Connect with us

कोरबा

कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया पाली महोत्सव का शुभारंभ, जिले की समृद्ध विरासत को दी नई पहचान

Published

on

पाली महोत्सव क्षेत्रवासियों के गौरव और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीकः- मंत्री लखन लाल देवांगन

कोरबा। महाशिवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर ग्राम केराझरिया में आयोजित दो दिवसीय पाली महोत्सव का शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी व सार्वजिनक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन  सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को महाशिवरात्रि की बधाई  देते हुए  कामना की कि भोलेनाथ सभी भक्तों की मनोकामनाएँ पूर्ण करें, सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें तथा देश में सद्भाव और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार बना रहे। सभी लोगों के घर परिवार सहित देश दुनिया के समृद्धि की कामना की।

कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि आज पूरा देश शिवमय वातावरण में डूबा हुआ है। चारों ओर भगवान शिव की भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत दृश्य देखने को मिल रहा है। महाशिवरात्रि केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने का भी अवसर है। ऐसे आयोजनों से  कला, संस्कृति और प्रतिभाओं को मंच मिलता है तथा स्थानीय स्तर पर सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि पाली का ऐतिहासिक शिव मंदिर छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।  जिला प्रशासन द्वारा हर्षोल्लास के साथ पाली महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाता है जिससे यहाँ की संस्कृति को अलग पहचान मिल रही है।
उन्होंने कहा कि आज पाली के शिव मंदिर घाट पर भव्य दीपदान का आयोजन किया गया, जहाँ श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर वातावरण को आलोकित किया। इसके साथ ही माँ गंगा की पावन आरती, भगवान शिव की दिव्य आरती तथा श्री राम आरती अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम के दौरान भव्य आतिशबाज़ी ने पूरे परिसर को रोशनी और उत्साह से भर दिया। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति और भक्ति-भाव से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी जिलेवासियों को पाली महोत्सव की शुभकामनाएं दी है।  पाली महोत्सव का आयोजन इस क्षेत्र के लोगों के गौरव से जुड़ा है। जिसे हमें अक्षुण्ण बना के आगे बढ़ना है। इसे भव्य रूप से मनाते हुए राष्ट्रीय और स्थानीय कलाकारों को अवसर दिया जाता है।  उन्होंने कलाकारो का मनोबल बढ़ाते हुए लोगों का आनंदित करने के लिए कहा साथ ही इस भव्य कार्यक्रम के लिए जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया।

विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल ने  कहा कि महाशिवरात्रि का पावन पर्व पूरे क्षेत्र में अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाता है। भगवान महादेव हमारे देश की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के अभिन्न अंग हैं। यह पर्व हमें आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ-साथ सामाजिक एकता और समरसता का संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि हम सभी की यह कामना है कि समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम और सौहार्द्र बना रहे। सभी लोग परिवार की तरह मिल-जुलकर रहें और क्षेत्र के विकास में सक्रिय सहभागिता निभाएँ। सामूहिक प्रयासों और सकारात्मक सोच से ही हमारा क्षेत्र, प्रदेश और देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहेगा।
पाली तानाखार विधायक तुलेश्वर मरकाम ने कहा कि आज पूरा देश शिव की भक्ति में लीन है। शिव की नगरी पाली में इस अवसर पर पाली महोत्सव का आयोजन किया गया है। उन्होंने आमजनों को कार्यक्रम का लुत्फ उठाने का आग्रह करते हुए कहा कि यह आप सभी का कार्यक्रम है। आप सभी कार्यक्रम की रौनकता बढ़ाते हुए आंनद लें।?
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्वागत भाषण के माध्यम से दो दिवसीय पाली महोत्सव के आयोजन की जानकारी देते हुए जिलेवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दी। उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व के शुभ अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पाली महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया है। कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय कलाकार, राज्य के ख्याति प्राप्त एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा आकर्षक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जाती है।
इस अवसर पर महापौर नगर निगम श्रीमती संजू देवी राजपूत, उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल,  अध्यक्ष नगर पंचायत पाली अजय जायसवाल,  सरपंच केराझरिया श्रीमती गिरजा सत्यनारायण पैकरा, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग सहित अन्य अतिथि एवं बड़ी संख्या में आमनागरिकगण उपस्थित थे। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने पाली महोत्सव के माध्यम से सांस्कृतिक कार्यक्रम का लुफ्त उठाया।

