कोरबा
नव पदस्थ कलेक्टर कुणाल दुदावत का प्रथम दिन:मीडिया से हुए रू-ब-रू, कहा-शासन की योजनाओं की पहुंच दूरस्थ ग्रामीणों तक सहज और सरल हो, ऐसा प्रयास करेंगे
कोरबा। 19वें कलेक्टर के रूप में कुणाल दुदावत ने आज 19 दिसम्बर 2025 को पदभार ग्रहण किया और शाम 5.00 बजे कलेक्ट्रेट के सभागार में पत्रकारों से रू-ब-रू हुए। उन्होंने कहा कि मेरी प्राथमिकता शिक्षा, स्वास्थ और पर्यटन को बढ़ावा देना होगा। केन्द्र एवं राज्य शासन की सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन हो, यह प्रशासन की प्राथमिकता में रहती है। मेरा प्रयास होगा कि योजनाएं दूरस्थ ग्रामीणों तक सहज और सरल रूप से पहुंचे और अति पिछड़ी जनजाति मुख्यधारा से जुडक़र अपना जीवन स्तर सुधार सके।
देश का पावर हाऊस है कोरबा

नवपदस्थ कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि कोरबा सिर्फ छत्तीसगढ़ का ही नहीं बल्कि पूरे देश का पावर हाऊस है और यहां विकास की अपार संभावनाएं अभी भी हैं। मेरा प्रयास होगा कि सभी विभाग पारदर्शिता के साथ काम करें और नियत समय में विकास कार्यों को पूर्ण करें। कोताही और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस पर कड़ी कार्यवाही होगी।
शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन पर फोकस
कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन विकास पर फोकस किया जाएगा। उन्होंने कहा सबसे पहले अधोसंरचना विकास पर फोकस होगा और उसके बाद आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराया जाएगा। पर्यटना में विकास की यहां असीम संभावनाएं हैं। बीजापुर की तरह कोरबा भी प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जाना जाता है और छत्तीसगढ़ सहित देश के अन्य हिस्सों से यहां पर्यटक पहुंचे, उन्हें आकर्षित करने के लिए इस क्षेत्र में बेहतर कार्य किए जाएंगे।


प्रशासन जनता के हित में लेगा फैसला
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि कोरबा जिले में प्रशासन जनता के हित में फैसला लेगा, चाहे एसईसीएल, एनटीपीसी, बालको सहित हर सार्वजनिक, निजी कम्पनी या निजी व्यक्ति हों, जनता के हित में ही प्रशासन फैसला लेगा और कितनी भी बड़ी कम्पनी या व्यक्ति हो, नियम विरूद्ध काम होगा, तो एक्शन भी होगा।
पर्यावरण प्रदूषण पर बोले कलेक्टर-हर हाल में एनजीटी के नियमों का पालन होगा
कोरबा जिले में रेत तस्करी, कोयला तस्करी, अवैध राखड़ परिवहन पर लगाम लगेगा और कहा कि पर्यावरण प्रदूषित करने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा और एनजीटी के नियमों को हर हाल में सभी सार्वजनिक, निजी प्रतिष्ठान एवं निजी व्यक्तियों को फॉलो करना होगा और नहीं तो कड़ी कार्यवाही भी होगी।
विकास में तीनों क्षेत्रों शहर, औद्योगिक और ग्रामीण क्षेत्रों पर बराबर फोकस
नवपदस्थ कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि शहर से लेकर जिले के अंतिम छोर तक विकास दिखेगा और औद्योगिक क्षेत्र में भी हमारा बराबर फोकस होगा।
उन्होंने कहा कि डीएमएफ को प्राथमिकता के आधार पर आबंटित किया जाएगा। ग्राम पंचायतों में डीएमएफ की राशि तब दी जाएगी, जब ग्राम सभा में विकास कार्यों, मूलभूत सुविधाओं के लिए प्रस्ताव पास होगा।
पूरे जिले में एकरूपता लाने का प्रयास
नवपदस्थ कलेक्टर ने कहा कि जिले के किसी भी कोने में रहने वाले लोगों का पूरा हक है कि उन्हें सहज और सरल जीवन मिले, सभी योजनाओं का लाभ मिले, विकास कार्यों की पूरी पहुंच उन तक हो। हम पूरे जिले में एकरूपता लाने का प्रयास करेंगे और विकास में अंतिम छोर का व्यक्ति भी लाभान्वित हो, ऐसा प्रयास होगा।
