Connect with us

देश

तीन टीवी सीरियल जितना ‘श्रीमद रामायण’ का बजट

Published

on

कपड़े-ज्वेलरी पर चार गुना ज्यादा खर्च

अयोध्या और लंका के लिए अलग-अलग सेट बने

उमरगांव, एजेंसी। रील टु रियल के नए एपिसोड में हम मुंबई से दूर गुजरात बॉर्डर पर एक जगह उमरगांव पहुंचे। वहां बड़े- बड़े सेट लगे थे। वहां टीवी सीरियल श्रीमद रामायण की लॉन्चिंग चल रही थी। पत्थरों और फर्नीचर के सेट देख आंखें चौंधिया रही थीं। वहां अलग-अलग चार सेट लगे थे। श्रीराम के जन्म स्थान अयोध्या का सेट देखकर शांति का अनुभव हो रहा था। वहीं जब हम लंका के सेट पर गए तो ऐसा लगा कि आसुरी शक्तियां आस-पास डेरा जमाए बैठी हैं। आर्ट डायरेक्टर उमंग कुमार ने कहा कि उन्होंने सेट बनाने के लिए किसी भी आर्टिफिशियल चीज का इस्तेमाल नहीं किया है। बाहर से पत्थर मंगवाकर सेट पर नक्काशी की गई है। सोनी इंटरटेनमेंट शो के बिजनेस हेड ने बताया कि इस पौराणिक सीरियल को बनाने में तीन डेली सोप की मेकिंग जितना खर्च आया है। लकडिय़ों से बनाया मिथिला का सेट, आर्टिफिशियल चीजों का कम इस्तेमाल किया गया सीरियल का सेट डिजाइन करने वाले आर्ट डायरेक्टर उमंग कुमार ने कहा, ‘हम इस सेट पर पूरी तरह प्राचीन भारत का फील देना चाहते थे। हमने आर्टिफिशियल चीजों का कम से कम इस्तेमाल किया है। बाहर से पत्थर मंगवाकर सेट पर लगाए गए हैं। मिथिला का सेट बनाते वक्त हमने लकडिय़ों का बहुत इस्तेमाल किया है। मतलब प्राचीन अयोध्या से लेकर लंका, मिथिला और किष्किंधा को हम बिल्कुल वैसा ही दिखाना चाहते हैं जैसे वो उस समय रहे होंगे। इसके लिए काफी रिसर्च भी किया गया है।’

सोने की लंका बनाने के लिए खास इंतजाम करने पड़े

उमंग कुमार ने बहुत सारे सेट्स बनाए हैं। फिर श्रीमद रामायण के सेट में नयापन कैसे ला पाए। उन्होंने समझाते हुए कहा, ‘यह सही बात है कि मैंने बहुत सारे सेट्स डिजाइन किए हैं। हालांकि इस सेट को बनाने के लिए मुझे खुद को उस जोन में भेजना पड़ा। मान लीजिए कि मैं प्राचीन भारत का एक आर्किटेक्ट हूं। राजा मुझे अपने राजमहल को डिजाइन करने का टास्क देता है। अब मुझे राजा को खुश भी करना है, इसलिए मैं उस वक्त के संसाधनों का प्रयोग करके एक सुंदर और भव्य राजमहल बनाने की कोशिश करूंगा। मैंने अपने आप को उसी जोन में डालकर यह सेट डिजाइन किया है। अगर मुझे सोने की लंका बनानी है, तो ऐसे धातुओं की खोज करता हूं जिसमें सोने की परत लगी हो और जो बिल्कुल सोने की तरह ही लगे।’

बिना मिर्च-मसाला लगाए सीरियल को बनाया गया, तथ्यों के साथ छेड़छाड़ नहीं हुई

इस साल रामायण पर बनी फिल्म आदिपुरुष पर काफी विवाद हुए थे। ऐसे में मेकर्स के सामने कोई चुनौती थी सोनी एंटरटेनमेंट चैनल के बिजनेस हेड नीरज व्यास ने कहा, सीरियल बनाते वक्त हमने कोशिश की है कि हम इसमें अपनी सोच न दिखाएं। जो रामायण में लिखा गया है या जो लोगों ने पढ़ा हुआ है, बिल्कुल उसी को बिना मिर्च मसाला लगाए दिखाया जाए। इसके लिए कई महीनों तक हम कहानी ही लिखते रहे। हमने स्टोरी की ड्राफ्टिंग कई बार की। फरवरी 2023 में पहली बार हमने इस सीरियल की मेकिंग के लिए मीटिंग रखी। हजारों लोगों के ऑडिशन हुए। बड़े लेवल पर प्रमोशन हुआ। परिणामस्वरूप आज हम शो लॉन्च कर रहे हैं।’

