Connect with us

देश

 तेजी के बाद अचानक क्यों क्रैश हुआ शेयर बाजार, निवेशकों के 6 लाख करोड़ डूबे

Published

on

मुंबई, एजेंसी। भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को जोरदार बिकवाली देखने को मिली। गुरुवार की तेजी के बाद बाजार ने शुक्रवार के कारोबारी सत्र में तेज गिरावट के साथ कारोबार किया। सेंसेक्स और निफ्टी करीब 1 फीसदी तक टूट गए, जबकि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में और ज्यादा दबाव देखने को मिला। दोनों इंडेक्स में 1.5 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।

इस भारी गिरावट के चलते निवेशकों की संपत्ति में एक ही दिन में करीब 6 लाख करोड़ रुपए की कमी आ गई। बीएसई का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन घटकर 458.50 लाख करोड़ रुपए से 452.52 लाख करोड़ रुपए पर आ गया।

सेंसेक्स 800 अंक टूटा, बैंक निफ्टी में 700 अंकों की गिरावट

कारोबार के दौरान सेंसेक्स 805 अंक टूटकर 81,503 के स्तर पर आ गया, जबकि निफ्टी 254 अंक गिरकर 25,034 पर कारोबार करता दिखा। बैंक निफ्टी में भी भारी दबाव रहा और यह करीब 700 अंक फिसल गया।

बीएसई-30 के सिर्फ 10 शेयरों को छोड़कर बाकी 20 शेयर लाल निशान में कारोबार करते दिखे। सबसे ज्यादा गिरावट अडानी पोर्ट्स, जोमैटो, इंडिगो और बजाज फाइनेंस जैसे दिग्गज शेयरों में दर्ज की गई।

अडानी ग्रुप के शेयरों में तेज गिरावट

कारोबार के दौरान अडानी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली देखी गई। अडानी ग्रीन एनर्जी सबसे ज्यादा प्रभावित रही और इसके शेयर 13 फीसदी गिरकर 794 रुपए पर आ गए।
इसके अलावा अडानी एंटरप्राइजेज, अडानी पावर, अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस, अडानी टोटल गैस और अन्य ग्रुप कंपनियों के शेयरों में भी 13 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई।

अडानी शेयरों में यह गिरावट अमेरिका के बाजार नियामक से जुड़ी खबरों के बाद आई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी आयोग ने कथित धोखाधड़ी और 265 मिलियन डॉलर की रिश्वत योजना से जुड़े मामले में गौतम अडानी और सागर अडानी को व्यक्तिगत रूप से ईमेल के जरिए समन भेजने की अनुमति मांगी है।

328 शेयर 52 हफ्ते के निचले स्तर पर

बाजार की कमजोरी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 328 शेयरों ने अपने 52 सप्ताह के निचले स्तर को छू लिया। इनमें अडानी एंटरटेनमेंट, अफकॉन्स इंफ्रास्ट्रक्चर, अकजो नोबेल इंडिया, अडानी टोटल, बाटा इंडिया और ब्लू जेट हेल्थकेयर जैसे शेयर शामिल हैं। हालांकि, बाजार की कमजोरी के बीच 69 शेयरों ने अपने 52 हफ्ते के उच्चतम स्तर को भी छुआ।

गिरावट की वजह क्या रही?

बाजार पर दबाव की सबसे बड़ी वजह विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली रही। एनएसई के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने पिछले सत्र में 2,144.06 करोड़ रुपए के शेयर शुद्ध रूप से बेचे। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 3,877.78 करोड़ रुपए के शेयर खरीदकर बाजार को कुछ हद तक सहारा दिया।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

देश

UP दरोगा भर्ती परीक्षा-अवसरवादी का ऑप्शन ‘पंडित’ देने पर विवाद:सीएम योगी ने कहा- जातीय कमेंट बर्दाश्त नहीं, डिप्टी CM बोले- कार्रवाई होगी

Published

on

लखनऊ,एजेंसी। उत्तर प्रदेश में दरोगा भर्ती परीक्षा में अवसरवादी के विकल्प में ‘पंडित’ ऑप्शन दिए जाने पर विवाद हो गया है। सीएम योगी ने सभी भर्ती बोर्ड को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा- जाति, धर्म को लेकर अमर्यादित टिप्पणी न की जाए। यह कतई बर्दाश्त नहीं है। बार-बार ऐसी गलती करने वालों को प्रतिबंधित किया जाए। वहीं, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि इस पर कार्रवाई होगी।

