मॉं के नाम से हास्पिटल प्रारंभ करना मॉं के प्रति अगाध श्रद्धा एवं प्रेम का प्रतीक- अरूण साव जिले के सबसे बड़े एवं अत्याधुनिक संसाधन युक्त हास्पिटल के लोकार्पण के साक्षी बने उपमुख्यमंत्री अरूण साव, मंत्री लखन लाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजूदेवी राजपूत, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी सहित हजारों की संख्या में पहुंचे दिग्गज, जिले भर के चिकित्सक एवं गणमान्य नागरिक
कोरबा। कोरबा के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. प्रिंस जैन एवं टीम डॉ. प्रदीप जैन, डॉ. आकांक्षा जैन, डॉ. निखील जैन, डॉ. शेफाली जैन द्वारा नया बस स्टैण्ड, विशाल मेगामार्ट के सामने टीपी नगर स्थित नवनिर्मित जिले के सबसे बड़े सुपरस्पेशियलिटी हास्पिटल मीना जैन मेमोरियल हास्पिटल का भव्य शुभारंभ प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरूण साव के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। इस पूण्य अवसर पर पूज्यगुरू माता 105 आर्यिका श्री अखण्डमती माता जी एवं अभेदमती माताजी की पूण्य उपस्थिति में फीता काटकर अरूण साव ने इस अस्पताल को जनता को समर्पित किया। शुभारंभ अवसर को अरूण साव सहित प्रदेश के उद्योग मंत्री एवं कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन, महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, पूर्व अध्यक्ष अशोक चावलानी, जोगेश लाम्बा, राजेन्द्र पाण्डेय, जिला चेम्बर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष योगेश जैन सहित कोरबा के दिग्गज व्यक्तित्व, सीएचएमओ डॉ. एस एन केसरी, आयुष विभाग के पूर्व जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. प्रदीप जैन, जिला आयुर्वेद अधिकारी उदय शर्मा सहित शहर के नामी अस्पतालों के संचालक, शहर के ख्यातिलब्ध व्यापारी, उद्योगपति, समाजसेवक, आम से लेकर खास नागरिक हजारों की संख्या में सुशोभित किए।
मॉं के नाम से हास्पिटल प्रारंभ करना मॉं के प्रति अगाध श्रद्धा एवं प्रेम का प्रतीक- अरूण साव
शुभारंभ अवसर को अपना स्वर्णीम पल देते हुए मुख्य अतिथि अरूण साव ने बड़े मार्मिक ढंग से सम्बोधित करते हुए कहा कि दुनिया में मां से बढ़कर कोई नहीं। यह अस्पताल डॉ. प्रिंस जैन की मां श्रीमती मीना जैन को समर्पित है और यह मां के प्रति अगाध श्रद्धा और प्रेम का प्रतीक है। मां जहां भी होगी, डॉ. प्रिंस जैन को अपना पूरा आशीर्वाद दे रही होंगी। इतने बड़े और अत्याधुनिक संसाधनों से युक्त इस अस्पताल के लोकार्पण का सौभाग्य हमें मिला है, यह हमारे लिए गर्व की बात है। कोरबा को इसका बड़ा लाभ होने वाला है और स्वास्थ्य के क्षेत्र में एमजेएम हास्पिटल माइलस्टोन साबित होगा। हम डॉ. प्रिंस जैन और उनकी टीम को बधाई और शुभकामनाएं देते हैं कि सेवा का यह प्रकल्प कोरबा ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों के लिए स्वास्थ्य के क्षेत्र का आधार स्तंभ बनेगा। इस अवसर पर मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, सीएचएमओ डॉ. एस एन केसरी, डॉ. संजय अग्रवाल, डॉ. व्ही के अग्रवाल, डॉ. प्रदीप जैन, पप्पु जैन सहित उपस्थित अतिथियों ने बधाई देकर सतत सफलता की शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं। जान जोखिम में डालकर डॉ. प्रिंस जैन ने सैकड़ों जिंदगियां बचाई- अरूण साव
अपने उद्बोधन में अरूण साव ने देश-दुनिया के सबसे बड़े संकट काल को भी याद किया और कहा कि कोरबा में जब यह संकट कोरोना के रूप में आया तब डाक्टर प्रिंस जैन के योगदान को कोरबावासी याद करेंगे। उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर टीम के साथ सैकड़ों जिंदगियां बचाई। ऐसे चिकित्सक अब 24 घंटे उपलब्ध रहकर कोरबा को एक बढ़िया चिकित्सा सेवा देंगे और मानवता की सेवा में नया आयाम गढ़ेंगे।
आसमान से पहुंचा आशीर्वाद लोकार्पण होते ही इस अस्पताल की सफलता के लिए आसमान से भी आशीर्वाद पहुंचा। जैसे ही अतिथियों ने अस्पताल का लोकार्पण किया, जमकर बारिश होने लगी। उपस्थित लोगों ने इसे शुभसंकेत माना और इस पावन चिकित्सा कार्य के लिए प्रकृति ने भी अपना आशीर्वाद डॉ. प्रिंस जैन एवं टीम पर उड़ेला।
श्रीमती मीना जैन की मूर्ति लोकार्पित
मीना जैन मेमोरियल हास्पिटल के मुख्य द्वार पर श्रीमती मीना जैन की दिव्य मूर्ति का लोकार्पण अतिथियों के करकमलों से सम्पन्न हुआ। अतिथियों ने मूर्ति अनावरण के बाद दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प अर्पित कर प्रणाम किया और सभी ने अस्पताल की सफलता के लिए कामना की। डॉ. प्रिंस जैन ने कहा कि मां का नाम आते ही मन में अद्भूत ऊर्जा का संचार होता है और पीड़ित लोगों की सेवा में मन लगता है। मां की मूर्ति हमें चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में नीत नये आयाम गढ़ने के लिए प्रेरित करती रहेंगी। लोकार्पित एमजेएम हास्पिटल में उपलब्ध सुविधाएं
