2 दिन रायपुर में रहेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू:25 को AIIMS-NIT के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी, 26 को जगन्नाथ मंदिर जाएंगी; ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
रायपुर ,एजेंसी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 25-26 अक्टूबर को 2 दिन के लिए रायपुर के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर होगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने रूट प्लान बनाया है। जिसमें VVIP का काफिला जिन रास्तों से गुजरेगा, वहां कुछ देर के लिए आम लोगों को इंतजार करना होगा।
25 अक्टूबर को सुबह 11 बजे राष्ट्रपति मुर्मू दिल्ली से माना के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगी। जहां से सड़क मार्ग से वो एम्स हॉस्पिटल के ऑडिटोरियम के लिए निकलेंगी। यहां पहुंचने के लिए VVIP काफिला माना से VIP रोड होकर पीटीएस चौक जाएगा।
ग्राम टेमरी, ग्राम फुंडहर चौक से फुंडहर एक्सप्रेस-वे होकर तेलीबांधा एक्सप्रेस-वे ब्रिज के नीचे से रिंग रोड नंबर-1 होकर पचपेड़ीनाका, संतोषीनगर, कुशालपुर चौक, रायपुरा ब्रिज के आगे से यू-टर्न लेगा।
राष्ट्रपति मुर्मू एम्स हॉस्पिटल भी आएंगी।
11 बजे पहुंचेंगी एम्स अस्पताल
राष्ट्रपति का काफिला सर्विस रोड से होकर रोहिणीपुरम गोल चौक, गायत्री हॉस्पिटल चौक से एनआईटी तिराहा, रविशंकर यूनिवर्सिटी गेट के सामने, आमानाका ब्रिज, मोहबा बाजार चौक, मोहबा बाजार ब्रिज से एम्स हॉस्पिटल गेट नंबर 5 से एंट्री करेगा। जो साढ़े 11 बजे एम्स हॉस्पिटल के कार्यक्रम स्थल ऑडिटोरियम में पहुंचेगा।
एम्स हॉस्पिटल के कार्यक्रम के बाद 12:45 बजे वापस डीडीनगर रोड से होकर रिंग रोड नम्बर-1 से कांशीराम नगर ब्रिज किनारे से केनाल रोड होकर बूढ़ीमाई चौक, कटोरा तालाब चौक, पंचशील नगर चौक, आनंद नगर चौक से जीई रोड होकर भगत सिंह चौक और अंबेडकर चौक से होकर दोपहर 1 बजे राजभवन पहुंचेंगी।
करीब 2 घंटे बाद 3 बजे राष्ट्रपति राजभवन से डीडीयू ऑडिटोरियम साइंस कॉलेज रायपुर के लिए जाएंगी। इसके लिए एक बार फिर उसी सड़क का इस्तेमाल होगा, जो रिंग रोड से होकर रोहिणीपुरम की ओर जाता है।
डीडीयू ऑडिटोरियम।
पुरखौती मुक्तांगन भी जाएंगी राष्ट्रपति
इस कार्यक्रम के बाद VVIP काफिला डीडीयू ऑडिटोरियम से शाम साढ़े 4 बजे बजे डीडीनगर मार्ग से होकर रिंग रोड 1 से तेलीबांधा एक्सप्रेस-वे होकर फुंडहर एक्सप्रेस-वे चौक से ग्राम फुंडहर चौक से VIP रोड होकर पीटीएस चौक, माना विमानतल तिराहा।
स्टेडियम टर्निंग, चीचा तिराहा, खूबचंद बघेल चौक, चंदूलाल चंद्राकर चौक, महात्मा गांधी चौक, सेक्टर-22, राज्योत्सव तिराहा, नंदकुमार पटेल चौक से कार्यक्रम स्थल पुरखौती मुक्तांगन शाम सवा 5 बजे पहुंचेगा।
पुरखौती मुक्तांगन के बाद इस मार्ग से वापस वीआईपी रोड से होकर फुंडहर चौक से एक्सप्रेस-वे चौक फुंडहर होकर एक्सप्रेस-वे रोड से होकर शंकर नगर एक्सप्रेस वे ब्रिज के नीचे से भारतमाता चौक, भगत सिंह चौक, अंबेडकर चौक होकर शाम साढ़े 6 बजे राजभवन में आराम करेंगी।
26 अक्टूबर का VVIP मूवमेंट का मार्ग
26 अक्टूबर को राष्ट्रपति सुबह 9 बजे राजभवन से जगन्नाथ मंदिर, गायत्री नगर के लिए निकलेंगी, जो राजभवन चौक से अंबेडकर चौक जीई रोड होकर एसआरपी चौक से भारतमाता चौक, शंकर नगर एक्सप्रेस वे ब्रिज चौक, अनुपम नगर चौक से खम्हारडीह थाना होकर सुबह 9 बजकर 10 मिनट पर गायत्री नगर जगन्नाथ मंदिर पहुंचेंगी।
