Connect with us

कोरबा

पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी संचालन हेतु कलेक्टर कुणाल दुदावत ने ली समीक्षा बैठक

Published

on

योजना के क्रियान्वयन में गम्भीरता से प्रगति लाने हेतु किया निर्देशित

योजना से आमजन को आर्थिक राहत एवं स्वच्छ ऊर्जा का मिलेगा लाभ-  कलेक्टर कुणाल दुदावत

कोरबा। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के जिले में प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन हेतु  कलेक्टर कुणाल दुदावत ने विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं अधिकृत वेंडर्स की समीक्षा बैठक ली। बैठक में योजना की जमीनी प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने इसे सरकार की महत्वाकांक्षी योजना बताते हुए मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से आमजन को आर्थिक राहत के साथ स्वच्छ ऊर्जा का लाभ मिलेगा, इस हेतु सभी संबंधित अधिकारी, कर्मचारी, बैंकर्स एवं वेंडर्स आपसी समन्वय से कार्य कर योजना को सफल बनाएं।


कलेक्टर ने जिले में  योजना के निर्धारित लक्ष्यापूर्ति हेतु सभी आवश्यक तैयारियाँ समय पर सुनिश्चित करने तथा कार्यप्रणाली में प्रोफेशनल अप्रोच बढ़ाते हुए तेजी से प्रगति लाने के निर्देश  दिए। उन्होंने जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के अधिक से अधिक नागरिकों को योजना के लाभों से अवगत कराते हुए योजना से जोड़ने हेतु निर्देशित किया। इस हेतु वार्डवार शेड्यूल निर्धारित कर  शिविर आयोजित करने तथा जनप्रतिनिधियों के सहयोग से आमजन को योजना से प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में उपस्थित वेंडर्स को प्लांट स्टालेशन में प्रगति लाने हेतु पर्याप्त सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने, मटेरियल डंपिंग बढ़ाने एवं फील्ड इंजीनियरों की संख्या में वृद्धि करने के निर्देश दिए ।
कलेक्टर ने शासकीय भवनों जैसे स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, आश्रम छात्रावास एवं जल जीवन मिशन से संबंधित कार्यों में पीएम सूर्यघर योजना अंतर्गत सोलर प्लांट स्थापना के आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्यवाही करने को कहा। साथ ही विभागीय अभियंताओं को लंबित आवेदनों की प्रत्येक चरण में नियमित समीक्षा करने, अनावश्यक विलंब रोकने तथा अधीनस्थ अभियंताओ को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर प्लांट इंस्टालेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अभियंताओ को  निर्देशित किया कि किसी भी क्षेत्र में ट्रांसफार्मर खराब होने की स्थिति में तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही की जाए। बैठक में बैंकर्स एवं वेंडर्स से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा की गई तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता कोरबा शहरी विद्युत विभाग आर एल वर्मा, कार्यपालन अभियंता कोरबा ग्रामीण शत्रुघन सिंन्हा, कार्यपालन अभियंता कटघोरा ग्रामीण संभाग अंशु वासने सहित विभाग के उप अभियंता, कनिष्ठ अभियंता एवं अधिकृत वेंडर्स उपस्थित थे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

छात्रों ने पुलिस चौकी का किया शैक्षणिक भ्रमण:कानूनी जानकारी ली, अपराध से बचाव और पुलिस से दोस्ती के गुर सीखे

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के मानिकपुर क्षेत्र स्थित बीकन स्कूल के छात्र-छात्राओं ने मानिकपुर पुलिस चौकी का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस व्यवस्था और उसकी कार्यप्रणाली से परिचित कराना था। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को चौकी के दैनिक कार्यों और संचालन के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों को समझाया कि अपराध या आपातकालीन स्थितियों में पुलिस कैसे कार्य करती है और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सदैव तत्पर रहती है। उन्हें शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, गश्त व्यवस्था, अपराधों की जांच और कानून व्यवस्था बनाए रखने के विभिन्न पहलुओं के बारे में सरल भाषा में बताया गया।

संदिग्ध गतिविधियों की पुलिस की सूचना देने की अपील

मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने छात्रों को सलाह दी कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या परेशानी की स्थिति में वे बिना किसी झिझक के पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के महत्व के प्रति भी जागरूक किया।

छात्रों ने पुलिस चौकी के विभिन्न विभागों का अवलोकन किया और पुलिस अधिकारियों से कई प्रश्न पूछे। अधिकारियों ने मित्रवत ढंग से उनके सवालों के जवाब दिए, जिससे बच्चों में पुलिस के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हुई और उनका उत्साह बढ़ा।

