कोरबा
उपमुख्यमंत्री साव सहित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व नगरवासियों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ रहने का दिया संदेश
कोरबा । दशम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री , लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विधि व विधायी कार्य, तथा नगरीय प्रशासन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में कोरबा नगरीय क्षेत्र के सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपमुख्यमंत्री श्री साव ने विभिन्न मुद्राओं का योगाभ्यास कर योग से होने वाले लाभ की जानकारी दी एवं सभी से योग को अपने दैनिक जीवन मे अपनाने का आग्रह किया। इस अवसर पर विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिवकला छत्रपाल सिंह कंवर, महापौर नगर निगम राजकिशोर प्रसाद, सचिव नगरीय प्रशासन एस बसवा राजू, कलेक्टर अजीत वसंत, संचालक नगरीय प्रशासन कुंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, वनमण्डलाधिकारी कोरबा अरविंद पीएम, डीएफओ कटघोरा कुमार निशांत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत संबित मिश्रा, निगमायुक्त श्रीमती प्रतिष्ठा ममगाई, जोगेश लाम्बा, हिनानंद अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी कर्मचारी , स्वच्छता दीदी एवं बड़ी संख्या में नगरवासियों ने सामूहिक योग कार्यक्रम में हिस्सा लेकर स्वस्थ रहने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री श्री साव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शरीर व मन को स्वस्थ रखने के लिए योग ही सर्वाेत्तम उपाय है। उन्होंने सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर योग को अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिली है। उन्होंने योग को विश्व के शिखर तक पहुँचाया है। आज पूरा विश्व योग कर रहा है । इस साल हम दसवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं। योग हमारे प्राचीन परंपरा और संस्कृति का अटूट हिस्सा रहा है। योग से मनुष्य का मन व तन दोनों स्वस्थ रहता है, और स्वस्थ तन में ही स्वस्थ मन का वास होता है। आधुनिक जीवन शैली और बदलते खानपान के समय में अच्छी सेहत की चुनौती से निपटने में योग एक कारगर उपाय के रूप में पूरी दुनिया में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। इस हेतु हमें योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए ।
उपमुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री की विकसित भारत की अवधारणा यही है कि देश का हर क्षेत्र में विकास हो, हर व्यक्ति का जीवन सुविधा संपन्न हो, विकसित भारत की अवधारणा को साकार करने के लिए हर नागरिक को स्वस्थ होना होगा, तभी विकसित भारत का सपना पूरा होगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी योग का संदेश दिया है। प्रदेश में योग दिवस उत्साह पूर्वक मनाया जा रहा है। उनके कुशल नेतृत्व में विकसित छत्तीसगढ़ की संकल्पना को हासिल करने हेतु सभी वर्गाे को योग अपनाने के लिए अपील किया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता को लेकर पूरा देश जागरूक हुआ है। स्वच्छता का सीधा असर हमारे स्वास्थ्य व मन पर पड़ता है। नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा आज कोरबा में ‘‘स्वच्छ मन स्वच्छ शहर‘‘ की थीम पर योग दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन किया गया है। प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में कार्यरत स्वच्छता दीदी, स्वच्छता कमांडो, स्वास्थ्य कर्मचारी और अन्य अधिकारी-कर्मचारी वेब लिंक के जरिए इस आयोजन से जुड़कर योगाभ्यास किया। उन्होंने सभी स्वच्छता कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वच्छ मन स्वच्छ शहर के संकल्प को लेकर आगे बढ़े। प्रधानमंत्री श्री मोदी के सपने को साकार करने हेतु देश व प्रदेश का हर वर्ग के व्यक्ति अपने जीवनशैली में योग को अपनाए। स्वस्थ रहकर देश एवं अपने परिवार के विकास में अपना योगदान दें।
विधायक कटघोरा श्री पटेल ने कहा कि प्रतिदिन योग करने से हमारा शरीर हमेशा स्वस्थ रहता है, मन में सकारात्मक ऊर्जा का नियमित प्रवाह होता है। इससे तन और मन दोनों स्वस्थ रहता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री साय के निर्देशन में पूरे देश मे योग दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर बच्चे बूढ़े महिला युवा सभी उमंग के साथ योग कर रहे हैं। सभी योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए एवं लाभान्वित हो। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कंवर ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग बहुत जरूरी है। योग से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती हैं एवं मनुष्य निरोग रहता है। इस हेतु सभी को अपने दिनचर्या में योग को अपनाना चाहिए।
कलेक्टर अजीत वसंत ने सभी को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग की महत्ता से सभी भली भांति परिचित है। स्वस्थ जीवन मे योग का अमूल्य योगदान है। योग अपने शरीर को स्वस्थ रखने का सबसे अच्छा माध्यम है। योग से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है साथ ही तन एवं मन स्वस्थ व सशक्त बनता है। उन्होने सभी से प्रतिदिन योग के लिए समय निकालने एवं योगमय जीवन अपनाकर निरोग बनने का संकल्प लेने की अपील की। कार्यक्रम में हार्टफुलनेस संस्था के योग शिक्षको द्वारा द्वारा योग के महत्व को बताया तथा योग को नियमित रूप से अपने जीवन मे शामिल करने प्रेरित किया।
उन्होंने उपमुख्यमंत्री श्री साव सहित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारी कर्मचारियों एवं नगरवासियों को ताड़ासन,पवन मुक्तासन, हलासन, शवासन, कपाल भारती, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, प्राणायाम आदि का अभ्यास करवाया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि श्री साव द्वारा निगम के स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता दीदियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही स्वच्छता दीदियों द्वारा हार्टफुलनेस संस्था के योग शिक्षको को पुरस्कार भेंटकर सम्मानित किया गया।
जिले में विभिन्न स्थानों में हुआ योगाभ्यास-

