Connect with us

कोरबा

तेज तर्रार कांग्रेस नेता एवं जिला महामंत्री शैलेष सिंह, नपं अध्यक्ष उमेश, जिपं सदस्य गणराज कंवर सहित हजारों कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल

Published

on

सरोज पांडेय, लखन देवांगन, धरमलाल कौशिक, प्रेमचंद पटेल के सामने कांग्रेस के पतझड़ से भाजपा में बयार

कोरबा/ पाली। भारतीय जनता पार्टी ने कोरबा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सुश्री सरोज पांडेय को लोकसभा चुनाव में उतारा है। उन्हें प्रत्याशी घोषित किये पखवाड़ा बीत गया और वे लगातार कोरबा लोकसभा क्षेत्र के सभी 8 विधानसभा क्षेत्रों में धुंआधार प्रचार कर रही हैं। आज उनका प्रवास पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के पाली में था। उनकी सभा दोपहर दो बजे प्रारंभ हुई तब हजारों की संख्या मेंंं कांग्रेसी मंच की ओर बढऩे लगे, अतिथियों के हाथ में भगवा गमछा दिख रहा था। थाली में तिलक भी सजाया गया था। जब सभा प्रारंभ हुई तो कांग्रेसियों की मंच की ओर जाती कतार ने सबको हतप्रभ कर दिया। यहां जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के कद्दावर एवं तेज तर्रार नेता एवं जिला महामंत्री शैलेष सिंह के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ताओं ने भगवा गमछा पहन लिया। सबसे पहले मंच पर जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति गणराज सिंह अतिथियों के सम्मुख उपस्थित हुए। भाजपा प्रत्याशी सरोज पांडेय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला एवं अन्य अतिथियों ने उन्हें भगवा गमछा पहनाया और माला पहनाकर भाजपा प्रवेश कराया। इसके बाद शैलेष सिंह, नगर पंचायत पाली अध्यक्ष उमेश (बंटू) चंद्रा, पार्षद मुकेश अग्रवाल, सोना ताम्रकार सहित अन्य कई पार्षद, पूर्व एल्डरमेन सहित जनपद पंचायत सदस्य अंजु रानी पांडेय (श्यामा) सहित पांच जनपद सदस्य एवं हजारों की संख्या में कई दिग्गज कांग्र्रेस नेताओं को अतिथियों ने भाजपा प्रवेश कराकर कांग्रेस में खलबली मचा दी। भाजपा नेताओं ने कहा कि सरोज पांडेय की यह पहली जीत है कि इतनी बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया।

देश के लिए मोदी ने किया वह अतुलनीय है-शैलेष सिंह

कांग्रेस से नाता तोड़कर भाजपा में प्रवेश करने वाले दिग्गज नेता एवं जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के जिला महामंत्री एवं तेज तर्रार युवा तुर्क शैलेष सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के लिए जो किया, वह अतुलनीय है। उनकी आभामंडल से देश भक्ति झलकती है। अपने परिवार को सामान्य नागरिकों की तरह समझकर देश को परिवार बनाने वाला ऐसा व्यक्तित्व शायद ही देश में कोई राजनेता हैं। गरीबी से उठकर ्रप्रधानमंत्री बने और अब उनकी योजनाओं में अंतिम व्यक्ति को प्राथमिकता में रखा गया है और अब देश मे बदलाव दिख रहा है। श्री मोदी के नेतृत्व में आज देश विश्व के सामने सशक्त होकर उभर रहा है।

कुछ लोगों के हाथ में हाईजेक हो गई है कांग्रेस

यहां भाजपा प्रवेश करने वाले नेताओं का कहना है कि कांग्रेस कुछ हाथों में हाईजेक हो गई है और पिछले पांच साल में कांग्रेस का शासन था, विधायक और सांसद कांग्रेस के थे, लेकिन फिर भी क्षेत्र का विकास उपेक्षित रहा। अब मोदी की गारंटी है कि गारंटी पूरी होगी और भाजपा के कार्यकाल में बेहतर विकास होगा और क्षेत्र को लाभ मिलेगा। सभी ने एक स्वर में कहा कि कमल खिलेगा- विकास होगा

भाजपा प्रवेश करने वाले हजारों की संख्या में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कोरबा लोकसभा क्षेत्र से भी इस बार भाजपा जितेगी और कमल खिलेगा तथा भाजपा सांसद के नेतृत्व में क्षेत्र का विकास चार गुना होगा।