डीएमएफ में पारदर्शिता:एक माह बाद हर कार्यों की जानकारी एक क्लिक में मिलेगी
आईएएस कुणाल दुदावत ने कहा कि डीएमएफ में पूरी पारदर्शिता के साथ काम होगा। उन्होंने कहा कि शासन ने जो नई गाईड लाईन जारी की है, उसके मुताबिक काम होगा और शहर से लेकर गांव के किसी भी व्यक्ति को डीएमएफ के कार्यों की जानकारी एक क्लिक में उपलब्ध होगी। भ्रष्टाचार और कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समय सीमा में काम प्रारंभ होगा और समय सीमा में ही काम को पूरा भी करना होगा। लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
आम जनता से अपील की नवपदस्थ कलेक्टर कुणाल दुदावत ने
जनता के प्रति संवेदनशील दिखे नवपदस्थ कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि प्रशासन जनता के हित के लिए प्रतिबद्ध है और कोई भी आम से लेकर खास जनता कभी भी उनसे मिल सकते हैं और ससम्मान मिल सकते हैं। हर समस्या का समाधान करने की कोशिश होगी, मांगें प्राथमिकता के आधार पर पूरी होगी। उन्होंने अपना मोबाइल नम्बर 72240-94062 भी सार्वजनिक किया। पत्रकार वार्ता में जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, एडीएम देवेंद्र पटेल, पीआरओ कमल ज्योति सहित प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
सीईओ दिनेश नाग ने कलेक्टर का कराया संक्षिप्त परिचय
पत्रकार वार्ता में जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग भी उपस्थित थे और उन्होंने नवपदस्थ कलेक्टर कुणाल दुदावत का संक्षिप्त परिचय भी दिया। उन्होंने बताया कि कलेक्टर साहब 2017 बेच के आईएएस अधिकारी हैं और ये बीजापुर से कोरबा आएं हैं। प्रथम कलेक्टर के रूप में श्री दुदावत कोंडागांव में अपने सेवाएं दी।
नवपदस्थ कलेक्टर कुणाल दुदावत इससे पूर्व छत्तीसगढ़ राज्य के कोंडागांव एवं दंतेवाड़ा जिलों में कलेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्ष 2015 में उनका चयन भारतीय पुलिस सेवा के लिए हुआ, साथ ही भारतीय वन सेवा में भी उनका चयन हुआ था। आईपीएस प्रशिक्षण के दौरान ही उन्होंने यूपीएससी का तीसरा प्रयास दिया और 669वीं रैंक के साथ भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित हुए। कुणाल दुदावत ने 11 दिसंबर 2017 को आईएएस सेवा ज्वाइन की। उनकी फील्ड ट्रेनिंग बिलासपुर जिले में सहायक कलेक्टर के रूप में हुई। इसके पश्चात वे बिलासपुर जिले के कोटा अनुविभाग में एसडीएम तथा महासमुंद जिले के सरायपाली अनुविभाग में एसडीएम के रूप में पदस्थ रहे। बाद में उनकी नियुक्ति कोरिया जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर हुई। इसके बाद वे बिलासपुर नगर निगम आयुक्त एवं बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रबंध संचालक के रूप में पदस्थ रहे। बिलासपुर के बाद कलेक्टर के रूप में उनकी पहली पदस्थापना कोंडागांव जिले में हुई, तत्पश्चात वे दंतेवाड़ा जिले के कलेक्टर के रूप में सेवाएं दे रहे थे। वहां से स्थानांतरित होकर अब उन्होंने कोरबा जिले के कलेक्टर के रूप में कार्यभार संभाला है। कोरबा की जनता को नवपदस्थ कलेक्टर कुणाल दुदावत से काफी अपेक्षाएं भी हैं।
आईएएस कुणाल दुदावत: जन्म, शिक्षा और परिवार

नवपदस्थ कलेक्टर कुणाल दुदावत राजस्थान राज्य के सवाई माधोपुर के रहने वाले हैं। 01 जनवरी 1992 को जन्में कुणाल दुदावत के पिता सरकारी अस्पताल में चिकित्सक थे। कुणाल के परिवार में अधिकतर लोग डॉक्टर हैं। कुणाल की स्कूली शिक्षा सवाई माधोपुर में हुई। पहली से 10वीं तक उन्हेंने हिन्दी माध्यम से एवं 11वीं, 12वीं की पढ़ाई अंग्रेजी माध्यम से की। हिन्दी से अंग्रेजी माध्यम में आने के चलते उन्हें काफी मेहनत करनी पड़ी। भौतिकी, रसायन एवं गणित विषयों के साथ 12वीं बोर्ड का एक्जाम पास किया।