इसके बाद सुबह 9:40 बजे जगन्नाथ मंदिर, गायत्री नगर से माना एयरपोर्ट के लिए निकलेंगी, जो खम्हारडीह थाना चौक से अनुपम नगर चौक, शंकर नगर एक्सप्रेस वे ब्रिज सर्विस रोड से एक्सप्रेस वे मार्ग होकर फुंडहर एक्सप्रेस वे चौक से फुंडहर चौक वीआईपी रोड होकर सुबह 10 बजे माना एयरपोर्ट पहुंचेगी। इसके बाद भिलाई के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना होंगी।
26 अक्टूबर को भिलाई में कार्यक्रम के बाद दोपहर 1 बजकर 5 मिनट में वापस आकर माना एयरपोर्ट से राजभवन के लिए रवाना होंगी, जो व्हीआईपी रोड से ग्राम फुंडहर से एक्सप्रेस-वे मार्ग से शंकर नगर एक्सप्रेस-वे ब्रिज के नीचे से भगत सिंह चौक से जीई रोड होकर अंबेडकर चौक से राजभवन चौक होकर दोपहर 13:20 बजे राजभवन पहुंचेंगी।
26 अक्टूबर को 2 बजकर 55 मिनट पर राष्ट्रपति राजभवन से आयुष विश्वविद्यालय नया रायपुर के लिए रवाना होंगी, जो जी.ई रोड से भगत सिंह चौक से शंकर नगर एक्सप्रेस वे ब्रिज से एक्सप्रेस-वे मार्ग होकर फुंडहर एक्सप्रेस-वे चौक से ग्राम फुंडहर व्हीआईपी रोड से पीटीएस चौक ,नया रायपुर विमानतल तिराहा, स्टेडियम टर्निंग, चीचा तिराहा, खूबचंद बघेल चौक, चंदूलाल चंद्राकर चौक, महात्मा गांधी चौक, सेक्टर-22, राज्योत्सव तिराहा, नंदकुमार पटेल चौक, दानवीर भामाशाह चौक उपरवारा, बैरिस्टर छेदी लाल चौक से लॉ यूनिवर्सिटी टर्निंग होकर दोपहर साढ़े 3 बजे आयुष विश्वविद्यालय पहुंचेंगी।
आयुष यूनिवर्सिटी कार्यक्रम के बाद साढ़े 4 बजे राष्ट्रपति आयुष यूनिवर्सिटी से सीधे माना एयरपोर्ट जाएंगी। 5 बजे के करीब वह दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि, 25 और 26 अक्टूबर को VVIP रोड में सामान्य यातायात का आवागमन कुछ समय के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। जब काफिला इन रास्तों से गुजर जाएगा तो यातायात वापस सामान्य कर दिया जाएगा।
इन वैकल्पिक रास्तों का करें इस्तेमाल
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों की सहूलियत के लिए उन्हें वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। इस दौरान एयरपोर्ट जाने वाले यात्री वैकल्पिक मार्ग जोरा-धरमपुरा होकर या सेरीखेड़ी से नवा रायपुर एंट्री मार्ग होकर माना एयरपोर्ट पहुंच सकते है।
इसी प्रकार एम्स हॉस्पिटल ऑडिटोरियम और पं.दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम आवागमन के दौरान VIP मार्ग रिंग रोड नम्बर-1 में सामान्य यातायात का आवागमन कुछ समय के लिए बैन रहेगा।
इसके अलावा 25 अक्टूबर को रिंग-रोड 1 में भारी मालवाहक वाहनों का आना-जाना सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान भारी मालवाहक वाहन चालक व्हीआईपी मूवमेंट के दौरान वैकल्पिक मार्ग टाटीबंद-सिलतरा बाइपास से होकर रिंगरोड नंबर 3 से आना-जाना कर सकते हैं।
कुल्हरिया में शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन बहाल
कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन की सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान का भरोसेमंद माध्यम बनकर उभर रही है। जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तायुक्त,समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है इसका एक प्रेरक उदाहरण जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत कुल्हरिया में देखने को मिला, जहां सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत के बाद अधूरी पाइप पुलिया का निर्माण पूर्ण कर क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत कर दी गई, जिससे ग्रामीणों का आवागमन पुनः सुचारु और सुरक्षित हो गया।
