Connect with us

कोरबा

अस्वच्छ व्यवसाय प्रमाण पत्र अब ऑनलाइन होगा जारी

Published

on

कोरबा 21 अगस्त 2026। जिले में केन्द्र प्रवर्तित अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों की प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के अंतर्गत कक्षा 1 से 10वीं तक के विद्यार्थियों को देय अस्वच्छ व्यवसाय छात्रवृत्ति के लिए आवश्यक अस्वच्छ व्यवसाय प्रमाण पत्र अब ऑनलाइन जारी किया जा सकेगा।
यह प्रमाण पत्र अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) एवं तहसीलदार कार्यालय के लोक सेवा केंद्रों में उसी प्रक्रिया के तहत उपलब्ध होगा, जिस प्रकार जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र ऑनलाइन जारी किए जाते हैं। आवेदन हेतु 10 रुपये के स्टाम्प पर शपथ पत्र, प्रमाण पत्र के निर्धारित प्रारूप पर सरपंच या पार्षद के हस्ताक्षर तथा पटवारी के प्रमाणीकरण के साथ आवेदन लोक सेवा केंद्र में प्रस्तुत किया जा सकेगा।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जिले समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी, प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने ब्लॉक/विद्यालय क्षेत्र के समस्त पात्र विद्यार्थियों के अभिभावकों को इस प्रक्रिया का व्यापक जानकारी देकर सभी पात्र विद्यार्थियों का अस्वच्छ व्यवसाय प्रमाण पत्र ऑनलाइन बनवाया जाना सुनिश्चित करें।

Continue Reading

कोरबा

राज्योत्सव में स्वामित्व योजना के 200 हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख वितरित

Published

on

कोरबा 03 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस एवं राज्योत्सव समारोह का आयोजन घंटाघर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम परिसर में किया गया। समारोह में उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत जिले के 200 हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख वितरित किए। इन अभिलेखों से हितग्राहियों को अपनी संपत्ति के स्वामित्व का प्रमाण मिलेगा और संपत्ति संबंधी अधिकारों को स्पष्टता मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन उपस्थित रहे। डिप्टी कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज एवं भू-अभिलेख अधीक्षक अमित झा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी समारोह में शामिल हुए।

Continue Reading

कोरबा

राज्योत्सव में 207 श्रमिक हितग्राहियों को रू.47 लाख के चेक वितरित

Published

on

कोरबा, 3 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव समारोह में उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने श्रम विभाग की योजनाओं के हितग्राहियों को चेक वितरित किए। इस अवसर पर 207 हितग्राहियों को कुल रू.47 लाख की सहायता राशि प्रदान की गई।
असंगठित कर्मकार महतारी जतन योजना के 155 हितग्राहियों को रू.31 लाख, असंगठित कर्मकार मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के 7 हितग्राहियों को रू.7 लाख, मिनीमाता महतारी जतन योजना के 34 हितग्राहियों को रू.6.80 लाख तथा मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना के 11 हितग्राहियों को रू.2.20 लाख के चेक दिए गए।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पामन सिंह कंवर, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, कलेक्टर कुणाल दुदावत, एसपी सिद्धार्थ तिवारी, अन्य अतिथि, श्रम विभाग के अधिकारी नीतीश विश्वकर्मा सहित अन्य  अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में धूमधाम से मना छत्तीसगढ़ राज्योत्सव-2026, विकास की उपलब्धियों और समृद्ध संस्कृति का दिखा संगम

Published

on

कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में भव्य रूप से मनाया गया जिला स्तरीय राज्योत्सव

गरीब, किसान, महिला और युवाओं के कल्याण से प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित – मंत्री लखन लाल देवांगन

धान का कटोरा छत्तीसगढ़ कृषि, संस्कृति और खनिज संपदा के क्षेत्र में समृद्ध – विधायक प्रेमचंद पटेल

