Connect with us

कोरबा

सांसद ज्योत्सना महंत का अपमान: कांग्रेसियों का उग्र प्रदर्शन,कटघोरा रेंजर को नोटिस जारी

Published

on


कटघोरा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महासचिव हरीश परसाई के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने डीएफओ कटघोरा कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया और एसडीओ संजय त्रिपाठी को ज्ञापन सौंप कर दोषी के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की मांग की है।
सांसद का नेम प्लेट मिला था कूड़ेदान में

वनमंडलाधिकारी -वनमंडल कटघोरा कार्यालय परिसर में बीते जून माह में पर्यावरण दिवस मनाया गया था, जिसमें परिसर में अतिथियों एवं उपस्थितजनों ने बड़ी मात्रा में पौधरोपण किया था। पेड़ों को लगाने के बाद अतिथियों का नेम प्लेट एवं उनकी माता का नाम लिखकर लगाया गया था। तीन दिन पूर्व सांसद का नेम प्लेट कूड़ेदान में मिला। उक्त नेमप्लेट पर एक कांग्रेसी नेता की नजर पड़ी और सभी नेताओं को इसकी जानकारी दी गई। कांग्रेसियों ने मांग की कि दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करें वरना उग्र आंदोलन किया जाएगा।
हरिश परसाईं के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने वनमंडल कटघोरा कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया और डीएफओ को बर्खास्त करने की मांग करते हुए हल्ला बोल दिया। आंदोलन प्रदर्शन में शहर कांग्रेस कमेटी कटघोरा अध्यक्ष राजीव लखनपाल एंव युवा कांग्रेस जिला महासचिव मधुसूदन दास के संयुक्त नेतृत्व में हुआ। कटघोरा वनमंडल की लापरवाही से कूड़े में मिले कोरबा सांसद ज्योत्सना चरणदास के नेम प्लेट के मामले को लेकर वनमंडल कार्यालय में जमकर नारेबाज़ी करते हुए अधिकारियो से माफ़ी माँगने एव जिम्मेदार अधिकारी के ऊपर कार्यवाही की माँग को लेकर कटघोरा में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन को देखते हुए तुरंत वनविभाग द्वारा रेंजर अशोक मन्नेवार को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए कार्यवाही का आश्वासन देते हुए विभाग द्वारा खेद व्यक्त किया गया, तब जाकर समस्त कांग्रेसी शांत हुए । इस अवसर पर शेख इश्तियाक,राजीव लखन पाल ,अशरफ मेमन,हसन अली,एनएसयूआई जिलाध्यक्ष दीपक वर्मा,युकां उपाध्यक्ष दीपेश यादव, शिवनंदन कुजूर, विनोद उर्रे,राज जायसवाल,जय कंवर, ब्लॉक अध्यक्ष प्रमोद कारके, मुकेश ऊसर्वर्षे, श्रवण कुमार, निसार अहमद, रविंद्र मोहन बघेल, घनश्याम मालवणी, हरीश यादव, रमेश यादव,आदिल,अयान,उमेश यादव सहित कांग्रेस युवा कांग्रेस एनएसयूआई के साथी उपस्थित थे ।

आंदोलन के बाद डीएफओ को होश आया, तब हुई कार्यवाही

कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत की नाम पट्टिका कचरे के ढेर में मिलने के मामले में कांग्रेसजनों की आपत्ति और आंदोलन के उपरांत कटघोरा वन मंडल अधिकारी कुमार निशांत को होश आया और कटघोराक रेंजर अशोक मन्नेवार को नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने कहा है।
नोटिस में कहा गया है कि कटघोरा वनमण्डल अतर्गत कटघोरा परिक्षेत्र में विगत माह जुलाई 2024 को शासन के निर्देशानुसार एक पेड माँ के नाम वन महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमें कोरबा लोकसभा सांसद श्रीमति ज्योत्सना चरणदास मंहत सम्मलित हुई थीं। उनके द्वारा पौधा रोपण के समय रोपित पौधा के सम्मुख उनके नाम का बोर्ड भी लगाया गया था, जो समाचार के अनुसार वनमण्डल कटघोरा के पीछे जिला सहकारी बैंक के पास कूड़े के पास पड़ा मिला है। अत: उक्त संबंध में अपना स्पष्टीकरण 03 दिवस के भीतर उप वन मण्डल अधिकारी पाली के माध्यम से डीएफओ कार्यालय में प्रेषित करना सुनिश्चित करें, अन्यथा इस संबध में कुछ नहीं कहना है, मान कर एकपक्षिय अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी, जिसके लिए आप स्वंय जिम्मेदार होंगे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने दर्री में निकाली शवयात्रा

