Connect with us

कोरबा

केबिनेट मंत्री ओ पी चौधरी, श्याम बिहारी जायसवाल सहित कई दिग्गज पहुंचे कोरबा, श्रीमती कौशिल्या महतो को दी श्रद्धांजलि

Published

on


श्रीमती कौशिल्या महतो के दशगात्र में उमड़ा जनसैलाब


कोरबा। कोरबा भाजपा के संस्थापक सदस्य, पूर्व सांसद डॉ.बंशीलाल महतो की धर्मपत्नी ममतामयी श्रीमती कौशिल्या महतो का आज 19 सितंबर को उनके निवास स्थान (ऋषिकेश) में दशगात्र का कार्यक्रम उनके पुत्रों विकास महतो, डॉ. विवेक महतो सहित परिजनों ने रखा था। सुबह श्रीमती कौशिल्या महतो की आत्मा की शांति एवं उनके देवलोक गमन के लिए परिजनों ने पूजा रखी और दोपहर 1.30 बजे से दशगात्र का कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। दशगात्र में श्रीमती महतो को श्रद्धांजलि देने जनसैलाब उमड़ पड़ा था। कोरबा जिला सहित प्रदेश के कई जिलों से उन्हें श्रद्धांजलि देने कोरबा पहुंचे थे।
कई दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि


श्रीमती कौशिल्या महतो को श्रद्धांजलि देने भाजपा सरकार के केबिनेट मंत्री ओपी चौधरी, श्याम बिहारी जायसवाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सिंह, बीज निगम के पूर्व अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती हर्षिता पांडेय, कोरबा महापौर राजकिशोर प्रसाद सहित कई दिग्गज पहुंचे और उनके निवास स्थान में जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
श्रीमती महतो की विरासत उनके कार्यों में जीवित रहेगी


केबिनेट मंत्री ओपी चौधरी एवं श्याम बिहारी जायसवाल ने श्रीमती महतो को श्रद्धांजलि देने के बाद अपने भावपूर्ण उद्बोधन में कहा कि श्रीमती कौशिल्या महतो का जाना एक युग के अंत जैसा है, उनकी विरासत उनके कार्यों में जीवित रहेगी। उनके पुत्र उनके आदर्शों को आगे ले जाएंगे और समाज सेवा के क्षेत्र में अपनी मां के नाम को आगे बढ़ायेंगे।
महतो परिवार का अपनात्व दिखा जनसैलाब में


श्रीमती कौशिल्या महतो के प्रति लोगों का किस तरह का सम्मान और श्रद्धा है, आज के पगड़ी रस्म और दशगात्र कार्यक्रम में दिखा। महतो निवास स्थान में एक किलोमीटर के दायरे में लोगों की भीड़ देखी गई। ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य रखने के लिए पुलिस बल मशक्कत करते दिखा। यहां उपस्थित जन सैलाब ने यह साबित कर दिया कि ममतामयी मां के रूप में श्रीमती कौशिल्या महतो का जाना लोगों को कितना आघात दे गया।
कई दिग्गजों ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्रीमती महतो का जीवन सेवा और समर्पण की एक ज्वलंत मिसाल था। स्व.डॉ. बंशीलाल महतो के सेवा कार्यों में उनकी धर्मपत्नी बराबर की हिस्सेदार रहीं। वे समाज की अनमोल धरोहर थीं। उनसे रिक्त हुए स्थान को पूर्ण करना असंभव है… क्योंकि नीति का लिखा हुआ कोई मिटा नहीं सकता और जो आया है… उसे एक दिन जाना ही है, लेकिन कुछ लोग ऐसे होते हैं जो इस दुनिया से चले तो जाते हैं लेकिन अपने कर्मों से लोगों के दिलों में अपनी पहचान अमिट बनाकर चले जाते हैं और सालों तक उनकी यादों से लोग प्रेरणा लेकर समाज के लिए कुछ करने का प्रयास करते हैं। सभी लोगों ने महतो परिवार को ढांढस बंधाया और इस दुख को सहने की शक्ति देने भगवान से प्रार्थना की।
समाज के लोगों ने दी श्रद्धांजलि


पूरे प्रदेश भर से महतो/जायसवाल समाज के हजारों लोग श्रीमती महतो को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे।
जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि


प्रदेश भर से राजनेता और दिग्गजजनप्रतिनिधि कोरबा पहुंचे थे और श्रीमती कौशिल्या महतो को श्रद्धांजलि देकर उन्हें नमन किया।
पूरा कोरबा उमड़ पड़ा


श्रीमती कौशिल्या महतो एवं स्व. डॉ. बंशीलाल महतो राजनीति से ऊपर उठकर समाज के हर लोगों, हर वर्ग को अपना मानते थे। आज के जनसैलाब ने यह साबित कर दिया कि श्री एवं श्रीमती महतो सबके थे, सब उनके थे। उन्हें श्रद्धांजलि देने पूरा कोरबा उमड़ पड़ा था। न कोई राजनीति और ना ही कोई द्वेष, सिर्फ यहां एक ममतामयी मां के चले जाने का सबको दुख था।
पत्रकार जगत ने दी श्रद्धांजलि


श्रीमती कौशिल्या महतो को श्रद्धांजलि देने हर वर्ग, हर समाज के लोग पहुंचे थे। पत्रकार जगत ने भी श्रीमती महतो को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और उन्हें नमन किया तथा महतो परिवार को ढांढस बंधाया। सभी ने ऊं शांति कह कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम के अंत में मोक्ष के लिए आरती

सुबह से दशगात्र स्थल पर भजन कीर्तन का कार्यक्रम भी चल रहा था और चंदनपान होने के बाद महतो परिवार सहित उपस्थित लोगों ने भगवान की आरती में शामिल हुए और सभी ने उनके मोक्ष के लिए प्रार्थना की।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

अवैध खनन पर खनिज विभाग का बड़ा प्रहार, 1 जेसीबी समेत 9 वाहन जप्त

Published

on

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश एवं उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में खनिज विभाग कोरबा द्वारा जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान खनिज उड़नदस्ता दल ने विभिन्न संदिग्ध क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध गतिविधियों में संलिप्त 1 जेसीबी, 1 ट्रेलर, 2 टीपर एवं 5 ट्रैक्टर सहित कुल 9 वाहनों को जप्त किया।
खनिज विभाग की टीम ने सीतामढ़ी, बरमपुर, कपाटमुड़ा, सुराकछार, बांकीमोगरा, तिलसरा, गुरसिया सहित अन्य क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान बांकीमोगरा, कोसावाड़ी, बरमपुर, घरीपखना एवं गुरसिया क्षेत्र में गिट्टी, मिट्टी और रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में लगे वाहनों को पकड़कर जप्त किया गया। जप्त वाहनों को बांकीमोगरा थाना, रामपुर थाना, बांगो थाना तथा खनिज जांच चौकी रामपुर-कटघोरा में अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग के अनुसार जिले में अवैध खनन के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। अप्रैल से 15 जून 2026 तक अवैध उत्खनन के 12 प्रकरणों में 6 लाख 74 हजार 100 रुपये, अवैध परिवहन के 89 प्रकरणों में 7 लाख 37 हजार 931 रुपये तथा अवैध भण्डारण के 10 प्रकरणों में 7 लाख 14 हजार 810 रुपये की वसूली की गई है। इस अवधि में कुल 18 लाख 70 हजार 473 रुपये राजस्व की वसूली की जा चुकी है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान का उद्देश्य अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना तथा शासकीय राजस्व की हानि को रोकना है। विभाग ने चेतावनी दी है कि खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 तथा अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध खनन, परिवहन एवं भण्डारण के खिलाफ अभियान लगातार संचालित किया जाता रहेगा।

Continue Reading

कोरबा

पीएम किसान उत्सव दिवस पर किसानों को मिली 15.72 करोड़ की सम्मान निधि

Published

on

कृषि विज्ञान केंद्र, कोरबा में किसान प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

