कोरबा
दिशा की बैठक:शिक्षा, स्वास्थ्य व जल जीवन मिशन के कार्य प्राथमिकता से करें पूर्णः- सांसद श्रीमती महंत
सांसद ज्योत्सना महंत की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक
शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के दिए निर्देश
कोरबा। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में सांसद श्रीमती महंत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जल जीवन मिशन के कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करें। जिला प्रशासन द्वारा शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए योजनाओं से हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाए।


सांसद श्रीमती महंत ने हाथी प्रभावित क्षेत्रो में आमजनों की सुरक्षा हेतु आवश्यक स्थानों में सोलर हाई मास्ट लाइट लगाने की दिशा में सकारात्मक प्रयास करने के निर्देश दिए। मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल में स्वास्थ्य उपचार हेतु आने वाले मरीजों को पर्याप्त सुविधा व्यवस्था उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों व स्टॉफ की नियुक्ति, आवश्यक उपकरण व दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात कही। साथ ही दूरस्थ इलाकों में पोस्टमार्टम (शव परीक्षण) केंद्र, मर्च्युरी, एंबुलेंस का पहुँच बढ़ाने के निर्देश दिए। जिससे ग्रामीण लोगों को आपातकाल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकें। उन्होंने ग्रामीण वनांचल क्षेत्रों के स्कूलों में आवश्यकतानुसार शिक्षकों की व्यवस्था एवं यथास्थानों में किचन शेड व स्टोर रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत हितग्राहियों को नियमित रूप से प्रदान करने के निर्देश दिए। लोगों के बेहतर स्वास्थ्य हेतु हर घर पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यो को प्राथमिकता से पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया।
सांसद श्रीमती महंत ने पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा की। उन्होंने जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में आवगमन के लिए बेहतर सड़क, आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छता और बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत कार्यों की समीक्षा की। प्रधानमंत्री आवास योजना में जरूरतमंद हितग्राहियों को लाभान्वित करने की दिशा में सभी को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। सांसद ने मनरेगा के कार्यों की समीक्षा करते हुए दिए गए लक्ष्य के अनुरूप मनरेगा के कार्यो को समय पर पूर्ण करने एवं समय पर मजदूरी भुगतान के संबंध में निर्देश दिए। साथ ही अधिक से अधिक महिला समूह का कौशल उन्नयन कर स्वरोजगार से जोड़ने की बात कही। हितग्राहियों को पीडीएस दुकानो से समय पर खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में सांसद श्रीमती महंत ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, ई-श्रम, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजना, राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम, एकीकृत बाल विकास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, भू-अभिलेख आधुनिकीकरण, दीनदयाल उपाध्याय विद्युतीकरण योजना, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, स्कूल शिक्षा विभाग, जिला व्यापार एवं उद्योग, सांख्यिकी विभाग, नगर पालिक निगम, डीएमएफ अंतर्गत स्वीकृत कार्यों, डिजीटल इण्डिया, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन करने एवं आमजनों को प्राथमिकता से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह कवंर ने जिले के विकास कार्यों में विभागीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए आपसी समन्वय से कार्य करने एवं स्वीकृत कार्यां को समयावधि में पूर्ण कराने की बात कही।
इस दौरान कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन का आश्वासन देते हुए जिले में शासन की योजनाओं का क्रियान्वयन तथा डीएमएफ के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वीकृति के लिए शेष जर्जर स्कूल, आंगनबाड़ी के लिए नए भवन निर्माण की स्वीकृति दी जाएगी, स्कूलों में आवश्यकतानुसार अतिरिक्त कक्षा, प्रयोगशाला, पेयजलापूर्ति हेतु पानी टंकी इत्यादि सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। शैक्षणिक संस्थाओं में सबेरे पौष्टिक नास्ता प्रदान किया जा रहा है। 200 मेधावी छात्रों की रायपुर में नीट, जेईई की तैयारी हेतु निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था की गई है। खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने हेतु उन्हें खेल सामग्री एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराया जाएगा। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार हेतु विभिन्न निर्माण कार्य प्रगतिरत एवं प्रस्तावित है साथ ही संस्थान में मरीजों के बेहतर उपचार हेतु विशेषज्ञ चिकित्सको एवं अनेक आधुनिक चिकित्सकीय उपकरण उपलब्ध कराया गया है। इसी प्रकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में टीबी मरीजों को हेल्थ वेलनेस सेंटर के माध्यम से गांवों में शिविर लगाकर स्क्रीनिंग कर प्राथमिकता से स्वास्थ्य लाभ पहुँचाया जाएगा, साथ ही बीपी, सुगर के मरीजों को लाभान्वित किया जाएगा। बीसी सखी के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिग सुविधा बढ़ाई जाएगी। कौशल विकास के तहत युवाओं को रोजगार उन्मुखी एवं औद्योगिक संस्थानों के आवश्यकता अनुसार प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। आगामी समय में इंडोर स्टेडियम में आवासीय स्पोर्ट्स एकेडमी विकसित कर खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, वनमण्डलाधिकारी कोरबा श्रीमती प्रेमलता यादव, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, विभिन्न जनपदों एवं नगरीय निकायों के अध्यक्ष, विधायक प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