कोरबा 03 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर डॉ. भीमराव अम्बेडकर ओपन ऑडिटोरियम कोरबा मे  राज्योत्सव समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी व सार्वजनिक उपक्रम मंत्री छत्तीसगढ़ शासन लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत  शुभारंभ किया। कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने राज्योत्सव 2026 के  अवसर पर उपस्थित जनसमूह को  संबोधित करते हुए कहा कि राज्य बनने के बाद छत्तीसगढ़ का तेजी से विकास हुआ है। हमारा प्रदेश बुलंदियों की नित नई ऊंचाइयों को छू रहा है। विकास के नए आयाम गढ़ रहा है।
उन्होनें राज्य निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने राज्य का  निर्माण किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कुशल नेतृत्व में राज्य का तीव्र गति से विकास हो रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में एक रुपये प्रति किलो चावल वितरण जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब परिवारों को खाद्य सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।  मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा के क्षेत्र में गरीब, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, छात्र-छात्राओं समेत सभी वर्ग के हित के लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। सभी वर्गों के लोग इसका लाभ उठा रहे हैं और राज्य के विकास में अपना अहम योगदान भी दे रहे हैं। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि राज्य में मोदी की गारंटी को शत प्रतिशत पूरा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार बनते ही प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास हेतु राशि जारी की गई है। किसानों से 3100 रूपए प्रति क्विंटल एवं 21 क्विंटल प्रति एकड़ के दर  से धान की खरीदी की जा रही है। दो वर्ष के धान के बकाया बोनस का भुगतान किया गया है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 1 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। 5500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से तेंदूपत्ता संग्रहण किया जा रहा है। चरण पादुका योजना और रामलला दर्शन योजना के माध्यम से भी हितग्राहियों को लाभ मिल रहा है।

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि  जिला खनिज संस्थान न्यास का सदुपयोग जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य महत्वपूर्ण आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु  किया जा रहा है। कोरबा जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूल भवनों, स्वास्थ्य सुविधाओं, आश्रम-छात्रावासों और पुल-पुलियों सहित विभिन्न विकास कार्यों को गति मिली है। जिससे जिला में भी विकास भी तेजी से हो रहा है। श्री देवांगन ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र एवं छत्तीसगढ़ विकसित राज्य के रूप में पहचाना जाएगा। उन्होंने आमजनो को योजनाओं का लाभ उठाने की अपील करते हुए राज्योत्सव स्थल में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल में जाकर विभाग में संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और लाभ उठाने का आग्रह किया।

विधायक कटघोरा प्रेमचन्द पटेल ने समारोह को  संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में धान की बेहतर उत्पादन के कारण इसे धान का कटोरे के रूप में देश विदेश में पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि राज्य बनने के बाद छत्तीसगढ़ का तेजी से विकास हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शासकीय योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन किया जा रहा है जिनसे आमजन लाभान्वित हो रहे है।  विधायक श्री पटेल ने कहा की राज्य में सरकार गठन के साथ ही मोदी की गारंटी को पूरे करने का कार्य किया जा रहा है। विकसित राज्य बनने की दिशा में अग्रसर है। श्री पटेल ने कहा कि हरेली तीजा, पोरा, जैसी तीज त्यौहार, सुआ गीत, ददरिया, पंडवानी जैसे लोकगीत हमारी  संपन्न कला संस्कृति  की पहचान है। महानदी, इंद्रावती, शिवनाथ, हसदेव, अरपा, पैरी जैसी नदियों के विशाल जल संपदा से राज्य खेती किसानी में खुशहाल और उन्नत है। गंगरेल, मिनीमाता बांगो सहित अन्य बांधो से किसानों के खेतों तक पानी पहुँचाया जा रहा है। साथ ही बिजली बनाई जा रही है। कोयला, लोहा, बॉक्साइट जैसे अमूल्य खनिज सम्पदा से भी हमारा राज्य परिपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2000 में मध्यप्रदेश से पृथक होकर नए राज्य के रूप में छत्तीसगढ़ का निर्माण हुआ। इन बीते वर्षों में प्रदेश का राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास हुआ है। राज्य सरकार ने पीएम आवास, महतारी वंदन, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा के क्षेत्र में गरीब, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, छात्र-छात्राओं समेत सभी वर्ग के हित के लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित की है। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों के लोग इसका लाभ उठा रहे हैं और राज्य के विकास में अपना अहम योगदान भी दे रहे हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह  एवं महापौर नगर निगम श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने भी आमजनो को राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य निर्माण के साथ ही अनेक चुनोतियाँ सामने आई। जिसका राज्य ने विधिवत रूप से सामना करते हुए विकसित राज्य के रूप में स्थापित हुआ। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय  द्वारा राज्य में लगातार विकास के कार्य किया जा रहा हैं। प्रदेश में सभी वर्ग  के कल्याण के लिए योजनाएं चलाई जा रहीं है। जिसका लाभ निश्चित रूप से आमजनो को मिल रहा है।
 