तीन डेली सोप बनने जितना पैसा श्रीमद रामायण को बनाने में लगा

नीरज ने आगे कहा, ‘टेक्निकली आज हम बहुत एडवांस हो चुके हैं। हमारे पास पहले वो टूल्स नहीं थे जो आज हैं। आज के वक्त में हमारे पास अच्छे साउंड, बढिय़ा एडिटिंग, महंगे कैमरे और बेहतरीन व्हीएफ एक्स हैं। इसकी मदद से हमने शो को ग्रैंड बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।’ नीरज ने शो का एक्जेक्ट बजट तो नहीं बताया, लेकिन उन्होंने इतना जरूर कहा कि जितने में तीन डेली सोप बनते हैं, उतना इसका अकेला बजट है।

राम मंदिर के उद्घाटन वाले वक्त शो शुरू करना एक संयोग

22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर का उद्घाटन है। क्या इसे ध्यान में रखकर ही शो की शुरुआत 1 जनवरी से की जा रही है जवाब में नीरज ने कहा, ‘राम मंदिर के उद्घाटन वाली डेट से पहले ही हमने शो की अनाउंसमेंट कर दी थी। इसलिए उस डेट से हमारे शो का कोई संबंध नहीं है, लेकिन यह एक अच्छा संयोग है। हमें खुशी है कि हमारा शो तब आ रहा है जब अयोध्या में राम लला अपने सही जगह पर विराजमान होने जा रहे हैं।’

हाथ में बनवाया महादेव का टैटू, 10 दिन बाद रावण का रोल ऑफर हुआ

इस सीरियल में रावण का किरदार निभा रहे एक्टर निकितिन धीर ने अपने रोल के बारे में बात की। उन्होंने कहा, ‘मुझे बहुत सालों से महादेव का टैटू बनवाने का मन कर रहा था। सावन के आखिरी सोमवार को मैंने अपने हाथ में महादेव का टैटू गुदवा लिया। इसके 10-15 दिन बाद मेरी मुलाकात सीरियल के डायरेक्टर सिद्धार्थ से हुई। उन्होंने मुझे रावण का रोल ऑफर किया। मुझे लगा कि यह महादेव की तरफ से मेरे लिए एक आशीर्वाद है। मैंने इसके लिए तुरंत हां बोल दिया।’ निकितिन ने आगे कहा, ‘मुझे शुरुआत में थोड़ा डर लग रहा था। अरविंद त्रिवेदी ने रावण का जो रोल किया था, उसे लोग आज भी याद रखते हैं। मुझे शक था कि क्या मैं उनके जैसा किरदार निभा पाऊंगा। हालांकि, अरविंद जी ने जब यह किरदार निभाया तो वो थोड़े उम्रदराज हो गए थे। उस सीरियल में रावण के बाद के जीवन की कहानी ज्यादा दिखाई गई है। यहां आपको रावण के यंग एज से जुड़ी बहुत अनकही बातें जानने को मिलेंगी।’ निकितिन यहां रामानंद सागर वाली रामायण में रावण का किरदार निभाने वाले दिवंगत एक्टर अरविंद त्रिवेदी की बात कर रहे हैं। सीरियल में अयोध्या, किष्किंधा, लंका और मिथिला के वासियों के लिए अलग कपड़े और ज्वेलरी डिजाइन किए गए कॉस्ट्यूम डिजाइनर शिबाप्रिया सेन ने कहा कि उन्होंने सीरियल के हर कैरेक्टर के लुक्स पर तकरीबन तीन महीने रिसर्च किया है। सबके लिए अलग-अलग पैटर्न के कपड़े और ज्वेलरी बनाई गई है। उन्होंने कहा, ‘सीरियल में अयोध्या, किष्किंधा, लंका और मिथिला सहित चार साम्राज्य दिखाए जाएंगे। सभी साम्राज्यों में रहने वाले लोगों के लिए अलग-अलग तरह के कपड़े तैयार किए गए हैं। ऐसा इसलिए किया गया है कि ताकि हर कैरेक्टर दूसरे से अलग दिखाई दे। रेगुलर सीरियल में आप देखते होंगे कि सारे कैरेक्टर्स एक ही पैटर्न के लुक्स में दिखाई देते हैं। इसके लिए बजट भी काफी ज्यादा लगा। हमें मेकर्स की तरफ से पहले ही कहा गया था कि बजट की चिंता नहीं करनी है।’