Published

on

कोरबा। लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर 21 मई को दर्री क्षेत्र जमनीपाली में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल  के नेतृत्व में कांग्रेसजनों द्वारा केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में वरिष्ठ कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।

पूर्व मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस (एलपीजी) तथा अन्य दैनिक उपयोग की खाद्य सामग्रियों के दामों में जिस तेजी से बढ़ोतरी हो रही है, उससे आम जनता का जीवन अत्यंत कठिन हो गया है। महंगाई ने मध्यमवर्गीय एवं गरीब परिवारों की कमर तोड़ दी है और लोगों के लिए गृहस्थी चलाना दुश्वार हो गया है।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर परिवहन व्यवस्था एवं आवश्यक वस्तुओं पर पड़ता है, जिसके कारण हर वस्तु महंगी होती जा रही है। रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों ने गृहिणियों का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। वहीं खाद्य तेल, दाल, सब्जियां एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से आम नागरिक आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।

जयसिंह अग्रवाल ने केंद्र एवं राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता को राहत देने के बजाय सरकार केवल बड़े-बड़े दावे कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि आम आदमी महंगाई से त्रस्त है। उन्होंने मांग की है कि पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी की कीमतों में तत्काल कमी की जाए तथा आवश्यक वस्तुओं के बढ़ते दामों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। जमनीपाली पेट्रोल पंप के पास पिछले दो दिनों से डीजल के अभाव में दर्जनों ट्रक सड़क किनारे कतार से खड़े हैं ।

विरोध प्रदर्शन रैली में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक तौर पर मंहगाई का अर्थी सजाकर शवयात्रा निकाला और मातमपुर्शी करते हुए ‘राम नाम सत्य है, मंहगाई जबरजस्त है’, महंगाई की मार, अब नहीं सहेंगे यार । जनता त्रस्तः भाजपा मस्त, जैसे नारे भी लगाये ।

इस आयोजन में प्रमुख रूप से जयसिंह अग्रवाल के साथ प्रदेश सचिव विकास सिंह, कोरबा जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) मुकेश कुमार राठौर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) मनोज चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष नत्थूलाल यादव, पूर्व सभापति धुरपाल सिंह कँवर, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, बालको नगर ब्लाक अद्ध्यक्ष ए.डी.जोशी, राजेंद्र तिवारी, पालुराम साहू, बसंत चंद्रा, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष सुधीर जैन, पार्षद नारायण लाल कुर्रे, रवि सिंह चंदेल, मंडल अध्यक्ष रोपा तिर्की, इकबाल कुरैशी, पूर्व पार्षद सुरती कुलदीप, अविनाश बंजारे, वरिष्ठ कांग्रेसी राजेंद्र सिंह ठाकुर, रेखा त्रिपाठी, रतन यादव, संजय अग्रवाल, हरवेन्द्र सिंह, अनिल द्विवेदी, राम इकबाल, बिसाहु दास, देवीदयाल तिवारी, भरत साहु, राजकुमार श्रीवास, जाकिर खान, डॉ.डी आर नेताम, सीमा कुर्रे, छत्रपाल कुर्रे, संतोष ठाकुर, रमेश दास महंत, सिकंदर मेमन, शशि साहु, हीरा साहु, संतोष यादव, संगीता श्रीवास, पार्षद अयोध्या मस्तुल कंवर, परमानंद सिंह, प्रवीण कुमार, मधुसुदन दास सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसजनों ने महंगाई के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र ही जनता को राहत नहीं दी, तो कांग्रेस पार्टी जनहित में आगे भी व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी।

Continue Reading

कोरबा

सिंघाली क्षेत्र में बिजली तार चोरी से ग्रामीण अंधेरे में, राजेश यादव ने तत्काल बिजली व्यवस्था बहाल करने की उठाई मांग

Published

on

ढेलवाडीह/कटघोरा। कटघोरा सब स्टेशन ढेलवाडीह से संचालित देवरी फीडर अंतर्गत ढेलवा डीह जंगल से जवाली-सिंघाली पुल तक लगभग 7 से 8 किलोमीटर क्षेत्र में अज्ञात चोरों द्वारा करीब 25 से 30 बिजली पोलों के तार काटकर चोरी कर लिए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना से जवाली, सिंघाली और देवरी क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और ग्रामीण अंधेरे में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।

जानकारी के अनुसार 14 मई को सिंघाली में सुशासन दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, लेकिन इसके अगले ही समय बिजली प्रवाहित खंभों से तार चोरी कर चोरों ने पुलिस और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