कोरबा में बेटी बनकर आई हूं और मुझे विश्वास है कि मेरा आंचल आशीर्वाद से भर जाएग-सरोज पांडेय

पाली के मंगल भवन के विशाल परिसर में उपस्थित जनसमूह एवं कांग्रेस से भाजपा में आने वाले हजारों की भीड़ को संबोधित करती हुईं भाजपा प्रत्याशी राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा लोकसभा कोरबा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी सुश्री सरोज पांडेय ने अपने ओजस्वी भाषण में लेागों से कहा कि आज हजारों लोगों ने भाजपा में आकर भाजपा परिवार को विस्तार दिया और मुझे उम्मीद है कि इस बार भी नरेंद्र मोदी ही देश का नेतृत्व करेंगे और तीसरी बार आप सभी का आशीर्वाद मिलेगा और इस बार भी मोदी के नेतृत्व में देश और आगे बढ़ेगा। सुश्री पांडेय ने कहा कि कुछ लोग कहते हैं कि सरोज पांडेय बाहर से आयी है, लेकिन मैं कहना चाहती हूं कि बेटी जिस घर में जाती है, वहीं की हो जाती है। उन्होंने कहा कि मैं अब कोरबा छोड़कर नहीं जाने वाली और कोरबा के विकास को नया आयाम दूंगी, क्योंकि यह मोदी की गारंटी है। आपकी अपेक्षा से चार गुना विकास होगा, यह मेरी गारंटी है। उन्होंने अपने भाषण की शुरूआत करते हुए कहा कि मैं और यहां उपस्थित अतिथियों का सौभाग्य है कि हम सभी को देवनगरी में आने का सौभाग्य मिला और कहा जय बुढ़ादेव, जय मातिनदाई। उन्होंने कहा कि मातिन दाई को भव्य बनाया जाएगा, कल 99 लाख के विकास कार्यों का भूमि पूजन किया गया है और आने वाले समय में 50 करोड़ की लागत से भव्य बनाया जाएगा। चैतुरगढ़, सतरेंगा, बुका, गोल्डन आईलेंड को ऐसा बनाएंगे कि देश भर के पर्यटक यहां आएंगे। तुमान महोत्सव को शासन स्तर पर मनाया जाएगा। योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचायी जाएगी।

सांसद जब आपके पास जाएगी, तब पूछना-इतने दिन कहां थे-धरमलाल कौशिक

हजारों लोगों की भीड़ को संबोधित करते हुए कोरबा लोकसभा के संयोजक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि जब सांसद ज्योत्सना महंत आपके पास जाएंगी तो पूछना -इतने दिन कहंा थे। उन्होंने कांग्रेस सांसद पर हमला बोलते हुए कहा कि पांच साल कांग्रेस की सरकार थी, फिर भी यह क्षेत्र पांच साल पिछड़ गया। चुनाव आते ही फिर दिखने लगी हैं। उन्होंने आमजन से आह्वान करते हुए कहा कि 18 लाख प्रधानमंत्री आवास, हर माताओं को साल में 12 हजार के रूप में मोदी की महतारी वंदन, फ्री में चांवल- वह भी पूरे पांच साल की गारंटी मोदी ने दी है। प्रदेश में अब किसान खुशहाल दिख रहे हैं, क्योंकि तीन महीने में ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मोदी की बड़ी-बड़ी गांरटी को पूरी कर दी। अब सोंचिये आपके क्षेत्र में भाजपा की सांसद होगी तो क्षेत्र का विकास की रफ्तार कितनी होगी।

सरोज दीदी मंत्री बनेंगी तो क्षेत्र के विकास में बयार आएगी- लखनलाल

केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने महती सभा को संबोधित करते हुए केन्द्र एवं राज्य की योजनाओं को गिनाया और कहा कि सरोज दीदी राष्ट्रीय स्तर की नेता हैं और आपसभी उन्हें ऐतिहासिक मतों से जिताएं। सरोज दीदी मंत्री अवश्य बनेंगी और सोचिए मंत्री बनने के बाद क्षेत्र का कितना विकास होगा। सरोज दीदी को जिताकर नरेंद्र मोदी का हाथ मजबूत करें और सशक्त राष्ट्र के विकास को औगे ले जाएं।

