Connect with us

छत्तीसगढ़

नड्डा करेंगे नेताओं की मॉनिटरिंग, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस:सांसद-विधायकों को मिले 5 अहम मंत्र, भ्रष्टाचार से दूर रहें, जनता से जुड़े रहें, कांग्रेस ने बताया नौटंकी

Published

on

रायपुर,एजेंसी। अंबिकापुर में चल रहे भारतीय जनता पार्टी का प्रशिक्षण शिविर खत्म हो चुका है। मैनपाट में 3 दिनों तक जनता के चुने हुए नेता इस प्रशिक्षण शिविर में शामिल रहे। शिविर में सरकार के सभी मंत्री, सांसद और विधायकों ने संगठन के बड़े नेताओं की बातों को सुना।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, शिव प्रकाश, विनोद तावड़े और वी सतीश जैसे नेताओं की क्लास इन छत्तीसगढ़ के जनप्रतिनिधियों ने अटेंड की। शिविर में नेताओं को खास नसीहत दी गई। एक व्यवहार ठीक रखे दूसरा भ्रष्टाचार से दूर रहे। जेपी नड्डा खुद इसकी मॉनिटरिंग करेंगे।

मैनपाट में कुछ विधायक वीडियो बनवाते और तस्वीर भी खिंचवाते दिखे, इस पर कांग्रेस ने तंज कसा है। इस पूरे प्रशिक्षण शिविर को लेकर कांग्रेस ने राजनीतिक बयान बाजी भी की।

आखिर तीन दिनों तक पूरी सरकार मैनपाट में क्यों रही ? और क्या कुछ सीखा ? इसका क्या असर होगा पढ़िए इस रिपोर्ट में:-

इस तरह किसी क्लास के स्टूडेंट की तरह सभी नेताओं ने तीन दिन तक ट्रेनिंग ली।

इस तरह किसी क्लास के स्टूडेंट की तरह सभी नेताओं ने तीन दिन तक ट्रेनिंग ली।

तो नेताओं को यहां क्या सिखाया और समझाया गया

संगठन के नेताओं का फोकस इस बात पर था कि नेता ज्यादा से ज्यादा जनता से जुड़ें। जनता के बीच उनका व्यवहार ऐसा हो कि लोग भारतीय जनता पार्टी से कनेक्ट रहें। भ्रष्टाचार की वजह से सरकार और पार्टी दोनों की छवि बिगड़ती है। इसे लेकर भी बेहद ध्यान से व्यवहार करने के निर्देश सांसद विधायकों को मिले हैं।

यह भी बताया गया कि विपक्ष को जनता से जुड़े मुद्दों पर आक्रामक तरीके से घेरना होगा। इसके लिए अधिक से अधिक सोशल मीडिया का उपयोग करने की सलाह मिली है।

केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रदेश में अधिक से अधिक फायदा मिले इसकी भी जिम्मेदारी दी गई है। नेताओं को यह भी नसीहत दी गई है कि अच्छा काम नहीं किया तो जिम्मेदारी से हटा दिए जाएंगे, कार्रवाई भी होगी।

प्रशिक्षण का उद्घाटन जेपी नड्‌डा ने किया था।

प्रशिक्षण का उद्घाटन जेपी नड्‌डा ने किया था।

सिर्फ सांसद-विधायकों की ट्रेनिंग इस वजह से

इस प्रशिक्षण शिविर में सिर्फ सांसदों और विधायकों को बुलाने का महत्वपूर्ण मकसद था। दरअसल भाजपा सरकार की छवि का मेकओवर चाहती है।

संगठन के बड़े नेताओं से सांसद और विधायकों का इंटरेक्शन करवाया गया। कामकाज को लेकर नसीहतें दी गईं। इसके पीछे का उद्देश्य सरकार के कामकाज को और बेहतर करना था।

सभी सांसदों विधायकों तीन दिन इस अंदाज में रहे।

सभी सांसदों विधायकों तीन दिन इस अंदाज में रहे।

‘घपले घोटाले की शिकायत ना आए’

अलग-अलग सेशन में बार-बार बड़े नेता इस बात को दोहराते हुए नजर आए कि सरकार और पार्टी की छवि जनता के बीच बेहतर बने। छत्तीसगढ़ सरकार काम करती हुई सरकार दिखाई दे, विपक्ष को किसी बात का मुद्दा बनाने का अवसर न मिले, सरकार का एक्शन प्रभावी ढंग से जनता के बीच जाए।