इसके बाद उन्होंने आईआईटी-जेईई निकालकर मुंबई आईआईटी में कम्प्युटर साईंस ब्रांच में एडमिशन लिया। मात्र 20 वर्ष की उम्र में ही उन्हेंने बीटेक की पढ़ाई पूरी कर डिग्री हासिल की। दुदावत के गृह क्षेत्र में केजी क्लास का कांसेप्ट नहीं था और वे सीधे क्लास 1 में प्रवेश लिया।
मल्टीनेशनल कम्पनियों में किया जॉब
कम्प्युटर साईंस में इंजीनियरिंग करने के बाद कुणाल विदेश चले गए और वे कनाडा की कम्पनी में 5 माह जॉब किया। इसके बाद वे पुन: स्वदेश लौट आए और ऑनलाईन शॉपिंग कम्पनी फ्लिपकार्ट में साफ्टवेयर डेवलपर की जॉब की। सिविल सर्विस में जाने की ललक उनमें कूट-कूट कर भरी थी और उन्होंने यूपीएससी की तैयारी प्रारंभ कर दी।
तीसरे प्रयास में हुआ आईएएस में चयन
यूपीएससी का पहला अटेम्प्ट कुणाल ने 2014 में सिर्फ 5-6 महीने की पढ़ाई के बाद दिया। दूसरे प्रयास में उनका चयन यूपीएससी 2015 से आईपीएस के लिए हुआ। इसके पूर्व उनका चयन आईएफएस के लिए भी हुआ था। आईपीएस कुणाल को एजीएमयूटी कैडर मिला था। आईपीएस की ट्रेनिंग करते ही यूपीएससी का तीसरा प्रयास कुणाल के लिए शानदार रहा और उन्होंने 669वीं रैंक के साथ आईएएस के लिए चयनित हुए।
कोरबा कुणाल दुदावत की कलेक्टर के रूप में तीसरी पोस्टिंग
कुणाल दुदावत ने 11 दिसम्बर 2017 को आईएएस की सर्विस ज्वाइन की। कलेक्टर के रूप में सबसे पहले उनकी ज्वाइनिंग कोंडागांव में हुई। दूसरी पोस्टिंग बीजापुर, दंतेवाड़ा में हुई और वे सिर्फ 7 महीने यहां अपने सेवाएं देने के बाद कोरबा कलेक्टर के रूप में अपना पदभार ग्रहण कर कोरबा के 19वें कलेक्टर बने। अधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया।
कोरबा
ओवरस्पीडिंग व नशे में वाहन चलाने वालों पर अभियान चलाकर करें कार्रवाई – कलेक्टर
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु चिन्हित स्थलों पर प्राथमिकता से सुधार कार्य करने के दिए निर्देश
स्कूल कॉलेज में व्यापक स्तर पर यातायात जागरूकता व प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के दिए निर्देश
ग्रामीण क्षेत्रो में हेलमेट रैली, नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियों से यातायात जागरूकता बढ़ाने किया निर्देशित
दुर्घटना नियंत्रण व सुरक्षित यातायात के लिए कलेक्टर ने ली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक
कोरबा। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण तथा यातायात नियमों के बेहतर पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा आवश्यक सुधारात्मक उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर श्री दुदावत ने पूर्व बैठक में लिए गए निर्णयों एवं दिए गए निर्देशों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा के सभी पहलुओं पर गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना नियंत्रण के लिए विभागीय समन्वय, सतत निगरानी और समयबद्ध कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करें, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने हेतु किए जाने वाले सुधारात्मक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट व दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर आवागमन को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए झाड़ियों की नियमित सफाई, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने, क्षतिग्रस्त एवं निम्न स्तर के रोड शोल्डर की मरम्मत, रेडियमयुक्त चेतावनी एवं संकेतक बोर्ड लगाने, स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप निर्माण तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कोयला एवं फ्लाई ऐश परिवहन मार्गों पर धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी छिड़काव करने तथा आवश्यक सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को भी कहा। साथ ही कटघोरा अंबिकापुर मार्ग में गुरसिया से घाट के मध्य स्थित तीव्र मोड़ों (शार्प टर्न) एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर सड़क सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक स्थानों पर रंबल स्ट्रिप, रोड शोल्डर एवं क्रैश बैरियर स्थापित कर यातायात को सुरक्षित एवं सुगम बनाने की कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने निर्देशित किया।

कलेक्टर ने बैठक में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ओवरस्पीड वाहन संचालन, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट के वाहन संचालित करने, नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़े करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती बरतते हुए नियमित जांच एवं निगरानी की जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को स्कूलों एवं कॉलेजों में व्यापक स्तर पर यातायात जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शाला प्रवेशोत्सव के साथ सड़क सुरक्षा जागरूकता गतिविधियों के आयोजन हेतु वार्षिक कैलेंडर तैयार कर समयबद्ध कार्यक्रम निर्धारित करने को कहा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों, महाविद्यालयों, एनसीसी एवं स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं की सहभागिता से हेलमेट रैली, निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक तथा अन्य जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने रूमगरा से बजरंग चौक मार्ग में सड़क निर्माण में अपेक्षित प्रगति नही होने पर कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग को नोटिश जारी करने एवं ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात जागरूकता अभियान की धीमी प्रगति पर सभी जनपद सीईओ को नोटिश जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, ओएसडी तरुण कुमार किरण, प्रभारी एसपी लखन पटले, जिला परिवहन अधिकारी अतुल कुमार असैय्या सहित पीडब्ल्यूडी, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, एसईसीएल, बालको सहित विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कोरबा
बच्चों को गणवेश व पाठ्य पुस्तक वितरण के साथ मनाया जाएगा शाला प्रवेश उत्सवरू- कलेक्टर दुदावत
कलेक्टर दुदावत ने समय-सीमा बैठक में विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा कर दिए महत्वपूर्ण निर्देश
सीएम हेल्पलाइन पोर्टल को गंभीरता से लेने व प्राप्त आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण हेतु किया निर्देशित
स्वनिधि महोत्सव का व्यापक प्रचार-प्रसार व अधिक लाभार्थियों को जोड़ने के निर्देश
पेयजल स्रोतों के क्लोरीनेशन एवं जलभराव रोकने नालियों की सफाई व ड्रेनेज व्यवस्था सुदृढ़ करने किया निर्देशित
कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागीय कार्यों तथा टीएल के लंबित प्रकरणों की विस्तृत एवं गहन समीक्षा की। उन्होंने प्रगति की स्थिति का मूल्यांकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, ओएसडी तरुण कुमार किरण, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर द्वय देवेंद्र पटेल व ओंकार यादव, एसडीएम, जनपद सीईओ, सीएमओ नगरीय निकाय सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्टर ने डिजिटल सिग्नेचर कार्य के लिए पटवारियों की