कोरबा। स्वतंत्रता की 79वीं वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर भारतीय जनता पार्टी, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़) के तत्वावधान में आज ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ श्रद्धा, गंभीरता और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ट्रांसपोर्ट नगर चौक से आशीर्वाद प्वाइंट तक एक भव्य मौन जुलूस निकाला गया और आशीर्वाद प्वाइंट पर संगोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें विभाजन की दर्दनाक स्मृतियों, विस्थापन की पीड़ा और शहीदों के बलिदान को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई।
मौन जुलूस में गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश
दोपहर 12 बजे ट्रांसपोर्ट नगर चौक से प्रारंभ हुए मौन जुलूस में कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, महिला मोर्चा एवं युवा मोर्चा के सदस्यों, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों ने हाथों में तिरंगा थामे भागीदारी निभाई। जुलूस मुख्य मार्गों से होते हुए आशीर्वाद प्वाइंट पहुंचा, जहां उपस्थित जनसमूह ने मौन रहकर 14 अगस्त 1947 के उस विभाजन की पीड़ा को नमन किया, जिसमें लाखों लोग अपने घर-परिवार, जमीन-जायदाद और रिश्तों से बिछड़ गए थे। इस मौन यात्रा में राष्ट्रप्रेम, त्याग और एकता का भाव स्पष्ट रूप से झलक रहा था।
दीप प्रज्वलन और संगोष्ठी
आशीर्वाद प्वाइंट पर पहुंचने के बाद कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मंच संचालन भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. राजीव सिंह ने अपनी प्रभावशाली वाणी से किया, जिन्होंने कार्यक्रम की पृष्ठभूमि, उद्देश्य और विभाजन दिवस की ऐतिहासिक महत्ता को स्पष्ट रूप से रेखांकित किया। संगोष्ठी में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने अपने प्रेरक उद्बोधनों से जनसमूह को विभाजन की ऐतिहासिक सच्चाइयों से अवगत कराया और एक अखंड एवं सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया।
मुख्य वक्ताओं के प्रेरक संबोधन
मुख्य वक्ता — भाजपा प्रदेश मंत्री श्रीमती हर्षिता पांडे
श्रीमती पांडे ने कहा कि भारत का विभाजन केवल एक भौगोलिक घटना नहीं, बल्कि लाखों-करोड़ों परिवारों के जीवन पर पड़ा गहरा घाव है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि उस समय माताएं अपने बच्चों को खो बैठीं, बहनें अपने भाइयों से बिछुड़ गईं और बुजुर्ग अपने पैतृक घरों से दूर होकर अनजान धरती पर नए सिरे से जीवन शुरू करने को विवश हुए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हमें इस इतिहास को केवल किताबों में नहीं, बल्कि दिल में संजोना चाहिए, ताकि ऐसी त्रासदी फिर कभी न हो। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा इस दिन को मनाने का उद्देश्य सिर्फ अतीत को याद करना नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य को मजबूत बनाना है। श्रीमती पांडे ने युवाओं से विशेष आह्वान करते हुए कहा कि वे देश की एकता और अखंडता को सर्वोपरि मानें, समाज में भाईचारे को बढ़ावा दें और राष्ट्रहित के लिए हर संभव योगदान दें। उन्होंने कहा कि विभाजन की पीड़ा हमें एक मजबूत, समावेशी और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की प्रेरणा देती है।
छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन का संबोधन
लखन लाल देवांगन ने कहा कि भारत का विभाजन मानव इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक था। लाखों निर्दोष लोगों की हत्या, करोड़ों का विस्थापन और अनगिनत स्त्रियों-बच्चों की पीड़ा — यह सब हमें उस समय की भयावहता का स्मरण कराते हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता की कीमत केवल अंग्रेज़ों के शासन से मुक्ति नहीं, बल्कि अपने भाइयों और बहनों की कुर्बानी भी है। भाजपा इन स्मृतियों को संजोने और नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए यह आयोजन करती है, ताकि देश में एकता, भाईचारा और राष्ट्रीय गौरव का भाव सदा जीवित रहे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश न केवल आर्थिक और सैन्य दृष्टि से सशक्त हो रहा है, बल्कि सांस्कृतिक और ऐतिहासिक चेतना भी पुनर्जीवित हो रही है।
भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी का संबोधन
गोपाल मोदी ने कहा कि यह स्मृति दिवस हमारे संकल्पों को दृढ़ करने का अवसर है। विभाजन के समय शरणार्थियों ने अपने खून-पसीने से देश का पुनर्निर्माण किया और आज हमें उसी आत्मबल को अपनाना होगा। भाजपा कोरबा जिला हर वर्ष इस दिन को उसी गरिमा और गंभीरता से मनाएगी, ताकि विभाजन के सबक और एकता का संदेश समाज में जीवित रहे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और नागरिकों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने भारी संख्या में भाग लेकर इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाया।
कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल का संबोधन
प्रेमचंद पटेल ने कहा कि 14 अगस्त 1947 हमारे इतिहास का वह दिन है, जो स्वतंत्रता की खुशी के साथ-साथ विभाजन के दर्द को भी संजोए हुए है। लाखों परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया, करोड़ों लोग विस्थापित हुए और अनगिनत सपनों को विराम लग गया। यह दिन केवल इतिहास याद कराने के लिए नहीं, बल्कि यह चेतावनी देने के लिए भी है कि विभाजनकारी ताकतों को कभी सिर न उठाने दें। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इतिहास से प्रेरणा लें और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहें।
कार्यक्रम में प्रमुख उपस्थिति