पार्टी को घपले घोटाले में अपने नेता न फंसे इसकी चिंता है, जेपी नड्‌डा ने साफ शब्दों में कहा है कि ऐसी शिकायतें न आने पाएं।

शिवराज सिंह चौहान भी प्रशिक्षण शिविर में आए थे।

शिवराज सिंह चौहान भी प्रशिक्षण शिविर में आए थे।

इस प्रशिक्षण के ये बड़े असर होंगे

  • संगठन और सरकार का कोऑर्डिनेशन- सरकार और संगठन के नेताओं के बीच सामंजस्य बढ़ाने पर जोर दिया गया है। पार्टी के अभियान, आइडियोलॉजी पर काम करने कहा गया है। सरकार के फैसलों को लोग पार्टी से जोड़कर भी देखते हैं, इसलिए ये अहम है।
  • मॉनिटरिंग होगी- नेताओं को इस प्रशिक्षण शिविर से ये बताने का प्रयास किया गया है कि आप जो कर रहे हैं उसकी मॉनिटरिंग हो रही है। इससे नेताओं की जवाबदेही तय होगी।
  • जनता से कनेक्ट- बार बार सभी बड़े नेता लोगों के बीच रहकर काम करने की बात पर फोकस करते दिखे। ये भी कहा गया कि लोगों से व्यवहार अच्छा रखें। ऐसा करने से जनता सरकार और पार्टी से जुड़ाव महसूस कर सकेगी।
  • योजनाओं पर फोकस- केंद्र और राज्य सरकार के पास ऐसी योजनाएं हैं जिससे लोगों को आर्थिक फायदा मिल रहा है। इसके प्रचार पर जोर दिया जाएगा और अधिक लोगों को इन योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
  • चुनावी तैयारी शुरू- इस प्रशिक्षण शिविर के बाद अब भाजपा 2028 में होने वाले विधानसभा चुनावों के हिसाब से प्लानिंग शुरू करने जा रही है। कई तरह के अभियान लॉन्च होंगे, जिनका सीधा असर चुनावी नतीजों पर होगा।
  • एक्टिव दिखेगी सरकार- सरकार अब एक्टिव दिखेगी, कंस्ट्रक्शन के काम, लोगों को योजनाओं के सामान देने की बात हो, या किसी मुद्दे पर फैसला लेना हो इस प्रशिक्षण शिविर के बाद इसके बेहतर होने की स्थिति बनेगी।
  • विपक्ष पर होंगे आक्रामक- सरकार विधानसभा में कांग्रेस पर आक्रामक दिखेगी, सदन के बाहर भी चाहे सोशल मीडिया हो या कोई कार्यक्रम कांग्रेस जैसे विपक्षी दलों को फैक्ट के साथ घेरने की सलाह दी गई है।
तीन दिनों तक नेता योग ध्यान भी करते रहे।

तीन दिनों तक नेता योग ध्यान भी करते रहे।

नड्‌डा के बताए 5 मंत्र

  • समाज, संगठन और सरकार के प्रति जागरूक हो। तैयारी अगले चुनाव की रखिए, आपके काम और व्यवहार का प्रभाव जनता पर होता है।
  • भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि विचार, मूल्य और सेवा का एक समर्पित आंदोलन है। जनता को इससे जोड़ना है।
  • सरकार में मौजूद सांसद-विधायकों को संगठन के साथ अधिक तालमेल बैठाकर जमीनी स्तर पर काम करने की जरूरत है।
  • बूथ स्तर पर पार्टी की उपस्थिति हो केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम आपका है। विपक्ष के दुष्प्रचार का तथ्यपूर्ण जवाब देने की रणनीति हमें अपनानी है।
  • ये प्रशिक्षण केवल औपचारिकता नहीं है, यह नेतृत्व को तैयार करने, संगठन को सशक्त बनाने और कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने का माध्यम है।
  • देश और प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार के विकास कार्यों और इनिशिएटिव को छत्तीसगढ़ के गांव–गांव, घर–घर पहुंचाना है।
CM, डिप्टी CM सभी ने बड़े नेताओं के लेक्चर सेशन को ज्वाइन किया।

CM, डिप्टी CM सभी ने बड़े नेताओं के लेक्चर सेशन को ज्वाइन किया।

CM बोले ये सुशासन के लिए कारगर

प्रशिक्षण शिविर पूरा होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा- 12 सत्र में यह प्रशिक्षण वर्ग चला और समाप्त हुआ। इसमें अलग-अलग विषयों पर संगठन के नेताओं ने अपने व्याख्यान दिए और उपस्थित सभी सांसद विधायकों को मार्गदर्शन मिला।

