कोरबा
हरेली तिहार की डॉ. महंत व सांसद ने दी बधाई
कोरबा। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत व कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने प्रदेशवासियों को हरियाली अमावस्या को मनाए जाने वाला लोकपर्व हरेली तिहार की बधाई और शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा है कि हरेली तिहार सभी के लिए खुशियां और समृद्धि लेकर आए। हरेली तिहार के लिए अपने शुभकामना संदेश में डॉ. महंत व कोरबा सांसद ने कहा है कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति यहां के उत्सवों में प्रमुखता से दिखाई देती है। छत्तीसगढ़ का लोक तिहार हरेली छत्तीसगढ़ के जन-जीवन में रचा-बसा खेती-किसानी से जुड़ा पहला त्यौहार है। इसमें अच्छी फसल की कामना के साथ खेती-किसानी से जुड़े औजारों की पूजा की जाती है। इस दिन धरती माता की पूजा कर हम भरण पोषण के लिए उनका आभार व्यक्त करते हैं। यह खुशी की बात है कि छत्तीसगढ़ के लोक पर्व हरेली का उत्साह और उमंग अब विदेशों में भी रंग जमाने लगा है। देश-विदेश में रह रहे भारतीय हर साल इसे उत्साह से मनाकर अपनी संस्कृति को दूर-दूर तक पहुंचा रहे हैं।
कोरबा
कोरबा-कटघोरा मार्ग पर नियमों की अनदेखी:खुले ट्रकों से उड़ रही फ्लाई ऐश, बढ़ा प्रदूषण और हादसों का खतरा, प्रशासन, प्रदूषण बोर्ड पर निष्क्रियता का आरोप
कोरबा। कोरबा-कटघोरा मार्ग पर पावर प्लांटों से निकलने वाली फ्लाई ऐश (राखड़) का परिवहन खुलेआम नियमों की अनदेखी कर किया जा रहा है। बिना ढके ट्रकों में राखड़ ढोए जाने से सड़क पर प्रदूषण फैल रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

ट्रकों से उड़ने वाली राखड़ राहगीरों की आंखों और श्वसन तंत्र में जाती है
नियमों को ताक पर रखकर हो रहा परिवहन
नियमानुसार फ्लाई ऐश का परिवहन करने वाले वाहनों को पूरी तरह तिरपाल से ढकना अनिवार्य है, ताकि राखड़ हवा में न उड़े। लेकिन कोरबा-कटघोरा मार्ग पर चल रहे अधिकांश ट्रकों में नियमों का पालन नहीं हो रहा है। कई वाहन केवल औपचारिकता के तौर पर तिरपाल लगाते हैं, जो रास्ते में हवा से हट जाता है।
उड़ती राखड़ से बढ़ रहे हादसे
स्थानीय लोगों के अनुसार तेज रफ्तार ट्रकों से उड़ने वाली राखड़ सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। राखड़ आंखों में जाने से बाइक सवारों का संतुलन बिगड़ जाता है, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं।
गांवों में बढ़ रही स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं
सड़क किनारे बसे गांवों के लोग लगातार उड़ती धूल और राखड़ के बीच रहने को मजबूर हैं। फ्लाई ऐश के महीन कण हवा में घुलकर लोगों के फेफड़ों तक पहुंच रहे हैं। इसके कारण दमा, सांस की एलर्जी, खांसी और संक्रमण जैसी बीमारियों के मामलों में वृद्धि हो रही है।

अधिकांश ट्रक केवल नाममात्र का तिरपाल इस्तेमाल करते हैं, जो हवा से उड़ जाता है।
आंधी के बाद राख की परत से ढक जाता है इलाका
ग्रामीणों का कहना है कि आंधी-तूफान के बाद हालात और खराब हो जाते हैं। उड़ती राखड़ पूरे क्षेत्र में फैल जाती है और घरों, दुकानों, स्कूलों तथा अन्य भवनों पर राख की परत जम जाती है। इससे लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
शिकायतों के बावजूद नहीं हो रही कार्रवाई
स्थानीय निवासियों ने उड़ती राखड़ और सड़क किनारे जमा ढेरों को लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तथा जिला प्रशासन से कई बार शिकायतें की हैं। हालांकि, हर बार केवल आश्वासन देकर मामले को टाल दिया जाता है।
ओवरलोड ट्रकों और बिना ढके परिवहन पर कोई कार्रवाई या चालान नहीं किया जा रहा है, जिससे पावर प्लांट संचालक और ट्रांसपोर्टर मनमानी कर रहे हैं।
कोरबा
कोरबा में खाद्य सुरक्षा विभाग की दबिश:12 से ज्यादा दुकानों से बर्गर-मिठाई समेत खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए
कोरबा। कोरबा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। टीम ने शुक्रवार को शहर के चिन्हित इलाकों में अचानक दबिश दी। इस दौरान बर्गर, पैकेट बंद खाद्य सामग्री और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।