डॉ. प्रिंस जैन ने बताया कि इस हास्पिटल में 100 बिस्तर की सुविधा है और मरीजों को 24 घंटे चिकित्सकों की सेवा उपलब्ध रहेगी। 22 आईसीयू की सुविधा रहेगी 24 घंटे इमरजेंसी आपरेशन, डिलीवरी की सुविधा क्रिटिकल केयर स्त्री एवं प्रसूति की सुविधा कार्डियोलाजि, कार्डियक एम्बुलेंस, माड्युलर ओटी/सर्जरी। डायलिसिस की सुविधा, 24 घंटे पैथोलाजी की सुवधा शिशुरोग विशेषज्ञ की सुविधा।
कुल्हरिया में शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन बहाल
कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन की सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान का भरोसेमंद माध्यम बनकर उभर रही है। जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तायुक्त,समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है इसका एक प्रेरक उदाहरण जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत कुल्हरिया में देखने को मिला, जहां सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत के बाद अधूरी पाइप पुलिया का निर्माण पूर्ण कर क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत कर दी गई, जिससे ग्रामीणों का आवागमन पुनः सुचारु और सुरक्षित हो गया।
ग्राम पंचायत कुल्हरिया निवासी राजकुमार शांडिल्य ने 27 जून 2026 को सीएम हेल्पलाइन में टोकन क्रमांक CC260600052681 के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि मनरेगा योजना के तहत गुलाब घर से प्रधानपारा तक मिट्टी-मुरूम सड़क का निर्माण तो पूर्ण हो चुका है, लेकिन पाइप पुलिया अधूरी होने के कारण बरसात के दौरान ग्रामीणों को आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत प्राप्त होते ही सीएम हेल्पलाइन केंद्र द्वारा प्रकरण संबंधित एल-1 अधिकारी को तत्काल भेजा गया। जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा की टीम ने बिना विलंब ग्राम पंचायत एवं निर्माण एजेंसी के साथ समन्वय स्थापित कर स्थल का निरीक्षण कराया।
जांच में पाया गया कि वर्ष 2022-23 में मनरेगा के अंतर्गत स्वीकृत इस सड़क निर्माण कार्य की कुल लागत 15.52 लाख रुपये थी, जिसमें 10.43 लाख रुपये मजदूरी मद तथा 5.09 लाख रुपये सामग्री मद के लिए स्वीकृत थे। अत्यधिक वर्षा के कारण निर्मित पाइप पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई थी तथा मिट्टी के कटाव से मार्ग अवरुद्ध हो गया था।
शिकायत के बाद जनपद पंचायत की सक्रिय पहल एवं निर्माण एजेंसी के समन्वित प्रयासों से पाइप पुलिया का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराया गया। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कर आवागमन को पुनः सुरक्षित एवं सुचारु बनाया गया। शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निराकरण निर्धारित समय-सीमा में किया गया।
कार्य पूर्ण होने पर ग्रामवासियों ने संतोष व्यक्त करते हुए छत्तीसगढ़ शासन की सीएम हेल्पलाइन व्यवस्था की सराहना की। शिकायतकर्ता राजकुमार शांडिल्य सहित ग्रामीणों ने कहा कि उनकी समस्या का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान होने से शासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।
सीईओ प्रतीक जैन ने गौधाम योजना की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश
कोरबा। जिले की ग्राम पंचायतों में संचालित गौधामों में निराश्रित गौवंश के समुचित संरक्षण, बेहतर रखरखाव एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला पंचायत सभागार में गौधाम योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन ने की।
बैठक में सीईओ श्री जैन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी गौधामों में संधारित पशुओं को नियमित रूप से पर्याप्त दाना-पानी उपलब्ध कराया जाए तथा पशु शेड एवं पूरे परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि गौधाम का मूल उद्देश्य निराश्रित पशुओं को सुरक्षित आश्रय, समुचित देखभाल और बेहतर प्रबंधन उपलब्ध कराना है, इसलिए संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