हम जो जनप्रतिनिधि हैं जनता के सुख दुख में हम साथ खड़े हैं उनका विकास हो, छत्तीसगढ़ का विकास करने के लिए और अपने-अपने क्षेत्र में विकास करने के लिए यह प्रशिक्षण वर्ग बहुत ही कारगर सिद्ध होगा।

उन्होंने कहा पार्टी में मंडल इकाई से लेकर राष्ट्रीय कार्यकारिणी तक नियमित प्रशिक्षण की परंपरा है, जिससे कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को न केवल संगठन की रीति-नीति, कार्यक्रम और कार्ययोजना की जानकारी मिलती है, बल्कि समसामयिक विषयों पर भी गहन मार्गदर्शन प्राप्त होता है।

यह प्रशिक्षण हमें अपनी कार्यशैली को और अधिक प्रभावी, समन्वित और जनसेवी बनाने में सहायता करेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि इस ट्रेनिंग के बाद संगठन के बीच अच्छे काम होंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि इस ट्रेनिंग के बाद संगठन के बीच अच्छे काम होंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले ये ऐतिहासिक रहा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने बताया कि सांसदों-विधायकों को पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने समापन सत्र में संबोधित किया।

प्रशिक्षण वर्ग में कुल 12 सत्र हुए जिनमें राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, वी. सतीश, प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव व विजय शर्मा शामिल रहे। भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन का 3 दिन प्रशिक्षण वर्ग में मार्गदर्शन रहा।

देव ने कहा- सांसदों-विधायकों ने एक साथ तीन दिन एक स्थान पर रहकर भाजपा की रीति-नीति की बारीकियों को समझा है। यह बताता है कि भाजपा में एक परिवार का भाव इसी तरह प्रगाढ़ होता है। छत्तीसगढ़ की जो ताकत है, जो क्षमता है, उसके माध्यम से विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण, यहां के जनजीवन में सकारात्मक परिवर्तन की दृष्टि से यह प्रशिक्षण वर्ग ऐतिहासिक रहा है।

कांग्रेस की पोस्ट।

कांग्रेस की पोस्ट।

अमित शाह नहीं आए तो दाल में कुछ काला

प्रशिक्षण शिविर में देश के गृहमंत्री अमित शाह काे भी आना था। मगर ठीक एक दिन पहले खबर आई कि वो नहीं आएंगे। दूसरे कार्यक्रमों की व्यस्तता की वजह से शाह के न आने की बात सामने आई। मगर इस बीच दिल्ली में प्रदेश के राज्यपाल रमेन डेका की शाह से मुलाकात हुई।

इस तस्वीर को सोशल मीडिया पर कांग्रेस ने पोस्ट किया और लिखा- दाल में कुछ काला नहीं पूरी दाल काली है, राज्यपाल मान. रमन डेका जी लगातार जिलों का दौरा कर रहे हैं जोकि सरकार की विफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है।

नई दिल्ली में उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और आज अमित शाह का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम जो कि मैनपाट में आयोजित भाजपा की प्रशिक्षण शिविर में शामिल होना था, उसे रद्द कर दिया। आखिर राज्यपाल ने ऐसा क्या फीडबैक दिया, जिसके चलते गृहमंत्री ने छत्तीसगढ़ भाजपा का निमंत्रण ठुकरा दिया?

कांग्रेस ने विधायकों के फोटोशूट पर उठाए सवाल।

कांग्रेस ने विधायकों के फोटोशूट पर उठाए सवाल।

कांग्रेस ने पूरे कार्यक्रम सवाल उठाए इसे सिर्फ पिकनिक बताया।

कांग्रेस ने पूरे कार्यक्रम सवाल उठाए इसे सिर्फ पिकनिक बताया।

कांग्रेस ने पूछा- भ्रष्ट मंत्रियों पर कार्रवाई क्यों नहीं?

भाजपा के प्रशिक्षण शिविर को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में मंत्री और विधायकों को ठेकेदारों और भ्रष्ट लोगों से दूर रहने की जो हिदायत दी है वह सिर्फ राजनीतिक नौटंकी है भाजपा सरकार से त्रस्त जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश है।

बैज ने कहा- जब नड्डा को पता है कि उनके मंत्री और विधायक ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं, कमीशन और भ्रष्टाचार की काली कमाई में भाजपा के मंत्री विधायकों की हिस्सेदारी है।

ऐसे में वह भ्रष्ट मंत्री और विधायकों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं करते हैं? भाजपा की सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है, कोई भी काम बिना लेनदेन के होता नहीं है। इन्हें अब तक पद से क्यों नहीं हटाया गया?