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडे, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, नगर निगम कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, कोरबा जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, अशोक चाव्लानी, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, जोगेश लांबा, ज्योति नंद दुबे, एमडी मखीजा, कमल लाल मनवाणी, ठाकुरदास मनवाणी, चंदन दास केसरवानी, मनोज जेठानी, इंद्र लाल, राधाकृष्ण, आर दास मोटवानी, सुभाष कुमार मनवाणी, अमर गंगवानी, रमेश, परशराम रामानी, संतोष कुमार, मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, मनीष मिश्रा, योगेश मिश्रा, किशन सवा, अभिषेक गर्ग, उदय शर्मा, सरजू अजय, पार्षद गण, नरेंद्र देवांगन, हितानंद अग्रवाल, राकेश वर्मा, सुशील गर्ग, दिनेश वैष्णव, संजीव शर्मा, टेकचंद अग्रवाल, रामकुमार त्रिपाठी, अजय चंद्रा, लकी नंदा, प्रदीप दीपक चढ़ा, उदय श्रीवास्तव, मनोज मिश्रा, पवन सिन्हा, श्रीधर द्विवेदी, मिलाप बरेट, अजय, गोरेलाल, अनिल वस्त्रकर सहित महिला मोर्चा, प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता, नगरीय निकाय, जिला पंचायत, जनपद के समस्त जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन
संगोष्ठी के अंत में विभाजन पीड़ितों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया। तत्पश्चात राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। भाजपा जिला कोरबा ने संकल्प लिया कि आने वाले वर्षों में भी इस दिन को उसी गंभीरता और राष्ट्रीय भाव से मनाया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ इतिहास से सीख लेकर भारत की अखंडता को मजबूत करें।
शांति नगर में गणेशोत्सव समिति द्वारा गणेश चतुर्थी मनाने तैयारी पूरी कोरबा/पाली। कल 14 सितम्बर को पूरे भारत वर्ष में गणेश चतुर्थी की धूम रहेगी। जिले में विभिन्न गणेशोत्सव समितियों द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी कड़ी में कल गणेश चतुर्थी पर पाली के राजा का भी भव्य और दिव्य आगमन होगा।
गणेशोत्सव समिति शांति नगर पाली के आयोजकों ने बताया कि कल 14 सितम्बर सोमवार को लालबाग के राजा की प्रतिमा बड़े धूमधाम से मंत्रोच्चार के साथ विराजित की जाएगी। भगवान श्रीगणेश की भव्य प्रतिमा पाली के राजा का शुभ आगमन संध्या 7.00 बजे होगा और पाली मुख्य बाजार से कार्यक्रम स्थल तक रैली की शक्ल में आकर्षक आतिशबाजी, आकर्षक एसएफएक्स एवं धूमाल के साथ लाई जाएगी और पंडित जी के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ विघ्रहर्ता की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। आयोजन समिति ने इस भव्य आयोजन में सभी क्षेत्र वासियों को सादर आमंत्रित किया है और पाली के राजा की आगमन रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।
कोरबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई भी प्रस्तावित
कोरबा। थाना उरगा क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने, पैसे देने से मना करने पर युवक के साथ मारपीट करने तथा बाद में उसके घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोरबा पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
शराब के लिए पैसे मांगे, मना करने पर की मारपीट
दिनांक 10.09.2026 की रात्रि लगभग 09:00 बजे प्रार्थी संतोष राठौर निवासी फरसवानी अपने दोस्तों के साथ पार्टी में जाने के लिए निकला था। इसी दौरान आरोपीगण द्वारा उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग की गई। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपीगण द्वारा उसके साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की गई।घटना के कुछ समय बाद आरोपीगण पुनः रात्रि लगभग 12:30 बजे प्रार्थी के घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मारपीट की घटना में प्रार्थी के हाथ में चोट आई।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 507/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 126(2), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना उरगा पुलिस द्वारा तत्काल आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। लगातार पतासाजी के दौरान मुख्य आरोपी के अपने सकुनत पर मौजूद होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल दबिश देकर ज्ञान प्रसाद राठौर पिता लखन लाल राठौर, उम्र 21 वर्ष, निवासी फरसवानी, थाना उरगा, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BW 0830 को विधिवत जब्त किया गया।
आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार आरोपी ज्ञान राठौर पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण में संलिप्त रहा है तथा हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी कुछ दिन पूर्व ही जेल से बाहर आया था और उसके विरुद्ध पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।वर्तमान घटना में पुनः आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने तथा उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध गुंडा बदमाश प्रकरण तैयार कर कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। पुलिस द्वारा आरोपी की पूर्व आपराधिक गतिविधियों एवं वर्तमान प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर दिनांक 12.09.2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।प्रकरण में विवेचना जारी है तथा घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
कोरबा पुलिस की स्पष्ट नीति — अपराध एवं आपराधिक प्रवृत्ति पर प्रभावी कार्रवाई कोरबा पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी संगठन ने सूचना का अधिकार प्रकोष्ठ में महत्वपूर्ण नियुक्ति करते हुए मनोज राठौर को जिला संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव की सहमति एवं भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी की अनुशंसा से मनोज राठौर को यह महत्वपूर्ण दायित्व प्रदान किया गया है।
मनोज राठौर की नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। संगठन ने विश्वास जताया है कि वे सूचना के अधिकार अधिनियम के माध्यम से पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनहित से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
भाजपा जिला संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मनोज राठौर को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में सूचना का अधिकार प्रकोष्ठ संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य करेगा।
मनोज राठौर ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का वे पूरी निष्ठा, सक्रियता एवं समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा जनहित और संगठन के उद्देश्यों को प्राथमिकता देते हुए कार्य करेंगे।