ग्राम पंचायत कुल्हरिया निवासी राजकुमार शांडिल्य ने 27 जून 2026 को सीएम हेल्पलाइन में टोकन क्रमांक CC260600052681 के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि मनरेगा योजना के तहत गुलाब घर से प्रधानपारा तक मिट्टी-मुरूम सड़क का निर्माण तो पूर्ण हो चुका है, लेकिन पाइप पुलिया अधूरी होने के कारण बरसात के दौरान ग्रामीणों को आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत प्राप्त होते ही सीएम हेल्पलाइन केंद्र द्वारा प्रकरण संबंधित एल-1 अधिकारी को तत्काल भेजा गया। जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा की टीम ने बिना विलंब ग्राम पंचायत एवं निर्माण एजेंसी के साथ समन्वय स्थापित कर स्थल का निरीक्षण कराया।
जांच में पाया गया कि वर्ष 2022-23 में मनरेगा के अंतर्गत स्वीकृत इस सड़क निर्माण कार्य की कुल लागत 15.52 लाख रुपये थी, जिसमें 10.43 लाख रुपये मजदूरी मद तथा 5.09 लाख रुपये सामग्री मद के लिए स्वीकृत थे। अत्यधिक वर्षा के कारण निर्मित पाइप पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई थी तथा मिट्टी के कटाव से मार्ग अवरुद्ध हो गया था।
शिकायत के बाद जनपद पंचायत की सक्रिय पहल एवं निर्माण एजेंसी के समन्वित प्रयासों से पाइप पुलिया का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराया गया। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कर आवागमन को पुनः सुरक्षित एवं सुचारु बनाया गया। शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निराकरण निर्धारित समय-सीमा में किया गया।
कार्य पूर्ण होने पर ग्रामवासियों ने संतोष व्यक्त करते हुए छत्तीसगढ़ शासन की सीएम हेल्पलाइन व्यवस्था की सराहना की। शिकायतकर्ता राजकुमार शांडिल्य सहित ग्रामीणों ने कहा कि उनकी समस्या का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान होने से शासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।
सीईओ प्रतीक जैन ने गौधाम योजना की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश
कोरबा। जिले की ग्राम पंचायतों में संचालित गौधामों में निराश्रित गौवंश के समुचित संरक्षण, बेहतर रखरखाव एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला पंचायत सभागार में गौधाम योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन ने की।
बैठक में सीईओ श्री जैन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी गौधामों में संधारित पशुओं को नियमित रूप से पर्याप्त दाना-पानी उपलब्ध कराया जाए तथा पशु शेड एवं पूरे परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि गौधाम का मूल उद्देश्य निराश्रित पशुओं को सुरक्षित आश्रय, समुचित देखभाल और बेहतर प्रबंधन उपलब्ध कराना है, इसलिए संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
समीक्षा के दौरान गौधाम संचालन के लिए चयनित संस्थाओं के दायित्वों की विस्तार से जानकारी देते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई भूमि पर आवश्यकतानुसार बाउंड्रीवाल, पेयजल, विद्युत, पशु शेड, चारा विकास तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाए। साथ ही सभी पशुओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी, समय पर टीकाकरण, कृमिनाशक दवाओं का सेवन, कृत्रिम गर्भाधान, बधियाकरण तथा आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जाए।
