Connect with us

कोरबा

कोरबा की बेटी ईशानी कौर ने किया कमाल

Published

on

केंद्र से हासिल किया शैक्षणिक और नवाचार क्षेत्र में पेटेंट
शंकराचार्य इंस्टीटयूट रायपुर इंस्टिट्यूट के तीसरे सेमेस्टर में अध्ययनरत है छात्रा

कोरबा। कोरबा की बेटी ईशानी कौर सहित चार छात्राओं ने विकसित एक नवीन तकनीकी समाधान नवाचार के क्षेत्र में अपनी सशक्त पहचान बनाई है। यह छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। छात्राओं ने इंफ्रारेड लेजर बेस्ड फेशियल रिकॉगनाइजेशन एटेंडेंट सिस्टम एंड मेथड थेयोफ में पेटेंट प्राप्त किया है। यह पेटेंट लगभग 20 वर्षां के लिए स्वीकृत किया गया है। यह छात्राओं के लिए के लिए बड़ी सफलता है। इसी के साथ ईशानी ने कोरबा जिले का मान बढ़ाया है।


शहीद भगत सिंह कॉलोनी एसईसीएल में रहने वाली ईशानी कौर पिता डॉली सिंह, शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी रायपुर में कम्प्युटर साइंस इंजीनियरिंग तीसरे सेमेस्टर की छात्रा है। ईशानी ने कॉलेज में अध्ययनरत एलिन मसीह, लता टेकाम एवं अंशिका कुमारी के साथ मिलकर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के पेटेंट कार्यालय को इन्फ्रारेड लेजर-आधारित फेशियल रिकग्निशन अटेंडेंस सिस्टम और उसकी विधि विषय पर 17 जून 2025 को आवेदन किया था। इसे 05 जनवरी को स्वीकृति प्रदान की गई। यह नवाचार शिक्षा संस्थानों में उपस्थिति (अटेंडेंस) से जुड़ी वर्षों पुरानी समस्याओं का आधुनिक, स्वचालित और संपर्क-रहित समाधान प्रस्तुत करता है। यह पेटेंट पेटेंट अधिनियम, 1970 के अंतर्गत 20 वर्षों की वैधता के लिए स्वीकृत किया गया है, जो किसी भी शैक्षणिक संस्थान के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने अपने अकादमिक ज्ञान और नवाचार सोच का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। ईशानी ने बताया कि यह शोध कार्य संस्थान के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. डी एस क्षत्री के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उनके नेतृत्व में आइडिया से लेकर पेटेंट ग्रांट तक की पूरी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया। उन्होंने बताया कि उनके कॉलेज में पेटेंट कल्चर और इनोवेशन को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जाता है। प्रबंधन की ओर से बताया गया कि पहले वर्ष से ही आईपीआर (इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राईट्स) से जुड़े सत्र और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इससे छात्रों में पेटेंट फाइल करने का आत्मविश्वास विकसित होता है। इस संबंध में शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी रायपुर के अतुल चक्रवर्ती और डॉ. धीरेंद्र सिंह ने प्रेसवार्ता की। इस दौरान डीएवी पब्लिक स्कूल कोरबा की शिक्षिका माधवी ढीमर सहित अन्य उपस्थित थे।

छात्राओं में ऐसे आया विचार


छात्रा ने कहा कि इस पेटेंट का मूल विचार उन्हें फिजिक्स की कक्षा में लेजर और फाइबर ऑप्टिक्स का अध्ययन करते समय आया। कक्षा में पढ़ाए जा रहे सिद्धांतों को वास्तविक जीवन की समस्या से जोड़ते हुए उन्होंने उपस्थिति प्रणाली को अधिक सटीक और आधुनिक बनाने की दिशा में कार्य करना शुरू किया। इसके बाद डॉ. डी एस क्षत्री के मार्गदर्शन में छात्राओं ने पेटेंट ड्राफ्टिंग की पूरी प्रक्रिया को सीखा और क्लेम एक से लेकर एफईआर (फ्रस्र्ट एक्जामिनेशन रिपोर्ट), जवाब, संशोधन और पेटेंट प्रणाली तक की सभी औपचारिकताओं को समझते हुए पूरा किया।

