देश
फाइटर पायलट ने शहीद होकर 1200 परिवारों को बचाया:प्रत्यक्षदर्शी बोले- हवा में लहराकर गिरा फाइटर जेट, बम जैसा धमाका, टुकड़ों में बिखरे शव
चूरू,एजेंसी। राजस्थान के चूरू में 9 जुलाई को भारतीय वायु सेना (INDIAN AIR FORCE) का जगुआर फाइटर जेट क्रैश हो गया। हादसे में 2 पायलट शहीद हो गए। शहीद स्क्वॉड्रन लीडर लोकेंद्र सिंह सिंधु (44) हरियाणा के रोहतक और फ्लाइट लेफ्टिनेंट ऋषिराज (23) पाली के सुमेरपुर स्थित खिंवादी गांव के रहने वाले थे।

दोनों पायलट ने शहीद होकर हमारे गांव के 1200 परिवारों को बचा लिया। दोनों ने आखिरी समय तक अपना फर्ज याद रखा।
ये कहना है भानुदा गांव के ग्रामीणों का। इन लोगों ने बुधवार को फाइटर जेट को मलबे में तब्दील होते और दोनों पायलट को दर्जनों टुकड़ों में बंटते देखा। हादसा बुधवार (9 जुलाई) दोपहर 12.40 बजे गांव से 2 किमी दूर सुनसान इलाके में हुआ था।
ऐसा लगा जैसे कोई बम फटा हो
प्लेन क्रैश होने के बाद सबसे पहले मौके पर पहुंचने वाले मनोज प्रजापत बताते हैं- जब हादसा हुआ, मैं गांव में ही था। मैंने देखा एक प्लेन हवा में दाएं–बाएं हो रहा है। हवा में लहराते हुए प्लेन अचानक पेड़ से टकराया।
टक्कर के बाद प्लेन 100 मीटर से ज्यादा घिसटता रहा। उसमें आग लग गई। प्लेन के गिरने का धमाका इतना तेज था कि लगा कोई बम फटा हो। गांव में हल्ला मच गया। लोग हादसे वाली जगह पहुंचे। पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।

प्लेन जल रहा था, 100 मीटर में शरीर के टुकड़े पड़े थे
प्रत्यक्षदर्शियों में शामिल विजय शर्मा ने बताया कि हम जब मौके पर पहुंचे तो सारा इलाका धुएं के गुबार में था। 100 से 200 मीटर के दायरे में दोनों पायलट के शरीर के टुकड़े पड़े थे। जहां भी नजर जा रही थी, सिर्फ तबाही का मंजर था। प्लेन का मलबा आसपास के 500 मीटर के दायरे में पड़ा हुआ था। आसपास के 20 से 30 किलोमीटर के ग्रामीण हादसे वाली जगह पहुंचे थे।
पुलिस और प्रशासन के आने से पहले करीब 1500 ग्रामीण वहां इकट्ठे हो गए थे। सूचना मिलते ही आधे घंटे में पुलिस और प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंच गए थे। एक घंटे में आर्मी भी हादसे वाली जगह पहुंच गई थी। हेलिकॉप्टर, एम्बुलेंस, दमकल समेत कई टीमें पहुंचीं।
बुधवार देर रात तक एयरफोर्स, आर्मी और पुलिस के जवान मौके पर मलबा इकट्ठा करने और हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटाने में व्यस्त रहे थे। आर्मी ने गांव में ही पड़ाव डाला। गांव में लगातार देर रात तक सैन्य वाहनों का आना-जाना लगा रहा।

9 जुलाई को चूरू के भानुदा गांव में INDIAN AIR FORCE का जगुआर फाइटर जेट क्रैश हो गया था।
पास जाकर देखा तो कुछ नहीं बचा था
धमाका सुनकर मौके पर पहुंचे 16 साल के धोनी चारण का कहना है कि हम जब मौके पर पहुंचे तो प्लेन के पहिए में आग लगी देखी। चारों ओर मलबा पड़ा हुआ था। हमने सोचा कि शायद कोई बच गया हो, उसे बाहर निकालने की कोशिश करते हैं। पास जाकर देखा तो कुछ नहीं बचा था। हर तरफ दोनों पायलट के शरीर के टुकड़े बिखरे हुए थे। जहां प्लेन क्रैश हुआ, वहां घास–फूस, पेड़ पौधे राख में बदल गए थे। हादसे की जानकारी मिलते ही मोमासर, भानूदा, हामुसर, सिकराली, बाडा की ढाणी, पाबूसर, राजलदेसर, बंडवा, बीनादेसर और आस–पास की गांव ढाणियों के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए थे।
अपनी जान देकर गांव वालों को जिंदगी दे गए
भानुदा विदावतान और भानुदा चारनान में करीब 1200 परिवार रहते हैं। जगुआर प्लेन भानुदा चारनान के भानुदा से राजलदेसर जाने वाली सड़क के पास क्रैश हुआ। भानुदा विदावतान के मोहित शर्मा बताते हैं कि दोनों पायलट ने अपनी जान गंवाकर हमारे दोनों गांवों के लोगों को जीवनदान दिया है। अगर प्लेन इन दोनों गांवों पर गिरता तो ज्यादा लोग हताहत होते। दोनों ने आखिरी वक्त तक प्लेन को गांव पर क्रैश नहीं होने दिया।