टीम ने शहर के प्रमुख बाजारों, चौराहों और कॉलोनी की दुकानों में जांच की। इस दौरान बर्गर बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, पैकेट बंद खाद्य पदार्थ और खुले में रखी मिठाइयों के नमूने एकत्र किए गए। इन नमूनों को जांच के लिए राजनांदगांव स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है।
जांच के दौरान टीम ने दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत कड़े निर्देश दिए। अधिकारियों ने साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखने, एक्सपायरी डेट, लाइसेंस और पैकेजिंग पर दी गई जानकारी की जांच करने को कहा। जिन दुकानदारों के पास जरूरी दस्तावेज नहीं मिले या मानकों में कमी पाई गई, उन्हें नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए गए हैं।

डोमिनोज और केएफसी से लिए गए खाद्य नमूने
इस माह की शुरुआत से भी कई नमूने लिए गए हैं। पाम मॉल स्थित डोमिनोज पिज्जा से चिकन बर्गर और केएफसी से चिकन पॉपकॉर्न राइस बॉल के नमूने लिए गए, साथ ही दोनों फर्मों को वेज और नॉनवेज काउंटर अलग रखने के निर्देश दिए गए।
कई दुकानों से खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग
दादर स्थित कौशल बेवरेज से अमरकंटक वाटर बोतल, कमला सुपर मार्ट से टोस्ट, बिस्कुट, जेलगांव स्थित समलेश्वरी स्टोर से सरसों तेल, घी और टीपी नगर स्थित जियो मार्ट से रॉक सॉल्ट, रस्क के नमूने जांच हेतु रायपुर स्थित खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी चलेगा जांच अभियान
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह जांच अभियान केवल शहर तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में ग्रामीण इलाकों की दुकानों, मेलों और हाट-बाजारों में भी सैंपलिंग की जाएगी। आम लोगों से अपील की गई है कि वे बिना लाइसेंस और बिना पैकिंग वाली खाद्य सामग्री न खरीदें।
कोरबा
12 साल बेमिसाल’ अभियान में गूंजा किसान कल्याण का संदेश, कोरबा भाजपा ने बढ़ाया जैविक खेती की ओर कदम
कोरबा/कटघोरा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और किसान कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कृषि महाविद्यालय, कटघोरा में “12 साल बेमिसाल किसान सम्मेलन एवं जैविक खेती पर कार्यशाला” का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करते हुए केंद्र सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कोआपरेटिव बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री राकेश तिवारी व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भानुप्रताप सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में किसानों के हित में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं, जिससे देश का अन्नदाता अधिक सशक्त और आत्मनिर्भर बना है। वक्ताओं ने कहा कि आज आवश्यकता रासायनिक खेती पर निर्भरता कम कर जैविक एवं प्राकृतिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने की है। इससे न केवल भूमि की उर्वरता सुरक्षित रहेगी, बल्कि किसानों की आय में वृद्धि और लोगों को स्वास्थ्यवर्धक खाद्यान्न उपलब्ध कराने का मार्ग भी प्रशस्त होगा। कार्यशाला में किसानों को जैविक खेती की तकनीकों, प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने किसानों से आह्वान किया कि वे “समृद्ध किसान-सशक्त भारत” के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए जैविक खेती को जनआंदोलन का स्वरूप दें और केंद्र सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। कार्यक्रम में जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, प्रदेश संयोजक पंचायत प्रकोष्ठ पवन गर्ग, रामनारायण सराफ, अर्जुन गुप्ता, शैलेन्द्र यादव, अभिषेक गर्ग, डिलेन्द्र यादव, कुलसिंह कंवर, प्रीति स्वर्णकार एवं समजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
-
Uncategorized9 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा3 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