प्रेस परिवार की बेटी है ईशानी
नवीन तकनीकी समाधान नवाचार के क्षेत्र में सफलता हासिल करने वाली ईशानी कौर कोरबा प्रेस क्लब के सदस्य पत्रकार डॉली सिंह की पुत्री है। उनकी माता पिंकी कौर हैं। इस उपलब्धि के लिए प्रेस परिवार की ओर से छात्रा के उज्जवल भविष्य की कामना की गई। वहीं परिजनों में हर्ष व्याप्त है।

इस तरह करती है कार्य
उन्होंने बताया कि यह पेटेंट आधारित प्रणाली इंफ्रारेड लेजर डॉट प्रोजेक्शन, इंफ्रारेड कैमरा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित फेस रिकग्निशन तकनीक पर कार्य करती है। यह प्रणाली बिना किसी स्पर्श के, कम रोशनी में भी सटीक रूप से उपस्थिति दर्ज करने में सक्षम है। इससे शिक्षकों का समय बचता है और प्रशासनिक कार्य अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनता है।

प्रबंधन ने कहा: छात्राओं को करेंगे प्रोत्साहित
प्रबंधन ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल छात्राओं की मेहनत और प्रतिभा का प्रमाण है। संस्थान की उस शैक्षणिक सोच को भी दर्शाती है। इसमें नवाचार, अनुसंधान और पेटेंट आधारित शिक्षा को विशेष महत्व दिया जाता है। संस्थान प्रबंधन ने इस सफलता को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए भविष्य में और अधिक शोध एवं पेटेंट कार्यों को प्रोत्साहित करने की बात कही है। तीसरे सेमेस्टर की छात्राओं द्वारा प्राप्त यह पेटेंट यह सिद्ध करता है कि यदि सही मार्गदर्शन, अनुकूल शैक्षणिक वातावरण और नवाचार संस्कृति मिले, तो विद्यार्थी प्रारंभिक स्तर पर भी राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

बांस शिल्प के लिए बिरहोर परिवारों को दिया जा रहा कौशल उन्नयन प्रशिक्षण

Published

on

परंपरागत हुनर के साथ आधुनिक उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण,आजीविका के नए अवसर सृजित करने की पहल

कोरबा, 13 सितंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों को आजीविका से जोड़ने और उनकी पारंपरिक कला एवं कौशल को रोजगार के बेहतर अवसरों में परिवर्तित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत कोनकोना के आश्रित ग्राम समेलीभाटा में निवासरत बिरहोर परिवारों को बांस कला का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 10 से 19 सितंबर तक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान(आरसेटी)कोरबा के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है।

समेलीभाटा के बिरहोर परिवार लंबे समय से पारंपरिक रूप से बांस शिल्प निर्माण का कार्य करते आ रहे हैं। इनके द्वारा बांस से टोकनी, सूपा, झापी सहित विभिन्न उपयोगी वस्तुएं तैयार कर स्थानीय हाट-बाजारों में विक्रय की जाती हैं। हालांकि पारंपरिक उत्पादों तक सीमित बाजार और उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण कारीगरों को अपनी मेहनत के अनुरूप पर्याप्त आमदनी प्राप्त नहीं हो पाती। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा इन परिवारों के पारंपरिक हुनर को आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप विकसित करने की पहल की गई है।

प्रशिक्षण के दौरान बांस शिल्पकारों को पारंपरिक उत्पादों के साथ-साथ आधुनिक एवं आकर्षक सजावटी वस्तुएं तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें आकर्षक गुलदस्ते, सीनरी, झालर तथा अन्य उपयोगी एवं सजावटी बांस उत्पाद शामिल हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य बांस शिल्पकारों के कौशल में निखार लाते हुए उनके उत्पादों में विविधता, गुणवत्ता और आकर्षण बढ़ाना है, ताकि वे स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर व्यापक बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार कर सकें।