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ का तृतीय महासम्मेलन एवं सम्मान समारोह 29 मार्च को कोरबा में

Published

on

कोरबा। छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ का तृतीय महासम्मेलन की मेजबानी इस बार कोरबा कर रहा है। 29 मार्च को यह सम्मेलन टीपी नगर स्थित प्रदेश अखबार वितरक संघ कार्यालय परिसर में सम्पन्न होगा। महासम्मेलन को सफल बनाने छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ की जिला इकाई ने तैयारी प्रारंभ कर दी है। महासम्मेलन के साथ-साथ सम्मान समारोह का भी आयोजन किया जा रहा है।
महासम्मेलन कार्यक्रम का शुभारंभ अपराह्न 3.30 बजे कोरबा विधायक एवं केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन करेंगे, वहीं महासम्मेलन की अध्यक्षता महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत करेंगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में कोरबा जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, भाजपा के प्रदेश मंत्री सुश्री ऋतु चौरसिया, पार्षद एवं भाजयुमो के पूर्व जिला महामंत्री नरेन्द्र देवांगन, वार्ड पार्षद श्रीमती प्रेमलता बंजारे एवं पार्षद रामकुमार साहू होंगे। वक्ता के रूप में राष्ट्रीय वितरक महामंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामरक्षा सिंह संरक्षक पंकज भट्ट महामंत्री साकेश सैनी उत्तर प्रदेश प्रभारी राकेश अवस्थी श्रेष्ठ पासवान भागवत नारायण चौरसिया एवं , महाराष्ट्र राज्य वृत्तपत्र विक्रेता संघटना के प्रदेश अध्यक्ष सुनील पाटनकर सचिव विनोदपन्नास उपाध्यक्ष दिनेश उईके एवं छत्तीसगढ़ के सभी जिलों से प्रतिनिधि भी शामिल होंगे एवं छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के प्रदेश अध्यक्ष पदमसिंह चंदेल होंगे। महासम्मेलन में अन्य प्रदेशों से पदाधिकारी शिरकत करेंगे।
समापन समारोह 29 मार्च को ही रात्रि 8.30 बजे होगा। समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व केबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल होंगे, वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुकेश राठौर (शहर), मनोज चौहान (ग्रामीण), कांग्रेस प्रवक्ता सुरेश अग्रवाल, पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद कृपा राम साहू नेता प्रतिपक्ष नगर पालिका निगम कोरबा , पार्षद , रवि चंदेल,पूर्व पार्षद अविनाश बंजारे उपस्थित रहेंगे।
छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के कोरबा जिलाध्यक्ष विपेन्द्र साहू ने जिले के सभी ब्लाक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया है, ताकि संघ को और मजबूत बना सकें एवं अखबार वितरकों के अधिकार पाने के अभियान को और मजबूती दे सकें।
श्रम विभाग एवं चिकित्सा कैम्प का आयोजन
परिसर में महासम्मेलन के दौरान श्रम विभाग का कैम्प भी लगेगा, जहां पर विभाग के अधिकारी-कर्मचारी समय 11:00 से अखबार वितरकों के श्रमिक कार्ड बनाएंगे, ताकि श्रम विभाग छत्तीसगढ़ शासन की योजनाओं का लाभ अखबार वितरकों को भी मिल सके। कोरबा के आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा अपनी टीम के साथ स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन करेंगे।
सम्मान समारोह का भी होगा आयोजन
अखबार वितरक संघ के तृतीय महासम्मेलन में लब्ध प्रतिष्ठित पत्रकारों एवं अखबार वितरकों के लिए सम्मान समारोह का भी आयोजन किया जाएगा।
महासम्मेलन को सफल बनाने पदाधिकारियों की बैठक
महासम्मेलन को सफल बनाने कोरबा जिला इकाई के पदाधिकारियों ने आवश्यक बैठक की और सभी ने जी तोड़ मेहनत करने का संकल्प लिया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष पदमसिंह चंदेल ने की। बैठक में प्रमुख रूप से जिला संरक्षक रेशम साहू, जिला अध्यक्ष विपेन्द्र साहू, सचिव जयसिंह नेताम, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी राठौर, सहसचिव रायसिंह, कटघोरा इकाई प्रभारी बबलू यादव (कन्हैया) कटघोरा सचिव विजय दास पाली इकाई प्रभारी सुरेंद्र सिंह ठाकुर पाली सचिव संतराम पटेल पाली उपाध्यक्ष शंकर दीवान जमीनी पाली इकाई प्रभारी दीपक सचिव रविंदर मीडिया प्रभारी रामायण सिंह (रामा), कार्यक्रम संयोजक तपेश्वर राठौर, प्रवक्ता अनिल गिरी, दिलबाग, दिलीप, हर्ष, कृष्णा निर्मलकर, दीपक सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Continue Reading