स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने नक्शा बटांकन, डिजिटल किसान किताब, मसाहती गाँव के सर्वे कार्य तथा एफआरए नामांतरण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में तेजी लाकर प्रगति सुनिश्चित करने निर्देशित किया। कलेक्टर ने किसान क्रेडिट कार्ड निर्माण कार्य में प्रगति लाने के निर्देश देते हुए अधिक से अधिक पात्र किसानों को योजना से शीघ्र जोड़ने के लिए कहा। उन्होंने जिले में आयोजित कृषक चौपाल के माध्यम से किसानों के मध्य जागरूकता बढ़ाने तथा आवेदन एवं स्वीकृति प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी कार्यालय प्रमुखों को अपनी प्रोफाइल अनिवार्य रूप से अद्यतन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोर्टल को पूर्ण गंभीरता से लिया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि पोर्टल से प्राप्त होने वाले आवेदनों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण किया जाए। उन्होंने सभी जनपद सीईओ एवं सीएमओ नगरीय निकाय को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बैनर, पोस्टर एवं अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार कर आमजन को पोर्टल की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कहा, जिससे अधिक से अधिक लोग इसका प्रभावी उपयोग कर सकें।
कलेक्टर श्री दुदावत ने सभी नगरीय निकायों के सीएमओ को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत 30 जून तक आयोजित होने वाले स्वनिधि महोत्सव एवं लोक कल्याण उत्सव का प्रभावी एवं व्यापक स्तर पर आयोजन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजना का अधिकतम लाभ हितग्राहियों तक पहुंचे, इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार, विशेष शिविरों का आयोजन तथा अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडरों के आवेदन प्राप्त कर त्वरित स्वीकृति की कार्रवाई की जाए। इस दौरान स्ट्रीट वेंडरों का सम्मान, उनके परिवार के मेधावी छात्रों का अभिनंदन तथा उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के भी निर्देश दिए। साथ ही जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर कार्यक्रम को संचालित करने निर्देशित किया। उन्होंने सभी जनपद सीईओ को भी ग्रामीण क्षेत्रों में स्ट्रीट वेंडरों की पहचान कर उन्हें भी योजना से जोड़ते हुए शत-प्रतिशत लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बरसात के मौसम से पूर्व शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नालियों की समुचित सफाई सुनिश्चित करने, पेयजल स्रोतों का नियमित क्लोरीनेशन करने तथा जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए ड्रेनेज की सफाई एवं क्लीनिंग कार्य समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।
उन्होंने पीएम जनमन अंतर्गत आवास निर्माण कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पीएम आवास ग्रामीण की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि आवास निर्माण के कार्य में शीघ्रता से प्रगति लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने शाला प्रवेश उत्सव के सम्बंध में जिला शिक्षा अधिकारी से जानकारी लेते हुए शाला प्रवेश उत्सव की पूर्ण तैयारी समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गणवेश, पाठ्य पुस्तक भंडारण की जानकारी लेते हुए उन्होंने शाला प्रवेश उत्सव के साथ ही बच्चों को गणवेश व पाठ्य पुस्तक वितरण कराने के निर्देश दिए। साथ ही बाउंड्रीवाल युक्त विद्यालयों में शाला प्रवेश उत्सव के साथ ही पौधरोपण कराने की बात कही। इस हेतु व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने निर्देशित किया।