कोरबा
नौकरी के नाम पर ₹70,000 की ठगी और जातिगत प्रताड़ना, के.सी.सी. कंपनी के अधिकारियों पर FIR दर्ज
कोरबा/हरदीबाजार। एसईसीएल (SECL) दीपका परियोजना में कार्यरत निजी कंपनी के.सी.सी. (KCC) के अधिकारियों द्वारा स्थानीय ग्रामीणों से नौकरी के नाम पर ठगी मारपीट और जातिगत अपमान का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हरदीबाजार पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत और उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद कंपनी के मैनेजर सहित अन्य कर्मचारियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) और SC/ST एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है ।
घटना का विवरण
शिकायतकर्ता मुकेश कुमार चैतन्य और दीपक सिंह कंवर निवासी हरदीबाजार ने आरोप लगाया है कि उन्हें के.सी.सी. कंपनी में ड्राइवर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर चपरासी रामप्रताप पटेल ने ₹70,000 की अवैध वसूली की थी ।
25 फरवरी 2026 को जब पीड़ित अपना बकाया पैसा वापस मांगने कंपनी कार्यालय पहुंचे तो वहाँ मौजूद मैनेजर विकास दुबे रामप्रताप पटेल और रवि सिंह ने पैसे लौटाने के बजाय पीड़ितों के साथ अभद्रता की पीड़ितों का आरोप है कि उन्हें जातिगत गालियां चमार/आदिवासी देकर अपमानित किया गया और बेरहमी से मारपीट कर कार्यालय से बाहर निकाल दिया गया ।
कानूनी कार्यवाही FIR No. व धाराएं
प्रशासनिक दबाव और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ निम्नलिखित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया है:-
- BNS धारा 318(2):- धोखाधड़ी पैसे लेकर नौकरी न देना ।
- BNS धारा 115(2) व 296:- स्वेच्छा से चोट पहुँचाना और अश्लील गाली-गलौज ।
- BNS धारा 3(5):- सामूहिक रूप से अपराध को अंजाम देना ।
- SC/ST एक्ट धारा 3(1)(ध):- सार्वजनिक रूप से जातिगत अपमान और प्रताड़ना ।
मैनेजर विकास दुबे का विवादित इतिहास

हैरानी की बात यह है कि आरोपी मैनेजर विकास दुबे के विरुद्ध पूर्व में भी 26 से अधिक शिकायतें पुलिस अधीक्षक कार्यालय और स्थानीय थानों में लंबित हैं भू-विस्थापितों और ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन के संरक्षण के कारण अब तक इन पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है ग्रामीणों ने मांग की है कि पुरानी शिकायतों की भी निष्पक्ष जांच कर कड़ी दंडात्मक कार्यवाही की जाए ।
पीड़ितों की मांग
हम गरीब और अनुसूचित वर्ग के लोग हैं हमारी जमीनें SECL ने ली हैं हमें हक मिलना चाहिए था लेकिन यहाँ रसूखदार हमें लूट रहे हैं और अपमानित कर रहे हैं हमारी मांग है कि दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी हो ।




कोरबा
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीमुख से ग्राम ढपढप में दिव्य हनुमंत कथा का आगाज 28 मार्च से, सर्वप्रथम सीएम विष्णुदेव को पाती भेंटकर किया गया आमंत्रण पत्र वितरण का शुभारंभ
कोरबा-बांकीमोगरा। श्रीराम काज के आयोजक श्री बजरंगली के आशीर्वाद एवं हनुमान भक्त धीरेंद्र शास्त्री के श्रीमुख से दिव्य हनुमंत कथा का आयोजन 28 मार्च से कोरबा जिले के ग्राम ढपढप में शुरु होने जा रहा है। आयोजन समिति ने परंपरा अनुरूप सर्वप्रथम छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को इस शुभ कार्य की पाती भेंटकर आमंत्रण संदेश के वितरण का शुभारंभ कर दिया है। इसके साथ ही प्रदेश के उद्योग एवं श्रम मंत्री एवं कोरबा नगर विधायक लखनलाल देवांगन और कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल को भी आयोजन समिति की ओर से विधिवत रुप से सादर आमंत्रित करते हुए दिव्य आयोजन का साक्षी बनने का आग्रह किया गया है।

बांकीमोगरा-कटघोरा मार्ग स्थित ग्राम ढपढप में 28 मार्च से 1 अप्रैल तक भव्य हनुमत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन होने जा रहा है। इस विशाल धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है। आयोजन समिति द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को सबसे पहले सादर आमंत्रण देकर कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया गया है।