मोशन ग्राफिक्स में देखें हादसा कैसे हुआ।
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी गिरा था मिसाइल का टुकड़ा
मोहित और विजय बताते हैं कि मई में ऑपरेशन सिंदूर के समय भी गांव के पास सुनसान जगह पर एक मिसाइल का मलबा गिरा था। इत्तफाक से जगुआर प्लेन क्रैश वाली जगह से मिसाइल गिरने वाली जगह महज डेढ़ से दो किलोमीटर की दूरी पर है। मोहित बताते हैं कि उस वक्त रात करीब 12 बजे के आस–पास आसमान से एक जलता हुआ टुकड़ा गिरते देखा। उसके जमीन से टकराते ही जोरदार धमाका हुआ था। सुबह वहां जाकर देखा तो मिसाइल का एक 20–25 फीट लंबा टुकड़ा रेत में धंसा हुआ था। बाद में इसे आर्मी ने डिफ्यूज किया था।

जिस जगह जेट गिरा, वहां कोई निर्माण नहीं है। केवल पेड़ और झाड़ियां हैं।
पूरा गांव बना छावनी, रातभर सेना करती रही काम
हादसे के बाद भानुदा गांव की ओर जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया। गांव में जाने के लिए लोग हामुसर गांव से हाेकर करीब 14 किलोमीटर का चक्कर काटकर अपने घर पहुंचे। आर्मी के वाहन भी रातभर आते–जाते रहे। पूरा गांव और उसके आस–पास का एरिया सैन्य छावनी जैसा नजर आ रहा है। एयरफोर्स, आर्मी ने हादसे वाली जगह टेंट लगाकर साक्ष्य जुटाए। रात में भी मलबा तलाशा। साथ ही वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी की।
खेल
वैभव सूर्यवंशी की फास्टेस्ट फिफ्टी से इंडिया-A चैंपियन:29 गेंदों पर 94 रन बनाए, फाइनल में श्रीलंका-A को 66 रन से हराया
दांबुला, एजेंसी। इंडिया-ए ने फाइनल में श्रीलंका-ए को 66 रन से हराकर ट्राई सीरीज अपने नाम कर ली। इंडिया-ए ने दांबुला में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 377 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका-ए 47.1 ओवर में 311 रन पर सिमट गई।
भारत की जीत के हीरो 15 साल के वैभव सूर्यवंशी रहे। उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों पर 94 रन की पारी खेली। 10 चौके और 8 छक्के भी लगाए। वैभव ने महज 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 50 ओवर क्रिकेट की सबसे तेज फिफ्टी का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। कप्तान तिलक वर्मा ने 67, ऋतुराज गायकवाड ने 40 और अनुकूल रॉय ने 15 गेंदों पर 39 रन का योगदान दिया।

