Connect with us

छत्तीसगढ़

विधायक देवेंद्र समेत 17 कांग्रेसियों पर FIR:बेमेतरा में मंत्री को मृत बताकर निकाली थी शव-यात्रा, यादव बोले- हम डरने वालों में से नहीं

Published

on

बेमेतरा, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में पुलिस ने कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव समेत 17 कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की है। विधायक और युवा कांग्रेस नेताओं ने शुक्रवार 9 मई को नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के झिरिया गांव में प्रदर्शन किया था।

इस दौरान कथित रूप से 300 से अधिक गौवंशों की मौत के मामले को लेकर प्रदर्शनकारियों ने मंत्री की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली थी।

इस मामले ने खाद्य मंत्री दयालदास बघेल के बेटे और जिला पंचायत सदस्य अंजय उर्फ अंजू बघेल ने चंदनू थाना में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव समेत 17 कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

वहीं इस मामले पर विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि ये लोग ताकतवर हैं, उनके खिलाफ आवाज उठाने पर तुरंत FIR कर दी जाती है, लेकिन वे डरने वाले नहीं हैं।

ग्राम झिरिया में कथित रूप से गौवंशों की मौत के मामले को लेकर 9 मई को जिला युवा कांग्रेस ने किया था प्रदर्शन

ग्राम झिरिया में कथित रूप से गौवंशों की मौत के मामले को लेकर 9 मई को जिला युवा कांग्रेस ने किया था प्रदर्शन

अब जानिए पूरा मामला

दरअसल, शुक्रवार 9 मई को जिला युवा कांग्रेस ने ग्राम झिरिया में प्रदर्शन करते हुए प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली थी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शासन-प्रशासन पर संवेदनहीनता और कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाया। युवा कांग्रेस नेताओं ने गौवंशों की मौत के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए विरोध प्रदर्शन किया था।

जिला युवा कांग्रेस महासचिव और जनपद सदस्य दीपक दिनकर गौवंशों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर पिछले 9 दिनों से अनशन पर बैठे हुए थे। इसी मुद्दे को लेकर युवा कांग्रेस लगातार आंदोलन कर रही थी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तीन प्रतीकात्मक शवों का अंतिम संस्कार भी किया।

युवा कांग्रेस ने इस पूरे मामले के लिए खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, पशुपालन मंत्री रामविचार नेताम और गौ सेवा आयोग अध्यक्ष विशेश्वर पटेल को जिम्मेदार ठहराया। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

खाद्य मंत्री के बेटे ने थाने में की शिकायत

इस मामले में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल के बेटे और जिला पंचायत सदस्य अंजय उर्फ अंजू बघेल ने चंदनू थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ राजनीतिक और स्थानीय लोगों ने उनके जीवित पिता को मृत बताकर शोक पत्र छपवाया, प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली, जिससे धार्मिक भावनाओं और परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।

शिकायत के अनुसार, 9 मई 2026 को ग्राम झिरिया बाजार चौक में एकत्र होकर मंत्री दयालदास बघेल को मृत घोषित करते हुए शोक सभा, मौन धारण और प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली गई।

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के दौरान मुख्य मार्ग को भी रोक दिया गया, जिससे आवाजाही बाधित हुई। साथ ही, मंत्री की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव।

कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव।

17 कांग्रेसी नेताओं पर FIR दर्ज

पुलिस ने मामले में कुल 17 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इनमें विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे, आरिफ भाटिया, प्रांजल तिवारी सनतधार दीवान, सतीश मारकंडे, अंजलि मारकंडे, देवेंद्र साहू, अरमान साहू, हर्ष बघेल, प्रिंस डेहरे, शक्तिधर दीवान विजय यादव, दीपक दिनकर, विनोद तिवारी, मोटू तिवारी और अजयराज सेन शामिल हैं।

देवेंद्र यादव बोले- हम डरने वालों में से नहीं

इस मामले पर कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने कहा, ये लोग ताकतवर हैं। इसलिए जो भी इनके खिलाफ आवाज उठाता है, उस पर तुरंत FIR कर दी जाती है। लेकिन हम डरने वालों में से नहीं हैं।

गौरतलब है कि ग्राम झिरिया में गौवंशों की मौत को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दल लगातार सरकार पर हमलावर हैं। वहीं अब प्रतीकात्मक शव यात्रा को लेकर दर्ज FIR ने इस पूरे मामले को राजनीतिक विवाद के साथ कानूनी रंग भी दे दिया है।

Continue Reading

कोरबा

विश्व पर्यावरण दिवस पर श्रद्धा महिला मंडल द्वारा वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ

Published

on

बिलासपुर/कोरबा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल बिलासपुर द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्साह, उमंग एवं संकल्प के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वसंत क्लब परिसर में श्रद्धा महिला मंडल की माननीय अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन द्वारा गत 4 जून को पौधारोपण कर किया गया। इस अवसर पर महिला मंडल की उपाध्यक्षगण एवं अन्य सदस्याओं ने भी पौधे लगाकर प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों एवं कर्मचारियों को फलदार पौधे तथा पर्यावरण अनुकूल जूट के थैले वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करना था।