उधर, विवाद के बाद पुलिस भर्ती बोर्ड ने रविवार सुबह X पर पोस्ट किया। इसमें कहा कि एग्जाम सेंटर में एंट्री से पहले अभ्यर्थियों की धार्मिक पहचान जैसे- कलावा, मंगलसूत्र न उतरवाए जाएं। इसके बाद, रविवार को दरोगा भर्ती एग्जाम के दूसरे दिन एग्जाम सेंटर्स पर कुछ नरमी बरती गई।

अभ्यर्थियों का कलावा नहीं काटा गया। महिला अभ्यर्थियों से मंगलसूत्र नहीं उतरवाए गए। हालांकि, गले की चेन, हाथ के कंगन-कड़े, जूते और बेल्ट उतरवाए गए। दरअसल, यूपी में दो दिन चलने वाली दरोगा भर्ती परीक्षा का आज आखिरी दिन है।

परीक्षा दो पालियों में कराई जा रही है। पहली पाली में सुबह 10 से 12 बजे तक परीक्षा हुई। दूसरी पाली में दोपहर 3 से 5 बजे तक एग्जाम होगा। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPBB) ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में 1090 सेंटर बनाए हैं।

भर्ती के जरिए 4,543 पदों पर नियुक्ति होगी। भर्ती के लिए 15,75,760 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें 11,66,386 पुरुष और 4,09,374 महिला अभ्यर्थी हैं।

दरोगा भर्ती परीक्षा की तस्वीरें…

बरेली में दरोगा परीक्षा के दूसरे दिन अभ्यर्थी के हाथ से कड़े को उतरवाया गया।

बरेली में दरोगा परीक्षा के दूसरे दिन अभ्यर्थी के हाथ से कड़े को उतरवाया गया।

गोरखपुर में एक अभ्यर्थी चेन पहनकर पहुंचा तो उसे निकलवा दिया।

गोरखपुर में एक अभ्यर्थी चेन पहनकर पहुंचा तो उसे निकलवा दिया।

कानपुर में परीक्षा केंद्र के बाहर कैंडिडेट्स हाथ में जूते पकड़कर लाइन में खड़े रहे।

कानपुर में परीक्षा केंद्र के बाहर कैंडिडेट्स हाथ में जूते पकड़कर लाइन में खड़े रहे।

वो सवाल, जिस पर हो रहा बवाल

दरअसल, शनिवार को सामान्य हिंदी के प्रश्नपत्र में पूछा गया था- अवसर के हिसाब से बदल जाने वाले को क्या कहेंगे? इसके 4 विकल्पों में पंडित, अवसरवादी, निष्कपट और सदाचारी थे। सवाल सामने आते ही विरोध शुरू हो गया।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा- यह मामला स्वीकार्य नहीं है। जांच के बाद जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। भाजपा के तीन ब्राह्मण विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, प्रकाश द्विवेदी और रमेश मिश्र ने भी विरोध जताते हुए सीएम को लेटर लिखकर कार्रवाई की मांग की।

Continue Reading

देश

सिलेंडर के लिए राजस्थान-बिहार में कई जगह जाम लगा:देशभर में सुबह से लाइनें लगीं, ₹950 वाला घरेलू गैस सिलेंडर ब्लैक में ₹3500 का मिल रहा

Published

on

नई दिल्ली अमेरिका-इजराइल की ईरान से जंग की वजह से देश में LPG संकट बढ़ गया है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब-चंडीगढ़, हरियाणा और राजस्थान सहित अन्य राज्यों में सिलेंडर के लिए सुबह से ही गैस एजेंसियों और गोदामों पर लाइनें लग गई हैं।

LPG संकट के कारण गैस सिलेंडर की कालाबाजारी भी बढ़ गई है। 950 रुपए में आने वाला घरेलू गैस सिलेंडर 3500 रुपए और 2 हजार रुपए के कॉमर्शियल सिलेंडर ब्लैक में 5 हजार रुपए में बेचा जा रहा है।

