Connect with us

कोरबा

दुघर्टना के कारण बनने वाले स्थानों को ठीक करें निर्माण एजेंसीः कलेक्टर

Published

on

जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित

दुर्घटना-मुक्त कोरबा की दिशा में बड़ा कदम : जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर ने दिए कड़े निर्देश

कोरबा। जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सड़क सुरक्षा प्रबंधन को मजबूत बनाने हेतु कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की उपस्थिति में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटना नियंत्रण और सुधारात्मक उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए त्वरित एवं ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस विभाग, पीडब्ल्यूडी, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, परिवहन विभाग, एसईसीएल, बालको सहित विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के अधिकारी उपस्थित रहे।

ब्लैक स्पॉट पर त्वरित सुधार कार्य के निर्देश
कलेक्टर श्री दुदावत ने चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों में आवागमन सुगम बनाने हेतु पेड़ों की कटाई, झाड़ियों की सफाई, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने, सोल्डर क्षेत्र को भरने, रेडियम युक्त संकेतक बोर्ड लगाने, रंबल स्ट्रिपर, प्रकाश व्यवस्था सुधार एवं नियमित पानी छिड़काव के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण एजेंसियाँ और सार्वजनिक उपक्रम निर्धारित समय एक सप्ताह में सभी कार्य पूर्ण करें, अन्यथा दुर्घटना की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
भीड़भाड़ एवं संवेदनशील मार्गों की समीक्षा
बैठक में बैरा घाट, पोडीकला घाट, लैंगा स्कूल मार्ग, कुकरीचोली-भैसमा रोड, भैसमा-सक्ती मोड़, उरगा चौक-कोरबा रोड, राताखार-जोड़ा पुल, बालको ऐश डेक रोड, गोपालपुर-छुरीकला, दीपका गौरव पथ सहित जिले के अत्यधिक व्यस्त एवं संवेदनशील मार्गों की समीक्षा की गई। प्रस्तुत रिपोर्ट में बताया गया कि कई स्थानों पर सड़क चौड़ीकरण, मोड़ सुधार, क्रैश बैरियर, रिफ्लेक्टर और अन्य इंजीनियरिंग सुधार कार्य पूर्ण होने के साथ कई कार्य प्रगति पर हैं। कलेक्टर ने बैरा घाट और पोडीकला घाट जैसे जोखिमपूर्ण इलाकों में दुर्घटनाओं का कारण बनने वाले वृक्षों की कटाई के लिए वन विभाग कटघोरा को निर्देशित किया। साथ ही सड़क सुरक्षा, ढाल सुधार, कटाव रोकथाम और किनारों की मजबूती पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों के समीप स्थित सड़क मार्गों पर विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संकेतक बोर्ड, स्पीड कंट्रोल उपाय और आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
भारी वाहनों के चालकों का नियमित नेत्र परीक्षण अनिवार्य
पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने एसईसीएल, बालको तथा सभी सार्वजनिक उपक्रमों को वर्ष में दो बार नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। परिवहन अधिकारी को इस संबंध में सभी उपक्रमों को पत्र जारी करने के लिए कहा गया।
पानी छिड़काव एवं धूल नियंत्रण के निर्देश
कोयला एवं फ्लाई ऐश परिवहन मार्गों सहित गोपालपुर-छुरीकला, बालको-दर्री डेम मार्ग पर नियमित पानी छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों की मरम्मत शीघ्र कराएं
कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी सेतु विभाग को जिले के सभी पुल-पुलियों का सर्वे कराकर क्षतिग्रस्त बैरिकेडिंग, गड्ढों सहित अन्य मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। परिवहन अधिकारी को प्रमुख मार्गों के पुल-पुलियों की सूची तैयार करने को कहा गया।
ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई
कलेक्टर ने ओवरलोड वाहनों की नियमित जांच के निर्देश देते हुए परिवहन अधिकारी को उड़नदस्ता दल को सक्रिय रूप से कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
आपातकालीन सहायता फंड की व्यवस्था
उन्होंने आरटीओ को सड़क सुरक्षा समिति के नाम से बैंक खाता खोलने तथा कंपनियों एवं परिवहनकर्ताओं के सहयोग से आपातकालीन दुर्घटनाओं में पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने हेतु राशि संग्रह करने के निर्देश दिए।
हिट एंड रन पीड़ितों को सहायता दिलाने के निर्देश
कलेक्टर ने हिट एंड रन मामलों में पीड़ित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने तथा इस योजना के तहत मृत्यु पर दो लाख रुपये तक की सहायता राशि की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। इसके तहत बैनर-पोस्टर जनपद कार्यालयों एवं थानों में लगाए जाएंगे।
जन-जागरूकता गतिविधियों को गति देने के निर्देश
उन्होंने निबंध, क्विज, नुक्कड़ नाटक आदि माध्यमों से विद्यार्थियों एवं नागरिकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।
अंत में कलेक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। सभी विभाग निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करें, संवेदनशील स्थलों की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी का उत्तरदायित्व तय किया जाएगा।
बैठक में आयुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, ओएसडी तरुण कुमार किरण, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव, सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले, परिवहन अधिकारी विवेक सिन्हा, पीडब्ल्यूडी ईई जी.आर. जांगड़े सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

