केबिनेट बैठक:डिस्ट्रिक्ट 3233सी ने सेवा कार्यों में मल्टीपल में बनाया अपना विशिष्ट पहचान महको तो इत्र से नहीं, चरित्र से महको – लायन चौहान सत्र 28-29 के लिए कल मिलेगा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर कोरबा। द इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ लायंस क्लब्स डिस्ट्रिक्ट 3233सी का दो दिवसीय अधिवेशन आज 09 मई को प्रारंभ हो गया और कल सत्र 2028-29 के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मिलेगा। कार्यक्रम का शुभारंभ द इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ लायंस क्लब्स के संस्थापक लायन मेल्विन जोंस की प्रतिमा के सामने दीप प्रज्ज्वलन एवं भगवान श्रीगणेश वंदन के साथ हुआ। अग्रसेन कालेज कोरबा की छात्राओं ने गणेश वंदना पर आकर्षक नृत्य किया और सभी ने सराहा। कार्यक्रम शुभारंभ के बाद अतिथियों का लायनोचित अभिनंदन एवं स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि पीआईडी लायन जितेंद्र सिंह चौहान के मंच पर आगमन से पूर्व कांफ्रेंस हाल तक स्वागत नृत्य और ढोल-तासों के साथ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पीएमजेएफ लायन विजय अग्रवाल एवं उनकी टीम ने अगुवानी की और मंच पर महामाला के साथ भव्य स्वागत किया गया।
स्वागत की कड़ी में सभी मंचस्थ अतिथियों के साथ प्रथम पंक्ति के पीडिजी का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। कांफ्रेंस हाल पहुंचने वाले सभी लायन सदस्यों का तिलक के साथ अभिनंदन किया गया। मंच से बोले पीआईडी लायन चौहान-इत्र से क्या महकना, महकना है तो चरित्र से
मुख्य अतिथि के रूप में देश के ख्यातिलब्ध लायन प्रवक्ता एवं पास्ट इंटरनेशनल डायरेक्टर एवं अपने सामाजिक सरोकार से समाज को नई दिशा देने वाले लायन जितेंद्र सिंह चौहान ने अपने तेजस्वी उद्बोधन से सभी लायन सदस्यों को अपनी ओर खींचा और कहा कि लायन सदस्यों को चाहिए कि वे इत्र से नहीं बल्कि चरित्र से महकें। इत्र लगाकर महका तो क्या महका, महको तो अपने किरदार से। उन्होंने कई प्रसंगों के माध्यम से लायनवाद के चरित्र को उजागर किया और कहा कि प्रत्येक लायन को जमीन से जुड़ा होना चाहिए और पद मिले तो आसमान में उड़ना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा आसमान में ज्यादा देर नहीं रह सकते और आसमान से गिरोगे तो जमीन ही गोद में उठाएगी, इसलिए हमेशा जमीन से जुड़कर कार्य करें। उन्होंने कहा कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ऐसा हो कि जब वह 30 जून को अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करे, तो वह सुपरहीट हो। सुंदरता सस्ती है… चरित्र महंगा है, घड़ी सस्ती है… समय महंगा है, रिश्ता बनाना सस्ता है… उसे निभाना महंगा है। डिस्ट्रिक्ट के कार्यों की जमकर प्रशंसा
मुख्य अतिथि ने लायन विजय अग्रवाल के नेतृत्व में डिस्ट्रिक्ट 3233सी के रचनात्मक कार्यों, प्रोजेक्ट्स, एंटी हंगर प्रोजेक्ट सहित सभी स्थायी एवं अस्थायी प्रोजेक्ट तथा सदस्यता विस्तार, शिक्षा पर किए गए कार्यों, क्लब स्थापना कार्यों की सराहना की।
हमारे द्वारा दान किया गया एक-एक पैसा देश के ही विकास में लगेगा
लायंस क्लब्स इंटरनेशनल को डोनेट किया गया एक-एक पैसा फिर वापस हमारे पास ही आता है और उस पैसे से ही कहीं अस्पताल, कहीं ब्लड बैंक, कहीं विद्यालय, कहीं जरूरतमंदों के लिए लगाया जाता है। अधिक से अधिक राशि डोनेट करें, ताकि देश की भलाई में हम लायनवाद को ऊंचाई तक ले जा सकें। साल भर का रिपोर्ट कार्ड पेश किया लायन विजय अग्रवाल ने
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर की अध्यक्षता में केबिनेट मीटिंग हुई, जिसमें डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पीएमजेएफ लायन विजय अग्रवाल ने डिस्ट्रिक्ट के अंदर आने वाले सभी क्लबों की गतिविधियों का रिपोर्ट कार्ड पेश किया, जिसकी सराहना पीआईडी लायन चौहान ने की। डिस्ट्रिक्ट में सदस्यता विस्तार से डिस्ट्रिक्ट की पहचान इंटरनेशनल स्तर पर हुई है। मंचस्थ अतिथियों ने वीडिजी-1 पीएमजेएफ लायन रिपुदमन पुसरी, वीडिजी-2 पीएमजेएफ लायन पवन मलिक, चीफ एडवाईजर एमजेएफ लायन बसंत मिश्रा, चीफ पेट्रोन एमजेएफ लायन एमडी माखिजा, स्पेशल एडवाईजर पीएमजेएफ लायन त्रिलोकचंद बरड़िया, स्पेशल पेट्रोन पद्मश्री लायन डॉ. पुखराज बाफना, पीडिजी एमजेएफ लायन सुधीर जैन ने भी केबिनेट को संबोधित किया। डिस्ट्रिक्ट केबिनेट ट्रेजरार एमजेएफ लायन कैलाश अग्रवाल ने साल भर के वित्तीय प्रबंधन की जानकारी दी। मंच पर केबिनेट सेक्रेटरी लायन बी के सिंह, एमजेएफ लायन विक्रम अग्रवाल, पीएमजेएफ लायन परमानंद अग्रवाल, एमजेएफ लायन जी पी केडिया, डिस्ट्रिक्ट पीआरओ लायन अजय धनोदिया, न्यूज लेटर एडिटर लायन नीतू गुप्ता, एडिटर डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी एण्ड पब्लिकेशन लायन निकिता अग्रवाल मंचस्थ थे। डिस्ट्रिक्ट के सभी पीडिजी एवं क्लबों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। कल होगा वीडिजी-2 का चुनाव
द इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ लायंस क्लब्स डिस्ट्रिक्ट 3233सी के वीडिजी-2 के लिए कल 300 से अधिक लायन सदस्य वोट करेंगे और सत्र 2028-29 के लिए नया डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुनेंगे। इसके साथ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में वीडिजी-1 पीएमजेएफ लायन रिपुदमन निर्वाचित होंगे, वहीं वीडिजी-1 के रूप में पीएमजेएफ लायन पवन मलिक निर्वाचित होंगे। कल के चुनाव में वीडिजी-2 के लिए एमजेएफ लायन आशीष अग्रवाल और लायन अनिल अग्रवाल अपना-अपना शक्ति प्रदर्शन करेंगे और सत्र 2028-29 के लिए डिस्ट्रिक्ट को नया डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मिलेगा।
पूर्व मल्टीपल काऊंसिल वाईस चेयरमेन, पीडिजी पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल को 100 प्रतिशत वोट की अपील के साथ इंटरनेशनल डायरेक्टर एंडोर्सी के रूप में चुना जाना तय है।
कोरबा। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतरेगा पिकनिक स्पॉट के रिसॉर्ट में सुबह उस वक्त पर्यटनों एवं कर्मचारियों में हड़कंप मच गया, जब विद्युत मीटर बोर्ड के पीछे करीब 8 फीट लंबा किंग कोबरा छिपकर बैठा मिला। किंग कोबरा की जानकारी मिलते ही रेस्ट हाउस के मैनेजर इस्तीखार खान ने तत्काल वन विभाग एवं नोवा नेचर संस्था के सदस्य जितेंद्र सारथी को सूचना दिया, जिसके बाद सारथी ने अपने अजगर बहार के स्थानीय टीम के सदस्य कमलेश, देवेंद्र, राम, गौतम, दिल ,नरेश, देव मरावी को तत्काल सतरेगा के लिए रवाना कर साथ ही इसकी जानकारी कोरबा वनमंडलाधिकारी जितेंद्र उपाध्याय दिया एवं उनके निर्देशानुसार उपवनमण्डलाधिकारी रामसिंह राठिया उत्तर के मार्गदर्शन एवं बालकों रेंजर जयंत सरकार के नेतृत्व में जितेंद्र सारथी एवं सिद्धांत जैन कोरबा से रेस्क्यू के लिए मौके पर पहुंच कर सर्वप्रथम विद्युत विभाग को सूचना देकर बिजली को बंद करवाया गया, फिर पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, किंग कोबरा सर्किट बोर्ड के पीछे बेहद संकरी जगह में छिपा हुआ था, जिसके कारण उसे बाहर निकालना टीम के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत और सावधानी के बाद टीम ने करीब 8 फीट लंबे किंग कोबरा को सफलतापूर्वक सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के दौरान किंग कोबरा को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटकों की भीड़ लग गई, इतने फुर्तीले और लंबे सांप को देख कर लोग जिज्ञासा वश फोन से वीडियो बनाने से नहीं चुके, साथ ही मौजूद लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया, सफल रेस्क्यू के बाद पंचनामा के पश्चात किंग कोबरा को उसके उपयुक्त प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया।
कोरबा जिले के लेमरू, बालको , पसरखेत , करतला, कुदमुरा एवं आसपास के वन क्षेत्रों से पिछले कुछ समय से छोटे आकार के किंग कोबरा लगातार सामने आ रहे हैं, छोटे किंग कोबरा का बार-बार मिलना इस क्षेत्र में इनके प्राकृतिक प्रजनन और अनुकूल आवास की उपलब्धता का सकारात्मक संकेत माना जा सकता है, साथ ही यह बात भी सिद्ध करता हैं कि एक ही सांप बार बार रेस्क्यु नहीं हो रहे बल्कि सभी किंग कोबरा दूसरे से भिन्न हैं। हालांकि, क्षेत्र में इनकी वास्तविक संख्या और आबादी की स्थिति निर्धारित करने के लिए वैज्ञानिक अध्ययन आवश्यक है।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अब स्थानीय लोगों में भी किंग कोबरा और अन्य वन्यजीवों के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता बढ़ रही है। आज किसी क्षेत्र में किंग कोबरा दिखाई देने पर लोग उसे मारने या नुकसान पहुंचाने के बजाय तुरंत वन विभाग अथवा प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना देते हैं। सूचना का समय पर मिलना और सांप का सुरक्षित रेस्क्यू होकर पुनः प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाना वन्यजीव संरक्षण और मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण है।
वन विभाग एवं नोवा नेचर ने आम लोगों से अपील की है कि किंग कोबरा या किसी भी सांप के दिखाई देने पर उससे दूरी बनाए रखें और स्वयं पकड़ने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें, तत्काल प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
जर्जर सड़कों की शीघ्र मरम्मत और सड़क सुरक्षा के लिए गति अवरोधक व संकेतक लगाने के निर्देश