उत्तर प्रदेश: लखनऊ में रिसॉर्ट से 88 सिलेंडर जब्त, कानपुर में एजेंसी पर हंगामा

यूपी में LPG के लिए लोग परेशान हैं। छठे दिन भी गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी लाइनें लगी हैं। बुकिंग के बाद भी लोगों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। कानपुर में सुबह 9 बजे एक एजेंसी के बाहर ‘आज गैस नहीं मिलेगी’ का नोटिस देखकर लोगों ने हंगामा कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों को समझाकर शांत कराया।

राजस्थान: LPG के बाद अब CNG के लिए भी लाइनें

पूरे राजस्थान में LPG के लिए लोग परेशान हैं। रसोई में चूल्हे तक नहीं जल रहे हैं। गैस गोदाम के बाहर लाइन लगी है। वहां के स्टाफ से ग्राहकों की तकरार हो रही है। ऐसा ही हाल CNG-LPG स्टेशन का भी है।

ऑटो की एक-एक किलोमीटर लंबी लाइन लगी है। पूरी रात स्टेशन के बाहर गुजारनी पड़ रही है, फिर भी पर्याप्त LPG नहीं मिल पा रही है।

बिहार: पटना में सुबह 4 बजे से लंबी लाइन लगीं

अमेरिका-इजराइल की ईरान से जंग की वजह से देशभर में LPG की किल्लत जारी है। बिहार में भी रसोई गैस का संकट थमने का नाम नहीं ले रहा है। सिलेंडर लेने के लिए लोग सुबह से ही गैस एजेंसियों के बाहर लाइन में खड़े हो जा रहे हैं। पटना के बिहटा में सुबह 4 बजे से गैस एजेंसी के बाहर लंबी लाइन नजर आई। वहीं, दानापुर और बगहा में गैस सिलेंडर आने के बाद भी उसे बांटा नहीं गया तो नाराज लोगों ने सड़क जाम कर दिया।

पंजाब-चंडीगढ़: दुकान से सिलेंडर चुराया:फिरोजपुर में 1600 रुपए में ब्लैक में बेच रहे

पंजाब-चंडीगढ़ में गैस संकट अब भी बरकरार है। बरनाला में बस स्टैंड के पास एक चाय विक्रेता के ठेले से सिलेंडर चुरा लिया। पीड़ित बनवारी लाल ने बताया कि वह एक मिनट के लिए चाय के ठेले से सिलेंडर रखकर पास की दुकान पर चाय देने गया था। इसी दौरान सफेद रंग की बाइक पर सवार दो युवक आए और सिलेंडर चुराकर फरार हो गए।

वहीं फिरोजपुर में 1600 रुपए में बिना बुकिंग किए घरेलू सिलेंडर बेचने का वीडियो सामने आया है। सुखदेव गुरेजा ने 5 मार्च को एचपी गैस एजेंसी से घरेलू सिलेंडर बुक करवाया था। कई दिन बीत जाने के बावजूद एजेंसी की ओर से सिलेंडर नहीं दिया गया।

मध्य प्रदेश: सुबह से कतार में लगे लोग, इटारसी में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन

मध्य प्रदेश में रसोई गैस (LPG) को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। एक तरफ जहां कॉमर्शियल सिलेंडर नहीं मिलने से होटलों के चूल्हे ठंडे पड़ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ घरेलू गैस के लिए आम आदमी को धूप में घंटों पसीना बहाना पड़ रहा है। प्रदेश के अलग-अलग शहरों से किल्लत और राहत की मिली-जुली तस्वीरें सामने आ रही हैं।

हरियाणा: गैस के बाद पेट्रोल-डीजल की सप्लाई पर नजर

हरियाणा में गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच अचानक अब डीजल की डिमांड बढ़ गई है। पेट्रोल पंपों पर डीजल की सेल रूटीन से ज्यादा हो रही है। उपभोक्ता जरूरत से ज्यादा डीजल स्टॉक कर रहे हैं। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पर नजर रखना शुरू कर दिया है।

खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने लेटर जारी कर सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए हैं कि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करें और किसी भी उपभोक्ता को जरूरत से ज्यादा तेल न दें।

PNG कनेक्शन वालों को नहीं मिलेगा LPG सिलेंडर

अगर आपके घर में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन है, तो अब आपको अपना LPG सिलेंडर को सरेंडर करना होगा। देश में गहराते गैस संकट के बीच पेट्रोलियम मंत्रालय ने सप्लाई के नियमों में बड़ा बदलाव किया है।