समीक्षा के दौरान गौधाम संचालन के लिए चयनित संस्थाओं के दायित्वों की विस्तार से जानकारी देते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई भूमि पर आवश्यकतानुसार बाउंड्रीवाल, पेयजल, विद्युत, पशु शेड, चारा विकास तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाए। साथ ही सभी पशुओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी, समय पर टीकाकरण, कृमिनाशक दवाओं का सेवन, कृत्रिम गर्भाधान, बधियाकरण तथा आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जाए।
सीईओ ने गौवंशीय नर पशुओं का बधियाकरण कर बैल जोड़ी तैयार करने, मादा पशुओं के नस्ल सुधार, सघन चारा विकास, आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता एवं लेखा-संधारण को भी अनिवार्य बताया। उन्होंने भारत सरकार एवं राज्य शासन द्वारा पशु कल्याण, पशु क्रूरता निवारण तथा पशुओं के रखरखाव संबंधी जारी सभी नियमों, अधिनियमों एवं दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने गौधामों में गोबर एवं गौमूत्र आधारित जैविक खाद, जैविक कीटनाशक तथा अन्य उपयोगी उत्पादों के निर्माण, प्रशिक्षण एवं प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही परिसर एवं आसपास स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक में गौधामों में आवश्यक अभिलेखों का नियमित संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इनमें पशु संख्या पंजी, पोषण आहार पंजी, रोकड़ बही, औषधि पंजी, टीकाकरण एवं पशु उपचार पंजी, गौधाम कार्यकारिणी बैठक पंजी, दुग्ध उत्पादन पंजी, भंडार पंजी तथा निरीक्षण पंजी का अद्यतन संधारण शामिल है।
उप संचालक, पशुधन विकास विभाग डॉ. सचिदानंद मिश्रा ने बताया कि जिले की ग्राम पंचायत अमरपुर, कपोंट, केराझरिया एवं लेपरा में गौधामों का सुचारु संचालन किया जा रहा है। बैठक में वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी, संबंधित गौधामों के अध्यक्ष तथा विभागीय मैदानी अमला उपस्थित रहा।
कटघोरा नगर पालिका में रू.13.60 लाख घोटाले का मामला, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कलेक्टर से निष्पक्ष जांच और सीएमओ की तत्काल बर्खास्तगी की मांग की
कटघोरा नगर पालिका में रू.13.60 लाख घोटाले पर भाजपा का हल्ला बोल, सीएमओ की बर्खास्तगी और उच्चस्तरीय जांच की मांग
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कटघोरा नगर पालिका परिषद में अटल परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा निर्माण एवं ‘ब्रॉन्ज’ सामग्री की खरीदी में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर कलेक्टर को शिकायत सौंपते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही उन्होंने नगर पालिका परिषद कटघोरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को तत्काल बर्खास्त कर कठोर कार्रवाई किए जाने की भी मांग उठाई है।
यह केवल सरकारी धन का दुरुपयोग नहीं, जनता के विश्वास के साथ भी गंभीर छल – गोपाल मोदी
गोपाल मोदी ने अपने शिकायत पत्र में कहा है कि विभिन्न समाचार माध्यमों एवं जनसामान्य से प्राप्त जानकारी के अनुसार अटल परिसर में ब्रॉन्ज सामग्री के नाम पर किए गए निर्माण कार्य में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं की आशंका है। आरोप है कि ब्रॉन्ज के स्थान पर निम्न गुणवत्ता की सामग्री अथवा कंक्रीट का उपयोग किया गया, जबकि भुगतान ब्रॉन्ज सामग्री के नाम पर किया गया। इस पूरे मामले में लगभग रू.13.60 लाख की वित्तीय अनियमितता की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सत्य सिद्ध होते हैं, तो यह केवल सरकारी धन का दुरुपयोग नहीं बल्कि जनता के विश्वास के साथ भी गंभीर छल है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी या ठेकेदार सार्वजनिक धन के दुरुपयोग का साहस न कर सके।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे प्रकरण की किसी स्वतंत्र एजेंसी अथवा वरिष्ठ अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराई जाए, निर्माण कार्य की तकनीकी गुणवत्ता एवं उपयोग की गई सामग्री की विशेषज्ञों से जांच कराई जाए, भुगतान, निविदा प्रक्रिया, मापन पुस्तिका (एम.बी.), बिल, वाउचर एवं अन्य अभिलेखों की विस्तृत वित्तीय जांच हो तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध विभागीय एवं विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। गोपाल मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव भ्रष्टाचार मुक्त एवं पारदर्शी प्रशासन की पक्षधर रही है। जनहित और शासन की साख बनाए रखने के लिए इस गंभीर मामले में शीघ्र, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है।