कोरबा
निर्यात प्रक्रिया में आने वाली समस्याओं को दूर करते हुए उत्पादों को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने की दी गई जानकारी
एक दिवसीय निर्यात आउटरीच कार्यशाला का आयोजन
कोरबा। जिले में निर्यात के संवर्धन एवं निर्यात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वाणिज्य एवं उद्योग विभाग, भारत सरकार के मंशानुसार डायरेक्टर ऑफ जनरल फारेन ट्रेड (डीजीएफटी) नागपुर द्वारा कलेक्टर के मार्गदर्शन में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष कोरबा में निर्यात आउटरीच कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में टी. आर. कश्यप, महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, कोरबा, अश्वनी कुमार मिश्रा, उपप्रबंधक, वनमण्डल, कटघोरा, अखिलेश मिश्रा, उद्यानिकी, जी. आर. देवांगन, डाक विभाग, मानवेन्द्र प्रताप सिंह, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, तोमेश यादव, सीपेट, श्रीमति सुक्रिता लारिया, आईटीआई उपस्थित रहे साथ ही कोरबा जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष श्रीकांत बुधिया, एस. के. खरे, महासचिव, एम. डी. मखीजा, उद्योगपति, चेंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज के अध्यक्ष योगेश जैन के अलावा जिले के उद्योगपति, व्यवसायी, सीपेट के अंतिम वर्ष में प्रशिक्षणरत् प्रशिक्षणार्थी, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था में प्रशिक्षणरत् प्रशिक्षणार्थी एवं अन्य प्रतिभागीगण उपस्थित रहे।
कार्यशाला के प्रारंभ में महाप्रबंधक टी. आर. कश्यप द्वारा कार्यशाला में उपस्थित अधिकारियों, जिले के उद्योगपतियों एवं उपस्थित अन्य प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कार्यशाला के संबंध में जानकारी दी गई तत्पश्चात् डायरेक्टर ऑफ जनरल फारेन ट्रेड के गौरव सहारे, प्रदीप गजभिये एवं प्रणय कुमार द्वारा पीपीटी के माध्यम से निर्यात संवर्धन के लिये निर्यात वित विकल्पों, कस्टम प्रक्रिया, एमएसएमई, ऋण-ई कॉमर्स और डिजिटल मार्केटिंग सहित विभिन्न तरीकों से जिले के उत्पादों और सेवाओं की व्यापक और वैश्विक स्तर पर पहुंच बनाने के लिये एक मंच प्रदान करने संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। जिले के उत्पादों को देश के बाहर कैसे निर्यात कर सकते हैं, निर्यात प्रक्रिया में किन किन चरणों पर कैसी कठिनाईयां उत्पन्न हो सकती है एवं उनका निराकरण किस स्तर पर और किनके द्वारा किया जा सकता है इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उनके द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि निर्यात से संबंधित किसी भी प्रकार की कठिनाईयां आने पर ऑनलाइन के माध्यम से सीधे उनसे जुडक़र आने वाले कठिनाईयों का निराकरण तुरंत किया जा सकता है। कार्यशाला में डाक विभाग के श्री देवांगन द्वारा निर्यात प्रक्रिया में डाक विभाग की भूमिका एवं निर्यात से संबंधित प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गयी। श्री मानवेन्द्र प्रताप सिंह, बैंक ऑफ महाराष्ट्र के द्वारा निर्यात प्रक्रिया में उनके बैंक की भूमिका क्या होती है एवं क्रेता-विक्रेता के मध्य रूपये की गारंटी संबंधी विस्तृत जानकारी दी गयी। कार्यशाला में उपस्थित उद्योगपतियों एवं प्रतिभागियों द्वारा निर्यात के संबंध में विभिन्न प्रकार के शंकाओं संबंधी प्रश्न पूछे गये जिसका समाधान डीजीएफटी के अधिकारियों द्वारा किया गया तथा उपस्थित उद्योगपतियों को सुझाव दिया कि निर्यात के संबंध में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र में संपर्क कर सकते हैं साथ ही सीधे नागपुर कार्यालय से भी संपर्क किया जा सकता है। कार्यशाला के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यशाला समापन की घोषण की गई।
कोरबा
राज्यपाल रमेन डेका 1 अप्रैल को रहेंगे कोरबा जिले के प्रवास में
हनुमंत कथा व सामूहिक विवाह कार्यक्रम में होंगे शामिल
कोरबा। राज्यपाल रमेन डेका कल 1 अप्रैल को कोरबा जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री डेका रायपुर लोकभवन से सवेरे 7.30 बजे सड़क मार्ग द्वारा मुंगेली जिले के चंदखुरी विश्राम गृह के लिए प्रस्थान करेंगे। ततपश्चात राज्यपाल सुबह 9 बजे कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढपढप बांकीमोंगरा के लिए रवाना होंगे। यहां वे प्रातः 11 बजे आयोजित “दिव्य श्री हनुमंत कथा एवं 108 दिव्यांग एवं निर्धन कन्याओं के सामूहिक विवाह” कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के पश्चात राज्यपाल श्री डेका दोपहर 12:30 बजे रतनपुर (बिलासपुर) स्थित विश्राम गृह के लिए प्रस्थान करेंगे।