छत्तीसगढ़ में 10 जिलों के DEO बदले:13 प्राचार्यों और अधिकारियों का तबादला, बिलासपुर-सरगुजा के प्रभारी उपसंचालक भी बदले गए

Published

on

रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रशासनिक आधार पर 13 प्राचार्यों और अधिकारियों का तबादला किया गया है। विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। आदेश के तहत संभागीय संयुक्त संचालक और जिला शिक्षा अधिकारी स्तर के अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किया गया है।

इस फेरबदल में बिलासपुर और सरगुजा संभाग के प्रभारी उप संचालकों की अदला-बदली की गई है। इसके अलावा बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सूरजपुर, दुर्ग, मुंगेली, बलौदाबाजार-भाटापारा और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई समेत कई जिलों में DEO स्तर पर जिम्मेदारियां बदली गई हैं।

बिलासपुर-सुरगुजा संभाग प्रभारी उप संचालकों की अदला-बदली

आदेश के अनुसार राजेश सिंह प्रभारी उप संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर को सरगुजा संभाग के प्रभारी उप संचालक के पद पर पदस्थ किया गया है। उन्हें संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग सरगुजा का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

वहीं अश्वनी भारद्वाज प्रभारी उप संचालक, शिक्षा संभाग सरगुजा को बिलासपुर संभाग का प्रभारी उप संचालक बनाया गया है। उन्हें संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

जिला शिक्षा अधिकारियों की भी बदली जिम्मेदारी

ए.के. सिन्हा, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी जांजगीर-चांपा को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी सूरजपुर बनाया गया है। वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला खिसोरा, बलौदा के प्राचार्य मनोहर प्रताप सिंह को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी जांजगीर-चांपा की जिम्मेदारी दी गई है।

लोक शिक्षण संचालनालय, नवा रायपुर में सहायक संचालक जगजीत धीर को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी दुर्ग बनाया गया है। इसी तरह प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी मुंगेली *एल.पी. डहीरे* को सहायक संचालक, संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग बिलासपुर के कार्यालय में पदस्थ किया गया है।

डॉ. मोहन लाल पटेल प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजेन्द्र नगर, बिलासपुर को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी मुंगेली की जिम्मेदारी दी गई है।

बिलासपुर, बलौदाबाजार समेत कई जिलों में नए प्रभारी DEO

प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर रामेश्वर जायसवाल को प्रतिनियुक्ति पर लेते हुए जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा जांजगीर-चांपा बनाया गया है। वहीं संदीप कुमार पांडे प्राचार्य, कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी करतला, को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर की जिम्मेदारी मिली है।

उपेंद्र कुमार देवांगन, प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला विचारपुर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी खैरागढ़-छुईखदान-गंडई बनाया गया है। शिव कुमार गेंदले प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला धरमपुरा, मुंगेली को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बलौदाबाजार-भाटापारा बनाया गया है।

मोहला-मानपुर और खैरागढ़ में भी बदलाव

पुरुषोत्तम लाल साहू प्राचार्य शासकीय कन्या शिक्षा परिसर चौकी, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी को इसी जिले का प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बनाया गया है। वहीं वर्तमान प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी योगदास साहू को प्रतिनियुक्ति पर लेकर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में प्राचार्य बनाया गया है।

Continue Reading

कोरबा

जनता प्राथमिक उपभोक्ता भंडार सहकारी समिति नगोईखार का मतदाता सूची प्रकाशित

Published

on

दावा- आपत्ति 15 सितंबर तक आमंत्रित

कोरबा 09 सितंबर 2026। जनता प्राथमिक उपभोक्ता भंडार सहकारी समिति मर्यादित नगोईखार पंजीयन क्रमांक 3584 के सदस्यों के मतदाता सूची को अंतिम रूप देने के लिए मतदाता सूची प्रकाशित किया गया है। मतदाता सूची के संबंध में सदस्यों से दावा-आपत्ति 15 सितंबर 2026 तक आमंत्रित किया गया है।
रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्रीमती सुष्मिता लकड़ा ने बताया कि दावा- आपत्ति लिखित में मय प्रमाण के साथ सोसायटी कार्यालय नगोईखार में समिति प्रबंधक विजय कुमार अग्रवाल के पास  15 सितंबर 2026 तक कार्यालयीन समय पर  प्रस्तुत किया जा सकता है। दावा- आपत्तियों का निराकरण 16 सितंबर को 12 बजे से किया जायेगा। निराकरण उपरांत अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

Continue Reading

कोरबा

रोजगार मेला के आयोजन हेतु नियोजकों से रिक्त पदों की मंगाई गई जानकारी

Published

on

कोरबा 09 सितंबर 2026। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कोरबा के माध्यम से जिला स्तरीय ”रोजगार मेला“ का आयोजन शासकीय ई.व्ही.पी.जी.कॉलेज, कोरबा में किया जायेगा। जो नियोजक अपने संस्थाओं के रिक्त पदों को रोजगार मेला के माध्यम से पूर्ति करना चाहते हैं, वे अपने रिक्त पदों की जानकारी 15 सितंबर 2026 तक रोजगार कार्यालय कोरबा के ई-मेल पर उपलब्ध करा सकते हैं या जिला रोजगार कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। ताकि जिला स्तरीय ”रोजगार मेला“ में  शामिल किया जा सके।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677