कोरबा। जिला पंचायत कोरबा के सभाकक्ष में बुधवार को जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह ने की। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन उपस्थित रहे। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान कृषि विभाग, लोक निर्माण विभाग एवं जल संसाधन विभाग द्वारा संचालित कार्यों की जानकारी ली गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान वर्षा ऋतु के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर एवं क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की स्थिति पर चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों की आवागमन सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐसी सड़कों की शीघ्र मरम्मत एवं सुधार कराने की आवश्यकता बताई। इस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए सड़कों की मरम्मत एवं सुधार कार्य प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में सड़क सुरक्षा के विषय पर भी चर्चा करते हुए दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने के लिए आवश्यक स्थानों पर गति अवरोधक एवं सड़क संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिले के पेयजल अभावग्रस्त क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर भी चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने आवश्यकता वाले क्षेत्रों में बांगो डेम से पेयजल उपलब्ध कराने की बात रखी। इस संबंध में संबंधित विभागों को क्षेत्र की आवश्यकता, तकनीकी संभावनाओं एवं व्यवहारिक पहलुओं का परीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों के अंतर्गत संचालित योजनाओं, उपलब्धियों, कार्यों की प्रगति तथा हितग्राहियों को दिए जा रहे लाभों की जानकारी प्रस्तुत की गई। जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित आवश्यकताओं एवं ग्रामीणों की समस्याओं को बैठक में रखा गया, जिस पर अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेणुका राठिया, श्रीमती शांति मरावी, श्रीमती सुष्मिता अनंत कमलेश, श्रीमती सावित्री अजय कंवर, श्रीमती सुषमा रवि रजक, विनोद कुमार यादव, श्रीमती माया रूपेश कंवर, कौशल नेटी एवं विद्वान सिंह मरकाम, उपसंचालक पंचायत मिथलेश किसान सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कोरबा, 10 सितम्बर 2026। जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के सफल एवं समयबद्ध क्रियान्वयन, कार्ययोजना तैयार करने तथा प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति का गठन किया गया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत समिति के अध्यक्ष होंगे, जबकि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कोरबा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिला स्तरीय समिति में पुलिस अधीक्षक, वन मंडलाधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, खाद्य अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग, कार्यपालन अभियंता जल संसाधन विभाग, कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जिला परिवहन अधिकारी, सहायक संचालक जनसंपर्क तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद कोरबा को सदस्य बनाया गया है। अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न जनभागीदारी एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’, ‘नमो सेवा गाथा’ नुक्कड़ नाटक, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘जल जन सेवा संकल्प’ जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शासकीय अमले एवं उपलब्ध संसाधनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के दौरान आयोजित होने वाली प्रत्येक गतिविधि का फोटो एवं वीडियो अभिलेखीकरण करते हुए जिलेवार प्रगति प्रतिवेदन नियमित रूप से राज्य स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा। प्रचार-प्रसार एवं सोशल मीडिया गतिविधियों में शासन द्वारा निर्धारित हैशटैग, फ्रेम एवं लोगो का ही उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी आयोजनों में वित्तीय मितव्ययिता बरतते हुए उपलब्ध शासकीय संसाधनों एवं अधोसंरचना का उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति अभियान की गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागों के बीच समन्वय तथा निर्धारित कार्यक्रमों की सतत मॉनिटरिंग करेगी। अभियान का उद्देश्य जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करते हुए जनभागीदारी के माध्यम से सेवा एवं विकास गतिविधियों को प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचाना है।