378 रन का पीछा करने उतरी श्रीलंका-ए की शुरुआत खराब रही। टीम के लिए वनुजा सहान ने सबसे ज्यादा 62 रन बनाए। सदीरा समरविक्रमा ने 52 रन की पारी खेली। भारत-ए के लिए यश ठाकुर और विप्रज निगम ने 3-3 विकेट लिए।
वैभव ने 20 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
वैभव से पहले 50 ओवर की क्रिकेट में फास्टेस्ट हाफ सेंचुरी श्रीलंका के कौशल्य वीरात्ने ने बनाई थी। उन्होंने 2006 में रागामा क्रिकेट कल्ब की ओर से खेलते हुए 12 बॉल पर फिफ्टी पूरी की थी। सीनियर लेवल पर 50 ओवर की क्रिकेट में दो तरह के मैच होते हैं। लिस्ट-ए और वनडे इंटरनेशनल। हर वनडे इंटरनेशनल अपने आप में एक लिस्ट-ए मैच भी होता है।
वनडे इंटरनेशनल में सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड एबी डिविलियर्स और मैथ्यू फोर्ड के नाम है। दोनों बल्लेबाजों ने 16-16 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था। साउथ अफ्रीका के एबी डिविलियर्स ने 18 जनवरी 2015 को जोहानसबर्ग में वेस्टइंडीज के खिलाफ यह कारनामा किया था। इसके बाद उन्होंने 44 गेंदों में 149 रन बनाए थे।
वहीं, 23 मई 2025 को डबलिन में वेस्टइंडीज के मैथ्यू फोर्ड ने आयरलैंड के खिलाफ फिफ्टी लगाकर डिविलियर्स के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
उतार-चढ़ाव भरा रहा भारत का सफर
इंडिया-ए का ट्राई सीरीज में सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा, लेकिन टीम ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। भारत-ए ने अपने पहले मैच में श्रीलंका-ए को 8 रन से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में अफगानिस्तान-ए से 4 रन से हार गई। तीसरे मैच में श्रीलंका-ए ने सुपर ओवर में मात दी। इसके बाद टीम ने वापसी करते हुए अफगानिस्तान-ए को 101 रन से हराया और फाइनल में जगह बनाई।
प्लेइंग-XI
भारत-ए: वैभव सूर्यवंशी, प्रियांश आर्या, ऋतुराज गायकवाड, तिलक वर्मा (कप्तान), कुमार कुशाग्र, सूर्यांश शेडगे, अनुकुल रॉय, निशांत सिंधु, विप्रज निगम, अशोक शर्मा, यश ठाकुर।
श्रीलंका-ए: निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), अविष्का फर्नांडो, रविंदु फर्नांडो, सदीरा समरविक्रमा, सहान अराच्चिगे (कप्तान), नुवानिदु फर्नांडो, वनुजा सहान, मोहम्मद शिराज, दुलाज समुधिता, विजयकांत वियासकांत, कुगाथस माथुलन।
देश
चंपत राय समेत 150 लोगों को अयोध्या न छोड़ने चेतावनी:योगी को कल राममंदिर चढ़ावा चोरी की रिपोर्ट देगी SIT, 7 पेन ड्राइव में सबूत
अयोध्या, एजेंसी। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) सीएम योगी को शुरुआती रिपोर्ट कल, सोमवार को दे सकती है। रविवार शाम टीम सीएम योगी से मिलने पहुंची थी। लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। सीएम पहले से प्रस्तावित मानसून सत्र समेत अन्य मीटिंग में व्यस्त थे।
एसआईटी ने 7 पेन ड्राइव में डेटा सुरक्षित किया है। 6 दिन की जांच में 150 संदिग्धों के नाम सामने आए हैं। इनमें से 25 लोगों पर कार्रवाई के आसार हैं। जिन लोगों से SIT पूछताछ कर चुकी है, उन्हें अगले आदेश तक कहीं बाहर न जाने की चेतावनी दी गई है। इनमें ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा भी शामिल हैं।
SIT ने राम मंदिर में दबदबा रखने वाले रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू से लगभग हर दिन पूछताछ की। टीम ने उसके करीबियों, रिश्तेदारों और उनकी संपत्तियों की भी जानकारी हासिल की है।
इस 6 दिन में टीम ने कई जरूरी दस्तावेज जैसे- सीसीटीवी फुटेज, चढ़ावे के संबंध में गहरी जानकारी, चढ़ावा की गिनती करने का तरीका, बैंक में पैसा ले जाने का तरीका सहित एक-एक बिंदुओं पर बारीकी से पड़ताल की। छठे दिन शनिवार को टीम ने सभी आरोपियों और संदिग्धों के बैंक खातों की जानकारी हासिल की। इन सब जांच के बाद टीम सारे सबूत अपने साथ लेकर गई है।

