Connect with us

कोरबा

दूरदर्शी नेता, सशक्त वक्ता और सभी दलों के सम्माननीय व्यक्तित्व थे अटल बिहारी वाजपेयी जी : मंत्री लखनलाल देवांगन

Published

on

अटल बिहारी वाजपेयी जयंती पर श्रद्धा सुमन अर्पित, सुशासन दिवस समापन कार्यक्रम सम्पन्न

कोरबा। आज भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित कर नमन किया गया। विवेकानंद उद्यान के समीप अटल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने वाजपेयी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्य अतिथि लखनलाल देवांगन ने कहा कि सुशासन दिवस 19 से 25 दिसम्बर तक राज्य सरकार द्वारा अटल जी की जयंती के अवसर पर मनाया गया। उन्होंने कहा कि अटल जी के व्यक्तित्व और कृतित्व का वर्णन शब्दों में संभव नहीं। वे दूरदर्शी नेता, सशक्त वक्ता और सभी दलों के सम्माननीय व्यक्तित्व थे। उनके नेतृत्व में देश ने सड़क, शिक्षा, परमाणु शक्ति जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक प्रगति की। छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण का श्रेय भी उन्हीं को जाता है। उनके प्रयासों से आज छत्तीसगढ़ विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार है जिन्होंने पूरे प्रदेश के नगरीय निकायों में अटल परिसर के निर्माण की पहल की। कोरबा का अटल परिसर राज्य के सर्वश्रेष्ठ परिसरों में से एक है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा आज राज्यस्तरीय कार्यक्रम में अटल परिसर का लोकार्पण किया गया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा गांव-गांव में अटल चौक निर्माण की पहल को भी याद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अटल जी के विचारों को आगे बढ़ाते हुए भारत को विकास की राह पर ले जा रहे हैं। भारत आज विश्व में अपनी नई पहचान स्थापित कर रहा है और अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

सुशासन दिवस के अवसर पर नगर निगम द्वारा आयोजित शिविर में 618 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 162 का त्वरित निराकरण किया गया। शेष आवेदनों पर भी कार्रवाई जारी है। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि कोरबा जिले के विकास, विशेषकर सड़क एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के उन्नयन पर तेज गति से कार्य हो रहा है।
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि अटल जी का राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन प्रेरणादायी है। सुशासन दिवस सप्ताह के दौरान नागरिकों के लिए विभिन्न योजनाओं की जानकारी व सेवाएँ उपलब्ध कराई गईं।
नगर निगम आयुक्त एवं प्रभारी कलेक्टर आशुतोष पांडेय ने बताया कि 19 से 25 दिसम्बर के बीच शिविर लगाकर जन्म से मृत्यु तक नागरिकों को उपलब्ध योजनाओं की जानकारी व सेवाएँ दी गईं। नगर निगम का लक्ष्य हर नागरिक तक सुविधा पहुँचाना है। उन्होंने बताया कि मंत्री देवांगन के प्रयासों से लगभग साढ़े तीन करोड़ की बीटी सड़क स्वीकृत हुई है। कुल 618 आवेदनों में से 30 प्रतिशत समस्याओं का त्वरित निराकरण किया गया। हाल ही में निर्मित कोरबा अटल परिसर राज्य के सर्वश्रेष्ठ परिसरों में गिना गया है।

कार्यक्रम में सभापति नूतन सिंह ठाकुर, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि एवं नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने राजधानी से राज्यस्तरीय लोकार्पण कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री के संबोधन को लाइव सुना। इस दौरान अटल परिसर में लगे अटल जी के तस्वीरों का अवलोकन भी किया गया।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

कोरबा में घर के छज्जे पर लटका मिला कोबरा:रेस्क्यू के लिए तोड़ना पड़ा छज्जा, 1 घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ा गया

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के बरमपुर गांव में गुरुवार देर रात एक घर में कोबरा घुस गया। करीब 5 फीट लंबा कोबरा कच्चे मकान के छज्जे पर लटका फुंकार रहा था। सांप को देखकर घर में मौजूद महिलाएं और बच्चे डर गए और बाहर भाग गए। सूचना मिलने पर स्नेक कैचर की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया।

घटना रात करीब 11 बजे की है। प्रकाश यादव का परिवार सोने की तैयारी कर रहा था, तभी कमरे के छज्जे से सरसराहट की आवाज सुनाई दी। टॉर्च की रोशनी में देखने पर करीब 5 फीट लंबा कोबरा छज्जे से लटका दिखाई दिया और फुंकार मार रहा था।

मकान कच्चा और खपरैल का होने के कारण कोबरा आसानी से अंदर घुस आया। सूचना मिलने पर स्नेक कैचर मानस यादव और उमेश यादव की टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि कोबरा छज्जे की दरार में छिपा हुआ था, जिससे रेस्क्यू करना चुनौतीपूर्ण हो गया।