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले में सभी नगरीय निकायों, विकासखण्डों, जनपद स्तरों एवं ग्राम पंचायतों में भी सामूहिक योग प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए गए। जहां स्थानीय जनप्रतिनिधि अधिकारी कर्मचारी एवं आम नागरिकों ने योगाभ्यास कर योग को अपने दिनचर्या में अपनाने का संकल्प लिया।
कोरबा
जिला पंचायत में स्थायी शिक्षा समिति की समीक्षा बैठक संपन्न
विद्यालयों के सुचारु संचालन, शिक्षकों की नियुक्ति एवं छात्रावास व्यवस्थाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
कोरबा। जिला पंचायत कोरबा के सभाकक्ष में स्थायी शिक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता स्थायी शिक्षा समिति की अध्यक्ष श्रीमती निकिता जायसवाल ने की। बैठक में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं नवीन शैक्षणिक सत्र की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी ताम्रेश्वर उपाध्याय ने जिले के विद्यालयों के पुनः संचालन, विद्यार्थियों के प्रवेश एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि विद्यालयों में विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तक, गणवेश एवं सरस्वती साइकिल योजना का लाभ उपलब्ध कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

बैठक में मानदेय शिक्षकों एवं भृत्यों की नियुक्ति के संबंध में भी चर्चा की गई। बताया गया कि रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया प्रगति पर है तथा इस माह के भीतर नियुक्तियां पूर्ण कर ली जाएंगी। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में पदस्थ ऐसे अतिशेष शिक्षक जिन्होंने अब तक कार्यभार ग्रहण नहीं किया है, उनके स्थान पर मानदेय शिक्षकों की नियुक्ति के लिए कलेक्टर से अनुमति प्राप्त की जाएगी।
सहायक आयुक्त श्रीकांत कसेर ने छात्रावास एवं आश्रमों में प्रवेश प्रक्रिया, विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था तथा आवश्यक सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। वहीं उल्लास कार्यक्रम की प्रगति एवं गतिविधियों की जानकारी श्रीमती ज्योति शर्मा द्वारा प्रस्तुत की गई।

बैठक में स्थाई शिक्षा समिति की अध्यक्ष सहित समिति सदस्य श्रीमती रेणुका राठिया एवं विद्वान सिंह मरकाम ने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा शैक्षणिक व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे, इस संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में जिले के सभी विकासखंडों के विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी, खेल अधिकारी दीनू पटेल, जिला क्रीड़ा अधिकारी गभेल, के.आर. टंडन सहित शिक्षा विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कोरबा
कटघोरा के तालाब में सफाई के दौरान हादसा:जलकुंभी में फंसकर ग्रामीण की डूबने से मौत, 2 घंटे बाद शव बरामद
कोरबा। कोरबा के कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी स्थित प्रसिद्ध गणेश तालाब में सोमवार को सफाई के दौरान एक हादसा हो गया। तालाब में जलकुंभी हटाने उतरे 50 साल के ग्रामीण श्यामलाल सारथी की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोरों की टीम ने घंटों मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, पंचायत की ओर से छुरी गणेश तालाब की सफाई का काम ठेके पर दिया गया था। श्यामलाल सारथी अपने पांच अन्य साथियों के साथ तालाब में सफाई के लिए उतरा था। सफाई करते हुए श्यामलाल तालाब के बीच वाले हिस्से तक पहुंच गया, जहां जलकुंभी और कीचड़ काफी घना था।
इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह घनी जलकुंभी में उलझ गया। उसके साथियों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन गहराई और फिसलन के कारण वह पानी में समा गया। हादसे के तुरंत बाद साथियों ने शोर मचाकर ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी।