किरदारों के कपड़ों का खर्च चार टीवी शोज के कॉस्ट्यूम बजट से ज्यादा

रावण का किरदार निभा रहे एक्टर निकितिन धीर इस शो में 20 किलो से ज्यादा वजन वाली ज्वेलरी पहने नजर आएंगे। उनकी सारे ज्वेलरी को कॉपर से बनाया गया है। उसके ऊपर गोल्डन पेंट किया गया है, ताकि वो असली सोना लगे। कॉस्ट्यूम डिजाइनर शिबाप्रिया सेन ने बताया कि चार टीवी शो के कॉस्ट्यूम पर जितना खर्चा आता है, उतना इस शो का अकेले आया है।

हनुमान का रोल करने के बाद शराब और नॉनवेज से बनाई दूरी

एक्टर निर्भय वाधवा इस शो में हनुमानजी का रोल निभा रहे हैं। यह किरदार निभाने के बाद उनके जीवन में काफी बदलाव आया है। निर्भय ने कहा, ‘हनुमान का रोल करने के बाद मैंने सिगरेट, शराब और नॉनवेज से दूरी बना ली है। अगर आपने एक महीने भी ऐसे कैरेक्टर को निभा लिया तो आप ऑटोमेटिक इन सब चीजों से दूर हो जाएंगे। मुझे अब सिगरेट और शराब के नाम पर उल्टी आती है। पहले मैं पंजाबी और अंग्रेजी सॉन्ग सुनता था। अब भजन लगाकर सुनता हूं।’ निर्भय ने आगे कहा, ‘पहले मैं बहुत गुस्से वाला था। मेरी गाड़ी अगर किसी ने ठोक दी तो सड़क पर उससे झगडऩे लगता था। हालांकि हनुमान जी का रोल करने के बाद यह गुस्सा शांत हो गया है। अब गाड़ी पर कोई स्क्रैच भी मार देता है तो मैं मुस्कुरा कर उसे आगे बढऩे के लिए बोल देता हूं।’

सेट देख कर लगेगा कि आप अयोध्या में हैं- डायरेक्टर सिद्धार्थ तिवारी

शो के डायरेक्टर और पौराणिक कथाओं पर कई टीवी शोज बना चुके स्वास्तिक प्रोडक्शन के फाउंडर सिद्धार्थ कुमार तिवारी ने कहा, ‘हम इस सीरियल के जरिए भारत की संस्कृति को दिखाना चाहते थे। हजारों साल पहले हमारा भारतवर्ष कैसा दिखता था, इसकी कल्पना हम इस सेट को देखकर कर सकते हैं। अयोध्या नगरी अभेद्य थी। इसे कोई भेद नहीं सकता था। हमने कुछ ऐसी ही अयोध्या दिखाने की कोशिश की है। अयोध्या की तरह यहां भी सरयू नदी का तट बनाया गया है। सेट देखकर आप यही कहेंगे कि मैं अयोध्या में हूं।’

रामायण के बहुत सारे चैप्टर को अभी दिखाना बाकी

सिद्धार्थ ने कहा कि रामायण तो सबने देखी हुई है, लेकिन अभी भी कुछ कहानियां ऐसी हैं, जिनके बारे में हमें पता नहीं है। उन्होंने कहा, ‘रामायण की स्टोरी के बहुत सारे चैप्टर अभी दिखाए ही नहीं गए हैं। आपको पता नहीं होगा कि राजा दशरथ का नाम दशरथ कैसे पड़ा? उनका नाम महाराजा निमि था। उन्होंने राक्षस संभासुर के साथ एक युद्ध में 10 दिशाओं में रथ घुमाकर शौर्य का परिचय दिया था। तब से उनका नाम दशरथ पड़ गया। ऐसी ही बहुत सारी कहानियों को हम इस सीरियल के जरिए दिखाएंगे।’ सिद्धार्थ तिवारी पौराणिक कथाओं को छोटे पर्दे पर तकरीबन 10 साल से भी ज्यादा समय से दिखाते आ रहे हैं। उन्हें इसकी मास्टरी कैसे हासिल हुई। जवाब में उन्होंने कहा, ‘मैं किताबें बहुत पढ़ता हूं। अपने इतिहास के बारे में जानने की बहुत इच्छा रखता हूं। मैंने रामायण-महाभारत के बारे में पढऩा शुरू किया। मुझे इन्हें पढऩा अच्छा लगने लगा और मैं दिन-प्रतिदिन इसमें घुसता चला गया। इसके बाद मैंने इन पौराणिक कहानियों को दिखाना शुरू किया।’ राम और सीता की कास्टिंग पर बात करते हुए डायरेक्टर सिद्धार्थ तिवारी ने कहा, ‘हमें राम के किरदार के लिए एक ऐसे शख्स की जरूरत थी, जिसके चेहरे पर एक ठहराव दिखे। जिसको देखकर लगे कि यह बंदा रिएक्ट नहीं बल्कि रिस्पॉन्ड करेगा। सीता का रोल करने वाली के अंदर एक मासूमियत होनी चाहिए। सौभाग्य से हमें सुजॉय रिऊ और प्राची बंसल के रूप में ऐसे एक्टर्स मिल गए। अंत में ये कलाकर ही होते हैं जो कैरेक्टर्स को स्क्रीन पर जिंदा करते हैं।’