सभा के मंच में प्रमुख रूप से भाजपा प्रत्याशी सरोज पांडेय, धरमलाल कौशिक, केबिनेट मंत्री लखनलाल देवंागन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, पाली-तानाखार के पूर्व विधायक रामदयाल उइके, बेमेतरा विधायक शुशांत शुक्ला, कोरबा जिला अध्यक्ष राजीव सिंह, मंडल अध्यक्ष रोशन सिंह ठाकुर, पवन गर्ग, शिव चौहान, प्रफुल्ल तिवारी, दुष्यंत शर्मा, मनोज शर्मा, रघुराज सिंह, कौशल सिंह राज, बृजेश शुक्ला, गोपाल साहू, ज्ञान सिंह राजपाल, प्रयाग शांडिल्य, भाजपा प्रवेश के बाद ,शैलेष सिंह, जनपद उपाध्यक्ष नवीन सिंह, नगर पंचायत पाली अध्यक्ष उमेश चंद्रा, जिला पंचायत सदस्य गणराज सिंह, जनपद सभापति श्यामा पांडेय सहित कई भाजपा नेेता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन रौशन सिंह ठाकुर एवं कौशल सिंह राज ने किया।

पलायन कर कई लोग रोजी-रोटी के लिए निकल जाते हैं और मानसून आते ही घर वापस आ जाते हैं- यशवंतलाल

पाली कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा है कि कई लोग पलायन कर रोजी-रोटी के लिए निकल जाते हैं और मानसून आते ही घर वापस आ जाते हैं। भाजपा प्रवेश करने वाले ऐसी ही मानसिकता के लोग हैं। ये वो लोग हैं, जो भाजपा में थे या फिर जोगी कांग्रेस में, जब कांग्रेस की सरकार आयी तो कांग्रेस में आ गए और सरकार जाते ही अवसरवादी नेता भाजपा में आ गए। इनके जाने से कांग्रेस का कचरा साफ हो गया। उन्होंने दावा किया कि कोरबा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस की विजय तय है

कई की घर वापसी

कई भाजपा नेता जो अवसरवादी हैं, ऐसे लोग पिछले पांच साल पूर्व भाजपा छोड़कर कांग्रेस ज्वाईन कर ली थी। जिला पंचायत सदस्य गणराज सिंह पांच साल पूर्व जनपद पंचायत के अध्यक्ष थे, तब वे भाजपा में थे और पांच साल पहले सरकार आते ही कांग्रेस में प्रवेश कर लिए थे। सरकार जाते ही वे फिर से भाजपा में प्रवेश कर घर वापसी कर ली । उनके साथ भाजपा प्रवेश करने वाले कई सदस्य ऐसे ही हैं, जो पहले भाजपा में थे और कांग्रेस सरकार आते ही कांग्रेस में चले गए थे। इसके अलावा कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जो लोग भाजपा प्रवेश किये हैं, उनमें कांग्रेस के कम जोगी कांग्रेस के लोग ज्यादा हैं। इनके भाजपा प्रवेश करने से कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पडऩे वाला। जो भाजपा में गए हैं, वे मूलत: कांग्रेस के सच्चे कार्यकर्ता है ही नहीं। ये अवसरवादी नेता हैं।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

राजस्व अनुविभाग स्तर पर 18 से 20 जून तक आयोजित होंगे 3-दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर

Published

on

अंतिम व्यक्ति तक पहुँचेगा योजनाओं का लाभ, एसडीएम बने नोडल अधिकारी

कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष के कार्यकाल के उपलक्ष्य में संपूर्ण प्रदेश में ‘‘विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के‘‘ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार की समस्त हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए प्रत्येक राजस्व अनुविभाग (सब-डिवीजन) स्तर पर 18 से 20 जून 2026 तक 3-दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में मुख्य रूप से पात्र नागरिकों के नए पंजीकरण, त्रुटि सुधार और समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निवारण किया जाएगा।
इस अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु शासन द्वारा प्रत्येक सब-डिवीजन स्तर पर संबंधित अनुविभागीय अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। शिविरों की जानकारी जन-जन तक पहुँचाने के लिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कोटवारों व मुनादी के माध्यम से सूचना देने के साथ ही स्थानीय समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
इन तीन-दिवसीय शिविरों में आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्यघर, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, जलजीवन मिशन, पीएम कौशल विकास योजना और विभिन्न पेंशन योजनाओं के विशेष काउंटर लगाए जाएंगे। इन काउंटरों पर नए पंजीयन के साथ ही त्वरित सुविधा लाभ देने की शासकीय कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। स्थानीय प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर इस विशेष अभियान का लाभ उठाने की अपील की है।