2 घंटे के बाद शव बरामद
कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कोरबा से गोताखोरों की टीम बुलाई गई। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने तालाब के बीच से श्यामलाल का शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कटघोरा पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है।
सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही की जांच
पुलिस ठेकेदार और पंचायत कर्मियों से पूछताछ कर रही है कि सफाई के दौरान सुरक्षा के उचित इंतजाम क्यों नहीं किए गए थे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मजदूरों को बिना लाइफ जैकेट और रस्सी के तालाब में उतारा गया था। पुलिस लापरवाही के पहलू से भी मामले की जांच कर रही है।
कोरबा
रेलवे साइडिंग की धूल से परेशान ग्रामीण, खोला मोर्चा:सैकड़ों लोग अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे, बंद करने की मांग
कोरबा। कोरबा में SECL सुराकछार की रेलवे साइडिंग से उड़ने वाली कोयले की धूल के कारण वार्ड 65 प्रेम नगर सहित आसपास के पांच गांवों के निवासी परेशान हैं। हवा चलने पर पंखा दफाई, भेरोताल, सुरा कछार और भक्तु दफाई तक महीन कोल डस्ट फैल जाती है, जिससे दमा, खांसी, सांस और आंखों से संबंधित बीमारियां बढ़ गई हैं।

इस समस्या से परेशान होकर सोमवार को नगर निगम पार्षद प्रेम कुमार साहू और सैकड़ों ग्रामीणों ने पंखा दफाई रेलवे फाटक पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का आरोप है कि सुराकछार भूमिगत खदान की रेल साइडिंग पर प्रतिदिन भारी वाहनों से कोयला गिराया और लोड किया जाता है।
प्रबंधन की ओर से साइडिंग और सड़क पर पानी का छिड़काव नहीं किया जाता, जिससे धूल सीधे हवा में मिल जाती है। पार्षद प्रेम साहू ने पूर्व में कलेक्टर को पत्र लिखकर साइडिंग बंद करने की मांग की थी। बार-बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों ने आंदोलन का रास्ता चुना।

कलेक्टर को पत्र लिखकर साइडिंग बंद करने की मांग की थी।
फाटक पर चटाई बिछाकर बैठे प्रदर्शनकारी
प्रदर्शनकारी सुबह से ही फाटक पर चटाई बिछाकर बैठ गए और ‘धूल मुक्त गांव, स्वस्थ जीवन’ के नारे लगाए। पार्षद प्रेम साहू ने बताया कि जब तक साइडिंग पर 24 घंटे वाटर स्प्रिंकलर, मिस्ट गन और फॉग कैनन नहीं लगाए जाते, कोयला लोडिंग के लिए वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने गांवों में स्वास्थ्य शिविर और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की। ग्रामीणों के अनुसार धूल के कारण उनके घरों की छतें, कपड़े और खाने-पीने की चीजें तक काली हो जाती हैं और बच्चे स्कूल जाने में असमर्थ हैं।

रेलवे साइडिंग से उड़ने वाली कोयले की धूल के कारण लोग परेशान हैं।
मांगों पर अड़े प्रदर्शनकारी
चक्काजाम की सूचना मिलने पर कुसमुंडा थाना पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और SECL प्रबंधन से बातचीत का आश्वासन दिया। हालांकि, ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। पार्षद प्रेम साहू ने स्पष्ट किया कि लिखित आश्वासन और ठोस कदम उठाए बिना चक्काजाम समाप्त नहीं किया जाएगा।

ग्रामीणों ने पंखा दफाई रेलवे फाटक पर अनिश्चितकालीन चक्काजाम शुरू कर दिया।
कोयला धूल से गंभीर बीमारियों का खतरा
चिकित्सकों के अनुसार, कोयले की धूल में सिलिका और कार्बन के कण होते हैं, जो फेफड़ों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं। लंबे समय तक इसके संपर्क में रहने से क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD) और फेफड़ों का कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां होने का खतरा रहता है।
-
Uncategorized9 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा3 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