कैकेयी के जीवन का अलग पहलू भी देखने को मिलेगा

सीरियल में दशरथ का किरदार निभाने वाले एक्टर आरव चौधरी ने कैकेयी के किरदार के बारे में बात की। उन्होंने कहा, कैकेयी के बारे में सबके अंदर एक गलत धारणा है। इस सीरियल में आपको कैकेयी का एक पॉजिटिव अवतार भी देखने को मिलेगा। श्री राम को वनवास भेजने से पहले भी उनकी एक अलग लाइफ थी। उनके शौर्य के बारे में तो कभी चर्चा ही नहीं होती है। उन्होंने दशरथ की जान बचाई थी। उनके पराक्रम से खुश होकर दशरथ ने उन्हें दो वरदान दिए थे।

फेमस टीवी एक्ट्रेस शिल्पा सकलानी ने शो में कैकेयी का रोल निभाया है।

सीरियल का नाम श्रीमद रामायण कैसे पड़ा?

श्रीमद रामायण टाइटल रखने के पीछे क्या सोच रही होगी। इसका जवाब देते हुए सीरियल के राइटर विनोद शर्मा ने कहा, ‘हम अपने आस-पास के व्यक्तियों को श्री कह कर सम्मान देते हैं। महिलाओं को श्रीमती और कुंवारी लड़कियों को सुश्री कहते हैं। फिर रामायण जैसे महान ग्रंथ के आगे श्री क्यों नहीं लगा सकते? जहां तक बात श्रीमद की है…भगवान के मुख से निकलने वाली बात को श्रीमद कहते हैं। सभी को पता है कि भगवान शिव ने सबसे पहले पार्वती जी को रामायण की कहानी सुनाई थी। यही सोचकर और समझकर हमने सीरियल का नाम श्रीमद रामायण रखा।’

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

देश

नेपाल सीमा से गिरफ्तार हुए TMC के पूर्व विधायक जहांगीर खान, STF की बड़ी कार्रवाई

Published

on

कोलकाता, एजेंसी। तृणमूल कांग्रेस के नेता जहांगीर खान को ‘जबरन वसूली’ के आरोप में सोमवार को उत्तर बंगाल में भारत-नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने खान को गिरफ्तारी से दी गई अंतरिम सुरक्षा 26 मई को वापस ले ली थी। खान के खिलाफ दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा थाने में सात प्राथमिकी दर्ज हैं।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ”खान को उत्तर बंगाल में भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।” हालांकि पुलिस ने गिरफ्तारी के संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं दी है। खान 21 मई को फाल्टा विधानसभा उपचुनाव में चौथे स्थान पर रहे थे। हालांकि, उन्होंने चुनाव से कुछ दिन पहले अपनी उम्मीदवारी वापस लेने की घोषणा की थी, लेकिन नाम वापस लेने की अवधि समाप्त हो चुकी थी इसीलिए उनका नाम ईवीएम में दर्ज रहा।

कलकत्ता हाई कोर्ट ने खान को मिली अंतरिम सुरक्षा वापस ली
इससे पहले कलकत्ता हाई कोर्ट ने खान के खिलाफ दर्ज कई आपराधिक मामलों में पुलिस की किसी भी सख्त कार्रवाई से उन्हें मिली अंतरिम सुरक्षा वापस ले ली थी। कोर्ट ने 18 मई को खान को सख्त कार्रवाई से राहत दी थी, लेकिन बाद में इसे रद्द कर दिया गया। जजों ने कहा कि राज्य में राजनीतिक स्थिति में बदलाव और याचिकाकर्ता द्वारा राजनीतिक बदले की भावना के दावों के कारण ऐसी सुरक्षा जारी रखना उचित नहीं होगा।