कोरबा
कोरबा में नशा मुक्ति केंद्र में युवक की संदिग्ध मौत:2 दिन पहले ही बात हुई थी, स्वस्थ था युवक, परिजनों ने जताया संदेह
कोरबा। कोरबा के मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल परिसर में नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक युवक सुरेंद्र राठौर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुरेंद्र शक्ति जिले के केसला निवासी था और उसे नशे की लत थी। परिजनों ने उसे इलाज के लिए नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था, लेकिन उसकी अचानक मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया और संदेह जताया।

मृतक के पिता चुन्नी लाल राठौर ने बताया कि उन्हें मोबाइल पर ऑनलाइन जानकारी मिली थी कि कोरबा के खरमोरा में एक नशा मुक्ति केंद्र संचालित है।मोबाइल नंबर के जरिए संपर्क करने पर 26 तारीख को चार लोग एक वाहन में उनके घर आए और सुरेंद्र को नशा मुक्ति केंद्र कोरबा ले गए।

सुरेंद्र राठौर (मृतक) जिसकी नशा मुक्ति केंद्र में संदिग्ध मौत हो गई।
2 दिन पहले बातचीत हुई तब स्वस्थ था सुरेंद्र
परिजनों के अनुसार, वाहन किराए के रूप में दो हजार रुपये लिए गए। इसके अतिरिक्त, महीने का 12 हजार रुपये इलाज, पानी और रखरखाव के लिए और तीन हजार रुपये ब्लड टेस्ट के लिए तुरंत लिए गए। 28 तारीख को सीसीटीवी के ज़रिये से सुरेंद्र से उनकी बातचीत भी कराई गई थी, तब वह स्वस्थ दिख रहा था।
मौत पर गहरा संदेह
30 तारीख को परिजनों को फोन कर बताया गया कि सुरेंद्र की तबीयत खराब है और उन्हें आने के लिए कहा गया। जब परिजन केंद्र पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने सुरेंद्र की मौत कब, कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इस पर गहरा संदेह व्यक्त किया है।

परेशान मृतक सुरेंद्र के पिता और परिजन
सम्भवतः झटका आने से हुई मौत:केयरटेकर
नशा मुक्ति केंद्र के केयरटेकर राजू राजपूत ने बताया कि सुरेंद्र राठौर स्वस्थ था। उन्होंने कहा कि नशा छोड़ने पर अचानक झटका आता है और संभवतः इसी झटके के कारण यह घटना हुई होगी। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती लोगों की जांच के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टर अंकित गुप्ता इलाज करते हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का पता चलेगा
इस मामले में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पोड़ी बहार, खरमोरा स्थित नशा मुक्ति केंद्र में एक युवक की मौत का मामला सामने आया है, जहां मौत को लेकर संदेह है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण पता चल सकेगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

कोरबा
पत्रकारबंधुओं की कलम, सबसे बड़ी ताकत – उद्योग मंत्री
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में पत्रकारों की कालोनी तिलक नगर में बाउण्ड्रीवाल निर्माण कार्य का किया गया भूमिपूजन
तिलक भवन में स्थापित एल.ई.डी. प्रोजेक्टर, स्मार्ट टी.व्ही., साउण्ड सिस्टम व स्क्रीन स्थापना आदि कार्यो का हुआ लोकार्पण