कोरबा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त के हस्तांतरण के अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, कोरबा में ‘‘पीएम किसान उत्सव दिवस‘‘ के तहत किसान प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न गांवों से आए किसानों ने भाग लेकर कृषि की नवीन तकनीकों एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर कोरबा जिले के 78 हजार 620 किसानों के खातों में 15.72 करोड़ रुपये की सम्मान निधि राशि अंतरित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप संचालक कृषि डी.पी.एस. कंवर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को किसानों की आर्थिक मजबूती का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जैविक एवं प्राकृतिक खेती, बीज पंजीयन, प्रमाणित बीज उत्पादन, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा कृषि से अधिक आय अर्जित करने के उपायों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से जानकारी दी। कृषि विभाग द्वारा संचालित “खेत बचाओ अभियान” के तहत फसल संरक्षण, मृदा परीक्षण, जल संरक्षण एवं समेकित कीट प्रबंधन के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों एवं विषय विशेषज्ञों ने किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, जैविक खाद एवं जैव उर्वरकों के उपयोग तथा कृषि उद्यमिता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। कार्यक्रम में किसानों की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
कार्यक्रम में 75 किसानों सहित कुल 92 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। अंत में किसानों से वैज्ञानिक खेती अपनाकर गुणवत्तायुक्त बीजों के उपयोग तथा शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर अपनी आय बढ़ाने का आह्वान किया गया।

Continue Reading

कोरबा

बेहतर खेती, बेहतर भविष्य, नैनो तकनीक अपना रहे किसान

Published

on

आधुनिक नवाचार का मिला लाभ, किसान ब्रजेश रात्रे ने दोहराया भरोसा

कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने तथा खेती को अधिक लाभकारी, किफायती और टिकाऊ बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। किसानों को वैज्ञानिक कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त हो सके और उनकी आय में वृद्धि हो। इसी दिशा में नैनो डीएपी और नैनो यूरिया जैसे उन्नत कृषि नवाचार किसानों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। किसानों के बीच इन उर्वरकों की बढ़ती स्वीकार्यता आधुनिक कृषि नवाचारों के प्रति बढ़ते विश्वास को भी दर्शाती है।

कोरबा जिले के ग्राम बाता निवासी कृषक ब्रजेश कुमार रात्रे नैनो उर्वरकों के सफल उपयोग का एक प्रेरणादायक उदाहरण हैं। छोटे कृषक श्री रात्रे लगभग एक एकड़ भूमि में धान की खेती करते हैं। खरीफ सीजन की तैयारियों के तहत वे आवश्यक कृषि आदान सामग्री प्राप्त करने सहकारी समिति कनबेरी पहुंचे, जहां से उन्होंने नैनो डीएपी और नैनो यूरिया प्राप्त किया।
श्री रात्रे ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष पहली बार अपनी फसल में नैनो उर्वरकों का उपयोग किया था। इसके परिणाम उत्साहजनक रहे, जिससे फसल की वृद्धि बेहतर हुई और उत्पादन में भी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला। इसी अनुभव के आधार पर उन्होंने इस वर्ष भी नैनो उर्वरकों का उपयोग करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में तीन भाई खेती-किसानी का कार्य करते हैं। उनके सकारात्मक अनुभव को देखते हुए परिवार के अन्य सदस्यों ने भी अपनी खेती में नैनो उर्वरकों का उपयोग शुरू कर दिया है। इससे पूरे परिवार को आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ मिल रहा है।
श्री रात्रे ने बताया कि पहले वे पारंपरिक उर्वरकों का उपयोग करते थे, लेकिन नैनो उर्वरकों के बारे में जानकारी मिलने के बाद उन्होंने इसे अपनाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा नैनो उर्वरकों के उपयोग से पोषक तत्वों का बेहतर उपयोग होता है, उर्वरकों की अनावश्यक बर्बादी कम होती है तथा फसलों को आवश्यक पोषण प्रभावी ढंग से प्राप्त होता है। यही कारण है कि किसानों के बीच नैनो उर्वरकों के प्रति रुचि और विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि सहकारी समितियों के माध्यम से समय पर नैनो उर्वरकों की उपलब्धता किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है। इससे किसानों को खेती की तैयारियां समय पर करने में सुविधा मिल रही है और आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहन भी मिल रहा है।
अंत में कृषक ब्रजेश कुमार रात्रे ने जिले के किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि खेती में नवाचारों को अपनाने में किसी भी प्रकार की झिझक नहीं होनी चाहिए। समय के साथ कृषि पद्धतियों में बदलाव लाकर किसान अपनी खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि नैनो उर्वरकों जैसी आधुनिक तकनीकें न केवल बेहतर उत्पादन और लागत में बचत सुनिश्चित करती हैं, बल्कि उर्वरकों के संतुलित उपयोग के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677