कलेक्टर श्री दुदावत ने समय-सीमा की बैठक में पीएमओ, मुख्यमंत्री जनदर्शन, मानवाधिकार, कलेक्टर जनदर्शन सहित अन्य लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निराकरण तथा संबंधित आवेदकों को सूचना देने के निर्देश दिए। उन्होंने सुशासन तिहार अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कोरबा
डोंगानाला में सुशासन तिहार के तहत सौगात, 159 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण
कोटमी-पसान-जटगा-कटघोरा मार्ग (8581.90 लाख) का भूमिपूजन, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी का बढ़ेगा विस्तार
सीएसईबी चौक से कोसाबाड़ी तक गौरव पथ (3654.80 लाख) का भूमिपूजन, शहरी यातायात होगा सुगम
कटघोरा में 100 बिस्तर सिविल अस्पताल (1807.58 लाख) निर्माण का भूमिपूजन, स्वास्थ्य सेवाओं का होगा विस्तार
जवाली नलजल योजना (210.83 लाख) का लोकार्पण, ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा शुद्ध पेयजल

कोरबा। क्षेत्र का विकास ही जनकल्याण का आधार है और इससे आमजन को सीधा लाभ मिलेगा”इसी संकल्प के साथ विकासखण्ड पाली के ग्राम डोंगानाला में सुशासन तिहार के अंतर्गत जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर क्षेत्रवासियों को विकास की बड़ी सौगात देते हुए कुल 159 करोड़ 63 लाख 14 हजार रुपये की लागत के 18 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इनमें 153 करोड़ 66 लाख 61 हजार रुपये के 8 कार्यों का भूमिपूजन तथा 5 करोड़ 96 लाख 53 हजार रुपये के 10 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मंत्री श्री साव ने इन विकास कार्यों के लिए जिलेवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इनसे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी और आमजन को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।

लोकार्पण कार्यों के अंतर्गत ग्राम नूनेरा में जिला खनिज न्यास मद से 11.84 लाख रुपये की लागत से निर्मित 50 बिस्तरीय कन्या छात्रावास में आई टाइप गार्ड रूम, बोरिंग एवं पंप स्थापना तथा शौचालय कक्ष का निर्माण, जमा मद से मुड़ापार ईडीयू में 66.95 लाख रुपये की लागत से शासकीय हाई स्कूल भवन, नूनेरा में 16.24 लाख रुपये की लागत से 50 बिस्तरीय कन्या छात्रावास में अधीक्षक आवास किचन सह भंडार कक्ष सह अहाता, 20.70 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त कक्ष, लाफा, अजगरबहार एवं फरसवानी पंचायत में प्रत्येक में 48.41 लाख रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के आवासीय भवन, 210.83 लाख रुपये की जवाली नल जल प्रदाय योजना, 45.98 लाख रुपये की जटांगपुर नलजल प्रदाय योजना तथा 78.76 लाख रुपये की मदनपुर नलजल प्रदाय योजना का लोकार्पण किया गया।
वहीं शिलान्यास कार्यों में सीएसआर मद से बंचर से जटांगपुर सड़क निर्माण (1.30 किलोमीटर, 109.12 लाख रुपये), राज्य मार्गों पर जंक्शन सुधार एवं कैश बैरियर कार्य (441.10 लाख रुपये), सलिहाभाठा से पुरेनाखार पहुंच मार्ग (64.96 लाख रुपये), उप संचालक कृषि भवन (147.60 लाख रुपये), कोरबा रिंगरोड से मेडिकल कॉलेज पहुंच मार्ग (559.55 लाख रुपये), कोटमी-पसान-जटगा कटघोरा मार्ग 50.60 किलोमीटर निर्माण (8581.90 लाख रुपये), सीएसईबी चौक से जैन चौक-आईटीआई चौक से कोसाबाड़ी चौक तक गौरव पथ (3654.80 लाख रुपये) तथा कटघोरा में 100 बिस्तर सिविल अस्पताल निर्माण (1807.58 लाख रुपये) शामिल हैं।
-
Uncategorized8 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा3 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