कोरबा। छत्तीसगढ़ के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, सार्वजनिक उपक्रम व आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने आज कहा कि पत्रकारबंधु एक ऐसा दर्पण होते हैं, जो समाज को सच का आईना दिखाने का कार्य करते हैं। उन्होने कहा कि निष्पक्षता एवं पारदर्शिता पत्रकारिता का मूलमंत्र है, समाचार पत्रों में जो छपता है, मीडिया में जो दिखता है, आमजन मानस उसे ही सच मानकर चलता है, अतः यह आवश्यक है कि समाचारों में निष्पक्षता, पारदर्शिता व निर्भीकता होनी ही चाहिये। उन्होने कहा कि प्रेस क्लब कोरबा एक ऊर्जावान संस्था है, जो पत्रकारिता व पत्रकारबंधुओं के हितों की रक्षा के लिये निरंतर कार्य कर रही है।

उक्त बातें आज उद्योग मंत्री देवांगन ने कोरबा के तिलक भवन स्थित प्रेस क्लब में आयोजित भूमिपूजन लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान कही। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा वार्ड क्र. 35 खरमोरा डाईट बिल्डिंग तिलक नगर पत्रकार कालोनी के समीप एन.टी.पी.सी. के सीएसआर मद से 15 लाख रूपये की लागत से बाउण्ड्रीवाल का निर्माण कार्य कराया जाना हैं, जिसका वर्चुअल भूमिपूजन आज उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में तिलक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनके हाथों किया गया। इसी प्रकार वार्ड क्र. 24 तिलक भवन प्रेस क्लब में पार्षद पंकज देवांगन के पार्षद मद से एलईडी प्रोजेक्टर, स्मार्ट टी.व्ही., साउण्ड सिस्टम व स्क्रीन स्थापना आदि का कार्य कराया गया है, जिसका लोकार्पण भी आज उद्योग मंत्री श्री देवांगन के करकमलों से सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने दिये गये अपने उद्बोधन में आगे कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि जब मैं कोरबा का महापौर था, उस समय प्रेस क्लब का निर्माण किया गया, उस समय भी और आज भी नगर निगम कोरबा द्वारा प्रेस क्लब के विकास व अन्य गतिविधियों के लिये लगातार सहयोग दिया जा रहा है, विकास कार्य कराये जा रहे हैं। उन्होने आगे कहा कि डाॅ.रमन सिंह 15 वर्षो तक छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रहे, उन्होने जब राज्य की कमान संभाली तब उस समय छत्तीसगढ़ की स्थिति काफी कमजोर थी, किन्तु उन्होने अपने 15 वर्षो के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ का ऐतिहासिक विकास किया तथा राज्य के विकास पुरूष की छबि अर्जित की, उनके कार्यकाल में दर्जनों जनकल्याणकारी योजनायें संचालित हुई, किन्तु इन योजनाओं को बीच में बंद कर दिया गया था, अब प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में सरकार ने पुनः इन योजनाओं को प्रारंभ कराया है। उन्होने कहा कि हमारी सरकार देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ-सबका विकास की नीति पर कार्य कर रही है तथा समाज के गरीब, निर्धन, मजदूर, किसान, युवा, महिला व हर वर्ग के लिये कल्याणकारी योजनायें संचालित कर उनके जीवन स्तर को ऊपर उठाने का कार्य कर रही है। उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने इस मौके पर पत्रकारबंधुओं को संबोधित करते हुये आगे कहा कि मुझे सदैव आप लोगों का स्नेह, आशीर्वाद व मार्गदर्शन मिलता आया है, मैं विश्वास रखता हूॅं कि आपका यह प्यार, स्नेह भविष्य में भी मुझे निरंतर प्राप्त होता रहेगा।
उद्योग मंत्री विकास हेतु लगातार कर रहे फंड की व्यवस्था-महापौर

इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन कोरबा के सभी 67 वार्डो में विकास कार्य कराये जाने हेतु लगातार धनराशि की व्यवस्था करा रहे हैं, उनके प्रयासों से विगत 02 वर्षो के दौरान विभिन्न मदों के अंतर्गत 1000 करोड़ रूपये के विकास कार्यो व परियोजनाओं की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। उन्होेने पत्रकारबंधुओं को संबोधित करते हुये कहा कि आप स्वयं देख रहें है कि विगत 02 वर्ष से कोरबा शहर व निगम क्षेत्र के सभी वार्डो में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं, इस दौरान अनेक क्षेत्रों में निगम ने महत्वपूर्ण उपलब्धियाॅं भी अर्जित की हैं, जिससे आप सब भलीभांति परिचित हैं, आप सबका स्नेह, मार्गदर्शन व सुझाव शहर के विकास के लिये अनवरत रूप से प्राप्त होता रहेगा, यह मैं विश्वास रखती हूॅं।



-
कोरबा2 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
Uncategorized6 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा2 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा2 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