भारतीय जनता पार्टी झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक राजेश यादव ने प्रशासन एवं बिजली विभाग से तत्काल क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली बाधित होने से आमजन को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने भी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बिजली चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए रात्रि गश्त बढ़ाने, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी करने तथा बिजली लाइनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग प्रशासन से की है।

Continue Reading

कोरबा

तेज धूप और थकान में भी हरा सोना से मिलती है राहत

Published

on

गाँव-गाँव इन दिनों तेंदूपत्ता संग्रहण का चल रहा सिलसिला

कोरबा। तेज़ दोपहरी की धूप हो या गाँव के तालाबों में कम होता पानी, गर्मी का मौसम अपने साथ कई चुनौतियाँ लेकर आता है। लेकिन कोरबा जिले के दूरस्थ गाँव लेमरू के परिवारों के लिए यही मौसम खुशियों की सौगात भी लेकर आया है। कारण है—तेंदूपत्ता के बढ़े हुए दाम, जिसने इस क्षेत्र के सैकड़ों संग्राहक परिवारों की उम्मीदों को नई उड़ान दी है।

गाँव की गलियों में दोपहर का सन्नाटा भले ही छाया रहता हो, पर जंगल की ओर जाने वाली पगडंडियों पर सुबह से शाम तक रौनक देखने को मिलती है। महिलाएं, युवा, बच्चे और बुजुर्ग तेंदूपत्ता संग्रहण में जुटे हुए हैं। जंगलों से पत्ते तोड़कर लाना, उन्हें गठरी में भरकर घर तक लाना और फिर घर की परछी में बैठकर 50-50 पत्तों के बंडल बनाना—इन सब कामों के बीच उनके चेहरों पर एक समान चमक दिखाई देती है। सभी के मन में यही खुशी है कि दाम बढ़ने से आमदनी भी बढ़ेगी और जितना अधिक संग्रहण होगा, उतनी ही आमदनी मिलेगी।

लेमरू गाँव के संतोष यादव और उनकी पत्नी दिव्या यादव हर सुबह सूरज निकलने से पहले लाम पहाड़ के जंगल की ओर निकल जाते हैं। दिव्या बताती हैं कि सुबह से दोपहर तक पत्ते तोड़ते हैं, फिर दोपहर के बाद खाना खाकर घर में बैठकर बंडल बनाना शुरू करते हैं। इस बार वे पिछले साल से कहीं अधिक पत्ता तोड़ रहे हैं, क्योंकि कीमत भी बढ़ी है और मेहनत का सीधा लाभ मिलने वाला है। संतोष परसा पेड़ की छाल से रस्सी बनाकर तेंदूपत्तों की गड्डी तैयार करते हैं।
दिव्या, जिन्हें महतारी वंदन योजना से प्रति माह 1000 रुपये की सहायता मिलती है, बताती हैं कि यह राशि उनके परिवार के लिए बेहद उपयोगी है। तेंदूपत्ता संग्रहण और योजना से मिली सहायता मिलकर अब उनके परिवार के लिए बेहतर भविष्य की राह खोल रहे हैं। वे खुशी से बताती हैं कि अब प्रति मानक बोरा की कीमत 5500 रुपये कर दी गई है, जिससे वे अपने घर के निर्माण का सपना पूरा करना चाहती हैं।
गाँव की ही सोना बाई और सुमित्रा बाई भी सुबह-सुबह जंगल जाती हैं। वे कहती हैं कि जितना ज्यादा पत्ता तोड़ेंगे, उतनी ही आय होगी। पहले कीमत 2500 रुपये थी, फिर 4000 हुई और अब 5500 रुपये होने से उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है। तेंदूपत्ता संग्राहक कार्ड के माध्यम से बीमा और बच्चों को छात्रवृत्ति जैसी सुविधाएँ भी मिल रही हैं, जो वन क्षेत्र के परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा बन चुकी हैं।
तेंदूपत्ता के बढ़े दामों ने संग्राहकों के चेहरों पर नई रोशनी ला दी है। संग्राहकों ने कीमत वृद्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया है। उन्हें भरोसा है कि बढ़ी हुई कीमतें उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल देंगी और उनकी आर्थिक स्थिति को और मजबूत बनाएँगी।
गर्म हवाओं और सूखे खेतों के बीच भी लेमरू के इन परिवारों के चेहरों पर चिंता नहीं, बल्कि उम्मीद की हरियाली है। तेंदूपत्ता सिर्फ उनका रोज़गार नहीं है, बल्कि जीवन बदलने की एक मजबूत ताकत है। यह कहानी तेंदूपत्ते की नहीं, बल्कि उन परिवारों की है जिन्होंने मेहनत, आत्मविश्वास और बढ़ी हुई कीमतों के सहारे अपने जीवन में नई खुशियों की हरियाली उगाई है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677