Continue Reading

कोरबा

7 अप्रैल को ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस के साथ मनाया जाएगा आवास दिवस

Published

on

मोर-गांव-मोर-पानी “नवा तरिया – आय के जरिया” अभियान के तहत नवा तरिया निर्माण हेतु बनेगी कार्ययोजना

कोरबा। शासन के निर्देशों के अनुपालन में आगामी 07 अप्रैल 2026 को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में चावल महोत्सव के साथ-साथ “रोजगार दिवस” एवं “आवास दिवस” का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं आजीविका संवर्धन से जुड़ी विभिन्न जनहितकारी गतिविधियों को गति देने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

सीईओ जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग ने सभी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया है कि आयोजन के पूर्व ग्राम पंचायत, विकासखंड स्तर पर लंबित समस्याओं एवं विषयों का निराकरण सुनिश्चित करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।

आवास योजनाओं पर विशेष फोकस
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) सहित अन्य आवास योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत शत-प्रतिशत आवासों को अधिकतम 90 दिनों में पूर्ण कराने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। हितग्राहियों को अब तक प्राप्त राशि की जानकारी दी जाएगी तथा उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा।

स्व-सहायता समूह (SHG) की महिलाओं को निर्माण सामग्री आपूर्ति एवं आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही, हितग्राहियों को रेन वाटर हार्वेस्टिंग अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा तथा लंबित जियो-टैगिंग कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण भी सुनिश्चित किया जाएगा।

मनरेगा एवं जल संरक्षण पर जोर
महात्मा गांधी नरेगा के अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा मांग आधारित नए कार्य प्रारंभ करने पर चर्चा की जाएगी। “मोर-गांव-मोर-पानी” के तहत संचालित “नवा तरिया – आय के जरिया” अभियान में सभी सीएलएफ के लिए नवा तरिया निर्माण हेतु उपयुक्त स्थलों का चिन्हांकन कर दो माह के भीतर कार्य पूर्ण करने की कार्ययोजना बनाई जाएगी।

कार्य प्रारंभ एवं प्रगति के दौरान जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी तथा स्लोगन, नारे एवं जिंगल के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

आजीविका संवर्धन एवं तकनीकी नवाचार
आजीविका डबरी के माध्यम से आयवर्धन गतिविधियों पर चर्चा कर योजनाएं बनाई जाएंगी। नागरिक सूचना पटल पर स्व-सहायता समूह से जुड़े परिवार की महिला सदस्य का नाम अंकित किया जाएगा।

महात्मा गांधी नरेगा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के कार्यों के प्रचार-प्रसार के लिए QR कोड का उपयोग किया जाएगा। अमृत सरोवरों के सूचना पटल या निकटस्थ स्थानों पर भी QR कोड के माध्यम से जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

युवाओं की भागीदारी से होगा जल संरक्षण
जल संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे गांवों में जल संसाधनों का सतत विकास संभव हो सके।

Continue Reading

कोरबा

न्यू कोरबा हॉस्पिटल में मानसिक स्वास्थ्य व नशा मुक्ति सेवाएं सशक्त, डॉ. रजनी के नेतृत्व में मिल रहा बेहतर उपचार

Published

on

कोरबा। बदलती जीवनशैली, बढ़ते तनाव और सामाजिक दबाव के बीच मानसिक स्वास्थ्य समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। अवसाद, चिंता, अनिद्रा और नशे की लत जैसी बीमारियां अब हर उम्र के लोगों को प्रभावित कर रही हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार हर 8 में से 1 व्यक्ति किसी न किसी मानसिक समस्या से जूझ रहा है, लेकिन समय पर सही इलाज सभी को नहीं मिल पाता।

इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए न्यू कोरबा हॉस्पिटल में वरिष्ठ न्यूरो-मनोचिकित्सक डॉ. रजनी वर्मा के नेतृत्व में आधुनिक और समग्र मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यहां मरीजों की स्थिति को समझकर व्यक्तिगत ट्रीटमेंट प्लान तैयार किया जाता है, जिसमें काउंसलिंग, साइकोथेरेपी और आवश्यकतानुसार दवाओं के जरिए उपचार किया जाता है। अस्पताल में अवसाद, एंग्जायटी, अनिद्रा, तनाव और व्यवहार संबंधी समस्याओं का प्रभावी इलाज किया जा रहा है।
बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को देखते हुए अस्पताल में विशेष नशा मुक्ति सेवाएं भी शुरू की गई हैं। इसमें शराब, तंबाकू, निकोटिन और ड्रग्स की लत से जूझ रहे मरीजों का वैज्ञानिक तरीके से इलाज किया जाता है। डिटॉक्सिफिकेशन, बिहेवियर थेरेपी, काउंसलिंग और रिलैप्स प्रिवेंशन जैसी सुविधाएं मरीजों को सुरक्षित और स्थायी रूप से नशा मुक्त बनाने में मदद कर रही हैं। डॉ. रजनी वर्मा द्वारा अब तक 200 से अधिक मरीजों का सफल उपचार किया जा चुका है, जो उनकी विशेषज्ञता और समर्पण को दर्शाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि मानसिक समस्याओं और नशे की लत को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है, जबकि समय पर उपचार से व्यक्ति सामान्य जीवन में तेजी से वापसी कर सकता है। न्यू कोरबा हॉस्पिटल की ये सेवाएं कोरबा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए राहत और उम्मीद का केंद्र बनकर उभर रही हैं।

Continue Reading

कोरबा

हनुमान जन्मोत्सव पर श्री सप्तदेव मंदिर एवं मोदी परिवार द्वारा आयोजन

Published

on

कोरबा। 2 अप्रैल 2026, गुरुवार को भगवान श्री हनुमान जी के प्राकट्य दिवस (हनुमान जन्मोत्सव) के पावन अवसर पर पूरे देश एवं विश्व में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ उत्सव मनाया गया। इसी क्रम में श्री सप्तदेव मंदिर, कृष्णा ग्रुप एवं मोदी परिवार द्वारा विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया तथा विभिन्न स्थानों पर आमंत्रणानुसार उपस्थित होकर अपनी श्रद्धा अर्पित की गई।

प्रमुख कार्यक्रमों की झलक इस प्रकार रही—

प्रातः 7:00 से 8:00 बजे के मध्य श्री सप्तदेव मंदिर में भगवान हनुमान जी का जन्मोत्सव विधिवत मनाया गया। पूजन, आरती, आतिशबाजी के साथ प्रसाद वितरण एवं बधाइयों का आदान-प्रदान किया गया।

तत्पश्चात पुनः मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन, हनुमान चालीसा पाठ एवं आरती का आयोजन किया गया।

सायं 4:00 से 6:00 बजे तक श्री सप्तदेव मंदिर में सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ हुआ, जिसके पश्चात आरती, शर्बत एवं प्रसाद वितरण किया गया।

मोदी निवास में सायं 5:00 से 7:00 बजे तक भव्य संगीतमय सुंदरकांड, हनुमान चालीसा एवं आरती का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

बिलासपुर स्थित नए शोरूम में हनुमान जी की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा, हवन एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया।

अर्दा स्थित मोदी फार्म हाउस (संजय कृषि केंद्र) में हनुमान जी के साथ-साथ भगवान कार्तिकेय एवं नंदी जी की मूर्तियों की स्थापना की गई।

पंचमुखी हनुमान मंदिर, जिसकी प्राण-प्रतिष्ठा पूर्व में अशोक मोदी द्वारा कराई गई थी, वहां मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर भव्य आरती में सहभागिता की गई।

गिरिजा दीदी के निवास में हनुमान जी के दरबार में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया।

रूपेश अग्रवाल के निवास पर भी हनुमान जी के दर्शन एवं आशीर्वाद ग्रहण किए गए।

श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया।

इस प्रकार श्री सप्तदेव मंदिर, कृष्णा ग्रुप एवं मोदी परिवार द्वारा हनुमान जन्मोत्सव को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं सेवा भाव के साथ मनाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया गया।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677