जिला प्रशासन की इस पहल से बिरहोर परिवारों की पारंपरिक कला को संरक्षित करने के साथ ही उसे आय के स्थायी एवं बेहतर माध्यम के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशिक्षण के पश्चात राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से इन परिवारों द्वारा तैयार उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इससे बांस शिल्पकारों को अपने उत्पादों के बेहतर मूल्य प्राप्त करने, बाजार से सीधे जुड़ने तथा अपनी आय बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।

Continue Reading

कोरबा

पाली के राजा का भव्य आगमन कल

Published

on

शांति नगर में गणेशोत्सव समिति द्वारा गणेश चतुर्थी मनाने तैयारी पूरी
कोरबा/पाली। कल 14 सितम्बर को पूरे भारत वर्ष में गणेश चतुर्थी की धूम रहेगी। जिले में विभिन्न गणेशोत्सव समितियों द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी कड़ी में कल गणेश चतुर्थी पर पाली के राजा का भी भव्य और दिव्य आगमन होगा।

गणेशोत्सव समिति शांति नगर पाली के आयोजकों ने बताया कि कल 14 सितम्बर सोमवार को लालबाग के राजा की प्रतिमा बड़े धूमधाम से मंत्रोच्चार के साथ विराजित की जाएगी। भगवान श्रीगणेश की भव्य प्रतिमा पाली के राजा का शुभ आगमन संध्या 7.00 बजे होगा और पाली मुख्य बाजार से कार्यक्रम स्थल तक रैली की शक्ल में आकर्षक आतिशबाजी, आकर्षक एसएफएक्स एवं धूमाल के साथ लाई जाएगी और पंडित जी के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ विघ्रहर्ता की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
आयोजन समिति ने इस भव्य आयोजन में सभी क्षेत्र वासियों को सादर आमंत्रित किया है और पाली के राजा की आगमन रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।

Continue Reading

कोरबा

शराब पीने के लिए पैसे मांगे, मना करने पर युवक से मारपीट एवं जान से मारने की धमकी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Published

on

कोरबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई भी प्रस्तावित

कोरबा। थाना उरगा क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने, पैसे देने से मना करने पर युवक के साथ मारपीट करने तथा बाद में उसके घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोरबा पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

शराब के लिए पैसे मांगे, मना करने पर की मारपीट

दिनांक 10.09.2026 की रात्रि लगभग 09:00 बजे प्रार्थी संतोष राठौर निवासी फरसवानी अपने दोस्तों के साथ पार्टी में जाने के लिए निकला था। इसी दौरान आरोपीगण द्वारा उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग की गई। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपीगण द्वारा उसके साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की गई।घटना के कुछ समय बाद आरोपीगण पुनः रात्रि लगभग 12:30 बजे प्रार्थी के घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मारपीट की घटना में प्रार्थी के हाथ में चोट आई।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 507/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 126(2), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना उरगा पुलिस द्वारा तत्काल आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। लगातार पतासाजी के दौरान मुख्य आरोपी के अपने सकुनत पर मौजूद होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल दबिश देकर ज्ञान प्रसाद राठौर पिता लखन लाल राठौर, उम्र 21 वर्ष, निवासी फरसवानी, थाना उरगा, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BW 0830 को विधिवत जब्त किया गया।

आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार आरोपी ज्ञान राठौर पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण में संलिप्त रहा है तथा हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी कुछ दिन पूर्व ही जेल से बाहर आया था और उसके विरुद्ध पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।वर्तमान घटना में पुनः आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने तथा उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध गुंडा बदमाश प्रकरण तैयार कर कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। पुलिस द्वारा आरोपी की पूर्व आपराधिक गतिविधियों एवं वर्तमान प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।

आरोपी न्यायिक रिमांड पर

गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर दिनांक 12.09.2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।प्रकरण में विवेचना जारी है तथा घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

कोरबा पुलिस की स्पष्ट नीति — अपराध एवं आपराधिक प्रवृत्ति पर प्रभावी कार्रवाई
कोरबा पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

सजग कोरबा, सतर्क कोरबा

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677