बिज़नस
विदेशी मुद्रा भंडार 5.17 अरब डॉलर बढ़कर 696.65 अरब डॉलर पर
मुंबई। भारत का विदेशी मुद्रा भंडार छह जून को समाप्त सप्ताह में 5.17 अरब डॉलर बढ़कर 696.65 अरब डॉलर हो गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पहले 30 मई को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 1.24 अरब डॉलर घटकर 691.48 अरब डॉलर रहा था। विदेशी मुद्रा भंडार सितंबर 2024 के अंत में 704.88 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था।
आंकड़ों के मुताबिक, छह जून को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख हिस्सा विदेशी मुद्रा आस्तियां 3.47 अरब डॉलर बढ़कर 587.68 अरब डॉलर हो गईं। डॉलर के संदर्भ में उल्लेखित विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है।
समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 1.58 अरब डॉलर बढ़कर 85.88 अरब डॉलर हो गया। रिजर्व बैंक ने कहा कि विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 10.2 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.67 अरब डॉलर हो गया। केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के अनुसार, आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास भारत का आरक्षित भंडार भी 1.4 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.4 अरब डॉलर पहुंच गया।
देश
सर्राफा बाजार में हलचल, सोना रू.1,100 रुपए टूटा, चांदी रू.5,000 सस्ती
नई दिल्ली, एजेंसी। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को सोने की कीमतों में 1,100 रुपए की गिरावट दर्ज की गई और यह 1,58,800 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वैश्विक बाजारों में कमजोरी, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और महंगाई को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच यह गिरावट आई। स्थानीय सर्राफा कारोबारियों ने कहा कि 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना शुक्रवार के बंद भाव 1,59,900 रुपए प्रति 10 ग्राम से 1,100 रुपए घटकर 1,58,800 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) रह गया। इसी तरह, चांदी की कीमतों में भी दबाव देखने को मिला। चांदी का भाव 5,000 रुपए टूटकर 2,55,700 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) पर आ गया। पिछले सत्र में इसका बंद भाव 2,60,700 रुपए प्रति किलोग्राम था।

विश्लेषकों के मुताबिक, कीमती धातुओं में यह गिरावट हाल में देखी जा रही कमजोरी का ही विस्तार है। निवेशक अब सुरक्षित निवेश के बजाय बढ़ती ऊर्जा कीमतों से महंगाई पर पड़ने वाले असर पर कहीं अधिक ध्यान दे रहे हैं। लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध विश्लेषक गौरव गर्ग ने कहा, “अमेरिका में उम्मीद से बेहतर आर्थिक आंकड़े आने से महंगाई और ब्याज दरों को लेकर चिंता बढ़ गई है। इस वजह से सोना और चांदी जैसे सुरक्षित निवेश विकल्पों को लेकर आकर्षण कम हुआ है।” उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया, खासकर इजराइल से जुड़ी हाल की घटनाओं ने भी बाजार में अस्थिरता बढ़ाई है, जिससे निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना करीब एक प्रतिशत गिरकर 4,291.79 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि चांदी 1.34 प्रतिशत घटकर 66.93 डॉलर प्रति औंस रही। इस बीच, वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमत करीब पांच प्रतिशत चढ़कर 97.44 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई। पीएल वेल्थ के प्रमुख (उत्पाद एवं पारिवारिक कार्यालय) राजकुमार सुब्रमण्यन ने कहा, “अमेरिका के मजबूत रोजगार आंकड़ों से यह संकेत मिलता है कि ब्याज दरें अभी लंबे समय तक ऊंची रह सकती हैं। इस धारणा से डॉलर मजबूत हुआ है और निवेश के लिए सोने-चांदी उतने आकर्षक विकल्प नहीं रह गए हैं।”
उन्होंने कहा कि अमेरिकी महंगाई आंकड़ों और फेडरल रिजर्व के आगामी फैसलों से पहले निकट अवधि में कीमती धातुओं में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। हालांकि, उन्होंने कहा कि लंबी अवधि में सोना निवेशकों के लिए महंगाई के असर से बचाव का एक भरोसेमंद साधन बना रहेगा।
देश
Goldman Sachs ने भारतीय करेंसी पर जताया भरोसा, RBI और सरकार के फैसलों से मिलेगा सपोर्ट
मुंबई, एजेंसी। कुछ समय पहले रुपए में बड़ी गिरावट के अनुमान लगाए जा रहे थे। डॉलर के मुकाबले भारतीय करेंसी के टूटकर 100 के मनोवैज्ञानिक स्तर तक कमजोर होने की आशंका जताई जा रही थी। हालांकि अब वैश्विक निवेश बैंक गोल्डमैन सैक्स ग्रुप (Goldman Sachs Group) का मानना है कि रुपए में लगातार बना दबाव कम होने हो सकता है। बैंक के अनुसार, सरकार और RBI द्वारा विदेशी निवेश को आकर्षित करने के लिए उठाए गए कदम रुपए को सहारा देंगे। गोल्डमैन का मानना है कि इन कदमों से रुपए का गिरावट का दबाव हल्का होगा।

