गोयल ने कनाडा के निवेशकों को स्वच्छ ऊर्जा, AI क्षेत्र में भागीदारी के लिए आमंत्रित किया
नई दिल्ली, एजेंसी। भारत और कनाडा के बीच निवेश सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कनाडा के प्रमुख पेंशन कोष, सॉवरेन और संस्थागत निवेशकों के साथ बैठकें कीं। इन बैठकों में गोयल ने निवेशकों को भारत के साथ स्वच्छ ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, डिजिटल ढांचे, कृत्रिम मेधा (एआई) और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में भागीदारी का न्योता दिया। मंत्री तीन दिन आधिकारिक यात्रा पर कनाडा में हैं।

गोयल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ”कनाडा-भारत निवेश गोलमेज’ की कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू के साथ अध्यक्षता की।” इस दौरान उन्होंने भारत में निवेश के बढ़ते अवसरों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में गोयल ने कहा कि भारत बुनियादी ढांचे, वित्तीय क्षेत्र सुधारों और कारोबार सुगमता पर लगातार काम कर रहा है, जिससे वैश्विक निवेशकों के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्होंने निवेशकों को स्वच्छ ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, डिजिटल ढांचे, एआई और विनिर्माण क्षेत्रों में भारत के साथ साझेदारी के लिए आमंत्रित किया। गोयल ने कई प्रमुख कारोबारी दिग्गजों के साथ भी द्विपक्षीय बैठकें कीं।
इनमें फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंगस के वी प्रेम वत्स, मनुलाइफ फाइनेंशियल कॉरपोरेशन के अध्यक्ष और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) फिलिप विदरिंगटन, सनलाइफ कनाडा के अध्यक्ष और सीईओ केविन स्ट्रेन, टोरंटो डोमिनियन बैंक ग्रुप के अध्यक्ष और सीईओ रेमंड चुन, नियो परफार्मेंस मैटिरियल्स के अध्यक्ष और सीईओ रहीम सुलेमान और मैक्केन फूड्स के अध्यक्ष और सीईओ मैक्स कोइयून शामिल हैं। गोयल ने कहा, ”विशेष रूप से सनलाइफ फाइनेंशियल के प्रमुख केविन स्ट्रेन के साथ हुई बैठक में बीमा, सेवानिवृत्ति समाधान, स्वास्थ्य वित्तपोषण और भारत के तेजी से बढ़ते वित्तीय सेवा क्षेत्र में दीर्घकालिक निवेश के अवसरों पर चर्चा हुई।”