सीईओ ने गौवंशीय नर पशुओं का बधियाकरण कर बैल जोड़ी तैयार करने, मादा पशुओं के नस्ल सुधार, सघन चारा विकास, आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता एवं लेखा-संधारण को भी अनिवार्य बताया। उन्होंने भारत सरकार एवं राज्य शासन द्वारा पशु कल्याण, पशु क्रूरता निवारण तथा पशुओं के रखरखाव संबंधी जारी सभी नियमों, अधिनियमों एवं दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने गौधामों में गोबर एवं गौमूत्र आधारित जैविक खाद, जैविक कीटनाशक तथा अन्य उपयोगी उत्पादों के निर्माण, प्रशिक्षण एवं प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही परिसर एवं आसपास स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक में गौधामों में आवश्यक अभिलेखों का नियमित संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इनमें पशु संख्या पंजी, पोषण आहार पंजी, रोकड़ बही, औषधि पंजी, टीकाकरण एवं पशु उपचार पंजी, गौधाम कार्यकारिणी बैठक पंजी, दुग्ध उत्पादन पंजी, भंडार पंजी तथा निरीक्षण पंजी का अद्यतन संधारण शामिल है।
उप संचालक, पशुधन विकास विभाग डॉ. सचिदानंद मिश्रा ने बताया कि जिले की ग्राम पंचायत अमरपुर, कपोंट, केराझरिया एवं लेपरा में गौधामों का सुचारु संचालन किया जा रहा है। बैठक में वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी, संबंधित गौधामों के अध्यक्ष तथा विभागीय मैदानी अमला उपस्थित रहा।
कटघोरा नगर पालिका में रू.13.60 लाख घोटाले का मामला, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कलेक्टर से निष्पक्ष जांच और सीएमओ की तत्काल बर्खास्तगी की मांग की
कटघोरा नगर पालिका में रू.13.60 लाख घोटाले पर भाजपा का हल्ला बोल, सीएमओ की बर्खास्तगी और उच्चस्तरीय जांच की मांग
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कटघोरा नगर पालिका परिषद में अटल परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा निर्माण एवं ‘ब्रॉन्ज’ सामग्री की खरीदी में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर कलेक्टर को शिकायत सौंपते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही उन्होंने नगर पालिका परिषद कटघोरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को तत्काल बर्खास्त कर कठोर कार्रवाई किए जाने की भी मांग उठाई है।
यह केवल सरकारी धन का दुरुपयोग नहीं, जनता के विश्वास के साथ भी गंभीर छल – गोपाल मोदी
गोपाल मोदी ने अपने शिकायत पत्र में कहा है कि विभिन्न समाचार माध्यमों एवं जनसामान्य से प्राप्त जानकारी के अनुसार अटल परिसर में ब्रॉन्ज सामग्री के नाम पर किए गए निर्माण कार्य में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं की आशंका है। आरोप है कि ब्रॉन्ज के स्थान पर निम्न गुणवत्ता की सामग्री अथवा कंक्रीट का उपयोग किया गया, जबकि भुगतान ब्रॉन्ज सामग्री के नाम पर किया गया। इस पूरे मामले में लगभग रू.13.60 लाख की वित्तीय अनियमितता की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सत्य सिद्ध होते हैं, तो यह केवल सरकारी धन का दुरुपयोग नहीं बल्कि जनता के विश्वास के साथ भी गंभीर छल है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी या ठेकेदार सार्वजनिक धन के दुरुपयोग का साहस न कर सके।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे प्रकरण की किसी स्वतंत्र एजेंसी अथवा वरिष्ठ अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराई जाए, निर्माण कार्य की तकनीकी गुणवत्ता एवं उपयोग की गई सामग्री की विशेषज्ञों से जांच कराई जाए, भुगतान, निविदा प्रक्रिया, मापन पुस्तिका (एम.बी.), बिल, वाउचर एवं अन्य अभिलेखों की विस्तृत वित्तीय जांच हो तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध विभागीय एवं विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। गोपाल मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव भ्रष्टाचार मुक्त एवं पारदर्शी प्रशासन की पक्षधर रही है। जनहित और शासन की साख बनाए रखने के लिए इस गंभीर मामले में शीघ्र, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है।