कोरबा

माँ सर्वमंगला देवी का दिव्य दरबार सजा फूलों से:श्रद्धालुओं का मन प्रफूल्लित

Published

on

सप्तमी पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
कोरबा। चैत्र नवरात्रि के सातवें दिन माँ कालरात्रि स्वरूपा माँ सर्वमंगला देवी की पूजा-अर्चना करने एवं दर्शन करने श्रद्धा का सैलाब देखने को मिला। आज प्रबंधन ने सप्तमी को माँ सर्वमंगला देवी का अभूतपूर्व अभिनंदन किया और माँ के दिव्य दरबार को विभिन्न प्रकार के सुगंधित फूल मालाओं का तोरण बनाकर अभूतपूर्व सजाया और माँ का दिव्य अभिनंदन किया।

माँ सर्वमंगला देवी के सजे दरबार से श्रद्धालुओं का मन अभूतपूर्व दृश्य से प्रफूल्लित हो उठा और ह्दय रोमांचित हो उठा। संध्या होते ही यह दृश्य और अतिसुंदर हो गया, मानो हम स्वर्ग में आ गए हैं, वैसे भी माँ सर्वमंगला देवी का परिसर पहुंचते ही मन में अजीब सी शांति का एहसास होता है और सारे विकार दूर हो कर मन सिर्फ माँ के आगोश में जाने का करता है। शांत वातावरण और दिव्य दृश्य मन और मस्तिष्क को आल्हादित करते हैं।
आज सप्तमी पर माँ कालरात्रि स्वरूपा की पूजा करने परिसर से लेकर लम्बी लाईन लगी हुई थी और श्रद्धालु धीरे-धीरे गर्भगृह पहुंचकर माता के श्रृंगारमय सजी मूर्ति का दर्शन कर तृप्त हो गए। सजीवरूपी माँ सर्वमंगला देवी अपने भक्तों का हर मनोकामना पूर्ण करती हैं, इसी विश्वास के साथ आज सप्तमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और माँ कालरात्रि स्वरूपा माँ सर्वमंगला देवी का दिव्य दर्शन कर अपने आपको धन्य मान रहे थे।

कल महाष्टमी पर भी रहेगी अभूतपूर्व भीड़

कल 26 मार्च चैत्र शुक्ल अष्टमी को महागौरी स्वरूपा माँ सर्वमंगला देवी की पूजा-अर्चना होगी और कल महाष्टमी पर माँ सर्वमंगला देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या सबसे ज्यादा पहुंच सकती है।
माँ महागौरी की पूजा से धन और ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है और कल महाष्टमी पर माँ महागौरी स्वरूपा माँ सर्वमंगला देवी की पूजा-अर्चना कर श्रद्धालु धन और ऐश्वर्य के लिए आशीर्वाद मांगेंगे।
माँ महागौरी को सूजी का हलवा और फल अतिप्रिय हैं और भक्तगण सूजी का हलवा और फल अर्पण कर मनोवांछित फल प्राप्ति के लिए आशीर्वाद मांगेंगे।
मंदिर परिसर की सजावट से भावविभोर हो रहे श्रद्धालु- नमन पाण्डेय


माँ सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा के प्रबंधक/पुजारी एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय (नन्हा महाराज) ने बताया कि माता की असीम कृपा सभी पर बरसती है और माता के आशीर्वाद से परिसर को फूलों से सजाया गया है और दिव्य मनोकामना ज्योति कलशों के पुण्य तेज और फूलों की महक से दरबार ऐसा लग रहा है, मानो स्वर्ग का एहसास करा रहा हो। कल माँ महागौरी स्वरूपा माँ सर्वमंगला देवी की पूजा-अर्चना होगी और माँ महागौरी धन और ऐश्वर्य प्रदात्रि हैं। माँ महागौरी स्वरूपा की पूजा-अर्चना करने से घर में धन की कमी नहीं होती और परिवार खुशहाल और समृद्ध होता है।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

