Connect with us

बेंगलुरु लगातार दूसरी बार IPL चैंपियन:गुजरात को 5 विकेट से हराया; कोहली ने छक्का लगाकर जीत दिलाई, रसिख को 3 विकेट

अहमदाबाद,एजेंसी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने लगातार दूसरी बार IPL जीत लिया है। उसने रविवार को फाइनल में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराया। विराट कोहली ने 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। कोहली 75 रन पर नाबाद लौटे। विराट को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

बेंगलुरु ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी। गुजरात ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 155 रन बनाए। 156 रन का टारगेट बेंगलुरु ने 18 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

बेंगलुरु ने 2025 में इसी मैदान पर पंजाब किंग्स को हराकर खिताब जीता था। वह लगातार दो IPL ट्रॉफी जीतने वाली तीसरी टीम बन गई है। चेन्नई सुपरकिंग्स और मुंबई इंडियंस भी ऐसा कर चुकी हैं।

ट्रॉफी के साथ चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम।

ट्रॉफी के साथ चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम।

RCB के खिलाड़ियों के परिवार वालों ने भी ट्रॉफी के साथ फोटो खिंचवाई।

RCB के खिलाड़ियों के परिवार वालों ने भी ट्रॉफी के साथ फोटो खिंचवाई।

ट्रॉफी के साथ RCB के सभी प्लेयर्स।

ट्रॉफी के साथ RCB के सभी प्लेयर्स।

कोहली-वेंकटेश के बीच 62 रन की पार्टनरशिप

156 रन के टारगेट का पीछा करते हुए RCB को वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली ने तेज शुरुआत दिलाई। अय्यर ने 16 गेंदों में 32 रन बनाए, जबकि कोहली ने शुरुआत से ही पारी को संभाले रखा। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 27 बॉल में 62 रन की साझेदारी हुई। देवदत्त पडिक्कल (1), रजत पाटीदार (15) और क्रुणाल पंड्या (1) जल्दी आउट हुए, लेकिन कोहली ने दूसरे छोर से रन बनाना जारी रखा।

टिम डेविड ने 17 गेंदों में 24 रन की पारी खेलकर कोहली का साथ दिया। अंत में जितेश शर्मा (11*) के साथ कोहली ने टीम को जीत तक पहुंचाया। कोहली 42 गेंदों में 75 रन बनाकर नाबाद रहे।

सुंदर का अर्धशतक, रसिख को 3 विकेट

गुजरात टाइटंस की शुरुआत खराब रही और टीम ने 55 रन तक अपने 3 विकेट गंवा दिए थे। कप्तान शुभमन गिल (10), साई सुदर्शन (12) और निशांत सिंधु (20) जल्दी आउट हो गए। इसके बाद जोस बटलर (19) भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। हालांकि, वॉशिंगटन सुंदर ने एक छोर संभालते हुए 37 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाए। अरशद खान (15) व जेसन होल्डर (7) के साथ छोटी-छोटी साझेदारियां कर टीम को 20 ओवर में 155/8 तक पहुंचाया।

RCB के लिए रसिख सलाम सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 27 रन देकर 3 विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने 2-2 विकेट झटके, जबकि क्रुणाल पंड्या को 1 सफलता मिली।

सूर्यवंशी को ऑरेंज कैप मिला

वैभव सूर्यवंशी को ऑरेंज कैप मिला। उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाए हैं, जो इस सीजन किसी भी बल्लेबाज के सबसे ज्यादा रन हैं। सूर्यवंशी के बाद गुजरात टाइटंस के शुभमन गिल (732 रन) और साई सुदर्शन (722 रन) हैं। दोनों बैटर आउट हो चुके हैं।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

गुजरात: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, राहुल तेवतिया, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, कगिसो रबाडा, अरशद खान और मोहम्मद सिराज। इम्पैक्ट प्लेयर: प्रसिद्ध कृष्णा।

बेंगलुरु: विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार, जितेश शर्मा, टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, रोमारियो शेफर्ड, जैकब डफी, जोश हेजलवुड और रसिख सलाम। इम्पैक्ट प्लेयर: वेंकटेश अय्यर।

इनिंग ब्रेक के दौरान म्यूजिकल शो हुआ। इसमें कैलाश खेर ने परफॉर्म किया।

इनिंग ब्रेक के दौरान म्यूजिकल शो हुआ। इसमें कैलाश खेर ने परफॉर्म किया।

Advertisement

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677