17 फीट ऊंचाई पर चढ़कर किया रेस्क्यू

रेस्क्यू टीम को करीब 17 फीट की ऊंचाई पर चढ़कर जोखिम उठाना पड़ा। सांप तक पहुंचने के लिए घर के एक हिस्से को हल्का तोड़ना भी पड़ा। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया।

जंगल में छोड़ा गया कोबरा

रेस्क्यू के बाद वन विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

बरसात में बढ़ जाती हैं ऐसी घटनाएं

स्नेक कैचर उमेश यादव ने बताया कि बरसात के मौसम में सांप सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में घरों की छत, स्टोर रूम, अनाज रखने की जगह और छज्जों में पहुंच जाते हैं।

लोगों से की अपील

स्नेक कैचर ने लोगों से अपील की कि घर में सांप दिखने पर घबराएं नहीं। उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें। तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें।

Continue Reading

कोरबा

पिता से पूछा-मां मुझसे नाराज क्यों है, फिर फूट-फूटकर रोया:सुबह किराए के कमरे में फंदे पर लटका मिला बेटा, सेलून में करता था काम

Published

on

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में किराए के मकान में रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने अपने पिता को फोन कर पूछा, “मां मुझसे नाराज क्यों है?” इसके बाद वह फूट-फूटकर रोने लगा। कुछ देर बाद उसने कॉल काट दी।

शुक्रवार सुबह जब उसके माता-पिता किराए के कमरे पर पहुंचे, तो युवक फांसी के फंदे पर लटका मिला। फिलहाल आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। यह मामला सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र का है।

पंखे से लटकर युवक से आत्महत्या कर ली।

पंखे से लटकर युवक से आत्महत्या कर ली।

सेलून में करता था काम

जानकारी के मुताबिक युवक का नाम रोहन उर्फ अमन श्रीवास (24) है, जो ट्रेंड्ज़ स्टूडियो सैलून में काम करता था। रोहन टीपी नगर में किराए के मकान में रहता था। मूल रूप से वह बरपाली का रहने वाला था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन भी है।

देर रात पिता को किया था फोन

रिश्तेदारों ने बताया कि गुरुवार रात करीब 9 बजे रोहन की पिता से सामान्य बातचीत हुई थी। इसके बाद रात करीब 2:30 बजे उसने फिर कॉल किया। कॉल पर वह रो रहा था और बार-बार पूछ रहा था, “मां मुझसे नाराज क्यों है?” इसके बाद उसने फोन काट दिया।

सुबह कमरे में फंदे पर लटका मिला

शुक्रवार सुबह जब रिश्तेदारों ने कई बार फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुई। अनहोनी की आशंका पर माता-पिता तुरंत उसके कमरे पहुंचे। दरवाजा खोलने पर रोहन का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। इसके बाद फौरन पुलिस को सूचना दी गई।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

माता-पिता और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

जांच के बाद सामने आएगी वजह

सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि आत्महत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। पुलिस रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा के सिंचाई कॉलोनी में लाखों की चोरी:सूने मकान का ताला तोड़कर सोना, चांदी, नकदी ले उड़े चोर, पुलिस जांच में जुटी

Published

on

कोरबा। कोरबा सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रामपुर स्थित सिंचाई कॉलोनी में चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से सोना-चांदी के गहने, नगदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित भारत लाल साहू, जो सिंचाई विभाग में कर्मचारी हैं, सिंचाई कॉलोनी के क्वार्टर नंबर एचपीटी A2/25 में रहते हैं। वह किसी काम से घर से बाहर गए थे और मकान में ताला लगा था। इसी दौरान चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया।

पुलिस सीसीटीवी और फिंगरप्रिंट के आधार पर कर रही जांच

पुलिस सीसीटीवी और फिंगरप्रिंट के आधार पर कर रही जांच

अलमारी तोड़कर ले गए गहने और नकदी

शुक्रवार (24 जुलाई ) सुबह घटना की जानकारी मिलने पर भारत लाल साहू घर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। घर के अंदर अलमारी भी तोड़ी गई थी और सामान बिखरा पड़ा था। चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने, करीब 30 से 35 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित के अनुसार कुल नुकसान करीब 2 से 2.5 लाख रुपये का हुआ है।

सोना-चांदी और नकदी लेकर फरार हुए चोर

सोना-चांदी और नकदी लेकर फरार हुए चोर

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से भी साक्ष्य जुटाए गए हैं।

बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोग चिंतित

स्थानीय लोगों का कहना है कि कोरबा जिले में हाल के दिनों में चोरी और लूट की घटनाएं बढ़ी हैं। सूने मकानों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। पीड़ित ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है। पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677