बलौदाबाजार : किसानों की खुशियों भरी होली के बाद अब भूमिहीन कृषि श्रमिकों की नवरात्रि भी हुई समृद्ध

Published

on

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत राशि का किया अंतरण

प्रदेश के 4.95 लाख से अधिक भूमिहीन कृषकों के खातों में 495 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित

सुशासन सरकार की सतत पहल से किसान, मजदूर और महिलाओं को मिल रहा मजबूत आर्थिक संबल

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत राशि का किया अंतरण

बलौदाबाजार। किसानों की खुशियों भरी होली के बाद अब भूमिहीन कृषि श्रमिकों के लिए भी यह नवरात्रि समृद्धि और आत्मविश्वास का संदेश लेकर आई है। छत्तीसगढ़ में सुशासन सरकार की योजनाएं अब सीधे जनजीवन में परिवर्तन का आधार बनती दिख रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बलौदाबाजार जिले में दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत राशि का किया अंतरण

 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बलौदा बाजार में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के 4 लाख 95 हजार 965 भूमिहीन कृषि मजदूरों के खातों में 495 करोड़ 96 लाख 50 हजार  रुपये की राशि अंतरित की। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि श्रम और सम्मान को सशक्त करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत राशि का किया अंतरण

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों को सरकार द्वारा तेजी और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जा रहा है। उन्होंने उल्लेख किया कि धान खरीदी में अंतर की राशि मिलने से किसानों ने इस वर्ष उत्साह और संतोष के साथ होली मनाई, वहीं अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महतारी वंदन योजना के अंतर्गत महिलाओं को मिली राशि ने उनके आत्मनिर्भरता के संकल्प को और मजबूत किया है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से गृह प्रवेश कराते हुए मकानों की चाबियां भी सौंपीं। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में 18 लाख से अधिक आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिससे हजारों परिवारों के जीवन में स्थायित्व और सुरक्षा का नया अध्याय जुड़ा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने बलौदाबाजार की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का स्मरण करते हुए बाबा गुरु घासीदास, संत कबीर और शहीद वीर नारायण सिंह को नमन किया। उन्होंने कहा कि  दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के अंतर्गत प्रति वर्ष 10 हजार रुपये की सहायता राशि भूमिहीन कृषि मजदूरों को दी जा रही है, जिससे वे अपने परिवार की आवश्यकताओं, बच्चों की शिक्षा और छोटे व्यवसायों को आगे बढ़ाने में सक्षम हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार किसानों से किए गए वादे के अनुरूप 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार हेतु 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है। साथ ही तेंदूपत्ता संग्रहण दर में वृद्धि, चरण पादुका योजना का पुनः संचालन तथा रामलला दर्शन एवं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजनाओं के माध्यम से सामाजिक और आध्यात्मिक सशक्तिकरण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बिजली बिल समाधान योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि कोरोना काल में लंबित बिलों के निपटान हेतु विशेष छूट एवं आसान किस्तों की सुविधा प्रदान की जा रही है। यह योजना जून तक संचालित होगी और प्रदेशभर में इसके लिए समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

प्रदेश के समग्र विकास पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खनिज संपदा, कृषि और वन उत्पादों के बेहतर उपयोग से छत्तीसगढ़ को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का लक्ष्य है। उन्होंने बस्तर क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्षों तक नक्सलवाद से प्रभावित यह क्षेत्र अब शांति, विश्वास और विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार के संकल्प और सुरक्षाबलों के साहस से नक्सलवाद अब समाप्ति की ओर है और बस्तर में विकास की नई धारा प्रवाहित हो रही है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया तथा पांच जिलों के हितग्राहियों से वर्चुअल संवाद कर योजनाओं के प्रभाव की जानकारी ली।

इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को कम समय में पूरा करना सरकार की प्रतिबद्धता और कार्यक्षमता का प्रमाण है। उन्होंने महतारी वंदन योजना, धान खरीदी के अंतर की राशि तथा प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि अब तक 18 लाख गरीब परिवारों के लिए आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। 

राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि सरकार पारदर्शिता के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन कर रही है और भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। आज योजनाओं की राशि सीधे हितग्राहियों के खातों में पहुंच रही है, जिससे व्यवस्था में विश्वास और पारदर्शिता दोनों मजबूत हुए हैं। उन्होंने सभी भूमिहीन कृषि मजदूरों, विशेषकर बैगा-गुनिया परिवारों को इस योजना के लाभ के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरू खुशवंत साहेब, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677