खान के वकील किशोर दत्ता ने कोर्ट में तर्क दिया कि 4 मई को विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद उनके मुवक्किल के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज किए गए थे। उन्होंने दावा किया कि ये मामले राजनीतिक बदले की भावना का नतीजा थे और कहा कि सुरक्षा न केवल चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी थी, बल्कि खान को कथित उत्पीड़न से बचाने के लिए भी थी। दूसरी ओर, अतिरिक्त महाधिवक्ता राजदीप मजूमदार ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग का विरोध किया। उन्होंने कहा कि पहले दी गई सुरक्षा केवल खान को 21 मई को फाल्टा में हुए दोबारा मतदान (रीपोल) में भाग लेने में सक्षम बनाने के लिए थी, जिसके नतीजे 24 मई को घोषित किए गए थे।

 पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में फाल्टा विधानसभा उपचुनाव (रीपोल) के बीच एक बड़ी राजनीतिक घटनाक्रम में, जहांगीर खान ने अपना नामांकन वापस ले लिया, जो पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए एक बड़ा झटका था। उन्होंने कहा कि दौड़ से हटने का फैसला फाल्टा के लोगों की भलाई के लिए लिया गया था। खान ने कहा, “मैं फाल्टा का बेटा हूं और चाहता हूं कि फाल्टा शांतिपूर्ण रहे और तरक्की करे। हमारे मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी फाल्टा के विकास के लिए एक विशेष पैकेज दे रहे हैं, इसलिए मैंने निर्वाचन क्षेत्र में दोबारा मतदान प्रक्रिया से दूर रहने का फैसला किया है।”

Continue Reading

देश

भाजपा की फूट डालने की पुरानी चाल कामयाब नहीं होगी, क्रॉस वोटिंग की आशंका पर दिग्विजय सिंह का तीखा हमला

Published

on

भोपाल, एजेंसी। मध्य प्रदेश में कांग्रेस से राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन ने अपना नामाकंन दाखिल किया। उनका मुकाबले में भाजपा ने तीसरे उम्मीदवार के रूप में महेश केवट को उतारा है। ऐसे में मुकाबला बेहद रोचक हो गया है। वहीं कांग्रेस में क्रॉस वोटिंग का खतरा बढ़ गया है। हालांकि कांग्रेस ने इसे भाजपा की गलतफहमी बताया है।

कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह का कहना है, “बीजेपी को गलतफहमी है कि वे पार्टी में फूट डाल सकते हैं। कांग्रेस पूरी तरह से संगठित और एकजुट है; सभी कांग्रेस विधायक पार्टी की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन को मजबूती से अपना पूरा समर्थन देंगे और बीजेपी की फूट डालने की पुरानी चाल कामयाब नहीं होगी। मीनाक्षी नटराजन कांग्रेस की उम्मीदवार हैं और हम कांग्रेस में एकजुट हैं।”

बता दें कि 230 सदस्यों वाली मध्य प्रदेश विधानसभा में प्रभावी वोट संख्या 228 है। इनमें से BJP के पास 164 और कांग्रेस के पास 64 विधायक हैं। बीना की विधायक निर्मला सप्रे के वोट की स्थिति साफ न होने (जो BJP की तरफ झुकती दिख रही है) और विजयपुर के विधायक मुकेश मल्होत्रा ​​के वोटिंग पर रोक के कारण, कांग्रेस की प्रभावी संख्या घटकर 62 रह गई है।

राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए हर उम्मीदवार को 58 वोटों की ज़रूरत होती है। इस तरह, BJP को दो सीटें जीतने के लिए 116 वोटों की ज़रूरत है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कुल 164 वोटों में से 116 वोट डालने के बाद BJP के पास 48 वोट बचेंगे, जबकि तीसरी सीट पक्की करने के लिए उसे 10 और वोटों की ज़रूरत होगी। कांग्रेस के पास एक सीट जीतने के लिए ज़रूरी संख्या तो है, लेकिन BJP द्वारा तीसरे उम्मीदवार के ऐलान ने उसकी चिंताएं बढ़ा दी हैं और नटराजन के चुनाव जीतने की राह मुश्किल कर दी है।

Continue Reading

देश

क्या शिवसेना की तहर दो गुटों में बंट जाएगी TMC?, सांसद के इस्तीफे से बंगल में गरमाई सियासत