2021 तक के रिकॉर्ड खंगाले
SIT ने मंदिर के दानपात्रों की धनराशि के उपयोग, अनावश्यक खर्चों और भूमि खरीद से जुड़े मामलों की भी जांच की। 2021 तक के पुराने रिकॉर्ड भी खंगाले। बैंक अधिकारियों से भी पूछताछ की। सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा पर कार्रवाई लगभग तय है। दोनों को पद से हटाया जा सकता है। इसके अलावा, मंदिर के निर्माण प्रभारी गोपाल राव को भी पद से हटाया जा सकता है।
अब तक 2 करोड़ की बरामदगी
चढ़ावा चोरी मामले में 5 लोगों लवकुश, अवनीश, अनुकल्प, करुणे और रामशंकर उर्फ टिन्नू की निशानदेही पर अब तक 2 करोड़ रुपए की रिकवरी की गई है। ये सभी मंदिर में दान राशि की गिनती की ड्यूटी से जुड़े थे। मंदिर ट्रस्ट के कर्मचारी टिन्नू के घर से 13 जून को सोना मिला था। हालांकि, सोना कितना है, यह अभी कन्फर्म नहीं है।
सपा प्रमुख और पूर्व मंत्री ने चोरी का मुद्दा उठाया था
सपा सरकार में मंत्री रह चुके पवन पांडेय ने 7 जून को दावा किया था कि राम मंदिर से 5 से साढ़े 7 करोड़ रुपए तक की चोरी की गई। पार्टी प्रमुख अखिलेश ने भी कहा था कि मामले पर सरकार की चुप्पी संदिग्ध है। कोर्ट को मामला देखना चाहिए।
चंपत राय ने सफाई दी थी कि अभी तक ऐसी कोई भी बात सामने नहीं आई है। विवाद बढ़ा तो भाजपा नेता डॉ. रजनीश सिंह ने 9 जून को प्रधानमंत्री को लेटर लिखकर CBI जांच की मांग की। अगले दिन यानी 10 जून को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने मंदिर ट्रस्ट से मामले की रिपोर्ट मांग ली।
नृपेंद्र मिश्रा बोले- राम मंदिर चढ़ावे पर डाका डाला गया
राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन पूर्व IAS नृपेंद्र मिश्रा ने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी पर खुलेआम डाका डाला गया। मंदिर का पूरा मैनेजमेंट बदल देना चाहिए। ये लोगों के साथ बहुत बड़ा विश्वासघात है। बैंक के लोगों ने जिम्मेदारी नहीं निभाई। इससे बड़ी लापरवाही क्या ही हो सकती है।
ये बातें नृपेंद्र मिश्रा ने शुक्रवार को ABP न्यूज से बातचीत में कहीं। उन्होंने कहा- काउंटिंग प्रक्रिया से जुड़े सबूत से मालूम पड़ता है कि पूरी व्यवस्था में निगरानी करीब शून्य थी और विजिलेंस का गंभीर अभाव था। जबकि, बैंक और ट्रस्ट के बीच हुए समझौते में स्पष्ट रूप से तय था कि दान की गिनती और उसका हिसाब-किताब रखने की जिम्मेदारी बैंक की होगी।
अयोध्या में योगी ने कहा था- अपराधी कोई भी हो, नहीं बचेगा
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी विवाद के बीच सीएम योगी शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे थे। हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद राम मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन किए। CM योगी ने कहा- विपक्ष के लोग राम का नारा लगाने पर गोली चलवाते थे। इनके दोगले चरित्र को तो देखिए। राम मंदिर बन न पाए, इसके लिए कांग्रेस ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया था। सुप्रीम कोर्ट में बेशर्मी के साथ कहा था कि राम तो हुए ही नहीं। वही कांग्रेस आज अयोध्या पर बहुत मचल रही।
योगी ने जनसभा में कहा- सपा के दोहरे चरित्र को देखो, कहती है कि राम भक्तों का अपमान हुआ है। कारसेवकों और रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले लोग उपदेश देने चले हैं। हमने ट्रस्ट के अनुरोध पर एसआईटी जांच बैठाई। एसआईटी दूध का दूध और पानी का पानी करके रहेगी। मैं सभी से कहूंगा कि कोई भी अनर्गल टिप्पणी न करें, जो रामभक्तों को आहत करे।
देश
PM Modi ने कोलकाता के रेड रोड से किया 12वें International Yoga Day का नेतृत्व, हजारों लोग हुए शामिल
कोलकाता, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कोलकाता के रेड रोड से 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया जहां हजारों लोगों ने उनके साथ सुबह योगाभ्यास किया। मोदी ने ‘सामान्य योग प्रोटोकॉल’ सत्र में हिस्सा लेते हुए इस प्रतिष्ठित स्थल पर हजारों लोगों के साथ योगासन किए।


इस स्थल के एक ओर भारतीय सेना की पूर्वी कमान का मुख्यालय और दूसरी ओर विशाल मैदान है।
इस वर्ष योग दिवस की थीम बढ़ती उम्र में योग से रहें निरोग है जो शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक कल्याण, भावनात्मक दृढ़ता और वृद्धावस्था में सक्रियता को बढ़ावा देने में योग की भूमिका को रेखांकित करती है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार दुनियाभर में लगभग 2,500 स्थानों पर योग दिवस समारोह आयोजित करने की योजना है।

इनमें 210 से अधिक भारतीय दूतावास भाग ले रहे हैं। यह आयोजन स्वास्थ्य, सद्भाव और सामूहिक कल्याण के वैश्विक अभियान के रूप में योग की स्वीकार्यता की पुष्टि करता है।

बयान में कहा गया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 21 जून को योग दिवस के रूप में मनाने के भारत के प्रस्ताव को स्वीकार किए जाने के बाद 2015 में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत हुई थी। तब से मोदी नयी दिल्ली, चंडीगढ़, लखनऊ, मैसूरु, न्यूयॉर्क, श्रीनगर और विशाखापत्तनम समेत विभिन्न स्थानों से योग दिवस समारोह का नेतृत्व कर चुके हैं।
-
Uncategorized9 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा3 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
