सभी श्रमिकों को उनकी प्रारंभिक नियुक्ति की तारीख से वेतन संरक्षण वरिष्ठता पीएफ ग्रेच्युटी और चिकित्सा लाभ के साथ SECL का नियमित कर्मचारी बनाया जाए ।
मुख्य श्रम आयुक्त से की गई मांग
SECL खदानों की मुख्य गतिविधियों में चल रहे ठेका श्रम की तुरंत गहन जांच और निरीक्षण कराया जाए OSHW कोड की धारा 104 के तहत दोषी SECL प्रबंधन और ठेकेदारों के खिलाफ 2 साल तक की कैद और रू. 5 लाख तक के जुर्माने की दंडात्मक कार्रवाई शुरू की जाए समान कार्य के लिए समान वेतन के सिद्धांत पर ठेका श्रमिकों को नियमित कर्मचारियों के बराबर मजदूरी और पुराने बकाए (Arrears) का भुगतान सुनिश्चित किया जाए मुख्य गतिविधियों के लिए चल रहे मौजूदा ठेकों के नवीनीकरण और नए टेंडरों पर तुरंत रोक लगाई जाए ।
इस शिकायत की प्रतियां केंद्रीय श्रम सचिव भारत सरकार, अध्यक्ष कोल इंडिया लिमिटेड, सीएमडी SECL बिलासपुर, आर.एल.सी. बिलासपुर और डी.जी.एम.एस. धनबाद को भी आवश्यक एवं त्वरित कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई हैं फेडरेशन ने चेतावनी दी है कि यदि इस गंभीर शोषण पर तुरंत लगाम नहीं लगाई गई तो श्रमिक हितों की रक्षा के लिए आंदोलन को और उग्र किया जाएगा ।
कोरबा
ओवरस्पीडिंग व नशे में वाहन चलाने वालों पर अभियान चलाकर करें कार्रवाई – कलेक्टर
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु चिन्हित स्थलों पर प्राथमिकता से सुधार कार्य करने के दिए निर्देश
स्कूल कॉलेज में व्यापक स्तर पर यातायात जागरूकता व प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के दिए निर्देश
ग्रामीण क्षेत्रो में हेलमेट रैली, नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियों से यातायात जागरूकता बढ़ाने किया निर्देशित
दुर्घटना नियंत्रण व सुरक्षित यातायात के लिए कलेक्टर ने ली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक
कोरबा। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण तथा यातायात नियमों के बेहतर पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा आवश्यक सुधारात्मक उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर श्री दुदावत ने पूर्व बैठक में लिए गए निर्णयों एवं दिए गए निर्देशों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा के सभी पहलुओं पर गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना नियंत्रण के लिए विभागीय समन्वय, सतत निगरानी और समयबद्ध कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करें, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने हेतु किए जाने वाले सुधारात्मक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट व दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर आवागमन को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए झाड़ियों की नियमित सफाई, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने, क्षतिग्रस्त एवं निम्न स्तर के रोड शोल्डर की मरम्मत, रेडियमयुक्त चेतावनी एवं संकेतक बोर्ड लगाने, स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप निर्माण तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कोयला एवं फ्लाई ऐश परिवहन मार्गों पर धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी छिड़काव करने तथा आवश्यक सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को भी कहा। साथ ही कटघोरा अंबिकापुर मार्ग में गुरसिया से घाट के मध्य स्थित तीव्र मोड़ों (शार्प टर्न) एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर सड़क सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक स्थानों पर रंबल स्ट्रिप, रोड शोल्डर एवं क्रैश बैरियर स्थापित कर यातायात को सुरक्षित एवं सुगम बनाने की कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने निर्देशित किया।

कलेक्टर ने बैठक में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ओवरस्पीड वाहन संचालन, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट के वाहन संचालित करने, नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़े करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती बरतते हुए नियमित जांच एवं निगरानी की जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को स्कूलों एवं कॉलेजों में व्यापक स्तर पर यातायात जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शाला प्रवेशोत्सव के साथ सड़क सुरक्षा जागरूकता गतिविधियों के आयोजन हेतु वार्षिक कैलेंडर तैयार कर समयबद्ध कार्यक्रम निर्धारित करने को कहा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों, महाविद्यालयों, एनसीसी एवं स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं की सहभागिता से हेलमेट रैली, निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक तथा अन्य जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने रूमगरा से बजरंग चौक मार्ग में सड़क निर्माण में अपेक्षित प्रगति नही होने पर कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग को नोटिश जारी करने एवं ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात जागरूकता अभियान की धीमी प्रगति पर सभी जनपद सीईओ को नोटिश जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, ओएसडी तरुण कुमार किरण, प्रभारी एसपी लखन पटले, जिला परिवहन अधिकारी अतुल कुमार असैय्या सहित पीडब्ल्यूडी, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, एसईसीएल, बालको सहित विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के अधिकारी उपस्थित रहे।
-
Uncategorized8 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा3 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
