जिला प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी का होगा विस्तार
कोरबा। जिला कांग्रेस पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की बैठक जिला कांग्रेस कार्यालय टी पी नगर कोरबा में रखी गई। पिछड़ा वर्ग विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष एवं कोरबा जिला प्रभारी संदीप यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, वहीं पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम सुंदर सोनी ने कार्यक्रम में अध्यक्षता की।
बैठक में कांग्रेस पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ संगठन के विस्तार पर विचार विमर्श किया गया। मुख्य अतिथि संदीप यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस शासन के द्वारा पिछड़ा वर्ग प्राधिकरण का गठन किया गया है, साथ ही पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन भी किया गया है, जिससे समाज को गति प्रदान की जा रही है तथा आर्थिक उन्नति में मदद मिल रही है। श्री यादव ने कोरबा जिले में पिछड़े वर्ग प्रकोष्ठ को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर देते हुए जिला अध्यक्ष गजानंद प्रसाद साहू को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्र में कांग्रेस पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ संगठन को जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ कांग्रेसजनों के सहयोग व सुझाव से विस्तार करें।
प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सभापति श्याम सुंदर सोनी ने कहा कि हम सबको कांग्रेस संगठन से जुड़कर पिछड़ा वर्ग के अधिक से अधिक लोंगों को योजनाओं का लाभ दिलाना होगा । प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष गजानंद साहू ने कहा कि कोरबा में पिछड़ा वर्ग की कई जातियां भारी संख्या में निवासरत हैं, जिन्हें एकजूट करते हुए कांग्रेस पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के संगठन से जोड़ना होगा। श्री साहू ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ती है और आगे भी कांग्रेस न्याय के लिए अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी और अन्याय के खिलाफ सड़क की लड़ाई लड़ने को तैयार है । नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि कांग्रेस जाति और धर्म के नाम पर लड़ाई नहीं लड़ती है बल्कि न्याय के लिए लड़ाई लड़ती है ।
बैठक में पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, जिला कांग्रेस अध्यक्ष नत्थुलाल यादव, मनोज चैहान, आर के वर्मा, मुकेश राठौर, रामगोपाल यादव, अनुज जायसवाल, गणेश दास महंत, मनहरण राठौर आदि ने अपने उद्बोधन में संगठन विस्तार के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए ।
इस अवसर पर कृष्ण कुमार चौकसे, रामनारायण यादव, राजेन्द्र सोनी, ताराचंद यादव, जवाहर निर्मलकर, प्रेमलाल साहू, निर्मल साहू, ओमप्रकाश चंद्रा, गोपाल यादव आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।