कोरबा
बंधुआ मजदूरी, मानव तस्करी जैसे शिकायतों के निराकरण के लिए प्रशासन करेगी तत्काल कार्यवाही : कलेक्टर
जनदर्शन में विभिन्न समस्याओं के 57 आवेदन हुए प्राप्त:आमजनों ने बारी-बारी कलेक्टर के सामने रखी अपनी परेशानी

कोरबा। कलेक्टर जनदर्शन में जिले के दूरस्थ क्षेत्रों से अपनी शिकायतों व समस्याओं के निराकरण के लिए आए लोगों ने बारी-बारी से अपने आवेदन कलेक्टर अजीत वसंत के समक्ष रखा। कलेक्टर ने आमजनो के आवेदनों को गम्भीरता से सुनते हुए अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का जांच कर शासन के नियमानुसार निराकरण करने एवं आमजनों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में आज पोड़ी-उपरोड़ा के कटोरी नगोई से आई प्रार्थी प्रेमकली बाई ने कलेक्टर को अपने पुत्र को बंधुआ मजदूरी से मुक्त करवाने व वापस घर लाने के लिए आवेदन दिया। उसने बताया कि उसके बेटे तेजप्रताप को अच्छी सैलरी की नौकरी दिलाने के नाम से बहकाकर पड़ोसी गांव के व्यक्ति द्वारा तमिलनाडु ले जाया गया था, जहां उसे बंधक बनाकर कार्य कराया जा रहा है। उसे ना तो मजदूरी दी जा रही है और ना ही घर आने दिया जा रहा है। प्रार्थिया ने अपने बुढ़ापे के सहारे को बंधुवा मजदूरी से छुड़वाकर घर वापस लाने का निवेदन किया। कलेक्टर अजीत वसंत ने आवेदन को सवेदनशीलता से लेते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा बंधुआ मजदूरी व मानव तस्करी जैसी शिकायतों पर गम्भीरता से कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने श्रम अधिकारी को प्रकरण की जांच कर स्थिति की जानकारी लेने के निर्देश दिए। साथ ही तेजप्रताप को बंधुवा मजदूरी से मुक्त कराकर घर वापस लाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने निर्देशित किया।
इसी प्रकार दादरकला की रहने वाली कुमारी पूजा कंवर ने मजदूरी भुगतान के संबंध में आवेदन देते हुए बताया कि वह निहारिका के रॉयल रसोई होटल में स्टीवर्ड का काम करती थी। उसके पिछले अगस्त से अक्टूबर माह तक का पारिश्रमिक भुगतान लंबित है। उसने कलेक्टर से यथाशीघ्र मजदूरी भुगतान कराने का आग्रह किया। कलेक्टर ने श्रम अधिकारी को आवेदन का परीक्षण कर आवेदिका को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
ग्राम सुतर्रा के निवासी तिलक राम, नर्मदा बाई व तिहारु राम द्वारा अर्जित भूमि के मुआवजा राशि दिलाने के सम्बंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017-18 में राष्ट्रीय राजमार्ग पथरापाली से कटघोरा हेतु उनकी जमीन विधिवत अर्जन की गई थी परन्तु आज दिनांक तक उन्हें मुआवजा प्रदान नहीं किया गया है। उनके द्वारा भू अर्जन शाखा कटघोरा का कई बार चक्कर लगाया जा चुका है पर उन्हें हर बार मुआवजा राशि उनके खाते में भुगतान किए जाने का आश्वासन दिया जाता है। उन्होंने कलेक्टर से शीघ्र मुआवजा राशि दिलाने का निवेदन किया। कलेक्टर ने प्रकरण को टीएल में दर्ज करते हुए एसडीओ राजस्व को प्रकरण का परीक्षण कर यथाशीघ्र आवेदको मुआवजा राशि प्रदान कर प्रकरण निराकृत करने हेतु निर्देशित किया।
विकासखण्ड पाली के ग्राम नुनेरा निवासी झगल राम ने कलेक्टर को वन अधिकार पट्टा दिलाने का आवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्ष 2024 में उसके व उसकी पत्नी समारिन बाई के नाम से वन अधिकार पट्टा बनाया गया है, परन्तु आज तक वितरित नहीं हुआ है। कलेक्टर ने सहायक आयुक्त आदिम जाति विकास विभाग को नुनेरा ग्राम के वन अधिकार पट्टाधारी हितग्राहियों की सूची की परीक्षण कर आवेदक के नाम की जांच करने के निर्देश दिए एवं उन्हें पात्रतानुसार पट्टा वितरित करने निर्देशित किया।
पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ दिलाने का आवेदन लेकर आए तरदा के कपूरदास बघेल ने कलेक्टर को बताया कि उसके खाते में लैंड सीडिंग की समस्या के कारण कुछ दिनों से योजना की राशि नही आ रही है। जिससे उसे आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर ने कृषि अधिकारी को आवेदक के खाते में लैंड सीडिंग की समस्या का समाधान कर उसे पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार आज जनदर्शन में भूमि सीमांकन, बंटवारा, रिकार्ड दुरुस्ती, मुआवजा राशि दिलाने, मजदूरी भुगतान, कानूनी सहायता दिलाने, प्राकृतिक आपदा के तहत सहायता राशि दिलाने सहित अन्य समस्याओं के कुल 57 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी प्रकरणों को सम्बंधित अधिकारियों को आवेदन का परीक्षण कर समय सीमा में निराकृत करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत व अपर कलेक्टर दिनेश नेताम, संयुक्त कलेक्टर मनोज बंजारे, शिक्षा विभाग, कृषि, समाज कल्याण खाद्य सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
कोरबा
सांसद ज्योत्सना महंत ने महिला दिवस पर महिला पत्रकारों से आत्मीय संवाद कर किया सम्मानित
कोरबा। इंटरनेशनल वूमेंस डे के अवसर पर कोरबा लोकसभा क्षेत्र सांसद ज्योत्सना महंत ने अपने निवास पर अंचल की महिला पत्रकारों से आत्मीय मुलाकात कर उनसे संवाद किया और उनका सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की भूमिका, चुनौतियों, राजनीति में भागीदारी और सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई।
सांसद श्रीमती महंत ने महिला दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि महिलाएँ समाज की प्रेरक शक्ति हैं और परिवार से लेकर समाज के निर्माण तक उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएँ शिक्षा, प्रशासन, राजनीति, मीडिया सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं और समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान निभा रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान संसद में महिला सांसदों की कम संख्या को लेकर सवाल उठे। पूछा गया कि जब देश की आधी आबादी महिलाएँ हैं, तो संसद में उनकी भागीदारी अपेक्षाकृत कम क्यों है। इस सवाल पर सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने कहा कि संख्या कम होने के बावजूद महिला सांसद अपनी बातों को मजबूती से रखती हैं और संसद में प्रभावी भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि महिलाएँ राजनीति के उच्चतम स्तर पर भी पूरी क्षमता और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभा रही हैं।
सांसद श्रीमती महंत ने आगे कहा कि महिलाओं का वास्तविक सशक्तिकरण शिक्षा और समान अवसरों से ही संभव है। इसलिए समाज और परिवार को बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर समाज में नेतृत्व की भूमिका निभा सकें।इस अवसर पर सांसद ज्योत्सना महंत ने महिला पत्रकारों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया और कहा कि मीडिया लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है तथा महिला पत्रकार समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने महिला दिवस पर सभी महिला पत्रकारों को शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम कोरबा प्रेस क्लब के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल, उपाध्यक्ष रामेश्वर ठाकुर, सदस्य प्रीतम जायसवाल उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ महिला पत्रकार राजश्री गुप्ते, रेणु जायसवाल, मिली, लाली, सिमरन कौर, रजनी चौहान, प्रतिमा सरकार, वर्षा चौहान, आशा, निर्मला, कृतिका और सुमन जायसवाल उपस्तित रहीं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं से जुड़े विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर सार्थक चर्चा और विचारों का आदान-प्रदान हुआ।
कोरबा
कोरबा-चांपा NH पर लगाए गए पौधे सूखने की कगार पर:सड़क चौड़ीकरण के दौरान काटे गए पेड़ों की भरपाई के रूप में लगाया गया था
कोरबा। कोरबा-चांपा मुख्यमार्ग 149B पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने सड़क किनारे हजारों पौधे लगाए थे। इन पौधों को सड़क चौड़ीकरण के दौरान काटे गए पेड़ों की भरपाई के रूप में लगाया गया था, लेकिन उचित देखभाल नहीं मिलने से अब ये पौधे सूखने लगे हैं। पानी की कमी और रखरखाव के अभाव में कई पौधे नष्ट हो चुके हैं।