Continue Reading

कोरबा

राष्ट्रीय राजमार्ग-130 फोरलेन उन्नयन परियोजना के लिए विभागीय समन्वय बैठक सम्पन्न

Published

on

एनएचएआई को सर्वे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश, संबंधित विभागों को समन्वय से कार्य करने किया निर्देशित

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में राष्ट्रीय राजमार्ग-130 (कटघोरा से अंबिकापुर) फोरलेन उन्नयन निर्माण परियोजना के संबंध में विभागीय समन्वय हेतु परामर्श बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना के अंतर्गत विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) निर्माण, तकनीकी डिजाइन एवं आवश्यक अनुमोदनों पर विस्तृत चर्चा की गई।

कलेक्टर ने मार्ग में आने वाले अंधे मोड़ों के सुधार हेतु लेआउट एवं सड़क डिजाइन को तकनीकी मानकों के अनुरूप तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को आगामी एक माह के भीतर संपूर्ण सर्वे कार्य पूर्ण करने निर्देशित किय। उन्होंने राजस्व विभाग को भू-अर्जन की प्रक्रिया तेजी से पूरा करने हेतु आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही वन विभाग को आवश्यक एनओसी शीघ्र जारी करने के लिए कहा गया।
कलेक्टर ने रेलवे, विद्युत वितरण विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे प्रस्तावित कार्यों के अनुरूप अपने-अपने विभागीय कार्यों की तैयारी सुनिश्चित करें तथा एनओसी एवं अन्य आवश्यक अनुमतियां समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराएं, जिससे परियोजना के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब ना हो।
इस अवसर पर  वनमण्डलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय,  ओएसडी तरुण कुमार किरण, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर  देवेंद्र पटेल,  एसडीएम सहित एनएचएआई , रेल्वे सभी सार्वजनिक उपक्रम के प्रतिनिधि  उपस्थित थे।

Continue Reading

कोरबा

कलेक्टर व एसपी की अध्यक्षता में नीट (यूजी) 2026 पुनर्परीक्षा के सफल आयोजन हेतु केंद्राध्यक्षों की बैठक संपन्न

Published

on

कुशलतापूर्वक परीक्षा संपन्न कराने हेतु केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी  द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें सुनिश्चित- कलेक्टर

कोरबा। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा के सुचारू एवं सफल आयोजन के संबंध में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में  कलेक्टर कुणाल दुदावत व पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने केंद्राध्यक्षों की बैठक ली। बैठक में परीक्षा संचालन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिले में कुशलतापूर्वक परीक्षा संपन्न कराने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने सभी केंद्राध्यक्षों से केंद्रों में परीक्षा आयोजन की तैयारी की जानकारी लेते हुए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी केंद्रों में समय रहते सीसीटीवी कैमरा, जैमर सहित आवश्यक सभी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देशित किया। कलेक्टर ने विद्युत विभाग को परीक्षा के समय विद्युत आपूर्ति का ध्यान रखने एवं केंद्रों में वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने के लिए कहा। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीम की ड्यूटी लगाने एवं पालकों के लिए केंद्र के बाहर बैठक व्यवस्था, पेयजल व मोबाईल टॉयलेट की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। साथ ही अभ्यर्थियों के केंद्रों तक सुगम पहुँच हेतु ऑटो  चालकों को उपयुक्त किराया लेने की बात कही।
एसपी श्री तिवारी ने परीक्षा के सफल आयोजन हेतु परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने, परीक्षार्थियों की पहचान सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था तथा परीक्षा सामग्री के सुरक्षित संधारण एवं वितरण के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। अधिकारियों ने सभी केंद्राध्यक्षों से आपसी समन्वय के साथ परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संचालन में सहयोग करने निर्देशित किया।
बैठक में बताया गया कि जिले में नीट (यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा के सफल संचालन हेतु 20 जून 2026 को सभी परीक्षा केंद्रों में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। मॉक ड्रिल के माध्यम से परीक्षा दिवस की व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रोटोकॉल, प्रवेश प्रक्रिया तथा तकनीकी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाएगा। बैठक में सम्बंधित विभागों के अधिकारी तथा सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्ष  उपस्थित थे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677