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक गोल्डमैन का दावा है कि आरबीआई और सरकार ने विदेशी निवेशकों के लिए उठाए गए कदमों से रुपए पर पड़ने वाले गिरावट के दबाव को सीमित किया जा सकेगा। विदेशी निवेशकों को सरकारी बॉन्ड में निवेश पर टैक्स में छूट और अधिक डेट इंस्ट्रूमेंट्स में निवेश की अनुमति तथा विदेशी-करेंसी बॉन्ड्स और डिपॉजिट्स जुटाने वाले बैंकों को छूट से रुपए को सपोर्ट मिल सकता है। कुछ एनालिस्ट्स के मुताबिक इन कदमों से $5000 करोड़ तक का विदेशी निवेश आ सकता है।
किस लेवल पर रहेगा रुपया?
हाल ही में वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल में तेजी और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के कारण रुपया दबाव में रहा। पिछले महीने यह डॉलर के मुकाबले रुपया 96.96 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक पहुंच गया था। जिसके बाद कई एनालिस्ट्स ने रुपए के 100 प्रति डॉलर का लेवल छूने तक की आशंका जता दी।
हालांकि अब गोल्डमैन ने अपने अनुमान में सुधार किया है और कहा है कि अगले तीन महीनों में रुपया एक अमेरिकी डॉलर की तुलना में रू.96 पर पहुंच सकता है। पहले यह अनुमान रू.97 का था। वहीं 6 महीने के अनुमान को रू.96 पर बरकरार रखा है तो 12 महीने के अनुमान को प्रति डॉलर रू.96 से बढ़ाकर रू.97 कर दिया है।
देश
शेयर बाजार धड़ाम, 719 अंक टूटा सेंसेक्स, क्यों आई बाजार में गिरावट?
मुंबई, एजेंसी। सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में कोहराम मच गया। दिनभर लाल निशान पर कारोबार करते सेंसेक्स-निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 719.08 अंक लुढ़क कर 73,524.26 के स्तर पर पहुंच गया। निफ्टी में भी 243.70 अंकों की गिरावट आई, ये 23,123 के लेवल पर बंद हुआ। इस गिरावट से निवेशकों के लाखों करोड़ रुपए डूब गए।

इस बड़ी गिरावट के पीछे कारण…
अमेरिका-ईरान में बढ़ता सैन्य तनाव
शेयर बाजार में गिरावट का सबसे बड़ा कारण पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव है। ईरान द्वारा इजरायल पर दागी गई मिसाइलों और बदले में इजरायल की सैन्य कार्रवाई ने अमेरिका और ईरान के बीच सीधे टकराव की स्थिति पैदा कर दी है। इस युद्ध जैसी स्थिति से वैश्विक निवेशकों में डर का माहौल है, जिस कारण निवेशक भारत से अपना पैसा निकाल रहे हैं।
कच्चे तेल की कीमतों में तेजी
युद्ध की आशंका के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 3.29% उछलकर 96.15 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। भारत अपनी जरूरत का लगभग 85% कच्चा तेल आयात करता है, महंगे तेल का सीधा मतलब है, भारत का बढ़ता चालू खाता घाटा, सरकारी कंपनियों पर सब्सिडी का बोझ और देश में महंगाई का बढ़ना है।
विदेशी बाजारों में भी भारी गिरावट
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को भारी गिरावट के साथ बंद हुए थे। दक्षिण कोरिया का बाजार 9 फीसदी से अधिक लुढ़क गया जिसके बाद 20 मिनट तक ट्रेडिंग रोकनी पड़ी। जापान के निक्केई में 5 फीसदी और हॉन्ग कॉन्ग के हेंग सेंग में और चीन के शंघाई कंपोजिट में एक फीसदी से ज्यादा गिरावट आई।
अमेरिकी जॉब डेटा में अप्रत्याशित उछाल
हाल ही में जारी हुए अमेरिकी नॉन-फार्म पेरोल डेटा ने बाजार को चौंका दिया है। अनुमान से कहीं ज्यादा नौकरियां पैदा होने के कारण अमेरिकी लेबर मार्केट बेहद मजबूत नजर आ रहा है। सामान्य तौर पर मजबूत इकोनॉमी अच्छी बात है लेकिन शेयर बाजार के लिए यह बुरी खबर बनकर आई है, क्योंकि मजबूत अर्थव्यवस्था महंगाई को कम नहीं होने देगी।
फेड रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें खत्म
यूएस फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की संभावना न के बराबर रह गई, बल्कि डर यह है कि फेड रिजर्व साल के अंत तक ब्याज दरें और बढ़ा सकता है। उच्च ब्याज दरों के कारण विदेशी संस्थागत निवेशक (FIIs) भारतीय बाजार से लगातार बिकवाली कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें अपने देश में ही बिना रिस्क के अच्छा रिटर्न मिल रहा है।
-
Uncategorized8 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा3 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