Published

on

कोलकाता, एजेंसी। बंगाल चुनाव में बीजेपी की शानदार जीत की पूरे देश में चर्चा है तो वहीं तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद पार्टी के बीच अंदरूनी कलह भी सामने आने लगी है इसे लेकर अब पार्टी के भविष्य की रणनीति पर लोग चर्चा कर रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में अब इस बात को लेकर चर्चा शुरू हो गई है कि क्या तृणमूल कांग्रेस में भी Shiv Sena की तरह अंदरूनी खींचतान बढ़ेगी या पार्टी नेतृत्व समय रहते हालात संभाल लेगा। विपक्ष लगातार TMC में असंतोष और गुटबाजी के आरोप लगा रहा है, जबकि पार्टी नेतृत्व इसे सामान्य राजनीतिक घटनाक्रम बता रहा है।

अगल गुट बनाने को लेकर चर्चा तेज इस्तीफा 
दरअसल, अंदरूनी कलह के बीच पार्टी के सांसदों के एक समूह ने भविष्य की रणनीति और पार्टी से अलग होकर एक नया गुट बनाने की संभावना पर चर्चा करने के लिए सोमवार को यहां बैठक की। बैठक में हिस्सा लेने वाले नेताओं में सुखेंदु शेखर राय भी शामिल थे, जिन्होंने सोमवार को ही पार्टी से इस्तीफा दे दिया और राज्यसभा की सदस्यता भी छोड़ दी थी। उनके अलावा तृणमूल के लोकसभा सांसद प्रसून बनर्जी, शर्मिला सरकार, जगदीश चंद्र बसुनिया, कालीपद सरन खेरवाल और अरूप चक्रवर्ती भी बैठक में मौजूद थे। 

ममता बनर्जी को व्हाट्सऐप पर भेजा 
मीडिया से बातचीत में राय ने कहा कि उन्होंने राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन से मुलाकात कर उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया है। राय ने कहा, ”मैंने पार्टी से इस्तीफा देने के अपने फैसले से ममता बनर्जी को व्हाट्सऐप और ईमेल के जरिये अवगत करा दिया है। यह घटनाक्रम पश्चिम बंगाल विधानसभा में तृणमूल के 60 विधायकों द्वारा एक अलग गुट बनाने के बाद सामने आया है, जहां रिताब्रता बनर्जी ने ममता बनर्जी के नामित उम्मीदवार के बजाय नेता प्रतिपक्ष का कार्यभार संभाल लिया है।

इस्तीफे को लेकर दिया ये बयान 
राय ने कहा, “विधानसभा में जो कुछ भी हुआ, क्या कोई यह बता सकता है कि राज्यसभा या लोकसभा में वैसी ही स्थिति पैदा नहीं होगी?” हालांकि, राय ने स्पष्ट किया कि राज्यसभा और पार्टी से उनका इस्तीफा राज्य विधानसभा में हुए घटनाक्रम से अलग है, क्योंकि वहां के विधायकों ने इस्तीफा नहीं दिया है। उन्होंने कहा, ”उनके कदम और मेरे कदम के बीच कोई संबंध नहीं है। यह पूरी तरह से अलग है। मैंने पार्टी से इस्तीफा दिया है, उन्होंने नहीं। राज्यसभा में मेरा कार्यकाल 2029 में समाप्त होना था, लेकिन मैंने सैद्धांतिक तौर पर इस्तीफा दे दिया, क्योंकि मेरे लिए (पार्टी में) बने रहना मुश्किल हो गया था।”

‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में शामिल हुए अभिषेक बनर्जी
यह राजनीतिक घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है, जब तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी और उनके भतीजे एवं पार्टी सांसद अभिषेक बनर्जी यहां ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में भाग ले रहे हैं। इस बैठक में गठबंधन के भीतर एकजुटता पर जोर दिया गया और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने तथा जनता की आजीविका से जुड़े मुद्दों को उठाने की आवश्यकता बताई गई।

तृणमूल के इन दोनों नेताओं के अलावा बैठक में कांग्रेस की सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे, समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के तेजस्वी यादव, नेशनल कॉन्फ्रेंस के उमर अब्दुल्ला और पीडीपी की महबूबा मुफ्ती के साथ-साथ वामपंथी नेता भी मौजूद थे। हालांकि ममता से नाराज विधायकों ने अभी तक अलग पार्टी बनाए जाने को लेकर कोई भी अधिकारिक ऐलान नहीं किया। 

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677