आयोजन समिति ने जानकारी देते हुए बताया कि यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र में सनातन संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। आयोजन के दौरान हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। समिति का मानना है कि मुख्यमंत्री के आगमन से आयोजन की गरिमा और भी बढ़ेगी तथा श्रद्धालुओं को उनका आशीर्वाद प्राप्त होगा। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन तथा कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल को भी सादर आमंत्रित किया गया है। आयोजन समिति को उम्मीद है कि जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति से यह धार्मिक आयोजन और भी भव्य व ऐतिहासिक बनेगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पूज्य पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा किया जाने वाला हनुमत कथा वाचन रहेगा। उनके श्रीमुख से होने वाली कथा का श्रवण करने के लिए आसपास के गांवों, कस्बों और शहरों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन समिति द्वारा कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि सभी भक्तजन सुगमता से कथा का लाभ ले सकें।
जिपं अध्यक्ष पवन सचिव, विहिप अध्यक्ष अमरजीत कार्यक्रम के संयोजक
इस भव्य धार्मिक आयोजन में जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह को कार्यक्रम का सचिव बनाया गया है, जबकि विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष अमरजीत सिंह कार्यक्रम के संयोजक की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसके साथ ही सुबोध सिंह को कार्यक्रम का संरक्षक बनाया गया है। आयोजन को सफल और भव्य बनाने के लिए जुड़ावन सिंह ठाकुर को मुख्य संरक्षक की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि अपना घर सेवा आश्रम के संस्थापक राणा मुखर्जी भी आयोजन से जुड़े हुए हैं और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील, सामाजिक समरसता व सांस्कृतिक जागरण का लक्ष्य
आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील की है कि वे 28 मार्च से 1 अप्रैल तक आयोजित होने वाले इस हनुमत कथा ज्ञान यज्ञ में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करें और धर्म लाभ प्राप्त करें। समिति का कहना है कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करेगा, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक जागरण को भी नई दिशा देगा।

कोरबा
अखबार वितरक संघ कार्यालय को रेडक्रास सोसायटी ने भेंट किया वाटर स्पेंसर (वाटर कूलर)
छोटे-छोटे कामों से मिलती है बड़ी सफलता-रामसिंह अग्रवाल
कोरबा। 13 मार्च को रेडक्रास सोसायटी कोरबा ने अखबार वितरक संघ जिला इकाई कोरबा के कार्यालय को वाटर स्पेंसर(वाटर कूलर) भेंट किया, इससे अखबार वितरक संघ कार्यालय को शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकी। कुछ दिन पूर्व संघ के पदाधिकारियों ने इसकी मांग रेडक्रास सोसायटी के अध्यक्ष रामसिंह अग्रवाल से की थी। श्री अग्रवाल ने पहल करते हुए इसकी व्यवस्था के लिए संरक्षक मोहम्मद शफी से आग्रह किया और मोहम्मद शफी ने वाटर स्पेंसर की व्यवस्था की।

अखबार वितरक संघ जिला इकाई कोरबा ने 13 मार्च को शाम 8.00 बजे एक कार्यक्रम आयोजित किया और बतौर मुख्य अतिथि के रूप में रेडक्रास सोसायटी के अध्यक्ष रामसिंह अग्रवाल उपस्थित हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपाध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, संरक्षक मोहम्मद शफी, राहुल मोदी-चेयरमेन, यूथ रेडक्रास सोसायटी, राजू सिंह उपस्थित हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखबार वितरक संघ के प्रदेश अध्यक्ष पद्मसिंह चंदेल ने किया। संघ ने उपस्थित अतिथियों का शाल, श्रीफल से सम्मान किया।

संक्षिप्त उद्बोधन में रामसिंह अग्रवाल ने अखबार वितरक संघ जिला इकाई के रचनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि छोटे-छोटे कार्यों से ही बड़ी सफलता मिलती है और एकता से सभी काम आसान हो जाते हैं। अखबार वितरण करने वाले बच्चों ने संघ बनाकर एकता का जो मिशाल पेश किया है, वह आने वाले दिनों के लिए सुनहरा अवसर लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि रेडक्रास सोसायटी सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि एक साल में ही 1000 सदस्य बनाकर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। 80 लाख रूपए से रेडक्रास भवन का निर्माण हो रहा है, 28 लाख की लागत से ब्लड कलेक्शन सर्वसुविधायुक्त एम्बुलेंस का शीघ्र ही लोकार्पण होगा। कार्य करने का जज्बा हो तो कोई भी कार्य असम्भव नहीं रहता, आप भी लगे रहिए, एक दिन यह संघ अपनी पहचान खुद ब खुद बना लेगा।

इस अवसर पर जिलाअध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू, सचिव जयसिंह नेताम, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी राठौर, सहसचिव रायसिंह, रामा, कृष्ण निर्मलकर, तपेश्वर राठौर,, राजकुमार पटेल, सरोज, हर्ष नेताम, राहुल, पप्पू, विजय, ओमकार , दीपक, अज्जू सहित बड़ी संख्या में संघ के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू ने सभी का आभार जताया।



-
कोरबा2 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
Uncategorized6 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा2 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
-
कोरबा2 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