सड़क किनारे लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल नहीं हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, ठेकेदार की लापरवाही के कारण पौधों को समय पर पानी नहीं मिल रहा है। नतीजतन हजारों पौधे सूखकर खत्म हो चुके हैं।सड़क निर्माण के समय विभाग ने दावा किया था कि काटे गए पेड़ों की जगह बड़ी संख्या में नए पौधे लगाए जाएंगे, लेकिन वर्तमान स्थिति उस दावे से अलग दिखाई दे रही है।

करोड़ों खर्च के बाद भी कम बचे पौधे
पौधरोपण के लिए विभाग ने करोड़ों रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद वर्तमान में बहुत कम पौधे ही जीवित नजर आ रहे हैं। इस स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि बड़ी राशि खर्च करने के बाद भी पौधों की उचित देखभाल नहीं हो रही है, जिस पर NHAI को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
औद्योगिक क्षेत्र में हरियाली की जरूरत
फरसवानी, उच्चभीट्टी, पताडी, उरगा जैसे इलाकों में कई बड़े औद्योगिक संयंत्र स्थापित हैं। इन संयंत्रों से निकलने वाले प्रदूषण के कारण आसपास रहने वाले लोगों को पहले से ही परेशानी होती है। ऐसे में इन क्षेत्रों में हरियाली की कमी पर्यावरण संतुलन के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है।
सैकड़ों गांवों को जोड़ता है यह मार्ग
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि पौधों की देखरेख इसी तरह होती रही तो आने वाले समय में इस मार्ग पर हरियाली समाप्त हो सकती है। कोरबा-चांपा नेशनल हाईवे से सैकड़ों गांव जुड़े हैं। यह मार्ग उरगा के पास भारतमाला मुख्य मार्ग से भी जुड़ता है, जिससे बिलासपुर, रायपुर सहित कई स्थानों के लिए लोग आवागमन करते हैं।
ऐसे में इस मार्ग पर हरियाली का बने रहना पर्यावरण और स्थानीय लोगों की सेहत के लिए बेहद जरूरी माना जा रहा है।
कोरबा
इंडिया की जीत पर कोरबा में जश्न:सड़कों पर उतरे लोग, जमकर आतिशबाजी की गई, बांटी मिठाइयां
कोरबा। रविवार रात T20 विश्व कप में भारत की जीत के बाद पूरे कोरबा शहर में जश्न का माहौल देखा गया। मैच के शुरुआती रुझानों से ही लोगों में उत्साह था और वे जश्न मनाने लगे थे।
शहर के अप्पू गार्डन में मैच के लाइव प्रसारण के लिए एक बड़ा प्रोजेक्टर लगाया गया था। मैच शुरू होने से पहले ही यहां भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। दर्शकों के लिए बैठने और खाने-पीने की भी व्यवस्था की गई थी। ढोल की थाप पर लोग झूमते हुए नजर आए।
इसी तरह शहर के मध्य अग्रसेन चौक पर भी व्यापारियों की ओर से प्रोजेक्टर की व्यवस्था की गई थी। यहां भी बड़ी संख्या में आम जनता मैच का आनंद लेने के लिए एकत्रित हुई। रेलवे फाटक ओवरब्रिज के पास भी प्रोजेक्टर पर फाइनल मैच का सीधा प्रसारण किया गया। हर चौके और छक्के पर दर्शक खुशी से झूम उठे।

केक काटकर सेलिब्रेशन
इसके अलावा पुरानी बस्ती, सीतामढ़ी, SECL कॉलोनी, मानिकपुर और दादर बस्ती सहित कई अन्य स्थानों पर भी प्रोजेक्टर लगाए गए थे। दादर बस्ती में तो जीत की घोषणा से पहले ही लोगों ने केक काटकर एक-दूसरे को बधाई देना शुरू कर दिया था।
महानदी कॉम्प्लेक्स निहारिका स्थित पतंजलि चिकित्सालय की एलईडी स्क्रीन पर भी T20 विश्व कप फाइनल का सीधा प्रसारण किया गया। यहां भी दर्शकों की भारी भीड़ ने मैच का आनंद लिया और जीत का जश्न मनाया।
शहर में जमकर आतिशबाजी
भारत की जीत के बाद पूरे शहर में जमकर आतिशबाजी हुई। लोगों ने पटाखे फोड़कर अपनी खुशी का इजहार किया। T20 मैच के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई थी। चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात था और लगातार गश्त की जा रही थी।

-
कोरबा2 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
Uncategorized5 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
कोरबा2 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा2 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