पुलिस की कार्यप्रणाली से कराया परिचय

पुलिस ने विद्यार्थियों को ‘बैड टच-गुड टच’, आत्मरक्षा के तरीके, पुलिस की कार्यप्रणाली, मालखाना और बंदी घर जैसी विभिन्न कानूनी जानकारियों और छात्र-छात्राओं से संबंधित योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया।

स्कूल की शिक्षिका कल्पना मिश्रा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों और पुलिस के बीच दोस्ताना संबंध विकसित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों के मन में पुलिस के प्रति व्याप्त भय समाप्त होता है और वे पुलिस को अपना मित्र, सहयोगी मानने लगते हैं।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी:पानी, आइसक्रीम फैक्ट्रियों से नमूने जब्त, जांच के लिए भेजे, अधिकारी ने कहा-रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने पानी और आइसक्रीम बनाने वाली फैक्ट्रियों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा दीपक अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे एक विशेष अभियान के तहत की गई।

दीपका स्थित मित्तल इंडस्ट्रीज से “Smart Water” ब्रांड के पानी पाउच (ड्रिंकिंग वाटर) के नमूने जब्त किए गए। इसी तरह, मुड़ापार कोरबा में संचालित फ्लेक्सो आइसक्रीम फैक्टरी से भी आइसक्रीम के नमूने लिए गए।

जांच टीम ने इन सभी नमूनों को रायपुर स्थित फूड लैब भेज दिया है। वहां इनकी गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुसार विस्तृत जांच की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान, दोनों फर्मों को FSSAI के नियमों के तहत संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

जिला खाद्य अधिकारी विकास भगत ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नमूनों की रिपोर्ट 15 से 20 दिनों के भीतर आ जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भगत ने यह भी बताया कि कुछ समय पहले बिना लाइसेंस के संचालित एक फैक्ट्री को सील किया गया था। गर्मी का मौसम शुरू होते ही आइसक्रीम, पेप्सी, पानी पाउच और पानी बोतल की मांग बढ़ जाती है, जिसके चलते कई फैक्ट्रियां नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रही हैं। विभाग की टीम ऐसे उत्पादों की गुणवत्ता, पैकिंग और एक्सपायरी डेट पर विशेष नजर रख रही है।

विभाग की नजर उन दुकानों, ठेलों और गुमठियों पर भी है, जहां पानी की बोतलें और पाउच बेचे जा रहे हैं। इन उत्पादों की निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट और निर्धारित मूल्य की भी जांच की जाएगी। ऐसी शिकायतें मिली हैं कि कई स्थानों पर रू.15 की पानी बोतल रू.20 में और रू.2 का पानी पाउच रू.3 में बेचा जा रहा है। संबंधित अधिकारियों से इन मामलों पर भी कार्रवाई की अपेक्षा की गई है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में 5 फीट का जहरीला नाग मिला:स्नेक कैचर टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के बलगी क्षेत्र में शनिवार रात करीब 10:30 बजे एक पांच फीट लंबा जहरीला नाग सड़क पर देखा गया। सड़क पार करते देख लोग हैरान रह गए। सांप को भगाने की कोशिश की गई, लेकिन वह फन फैलाकर एक बंद नाली में जा बैठा।

सांप के नाली में जाने के बाद उसे पकड़ने या जंगल में छोड़ने की किसी की हिम्मत नहीं हुई। लोगों की सुरक्षा और सांप को बचाने के उद्देश्य से रेस्क्यू कराना बेहतर समझा गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम (नोवा नेचर) के जितेंद्र सारथी को इसकी सूचना दी।

टीम ने सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया

जितेंद्र सारथी ने कुछ देर में पहुंचने की बात कही। कुछ घंटों बाद, वे अपनी टीम के सदस्य के साथ बलगी पहुंचे। टॉर्च की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। रात के समय सांप ने खतरा महसूस होने पर फन फैलाकर प्रहार करने की कोशिश की, लेकिन टीम ने बड़ी सावधानी से उसे थैले में डाल लिया।

सांप के पकड़े जाने के बाद सभी ने राहत की सांस ली और रेस्क्यू टीम का आभार व्यक्त किया। इसके बाद कटघोरा डीएफओ कुमार निशांत को जानकारी देकर सांप को उसी रात उसके प्राकृतिक आवास जंगल में छोड़ दिया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर अंधेरा था और इस मार्ग पर अक्सर लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में सांप किसी को भी चपेट में ले सकता था।

घर में सांप दिखे तो न घबराएं, हेल्पलाइन पर दें सूचना

जितेंद्र सारथी ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि जब भी उनके घरों में सांप घुस जाए तो घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल हेल्पलाइन नंबर 8817534455 पर सूचना दें। इससे सांप को सही समय पर रेस्क्यू कर उसके प्राकृतिक आवास जंगल में छोड़ा जा सकेगा और सर्पदंश जैसी घटनाओं को टाला जा सकेगा।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677