बिलासपुर , एजेंसी। बिलासपुर में एक रेप पीड़िता महिला अपनी मासूम बच्चे के साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के काफिले के सामने कूद गई। महिला का आरोप है कि, रेप का आरोपी उस पर कोर्ट में बयान बदलने का दबाव बना रहा है। इसके लिए उसे धमका भी दे रहा है।
महिला ने सीएम, नेताओं और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। दरअसल, शनिवार को सीएम विष्णु देव साय का बिलासपुर में एक कार्यक्रम था। इस दौरान एक रेप पीड़िता महिला काफिले के सामने बैठ गई और प्रदर्शन करने लगी। महिला ने पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में देरी करने का भी आरोप लगाया।
सीएम साय के काफिले के सामने से रेप पीड़िता महिला को हटाते पुलिसकर्मी।
वीडियो वायरल करने की धमकी, बच्चे से भी गलत हरकत
पीड़िता महिला ने बताया कि, रेप के आरोपी किशन पटेल और उसकी पत्नी शिवकुमारी पटेल ने उसे घर में घुसकर पीटा है। आरोप है कि, जेल से छूटने के बाद आरोपी ने उसकी छोटे बच्चे के साथ भी अश्लील हरकत की। बावजूद इसके पुलिस ने तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
पीड़िता का कहना है कि, 19 नवंबर की शाम वो अपने बच्चे के साथ घर पर थी। इसी दौरान आरोपी किशन पटेल और उसकी पत्नी उसके घर पहुंची। उन्होंने धमकी दी कि रेप की शिकायत करने के कारण उनका 10 लाख रुपए खर्च हो चुका है। जिसकी भरपाई पीड़िता को करनी होगी।
आरोपियों ने पीड़िता के खिलाफ पेशी में बयान बदलने का दबाव बनाया। ऐसा न करने पर उसकी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता का दावा है कि, जब उसने आरोपियों की बात मानने से इनकार किया तो बच्ची के सिर पर ईंट से वार भी किया गया। दोनों ने पीड़िता के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
बेलतरा विधायक ने दिया आश्वासन
महिला को हंगामा करते देख बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला वहां पहुंच गए। महिला ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। वहीं, विधायक शुक्ला ने महिला के बच्चे को गोद में उठाया और उसे पानी भी पिलाया। इस दौरान उन्होंने महिला को न्याय दिलाने का भरोसा दिया है।
पुलिस बोली-महिला की शिकायत पर चल रही जांच
पुलिस अफसरों ने बताया कि, आरोपी किशन पटेल के खिलाफ अब तक 3 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। पहले से चल रहे रेप के मामले में वो जेल में था। इसके बाद वो पैरोल में हाल ही में जेल से बाहर आया है। महिला की शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज की गई हैं, जिसकी जांच जारी है।
सीएम के काफिले के सामने बच्ची को लेकर बैठी महिला ने जमकर मचाया बवाल।
सूरजपुर। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरूण चौधरी, पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, जिला पंचायत सरगुजा के पूर्व उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंह देव, एनएसयूआई छत्तीसगढ़ प्रभारी महावीर गुर्जर, प्रदेश अध्यक्ष नीरज पाण्डेय, की सहमति से चंदन गुप्ता को सूरजपुर जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया । छात्र संगठन की इस नियुक्ति से सूरजपुर जिले में हर्ष का माहौल है। नवनियुक्त एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष चंदन गुप्ता ने पार्टी के सभी शीर्ष नेतृत्व का आभार करते हुए कहा कि जिस पद का दायित्व उन्हें दिया गया है उसे पूरी जिम्मेदारी पूर्वक छात्र हित में कार्य करके पार्टी संगठन को मजबूती प्रदान करने का प्रयास करूंगा।
कोरबा। विश्व कल्याण की भावना को लेकर माँ सर्वमंगला देवी मंदिर में रोजाना ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिल रही है। यह नवरात्रि दस दिन की है और आज और कल चतुर्थी पर माँ कुष्माण्डा देवी के रूप में माँ सर्वमंगला की पूजा अर्चना कर श्रद्धालुओं ने मनोभाव के रूप में पूजा अर्चना की। सुबह से शाम तक लोगों का तांता यहां लगा रहा।
मालपुआ, फल का भोग लगाया पाण्डेय परिवार ने माँ कुष्माण्डा देवी को मालपुआ और फल अति पसंद है। आज दोपहर 12.00 बजे माँ सर्वमंगला देवी मंदिर के प्रबंधक एवं पुजारी नमन पाण्डेय ने सपरिवार मातारानी को मालपुआ और फल का भोग लगा कर आशीर्वाद लिया और कोरबा सहित समस्त जगत के चर-अचर के लिए आशीर्वाद मांगा। माँ का सजा दरबार बुला रहा श्रद्धालुओं को
नवरात्रि में माँ सर्वमंगला देवी मंदिर परिसर को प्रबंधन द्वारा सजाया गया है। बाजार भी सजधज कर आकर्षित कर रहा है और रात्रि को यहां का नजारा देखते ही बन रहा है। रात्रि को यहां का सजा दरबार श्रद्धालुओं को आमंत्रित कर रहा है। माँ के दरबार में जीवन की असीम शांति
माँ सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा के प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय ने कहा कि माँ सर्वमंगला देवी चमत्कारी एवं सर्व मंगलकामना की देवी हैं। उनके दरबार में असीम शांति की अनुभूति होती है और जीवन में शांति, समृद्धि के द्वार खोलती है। रात्रि में यहां का अद्भूत नजारा लोगों को जहां रोमांचित करता है, वहीं आत्मसंतुष्टि भी मिलती है। कल माँ स्कंदमाता की पूजा शनिवार पंचमी को माँ सर्वमंगला देवी की पूजा स्कंदमाता के रूप में होगी। माता स्कंददेवी को भोग केला एवं अन्य फल अति पसंद हैं। स्कंदमाता के रूप में माँ सर्वमंगलादेवी की पूजा अर्चना करने से आरोग्य की प्राप्ति होती है और शरीर के सभी विकार नष्ट होते हैं। कल पंचमी होने के कारण माँ सर्वमंगला देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या काफी होगी।
नवागढ़। रजत जयंती वर्ष एवं स्वच्छता पखवाड़ा अभियान के तहत राछाभाटा नवागढ़ में गुरुवार को मोबाइल मेडिकल यूनिट द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया।
सीएमओ विष्णु यादव ने बताया कि शिविर में स्वच्छता दीदी, सफाई कर्मचारियों एवं क्षेत्र के नागरिकों सहित कुल 75 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें 40 महिलाएं, 31 पुरुष और 4 बच्चे शामिल थे। 11 मरीजों का रक्त परीक्षण किया गया तथा 73 मरीजों को तत्काल दवा वितरण कर लाभान्वित किया गया।
शिविर में बीपी, शुगर एवं महिलाओं से संबंधित स्वास्थ्य जांच भी की गई। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने शिविर स्थल पर पहुंचकर मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना एवं स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अर्चना देवांगन, उपाध्यक्ष निरंजन कोसले, सीएमओ विष्णु यादव, एपीएम अमित गौरहा, डॉ. अमन मोदी, मोबाइल मेडिकल यूनिट का स्टाफ, विभिन्न वार्डों के पार्षद, स्वच्छता दीदी एवं सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।