नए आदेश के मुताबिक, PNG यूजर्स को न तो नया LPG कनेक्शन मिलेगा और न ही पुराना सिलेंडर रिफिल होगा। सरकार इससे पहले सप्लाई को लेकर 9 दिन में 3 बार नए नियम जारी कर चुकी है।

Continue Reading

देश

पश्चिम बंगाल में पुजारियों–मुअज्जिनों का मानदेय ₹500 बढ़ा:अब हर महीने ₹2000 मिलेंगे, चुनाव के ऐलान से सवा घंटे पहले ममता का ट्वीट

Published

on

कोलकाता,एजेंसी। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की घोषणा से सवा घंटे पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पुजारियों और मुअज्जिनों (अजान के लिए आवाज देने वाला) के मानदेय में 500 रुपए की बढ़ोतरी की है। इन्हें अब हर महीने 2 हजार रुपए मिलेंगे।

सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों को बकाया डीए मार्च से देने का ऐलान किया। राज्य में दो फेज 23 और 29 अप्रैल को वोटिंग होगी। 4 मई को रिजल्ट आएगा।

ममता बोलीं- बंगाल में हर समुदाय और परम्परा को महत्व दिया जाता है

सीएम ममता ने रविवार दोपहर X पोस्ट में लिखा- पुजारी और मुअज्जिन समुदायों के आध्यात्मिक और सामाजिक जीवन को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। सरकार ने मानदेय योजना के तहत पुजारियों और मुअज्जिनों की सभी नई आवेदनों को भी मंजूरी दे दी है।

ममता ने लिखा कि हम ऐसा माहौल बनाने पर गर्व करते हैं, जहां हर समुदाय और परम्परा को महत्व दिया जाता है और मजबूत किया जाता है। हमारा प्रयास है कि हमारी समृद्ध आध्यात्मिक विरासत के संरक्षकों को उचित सम्मान और समर्थन मिले।

राज्यों कर्मचारियों को बकाया डीए मार्च 2026 से मिलेगा

सीएम ममता ने ने राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए भी बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अपने कर्मचारियों और पेंशनरों से किया गया वादा पूरा करते हुए ROPA 2009 के तहत महंगाई भत्ते (DA) के बकाया भुगतान की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, राज्य सरकार के कर्मचारी और पेंशनर, शैक्षणिक संस्थानों के लाखों शिक्षक व गैर-शिक्षक कर्मचारी, साथ ही पंचायत, नगरपालिकाओं और अन्य स्थानीय निकायों जैसे अनुदानित संस्थानों के कर्मचारी और पेंशनर को इस फैसला का लाभा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि ROPA 2009 के DA का बकाया भुगतान मार्च 2026 से शुरू होगा। इसके लिए राज्य के वित्त विभाग की ओर से विस्तृत अधिसूचनाएं जारी कर दी गई हैं, जिनमें भुगतान की प्रक्रिया और नियम तय किए गए हैं।

पश्चिम बंगाल SIR- फाइनल लिस्ट में 7.04 करोड़ से ज्यादा वोटर

पश्चिम बंगाल में जारी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के बाद 1 मार्च को फाइनल वोटर लिस्ट पब्लिश हुई थी। इसमें वोटर 7.66 करोड़ से घटकर 7,04,59,284 रह गए हैं। यानी SIR से अब तक 63.66 लाख नाम हटे हैं, जो कुल मतदाताओं का 8.3% है। दिसंबर में जारी मसौदा सूची में 58 लाख से अधिक नाम हटे थे।

CEO ने कहा- 60 लाख से ज्यादा वोटरों के नाम की जांच अभी भी जारी है। हालांकि उन्हें नई वोटर लिस्ट में जोड़ा गया है। बाद में इन नामों पर फैसले के बाद लिस्ट में बदलाव हो सकता है। 2021 चुनाव में 294 में 166 सीटों पर जीत का अंतर 25 हजार से कम था।

इनमें टीएमसी ने 102, भाजपा ने 64 सीटें जीती थीं। 5,000 से कम अंतर वाली 36 सीटों में भाजपा 22, टीएमसी 13 जीती। ऐसे में एक-एक वोट अहम है। हालांकि 25 हजार से ज्यादा अंतर वाली 111 में 108, 50 हजार से ज्यादा अंतर वाली 43 सीटें टीएमसी जीती थी।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677