अपने संबोधन में श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन ने सभी से अधिकाधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की आधारशिला हैं।

उन्होंने श्रद्धा महिला मंडल की सभी क्षेत्रों में संचालित समितियों को आगामी मानसून सत्र के दौरान कम से कम 1000 पौधे लगाने का लक्ष्य भी दिया तथा इस अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक रूप देने पर बल दिया।

कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित जीवनशैली एवं स्वच्छ वातावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर श्रद्धा महिला मंडल की पदाधिकारीगण, सदस्याएं एवं एसईसीएल के कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

सक्ती में सड़क हादसे में मामा-भांजे की मौत:ईंट से भरे ट्रैक्टर से भिड़ी बाइक, महिला गंभीर घायल, पुलिस जांच में जुटी

Published

on

सक्ती। सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र में रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में मामा-भांजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह दुर्घटना डभरा-खरसिया मुख्य सड़क मार्ग पर लक्ष्मणभांठा गांव के पास हुई, जहां बाइक और ईंट से भरे ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर हो गई।

जानकारी के अनुसार, कोटमी गांव निवासी छोटेलाल बरेठ, संजू बरेठ और लीलावती बरेठ एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ईंट लोड ट्रैक्टर से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।

ईंट से भरे एक ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर हो गई।

ईंट से भरे एक ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण कि मौके पर ही चली गई जान

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर का असर इतना जबरदस्त था कि बाइक सवार संजू बरेठ और छोटेलाल बरेठ ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दोनों रिश्ते में मामा-भांजे बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाई गई महिला

दुर्घटना में लीलावती बरेठ गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने घायल महिला को शुरुआती इलाज के बाद अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 और पुलिस को सूचना दी।

स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही डभरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रैक्टर को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

तेज रफ्तार और लापरवाही की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे तेज रफ्तार और लापरवाही को कारण माना जा रहा है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस दर्दनाक हादसे के बाद कोटमी गांव में शोक का माहौल है। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

व्यापारी ने खुद छिपाए 3.15 लाख रुपए:अकलतरा पुलिस की जांच में खुलासा, उधारी छिपाने के लिए दर्ज कराई थी फर्जी चोरी की रिपोर्ट

Published

on

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले की अकलतरा पुलिस ने कथित चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए शिकायतकर्ता व्यापारी की बनाई पूरी कहानी का पर्दाफाश कर दिया है। जांच में सामने आया कि व्यापारी ने ही अपने 3 लाख 15 हजार 746 रुपए छिपाकर चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने पूरी रकम बरामद कर ली है और अब उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, तरौद निवासी होलसेल किराना व्यापारी चिराग अग्रवाल ने 4 जून को अकलतरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि धान बिक्री से प्राप्त 3,15,746 रुपए स्कूटी की डिक्की में रखकर घर लौट रहा था, तभी अज्ञात चोर रकम लेकर फरार हो गए।

स्कूटी की डिक्की से रकम गायब होने का किया था दावा

चिराग अग्रवाल ने पुलिस को बताया था कि वह कमला नारायण राइस मिल से रुपए लेकर निकला था और रास्ते में मेडिकल स्टोर सहित कई स्थानों पर रुका था। घर पहुंचने के बाद जब उसने स्कूटी की डिक्की देखी तो उसमें रखी नकदी गायब थी।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और संभावित चोरी की वारदात के हर पहलू की पड़ताल की।

सीसीटीवी जांच में नहीं मिला कोई सुराग

पुलिस ने अरोरा मेडिकल, कन्हैया जनरल स्टोर और पूरे मार्ग के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान कहीं भी चोरी की घटना या संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई।

इसके अलावा पुलिस ने उस व्यक्ति से भी पूछताछ की, जिसे व्यापारी ने रास्ते में अपनी स्कूटी पर बैठाया था। उसके बयान और अन्य साक्ष्यों में भी चोरी की पुष्टि नहीं हुई।

पूछताछ में टूटी कहानी

लगातार जांच और विरोधाभासी तथ्यों के सामने आने के बाद पुलिस को शिकायतकर्ता की कहानी पर संदेह हुआ। इसके बाद मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर चिराग अग्रवाल ने सच्चाई स्वीकार कर ली।

उसने बताया कि उस पर निजी उधारी थी। परिवार को इसकी जानकारी होने और डांट-फटकार के डर से उसने रकम छिपा दी थी तथा चोरी की झूठी कहानी बनाकर पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी।

पूरी रकम बरामद

आरोपी व्यापारी की निशानदेही पर पुलिस ने छिपाकर रखी गई पूरी रकम 3 लाख 15 हजार 746 रुपए बरामद कर ली है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने और अनावश्यक जांच में संसाधन खर्च कराने के मामले में चिराग अग्रवाल के खिलाफ अलग से वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने दी चेतावनी

अकलतरा पुलिस ने कहा है कि झूठी शिकायतें दर्ज कराना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि पुलिस का समय और संसाधन अनावश्यक रूप से व्यर्थ न हों।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677