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने प्रस्तुत किया जिले के विकास का प्रतिवेदन, महिला सशक्तिकरण और युवा विकास कार्याे की दी जानकारी

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने राज्योत्सव के अवसर पर जिले की विकास यात्रा और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में कोरबा की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऊर्जा नगरी के रूप में कोरबा की खदानें, बालको सहित एल्यूमिनियम उद्योग और एनटीपीसी एवं सीएसपीजीसीएल के विद्युत संयंत्र देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में अहम योगदान दे रहे हैं। हसदेव बांगो बांध, समृद्ध वन संपदा और जनजातीय संस्कृति जिले की विशिष्ट पहचान हैं।
उन्होंने राज्योत्सव की थीम ‘‘नारी शक्ति, युवा उड़ान‘‘ का उल्लेख करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने के लिए महत्वपूर्ण है। जिले में महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 2 लाख 90 हजार महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से डेढ़ लाख महिलाओं को संगठित किया गया है, जिनमें 60 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं, ड्रोन दीदी योजना के तहत 10 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया है।
कलेक्टर ने शिक्षा के क्षेत्र में जिले की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि सत्र 2025-26 में हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 77.58 प्रतिशत और हायर सेकेंडरी का 83.48 प्रतिशत रहा। छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 87.13 दर्ज किया गया है। उन्होंने जिले में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से 1.30 लाख वर्गफीट क्षेत्र में बनने वाले साइंस सेंटर का भी उल्लेख किया। छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े साइंस सेंटर के रूप में विकसित होने वाले इस केंद्र में विद्यार्थियों को प्रयोगों और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान सीखने के आधुनिक अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य एवं केंद्र शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए जिला प्रशासन जिले के समग्र विकास और नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।  उन्होंने कहा कि राज्योत्सव में विभागीय स्टालों के माध्यम से शासकीय योजनाओं के प्रगति की प्रदर्शनी लगाई गई है। जिसका अवलोकन कर आमजन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ ले सकते है। उन्होंने जिलेवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ को बेहतर और नई ऊंचाइयों में पहुचाने हेतु निरंतर कार्य करने हेतु प्रेरित किया।
इस अवसर पर राज्य हाथकरघा बोर्ड के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, गोपाल मोदी, डॉ राजीव सिंह, नरेंद्र देवांगन, अशोक चावलानी, हितानंद अग्रवाल, प्रफुल्ल तिवारी, योगेश जैन,  पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, वनमण्डलाधिकारी कटघोरा जितेंद्र उपाध्याय, सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी  उपस्थित थे।

’कैबिनेट मंत्री देवांगन सहित अन्य अतिथियों ने विभागीय स्टॉल का किया अवलोकन ’

राज्योत्सव स्थल में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों पर आधारित स्टॉल लगाए गए थे। मुख्य अतिथि श्री देवांगन सहित अन्य अतिथियों द्वारा सभी स्टॉल का अवलोकन किया गया और विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही शासकीय योजनाओं से आमजनों को लाभांवित किया गया।


महिला बाल विकास विभाग के स्टॉल में अतिथियों द्वारा नन्हें शिशुओं को अन्नप्राशन कराया गया।  वन विभाग के स्टॉल में स्थानीय उत्पादों  का अवलोकन कर उनके निर्माण एवं उपयोग से अवगत हुए। इसी प्रकार जिला पंचायत,  नगर निगम, पुलिस विभाग, समाज कल्याण, आदिमजाति विकास विभाग, शिक्षा, क्रेडा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यानिकी,  मत्स्य, पशुपालन, जनसम्पर्क, उद्योग, एसईसीएल, एनटीपीसी, बाल्को सहित अन्य विभाग द्वारा लगाए स्टालो का अवलोकन कर संचालित योजनाओं की जानकारी ली अधिकारियों को योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन के लिए  शुभकामना दी।

’लोकप्रिय छत्तीसगढ़ी  गायक सुनील सोनी सहित अन्य स्थानीय कलाकारों ने दी रंगारंग प्रस्तुति’

राज्योत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति हुई। स्थानीय कलाकारों के साथ ही छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय प्रसिद्ध गायक श्री सुनील सोनी,  स्थानीय कलाकारों, स्कूली छात्र-छात्राओं सहित अन्य कलाकारों द्वारा मनमोहक प्रस्तुति दी गईं। देर रात्रि तक गायक श्री सोनी के जसगीत एवं छत्तीसगढ़ी गीतों पर दर्शक झूमते रहे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677